महेशपुर/संवाददाता। आदिवासी सेंगेल अभियान की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई है। शनिवार को सेंगेल छात्र मोर्चा के जिला अध्यक्ष रूबीलाल किस्कू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीपीओ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संथाल सिविल रूल और संथाल परगना जस्टिस रेगुलेशन-1893 में सुधार की मांग की गई है। अभियान का मुख्य उद्देश्य परंपरागत आदिवासी स्वशासन व्यवस्था को लोकतांत्रिक और संवैधानिक बनाना है। वर्तमान व्यवस्था में ग्राम प्रधान, मांझी बाबा का पद वंशानुगत है। इससे अक्सर अनपढ़ और कानूनी ज्ञान से वंचित व्यक्ति इस पद पर आ जाते हैं। अभियान की मांग है कि मांझी ग्राम प्रधान, नायकी, जोगमांझी, पाराणिक और अन्य पदों के लिए गांव के सभी लोगों की ओर से एक वर्षीय चुनाव कराया जाए। सेंगेल अभियान ने कई गंभीर मुद्दे उठाए हैं। वर्तमान व्यवस्था में निर्दोष महिलाओं को डायन घोषित कर प्रताड़ित किया जाता है। कई मामलों में रुपए लेकर दोषियों को छोड़ दिया जाता है। अभियान की मांग है कि गैर आदिवासी और धर्म परिवर्तित व्यक्तियों को समाज के नेतृत्व पदों से दूर रखा जाए। पूर्व सांसद सालखन मुर्मू के नेतृत्व में यह अभियान सात राज्यों में चल रहा है। प्रतिनिधिमंडल में सुलेमान किस्कू, कमल सोरेन, पीटर मुर्मू और सुशीला बास्की शामिल थीं। अभियान का मानना है कि आजाद भारत में आदिवासी समाज में भी संविधान और कानून का पालन होना चाहिए।
विधायक ने पत्ता मेला में लगे विभिन्न स्टॉलों का किया निरीक्षण
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड के तालपहाड़ी पंचायत स्थित संग्रामपुर गांव में पत्ता मेला का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न सामग्री के स्टॉल लगाए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मेले में हिस्सा लिया। लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने कार्यकर्ताओं के साथ मेले का दौरा किया। मेला समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। विधायक ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और समिति के सदस्यों की सराहना की। विधायक मुर्मू ने कहा कि पत्ता मेला प्रसिद्ध मेला है, यह हमारी संस्कृति से जुड़ा है। यह आपसी भाईचारा और एकता का संदेश देता है। आदिवासी समुदाय में मेले का विशेष महत्व है। कई गांवों से लोग आते हैं और एक-दूसरे से मिलते हैं। मेले में पुरोहित ने शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना की। मेला मैदान में लगे एक बड़े झूले पर बैठ कर पुरोहित ने भगवान की आराधना की। मेले में डांस कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी। विधायक ने राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार विकास कार्यों में जुटी है। समिति सदस्यों ने बताया कि यह मेला वर्षों से लगता आ रहा है। मेले में पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना की गई और विभिन्न स्टॉल लगाए गए।
विधायक ने घिरी नदी पर उच्च स्तरीय पुल का किया शिलान्यास
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना मद अंतर्गत प्रखंड के बड़ा घाघरी पंचायत के बड़ा घाघरी से लोदेनटोला जाने वाली पथ में घिरी नदी पर उच्च स्तरीय पुल का शिलान्यास शनिवार को विधायक हेमलाल मुर्मू ने किया। इस दौरान विधायक ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि हम हमेशा विकास की राजनीति किए हंै। उनका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र का विकास करना रहा है। विधानसभा क्षेत्र के सभी गांव में सड़क, पुल, पुलिया और गांव में पेयजल उपलब्ध कराना मुख्य उद्देश्य है। क्षेत्र में गर्मी में पेयजल की समस्या को देखते हुए बीडीओ को वैसे गांव को चिन्हित कर ग्रामीणों के बीच टैंकर से पानी पहुंचाने का कार्य करने को कहा गया है। गांव में सोलरयुक्त टंकी का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार हमेशा ही क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रही है। मंईयां सम्मान योजना चालू कर महिलाओं को सम्मान दिया। इस बार दो महीने की राशि जल्द ही इसी महीने में दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से कहा अपने-अपने बच्चे को प्रतिदिन स्कूल भेज कर पढ़ा-लिखा कर शिक्षित बनाएं ताकि आने वाले समय में आपके भी बच्चे डीसी, एसपी, बीडीओ, सांसद, विधायक बन सकें। कनीय अभियंता से पुलिया निर्माण का कार्य गुणवाता पूर्ण कराने को कहा। इससे पूर्व ग्रामीणों ने विधायक का आदिवासी रीति-रिवाज से स्वागत किया। मौके पर पूर्व जिला सचिव सुलेमान बास्की, झामुमो नेता दानिएल किस्कू, प्रखंड अध्यक्ष प्रसाद हांसदा, संवेदक चंदन सिंह, मुखिया सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
