- राष्ट्र निर्माण पर होगा मंथन, विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ होंगे शामिल
देवघर/नगर संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देवघर द्वारा संगठन के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 19 अप्रैल को एक विशेष प्रबुद्ध जन गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजनों के साथ राष्ट्र निर्माण के विषय पर विचार-विमर्श के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। संघ की ओर से जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार, यह आयोजन दोपहर 3 बजे आर.एल. सर्राफ उच्च विद्यालय मैदान, देवघर में होगा। कार्यक्रम में समाज के शिक्षाविद, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य विशिष्टजन भाग लेंगे। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य संगठित, सशक्त एवं संस्कारित समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार है। विषय पर संवाद स्थापित करना है। संघ की 100 वर्षों की यात्रा को व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की सतत साधना के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर समाज के अनुभवी एवं विचारशील व्यक्तियों के साथ गहन चर्चा की जाएगी।
ये होंगे मुख्य वक्ता व अतिथि : कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत शारीरिक प्रमुख कृष्णाल कुमार उपस्थित रहेंगे। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में हिन्दी विद्यापीठ, देवघर के व्यवस्थापक डॉ अशोकानंद झा शामिल होंगे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के तौर पर एम्स देवघर के ऑर्थोपेडिक्स विभागाध्यक्ष डॉ मनीष राज एवं चिकित्सा पदाधिकारी डॉ पूजा राय भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी। कार्यक्रम में हरिद्वार स्थित लोक वेद पीठ के लीलांबरानंद नाथ महाराज द्वारा आशीर्वचन भी दिया जाएगा।
समाज के प्रबुद्धजनों को किया गया आमंत्रित : संघ के जिला संघ चालक गणेश लाल वर्णवाल ने समाज के प्रबुद्ध एवं जागरूक नागरिकों से इस गोष्ठी में भाग लेकर अपने विचार रखने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संवाद और राष्ट्रहित में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों की गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि इस विशेष अवसर को सार्थक बनाया जा सके।
पुरानी विवाद को लेकर मारपीट
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत कोकरीबांक गांव में पुरानी विवाद को लेकर कतिपय लोगों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया। इस घटना में राजेश दास पिता प्रकाश दास ग्राम कोकरीबांक थाना जसीडीह घायल हो गया। घायल राजेश दास ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर कतिपय लोगों के खिलाफ शिकायत की। उन्होंने कहा कि पांच अप्रैल को करीब तीन बजे उसके गांव के दिलीप दास, गोलकी देवी, रेखा देवी, निशा कुमारी, मुकेश दास ने पुरानी विवाद को लेकर एक मत होकर गाली-गलौज कर ईंट पत्थर एवं लोहे के रड से जान मारने की नीयत हमला कर दिया। साथ ही उसके माथे पर रड से मारकर घायल कर दिया। जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसी दौरान मुकेश दास ने उसके गले से पांच भर चांदी का चेन छीन लिया और पॉकेट से दो हजार रुपए निकाल लिया। साथ ही घर के एस्बेस्ट्स के छत को क्षतिग्रस्त कर दिया।
देवघर महिला टीम को वेस्ट सिंहभूम ने 4 विकेट से हराया, बारिश से दूसरा मुकाबला रद्द
- प्रियंका सेवइयां बनीं प्लेयर ऑफ द मैच, हजारीबाग-सरायकेला मुकाबले में बारिश ने डाला खलल
देवघर/नगर संवाददाता। झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में स्थानीय केकेएन स्टेडियम देवघर में चल रहे सीनियर महिला टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को खेले गए पहले मुकाबले में वेस्ट सिंहभूम सीनियर महिला टीम ने देवघर सीनियर महिला टीम को 4 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। वहीं दिन का दूसरा मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, जिससे दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। पहले मैच में वेस्ट सिंहभूम की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए देवघर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 134 रन बनाए। टीम की ओर से पिंकी कुमारी ने शानदार 54 रन की पारी खेली, जबकि पूर्णिमा कुमारी ने 21, सोनिया कुमारी ने 17 और सरिता सोरेन ने 12 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में वेस्ट सिंहभूम की ओर से यशोदा कुमारी ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि चांदमुनि पूर्ति और प्रियंका सेवइयां ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट सिंहभूम की टीम ने 19.3 ओवर में 6 विकेट खोकर 135 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से प्रियंका सेवइयां ने 40 रन, जया कुमारी ने 36 रन और रश्मि गुड़िया ने 27 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। देवघर की ओर से गेंदबाजी में सुनीता कुमारी और पूर्णिमा कुमारी ने 2-2 विकेट लिए, जबकि सोनिया कुमारी को 1 विकेट मिला। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए वेस्ट सिंहभूम की प्रियंका सेवइयां को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें जेसीए के टीआरडीओ मनोज सिंह ने ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किया। दिन का दूसरा मैच हजारीबाग और सरायकेला-खरसावां सीनियर महिला टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हजारीबाग की टीम ने 20 ओवर में 174 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से श्रेया शाह ने 42, वर्षा कुमारी ने 37, गीता सिन्हा ने 33 और पूजा कुमारी ने 25 रन बनाए। सरायकेला-खरसावां की ओर से गेंदबाजी में सोनी संदिल ने 2 विकेट लिए, जबकि भूमि कुमारी और भैरवी ने 1-1 विकेट झटके। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरायकेला-खरसावां की टीम ने 3.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 17 रन बना लिए थे, तभी अचानक बारिश शुरू हो गई। लंबे इंतजार के बाद भी पिच सूख नहीं सकी, जिसके कारण अंपायरों ने मैच को रद्द घोषित कर दिया। दोनों टीमों को 1-1 अंक दिया गया। आज के मुकाबलों में अंपायर की भूमिका अरविंद कुमार सिंह और रूपेश कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरर अनिकेतन कुमार रहे। मैच ऑब्जर्वर के रूप में मनोज सिंह उपस्थित थे। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के विजय झा, नीरज सिन्हा, राकेश पांडेय, अमरेंद्र कुमार, राजेश कुमार, ज्ञान प्रकाश, हिमांशु, अमित सोनी, अनिल झा, शैलेश, राजेश दुबे सहित कई सदस्य मौजूद रहे। - एसआईआर की तैयारी
सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने की बैठक
पालोजोरी/संवाददाता। झारखंड में एसआईआर की घोषणा कभी भी हो सकती है। इससे पहले जिला और प्रखंड स्तर की तैयारी अंतिम चरण में है। सीओ सह सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कृष्ण सिंह मुंडा ने बुधवार को बूथ लेवल ऑफिसर और पर्यवेक्षक के साथ बैठक करते हुए जारी गतिविधियों की जानकारी ली। हाउस होल्ड विजिट करते हुए गृह संख्या अंकित करने का अपडेट लिया गया। दिए गए लक्ष्य को पूरा करने के लिए बीएलओ और पर्यवेक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए। मौके पर प्रभारी बीपीआरओ सुभाष राय, सलाउद्दीन, पवन कुमार, भागवत सिंह, संतोष कुमार आदि मौजूद थे।
‘सीटी बजाओ, उपस्थिति बढ़ाओ’ अभियान के तहत शिक्षकों ने पोषक क्षेत्र का किया भ्रमण
- बच्चों की उपस्थिति पर जोर
चितरा/संवाददाता। चितरा कोलियरी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में बुधवार को विभागीय निर्देश पर ‘सीटी बजाओ, उपस्थिति बढ़ाओ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत राजकीयकृत मध्य विद्यालय चितरा, दमगढ़ा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय दमगढ़ा सहित अन्य स्कूलों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान राजकीयकृत मध्य विद्यालय चितरा के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक सीटी बजाते हुए अपने पोषक क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर बच्चों एवं उनके अभिभावकों से संपर्क स्थापित किया और बच्चों को प्रतिदिन समय पर विद्यालय भेजने के लिए जागरूक किया। शिक्षकों ने अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि नियमित उपस्थिति ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। अभियान का असर भी देखने को मिला, जहां कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने का संकल्प दोहराया। मौके पर राजकीयकृत मध्य विद्यालय चितरा के प्रभारी प्रधानाध्यापक अशोक कुमार पांडेय, सहायक शिक्षक शिवानंद ओझा, कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर अनूप महतो तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय दमगढ़ा के प्रभारी प्रधानाध्यापक बहादुर प्रसाद यादव समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
तीन लोगों पर बिजली चोरी की प्राथमिकी
