-जिला क्रिकेट सीनियर लीग टूर्नामेंट
साहिबगंज। संवाददाता। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में सिद्धू-कान्हू स्टेडियम में चल रहे सीनियर क्रिकेट लीग टूर्नामेंट के तहत गुरुवार को स्टूडेंट क्रिकेट क्लब बनाम नेताजी क्रिकेट क्लब के बीच मैच खेला गया। स्टूडेंट्स क्लब ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। नेताजी क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवरों में 09 विकेट के नुकसान पर 135 रनों का स्कोर बनाया। गौरव शेखर ने 41, अंकित कुमार ने नाबाद 24, आदित्य मंडल ने 19 व हर्ष राज ने 17 रनों की पारी खेली। स्टूडेंट्स के गेंदबाज यारानुल हक ने 03, खालिद फैजान व मिस्टर एनर्जी ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी स्टूडेंट्स क्रिकेट क्लब की टीम ने 9.3 ओवरों में 04 विकेट के नुकसान पर 139 रन बना कर 06 विकेट से जीत दर्ज की। फैजान ने नाबाद 56, मिस्टर एनर्जी ने 22, नदीम अख्तर ने 17 व वसीम ने 14 रनों की पारी खेली। नेताजी क्रिकेट क्लब ब्लू के गेंदबाज गौरव कुमार ने 02 विकेट लिए। स्टूडेंट्स क्लब के खिलाड़ी फैजान को मैन ऑफ दी मैच घोषित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि जेएससीए डिस्ट्रक्टि सबकमेटी चेयरमैन चंदे्रश्वर प्रसाद सिन्हा उर्फ बोदी सिन्हा ने फैजान को मैन ऑफ दी मैच की ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। अंपायरिंग राकेश कुमार रोशन व सुधीर कुमार सुधा ने किया। स्कोरिंग सुजीत कुमार कर रहे थे। मौके पर अशफाक आलम, सुरेश साह, आफताब आलम, सतीश सिन्हा, गोपाल सिंह, प्रभाकर सिंह उर्फ गुड्डा, जुनैद, शानू कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
पीठासीन पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया की दी गयी जानकारी
साहिबगंज। संवाददाता। आगामी लोकसभा आम निर्वाचन-2024 के तहत सिद्धू-कान्हू सभागार, संध्या महाविद्यालय व प्रखंड कार्यालय में पीठासीन पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान पीठासीन पदाधिकारियों को मतदान के एक दिन पूर्व मतदान सामग्री लेने से मतदान कराने के पश्चात सामग्री जमा करने तक की जानकारी क्रमबद्ध रूप से दी गई। प्रशिक्षण में पीठासीन पदाधिकारियों को मतदान के दिन उसके कार्यों एवं कर्तव्यों के बारे में भी बताया गया। मतदान के दिन उपयोग किये जाने वाले प्रपत्रों एवं लिफाफा के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षक के रूप में शुभाशीष, आशीष कुमार, रमेश पासवान, मनोहर शर्मा, जियाउल इस्लाम, सोनेलाल मंडल, अंजार आलम, उज्ज्वल कुमार बनर्जी, प्रभात कुमार, रविंद्र कुमार झा, विनय कुमार उपस्थित थे।
विषाक्त पदार्थ के सेवन से विवाहिता की मौत
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत पत्थरचट्टी में भूलवश विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लेने से विवाहिता की मौत हो गई। घटना के संदर्भ में जानकारी मिली है कि पत्थरचट्टी गांव निवासी गुड़िया देवी (19) दोपहर के वक्त घर पर अकेली थी। इस बीच अनाज में डालने वाला विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लेने से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पति सागर घर में नहीं था। जब घर लौटा तो पत्नी ने पेट में तेज दर्द की शिकायत की। तब आनन-फानन में पति सागर मंडल उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां काफी प्रयास के बावजूद चिकित्सक गुड़िया देवी को नहीं बचा सके। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पति सागर मंडल का रो-रो कर बुरा हाल था। मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंच मामले की छानबीन की।
मेडिकल बोर्ड ने की 190 दिव्यांगों की जांच
-ईएनटी के 20 मरीज जांच के लिए हायर सेंटर रेफर
साहिबगंज। संवाददाता। सदर अस्पताल परिसर स्थित वेयर हाउस भवन में गुरुवार को मेडिकल बोर्ड की बैठक हुई। बोर्ड में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हड्डी, आंख कान, गला व मुंह के मरीजों की दिव्यांगता जांच की। इस दौरान जांच कराने के लिए मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। बोर्ड में सदर अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सचिन कुमार, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. शाहबाज हुसैन, पाकुड़ के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सत्यप्रकाश, मन:चिकित्सक डॉ. अनिमेश नोवेल कुजूर, डॉ. केशव कृष्णा ने 190 मरीजों की दिव्यांगता की जांच की। ईएनटी के 20 दिव्यागों को जांच के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मौके पर संजय कुमार, मनोज कुमार झा, सुधांशु कुमार, वरुण कुमार, गोपाल कुमार तिवारी, गीता कुमारी, ललिता मुर्मू, रोजलीन मुर्मू सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।