डीसी ने की झारखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड योजनाओं की समीक्षा
पाकुड़/संवाददाता। डीसी मनीष कुमार की अध्यक्षता में श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। डीसी ने झारखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने पिछले दो वर्षों का योजनावार और प्रखंडवार आंकड़ा मांगा। साथ ही श्रमिकों को मिलने वाले लाभों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। श्रम विभाग से श्रमिकों का अधिकतम पंजीकरण करने को कहा गया। असंगठित कर्मकार समाजिक सुरक्षा योजना के तहत पिछले दो वर्षों का प्रखंडवार डेटा मांगा गया। कौशल उन्नयन योजना में पंजीकृत श्रमिक या उनके दो बच्चों के कौशल विकास का डेटा साझा करने को कहा गया। बाल श्रम रोकने के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स को हर महीने अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। राज्य से बाहर जाने वाले प्रवासी मजदूरों का श्रम विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया। जिला नियोजन पदाधिकारी को 28 मई को गोकुलपुर स्थित बाजार समिति में रोजगार मेला आयोजित करने का निर्देश दिया गया। जिले के कौशल विकास केंद्रों को गुणवत्ता पूर्ण प्रशिक्षण देने की हिदायत दी गई।
प्रखंडों और पंचायतों में चल रही योजनाओं को समय पर करें पूरा : डीपीआरओ
पाकुड़/संवाददाता। जिला पंचायतीराज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू की अध्यक्षता में 15वें वित्त आयोग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी डीपीएम ई-पंचायत, सभी प्रखंड समन्वयक, पंचायतीराज स्वयं परियोजना के कनीय अभियंता और लेखा लिपिक सह कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित थे। मुर्मू ने प्रखंडों और पंचायतों में चल रही योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए वार्षिक कार्य योजना तैयार करने और इसे ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड करने को कहा। साथ ही योजना स्थल पर सूचना पट्ट लगाने का भी निर्देश दिया गया। कनीय अभियंताओं को योजनाओं का नियमित निरीक्षण करने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
डीसी ने की वीसी के माध्यम से आवास योजनाओं की प्रगति समीक्षा
पाकुड़/संवाददाता। डीसी मनीष कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न आवास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अबुआ आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 में सभी प्रखंडों को 23 मई तक 10 प्रतिशत और 2024-25 में 05 प्रतिशत प्रगति का लक्ष्य दिया। डीसी ने तृतीय किस्त के बाद लंबित मामलों की जांच का आदेश दिया। इसमें 2023-24 के 982 और 2024-25 के 475 लाभुकों के मामले शामिल हैं। प्रखंड स्तर पर जांच दल को 19 मई तक विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस में अयोग्य लाभुकों को हटाने का निर्देश दिया गया। साथ ही 2024-25 के लक्ष्य को पूरा करने और स्वीकृत लाभुकों को पहली किस्त जारी करने को कहा गया। 2016-17 से 2021-22 तक के लंबित मामलों में से 25 आवासों को 23 मई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पीएम जन मन योजना में सभी स्वीकृत लाभुकों को पहली किस्त देने का निर्देश दिया गया। इस योजना में तृतीय किस्त के बाद 1155 लंबित मामलों की जांच की जाएगी। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत सभी प्रखंडों को मई 2025 तक आवास पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया है। बैठक में सभी प्रखंडों के बीडीओ और प्रखंड समन्वयक वीसी के माध्यम से जुड़े थे।
फॉगिंग मशीन से मच्छररोधी दवा का किया जा रहा है छिड़काव