मधुपुर/संवाददाता। बिजली आपूर्ति प्रशाखा मधुपुर के सहायक अभियंता दीपक कुमार ने तीन लोगों पर अवैध रूप से बिजली चोरी करने का मामला मधुपुर थाना में दर्ज कराया है। मामले में सहायक अभियंता की शिकायत पर मधुपुर थाना की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। दर्ज प्राथमिकी में जिक्र है कि वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर सहायक अभियंता विभाग के कर्मी के साथ क्षेत्र में औचक निरीक्षण को निकले थे। इसी दौरान कोरकोटा, सलैया और खरबोनी के कई घरों की बिजली जांच की गई। जिसमें अवैध रूप से तीन घरों का बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया है। बताया गया कि उनके द्वारा बिजली चोरी किए जाने से विभाग को हजारों रुपए का राजस्व का क्षति पहुंचा है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
हलीमा बांध से हटाया गया अतिक्रमण, निगम की सख्त कार्रवाई
- मेयर रवि राउत के निर्देश पर जेसीबी से तालाब की सफाई, जलस्रोत संरक्षण को लेकर कड़ा संदेश
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 स्थित चर्चित हलीमा बांध प्रकरण में बुधवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। मेयर रवि कुमार राउत और नगर आयुक्त रोहित कुमार सिन्हा के स्पष्ट निर्देश के बाद नगर निगम की टीम ने तालाब पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए जलस्रोत को मुक्त कराया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों के बीच निगम के कड़े तेवर की चर्चा रही। नगर प्रबंधक प्रकाश मिश्रा की देखरेख में जेसीबी मशीन के जरिए तालाब में डाली गई मिट्टी, मलबा और अन्य अवशेषों को हटाया गया। पूरी कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी की। बता दें कि मंगलवार को मेयर के नेतृत्व में नगर निगम की टीम हलीमा बांध पहुंची थी, जहां पूरे मामले की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तालाब के हिस्से में अवैध रूप से मिट्टी भरकर अतिक्रमण किया गया है। जांच के बाद ही निगम प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया और अगले ही दिन अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
अतिक्रमणकारियों को चेतावनी : कार्रवाई के दौरान संबंधित जमीन मालिक को सख्त निर्देश दिया गया कि भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या जलस्रोत से छेड़छाड़ नहीं की जाए। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि दोबारा ऐसी हरकत सामने आने पर कानूनी कार्रवाई के साथ दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।
जलस्रोतों की सुरक्षा पर जोर : हलीमा बांध प्रकरण के माध्यम से नगर निगम ने शहरवासियों को यह स्पष्ट संदेश दिया है कि तालाब, बांध और अन्य जलस्रोतों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। लगातार घटते जलस्तर और पर्यावरणीय संतुलन को देखते हुए ऐसे जलस्रोतों का संरक्षण बेहद जरूरी हो गया है। निगम प्रशासन अब इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।
आगे भी चलेगा अभियान : नगर निगम के सूत्रों के अनुसार शहर के अन्य जलस्रोतों की भी पहचान की जा रही है, जहां अतिक्रमण की आशंका है। आने वाले दिनों में इन स्थानों पर भी अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। हलीमा बांध में हुई यह कार्रवाई आने वाले समय में ऐसे मामलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत मानी जा रही है।
सड़क दुर्घटना में बच्चे की दर्दनाक मौत
- आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क किया जाम
- सामान लेने दुकान जा रहा था बच्चा
मधुपुर/संवाददाता। बुधवार की देर शाम मघुपुर थाना क्षेत्र के सबैजोर गांव के पावर ग्रिड के समीप एनएच 114 ए पर सड़क दुर्घटना में 8 वर्षीय बालक नीरज कुमार तुरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि सबैजोर गांव निवासी माथुर तुरी का 8 वर्षीय बेटा नीरज कुमार तुरी घर से कुछ सामान लेने के लिए सड़क पार कर दुकान जा रहा था। इसी क्रम में मधुपुर से आ रही तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे धक्का मार दिया जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक का तीन भाई में वह मंझला था। उसकी एक बहन भी है। घटना के बाद मुआवजा और न्याय की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम किया। घटना में शामिल बाइक सवार और उसका साथी पथरिया गांव का रहने वाला है। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। बताया जाता है बाइक पर दो युवक सवार थे। ग्रामीण शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। घटना की सूचना पर इंन्सपेक्टर इंचार्ज सह थाना प्रभारी संतोष कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ धटना स्थल पहुंचकर मामले का जानकारी ली। ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास चल रहा है। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम लगा हुआ था। जाम के कारण सड़क की दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी।