न्यायिक व प्रशासनिक पदाधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर डाला प्रकाश
छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़ कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
पाकुड़। निसं। पाकुड़ में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला वन एवं पर्यावरण विभाग ने सिद्धू कान्हू मुर्मू पार्क से मैराथन दौड़ का आयोजन किया। इसमें पर्यावरण प्रेमी, स्कूली बच्चे, एथलीट और अधिकारी शामिल हुए।
न्यायिक पदाधिकारियों ने व्यापार न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण किया। उपायुक्त मनीष कुमार ने बाजार समिति प्रांगण और ग्रामीण क्षेत्रों में पौधे लगाए। साथ ही, प्राकृतिक संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। केकेएम कॉलेज में आदिवासी बालक छात्रावास के विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण किया। कॉलेज के एनसीसी शाखा और डीएवी विद्यालय के शिक्षकों व छात्रों ने भी इस अभियान में भाग लिया।
नगर थाना प्रभारी प्रयाग दास ने थाना परिसर में पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। जिले के अन्य थानों में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। वही पाकुड़ पॉलिटेक्निक में भी शिक्षक व छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण करते हुए एक संक्षिप्त कार्यक्रम का आयोजन किया। मौके पर मौजूद प्रशासनिक प्रमुख निखिल चंद्र ने बताया कि पर्यावरण दिवस के मौके पर पॉलिटेक्निक कॉलेज की ओर से 101 पौधारोपन किया गया।
वही हिरणपुर स्थित निष्ठा मोहनपुर आईटीआई में सेंटर मैनेजर नवल ठाकुर, ट्रेनर पिंटू कुमार, राहुल कुमार, कामदेव पंडित, मोहम्मद रहमान ने वृक्षारोपण किया। साथ ही, पर्यावरण रक्षा का संकल्प दिलाया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी जिले भर में वृक्षारोपण किया। जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाकर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने पेड़ों की रक्षा के साथ-साथ पशु-पक्षियों की सुरक्षा का भी संकल्प लिया।
तीन महीने में लगेंगे एक लाख पौधे : पुलिस अधीक्षक
उपायुक्त और एसपी ने किया वृक्षारोपण
पाकुड़। निसं। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने दादपुर पंचायत के कुसमाडांगा गांव में वृक्षारोपण किया। इस दौरान उपायुक्त ने जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण से मिट्टी का कटाव रुकेगा और भू-जल स्तर में सुधार होगा। पुलिस अधीक्षक ने प्रोजेक्ट प्रकृति की घोषणा की। इस प्रोजेक्ट के तहत जिले में अगले 3 महीने में 1 लाख पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने प्रकृति के संरक्षण पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश महासचिव तनवीर आलम भी मौजूद रहे। उन्होंने पाकुड़-बरहरवा मुख्य पथ से पाली गगन पहाड़ी तक के मार्ग के विकास की जानकारी दी। इस परियोजना के लिए 40.39 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। कार्यक्रम के दौरान अबुआ आवास योजना के तहत दादपुर पंचायत की दो लाभार्थी पुष्पा देवी और नमिता देवी का गृह प्रवेश भी कराया गया। इस योजना से गरीब परिवारों का अपने घर का सपना पूरा हुआ।
प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ
पर्यावरण की रक्षा सभी की जिम्मेदारी : एसडीओ
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रकृति हूल महोत्सव पर शपथ ग्रहण समारोह, वृक्षारोपण और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी और बीडीओ संजय कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा प्रखंड, अंचल और बाल विकास परियोजना कार्यालय के कर्मचारी भी शामिल हुए। जेएसएलपीएस के कर्मी और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अनुमंडल पदाधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि पर्यावरण की रक्षा सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और हरित वातावरण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी साइमन हेम्ब्रम और प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने अन्य कर्मियों के साथ फलदार और छायादार पौधे लगाए। सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
बकरीद से पहले हिरणपुर हाट में खस्सी की बिक्री