पाकुड़/संवाददाता। शहर में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए नगर परिषद ने कदम उठाया है। बीते शुक्रवार देर रात से शहर के सभी वार्डों में फॉगिंग अभियान शुरू किया गया है। नगर परिषद के प्रशासक अमरेंद्र कुमार चौधरी के अनुसार हाल में हुई बारिश के बाद मच्छरों की संख्या में वृद्धि हुई है। मच्छर काटने से बीमारियां फैल रही हैं। इस समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद की ओर से फॉगिंग मशीन से मच्छररोधी दवा का छिड़काव किया जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि फॉगिंग और साफ-सफाई अभियान से नगर वासियों को मच्छरों से राहत मिलेगी। यह अभियान नगर परिषद के सभी वार्डों में चलाया जाएगा।
डायरिया पीड़ित दो मरीजों की हालत में हो रहा है सुधार
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। प्रखंड के मालीपाड़ा गांव में शनिवार को एक ही परिवार के दो लोगों में दस्त के लक्षण सामने आए हैं। पीड़ित सूरजी पहाड़िन और जामा पहाड़िया का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में मेडिकल कैंप लगाया। डॉ. शेखावत हुसैन के नेतृत्व में टीम ने तीन दर्जन से अधिक लोगों की जांच की। कुछ लोगों में सिर दर्द, सर्दी-खांसी और अन्य बीमारियों के लक्षण मिले। जिनका मौके पर ही इलाज किया गया। मेडिकल टीम में नर्स सुनीता किस्कू, एमपीडब्ल्यू पिंटू साहा, प्रभुधन किस्कू, बीटीटी सुधांशु पंडित और केटीएस सिमोन मालतो शामिल थे। सड़क न होने के कारण टीम को जंगल के पथरीले रास्ते से तीन किलोमीटर पैदल चल कर गांव पहुंचना पड़ा। डॉ. हुसैन ने बताया कि कुछ लोगों ने बिना धोए आम खाया और बाजार का खाना खाने से उन्हें पेट की समस्या हुई थी। फिलहाल दो मरीजों को छोड़ कर गांव के सभी लोग स्वस्थ हैं और स्थिति नियंत्रण में है। डायरिया से पीड़ित दो मरीजों की हालत में भी सुधार हो रहा है।
पत्नी और बच्चे से मारपीट के आरोप में पति गिरफ्तार
हिरणपुर/संवाददाता। प्रखंड के उपरबंधा में एक पति को पत्नी और बच्चे से मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सोनाभान बीबी ने पति एनामुल शेख के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में सोनाभान ने बताया कि उनके पति अक्सर उनके साथ मारपीट करते हैं। वह पूरे परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एनामुल ने उनके 5 वर्षीय बेटे सफीकुल के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। शिकायत के बाद एएसआई नयमुल हक ने कार्रवाई की। उन्होंने आरोपी एनामुल को उपरबंधा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। ऑक्सफोर्ड इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर एजुकेशन में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 50-60 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा सदस्यों ने वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि इन सुरक्षा उपकरणों का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में मदद करता है। सदस्यों ने वाहन चलाते समय मोबाइल के उपयोग के खतरों के बारे में भी जागरूक किया। साथ ही सड़क पार करने के सही तरीकों की जानकारी दी। छात्रों और शिक्षकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में हिट एंड रन मामलों और गुड समैरिटन कानून की भी जानकारी दी गई। सभी छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा से संबंधित पुस्तिका और पंफलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम में रोड इंजीनियर एनालिस्ट अजहद अंसारी, अमित कुमार राम और कंप्यूटर कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर उपस्थित रहे।
अवैध पाकिंर्ग के खिलाफ की गयी कार्रवाई
पाकुड़/संवाददाता। डीटीओ संजय पीएम कुजूर और नगर प्रशासक ने अवैध पाकिंर्ग के खिलाफ कार्रवाई की। नगर परिषद क्षेत्र में कोर्ट परिसर के पास खड़े दोपहिया वाहनों को टोइंग वाहन से नगर थाना ले जाया गया। प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि यातायात नियमों की अनदेखी से जाम की स्थिति बन रही है। कई बार चेतावनी देने के बाद भी लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। अभियान के दौरान 10 दोपहिया वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। इनमें बिना हेलमेट चलाने और शराब पीकर वाहन चलाने के मामले शामिल थे। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ई-पॉश मशीन से 6,050 रुपए का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में नियम तोड़ने वालों का लाइसेंस रद्द किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। नगर परिषद क्षेत्र में अवैध पाकिंर्ग के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।