हिरणपुर। संवाददाता। हिरणपुर साप्ताहिक हाट में बकरीद को लेकर गुरुवार को खस्सी बाजार में भारी भीड़ देखी गई। जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ पश्चिम बंगाल के चांदपुर, डाकबंगला और धूलियान से भी लोग पहुंचे। इस बार बाजार में महंगाई का स्पष्ट असर दिखा। खस्सी की कीमतें 4 हजार से लेकर 30 हजार रुपए तक रहीं। सबसे ज्यादा मांग 10 से 20 हजार रुपए वाले बकरों की रही। छोटे खस्सी 4 से 6 हजार रुपए में बिके। कुछ लोग इन्हें अगले साल की कुर्बानी के लिए खरीद रहे हैं। खरीदार मोहम्मद सलीम ने बताया कि इस साल खस्सी की कीमतें बजट से ज्यादा है। 10 हजार के बकरे 12 से 14 हजार में बिक रहे हैं। बकरीद की तैयारियों को लेकर जिले भर में रौनक है। लोग रेडीमेड कपड़े, जूते-चप्पल, बेल्ट और श्रृंगार सामग्री खरीद रहे हैं। शेरवानी, लुंगी और इत्र की भी खरीदारी हो रही है। किराना दुकानों में सेवई, चावल, चीनी और तेल की खरीदारी भी चल रही है।
बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत बागवानी मेला का आयोजन, आम के स्टॉल लगे
महेशपुर। संवाददाता। प्रखंड कार्यालय परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मनरेगा के अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम उत्सव सह बागवानी मेला आयोजित किया गया। प्रखंड उपप्रमुख नसीमा खातून, बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव और प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव ने कहा कि यह मेला आम बागवानी मिशन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि आम बागवानी पर्यावरण संरक्षण का माध्यम है। यह स्वरोजगार और आजीविका का भी अच्छा साधन है। बीडीओ ने जनप्रतिनिधियों और प्रखंड कर्मियों से अधिक से अधिक लोगों को इस योजना से जोड़ने का आग्रह किया। मेले में विभिन्न प्रकार के आम के स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम में बीपीओ रिजवान फारूकी, बीपीआरओ प्रशंजीत मंडल, उत्तम कुमार वैध, रंजीत मंडल, मुकेश मार्सेलियस मुर्मू, सुजीत कुमार, नीरज कुमार, मैनुद्दीन अंसारी समेत प्रखंड कर्मी और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।
6 महीने बाद भी नहीं मिला मुआवजा, उपायुक्त से लगाई गुहार
महेशपुर। संवाददाता। प्रखंड के जयपुर पंचायत के भुईधरा गांव में एक किसान को फसल में आग लगने का मुआवजा नहीं मिलने का मामला सामने आया है। किसान नाजिम शेख ने गुरुवार को महेशपुर के बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव को उपायुक्त पाकुड़ के नाम एक लिखित आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि छह महीने पहले उनके धान की फसल में आग लग गई थी। जिला कृषि कार्यालय के पत्रांक 727 दिनांक 31/12/2024 के अनुसार, राज्य योजना के तहत असहाय कृषकों को कृषि हेल्पलाइन योजना के आकस्मिकता कोष से मुआवजा दिया जाना था। पाकुड़ उपायुक्त से इस संबंध में अनुमोदन भी प्राप्त हो चुका है। लेकिन अनुमोदन के बावजूद अब तक किसान को मुआवजे की राशि नहीं मिली है। इस मामले में बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव ने कहा कि उन्हें लिखित आवेदन मिल गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विधायक हेमलाल मुर्मू ने की आदिवासी नेताओं से बैठक
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। प्रखंड के रोडगो स्थित विधायक आवास कार्यालय में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक हेमलाल मुर्मू ने की। इस बैठक में लिट्टीपाड़ा प्रखंड के सभी पंचायतों के ग्राम प्रधान शामिल हुए। साथ ही, जोगमांझी, नायकी और गुड़ित के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य एजेंडा आदिवासी सरना धर्म कोड और जातीय जनगणना का मुद्दा था। सभी प्रतिनिधियों ने इस बात पर सहमति जताई कि पहले आदिवासी सरना धर्म कोड लागू किया जाए। इसके बाद ही जातीय जनगणना की जाए। इस विषय पर विस्तृत चर्चा की गई।
डीसी-एसपी ने गोपीनाथपुर में किया फ्लैग मार्च
बकरीद त्योहार को लेकर चांदपुर चेकपोस्ट का निरीक्षण
पाकुड़। निसं। बकरीद त्योहार को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पाकुड़ प्रखंड के गोपीनाथपुर गांव में फ्लैग मार्च किया। उपायुक्त ने दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को विधि व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला नियंत्रण कक्ष का मोबाइल नंबर 9262998612 साझा किया। उन्होंने लोगों से अफवाहों की पुष्टि करने और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट न करने की हिदायत दी। किसी की आस्था को ठेस पहुंचाने वाली पोस्ट करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। दोनों अधिकारियों ने अंतरराज्यीय चेकपोस्ट चांदपुर का भी निरीक्षण किया। वहां तैनात कर्मियों को जिले में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की जांच करने का निर्देश दिया गया। वही बकरीद पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए भी पुलिस प्रशासन की ओर से तैयारी तेज कर दी गई है। जिला मुख्यालय के पुलिस लाइन में पाकुड़ एसडीपीओ दयानंद आजाद की मौजूदगी में पुलिस के अधिकारी और जवानों ने मॉक ड्रिल किया। मॉक ड्रिल के दौरान उपद्रवियों से निपटने के लिए अभ्यास किया गया। वही दयानंद आजाद ने कहा कि बकरीद पर्व को लेकर जिला में शांति व्यवस्था बहाल हो, इसको लेकर सभी तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति की स्थिति भंग होने के बाद इससे निपटने की तैयारी को लेकर आज मॉक ड्रिल किया गया।
पाकुड़ में 16 वादों का निष्पादन, 1.27 लाख रुपये का जुर्माना
पाकुड़। निसं। पाकुड़ में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। अपर समाहर्ता सह न्याय निर्णयन पदाधिकारी जेम्स सुरीन ने खाद्य सुरक्षा से जुड़े 16 वादों का निष्पादन किया। इन मामलों में 11 अवमानक और 5 मिथ्याछाप के मामले शामिल थे। खाद्य पदार्थों में मानकों के उल्लंघन और मिथ्याछाप के कारण खाद्य प्रतिष्ठानों पर कुल 1 लाख 27 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्यवाही के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम और लिपिक राज कुमार भी मौजूद रहे।
बिजली की आपूर्ति बाधित रहने के खिलाफ ग्रामीणों ने दो घंटे तक किया सड़क जाम
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। प्रखंड में बिजली आपूर्ति की खराब व्यवस्था के विरोध में ग्रामीणों ने गुरुवार को गोविंदपुर-साहिबगंज सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले चार दिनों से दिन-रात बिजली गुल रहती है। सड़क जाम की सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस और प्रखंड प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी और उमस भरे मौसम में बिजली की अनियमित आपूर्ति से वे परेशान हैं। इससे सबसे ज्यादा छोटे बच्चे और विद्यार्थी प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली काट दी जाती है। उन्होंने कई बार बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस के ठोस आश्वासन के बाद करीब दो घंटे के जाम को समाप्त कर दिया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं होता है, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। जिला मुख्यालय समेत सभी प्रखंडों में बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
पैरा लीगल वोलंेटियर्स की समस्याओं पर जिला न्यायाधीश ने की बैठक
क्षेत्रीय भाषा का मुद्दा उठा
पाकुड़। निसं। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेष नाथ सिंह की अध्यक्षता में जिले के पैरा लीगल वोलंेेटियर्स के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक झालसा रांची के निर्देश पर हुई। बैठक में प्रखंडों की भौगोलिक और सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय कमजोरियों के कारण कानूनी सहायता और जागरूकता कार्यक्रमों में आने वाली चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया। जेजेबी एक्ट, पोक्सो एक्ट और भाषा अनुवाद से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया। वोलंेटियर्स से उनके कार्यक्षेत्र की समस्याएं और सुझाव लिखित रूप में लिए गए। न्यायाधीश ने क्षेत्रीय भाषा की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में डीसीपीयू से पत्राचार किया गया है। जेजेबी एक्ट की धारा 105 के तहत राज्य सरकार एक विशेष फंड बना सकती है। इस फंड का उपयोग फील्ड में काम करने वाले अनुवादकों और न्यायालय में गवाही के दौरान अनुवादकों के भुगतान के लिए किया जा सकता है। बैठक में प्रभारी सचिव विशाल मांझी और अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदिश उज्जवल बेक भी मौजूद रहे।
इंटर आर्ट्स में प्लस टू विद्यालय पाकुड़िया के तेजस्वी यादव बने जिला टॉपर
पाकुड़। निसं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से गुरुवार को 12वीं आर्ट्स का रिजल्ट जारी कर दिया गया। वहीं रिजल्ट जारी होने को लेकर छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखा गया। इंटर आर्ट्स में प्लस टू विद्यालय पाकुड़िया के तेजस्वी यादव ने 456 अंक लाकर जिला टॉपर बने। उपयुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने सफल होने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई भी दिया। शिक्षा विभाग की ओर से बताया गया कि प्लस टू हाई स्कूल महेशपुर राज की किरण कुमारी 454 अंक लाकर द्वितीय स्थान पर, मॉडल प्लस टू हाई स्कूल हिरणपुर की जूली दत्त 451 अंक लाकर तीसरे स्थान पर, प्लस टू हाई स्कूल पाकुड़िया की तनुश्री यादव 450 अंक लाकर चौथे स्थान पर प्लस टू हाई स्कूल पाकुरिया के देव घोष तथा मॉडल प्लस टू हाई स्कूल हिरणपुर की वर्षा कुमारी रजक 448 अंक लाकर संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहे। वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी है।