महिला को मारपीट कर किया घायल
साहिबगंज। संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रसूलपुर दहला में गुरुवार को घरेलू विवाद में लक्ष्मी देवी (48) गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। लक्ष्मी देवी ने आपसी विवाद में पति मणिलाल व भैंसुर पर मिलकर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने 400 किलो जावा महुआ किया नष्ट
साहिबगंज। संवाददाता। मुफस्सिल थाना पुलिस ने गुरुवार को अवैध महुआ शराब मामले में कार्रवाई करते हुए क्षेत्र से जावा महुआ को नष्ट किया है। मुफस्सिल थाना प्रभारी शशि सिंह ने बताया कि उनके नेतृत्व में पुलिस ने रामपुर दियारा में छापेमारी करके एक घर में लगभग 400 किलो महुआ शराब बनाने के लिए रखे जावा महुआ को नष्ट कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बिजली चोरी मामले में प्राथमिकी
साहिबगंज। संवाददाता। बिजली विभाग ने गुरुवार को मजहर टोला व पोखरिया मुहल्ले से पांच लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ उनके विरुद्ध जिरवाबाड़ी थाना में प्राथमिक दर्ज कराई है। थाना प्रभारी अनीष पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुराने मामले का आरोपी गिरफ्तार
साहिबगंज।संवाददाता। जिरवाबाड़ी थाना पुलिस ने गुरुवार को गुप्त सूचना पर थाना क्षेत्र के अंजुमन नगर से पुराने मामले के आरोपी जुल्फिकार को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी अनीष पांडेय ने बताया कि जुल्फिकार के ऊपर आवास के नाम पर रुपया लेने के मामले में बीडीओ ने मामला दर्ज कराया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
रेेलवे और नप अधिकारियों ने टमटम स्टैंड पुलिया का लिया जायजा
साहिबगंज। संवाददाता। डीसी हेमंत सती के निर्देशानुसार शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए गुरुवार को रेलवे के अधिकारियों व नगर परिषद के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से टमटम स्टैंड समीप अंडरपास पुलिया का जायजा लिया। जाम से मुक्ति दिलाने के लिए दूसरा पुलिया को भी खोला जाएगा। जिससे शहर में जाम न लगे। रेलवे व नगर परिषद के अधिकारियों ने पुलिया व आसपास के स्थल का जायजा लिया। मिली जानकारी के अनुसार पुलिया में झरना नाला के पानी को गार्डवाल बना कर तीसरे पुलिया से निकासी कराया जाएगा और पहले व दूसरे को आवागमन के लिए उपयोग में लाया जाएगा। जिससे शहर में लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी।
नगर परिषद ने सड़क पर की माकिंर्ग
-माकिंर्ग से बाहर दुकान लगाने पर लगेगा जुर्माना
साहिबगंज। संवाददाता। जिरवाबाड़ी थाना से पेट्रोल पंप तक सजने वाले सब्जी व फल दुकानों की जगह को दीवाल से साढ़े पांच फीट तक जगह चिह्नित करके माकिंर्ग किया गया। वहीं दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि सफेद लाइन से बाहर दुकान न लगाएं। सफेद दाग से बाहर दुकान लगाने पर जुर्माना वसूला जाएगा और सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। दुकानों को व्यवस्थित तरीके से लगाने का भी निर्देश दिया गया। वहीं शहर के सभी 10 पाकिंर्ग स्थलों में भी जल्द ही बोर्ड लगाया जाएगा। इसके बाद पाकिंर्ग स्थल में ही वाहन लगाया जाएगा। यत्र तत्र वाहन सड़कों में नहीं लगेगा। ईओ सोमा खंडाईत ने बताया कि डीसी के निर्देशानुसार शहर को जल्द ही जाम से मुक्ति दिलाई जाएगी। जिसके ऊपर कार्य हो रहा है। मौके पर एई रवि शेखर, जेई बाबूलाल सोरेन, अमीन कन्हाई रजक, टैक्स कलेक्टर विक्की कुमार, सोनू कुमार, कमल यादव, दिलीप शर्मा, आनंद हरि, आयुष कुमार, शिव हरि, आकाश हरि सहित अन्य थे।
हत्या मामले में केस दर्ज
मंडरो/संवाददाता। मिर्जाचौकी थाना के ग्राम-पंचायत सिमड़ा में दो भाई के बीच आपसी विवाद को लेकर हुई हत्या मामले में मृतक बाबुजी हेम्ब्रम की पत्नी तालाबीटी टुडू के आवेदन पर थाना कांड संख्या 26/24 के तहत केस दर्ज किया गया। इधर मिर्जाचौकी थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के मिर्जाचौकी बड़तल्ला पंचायत के नयाटोला गांव में महिला की घर से शव बरामद को लेकर देर शाम तक तक किसी प्रकार का कोई आवेदन थाना में नहीं मिला था पर देर शाम तक मृतका के परिजनों की ओर से मौत को लेकर आवेदन देने की प्रकिया चल रही थी। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि दोनों घटनाएं में जो भी आरोपी सम्मिलित हैं उसे पकड़ने के लिए छापामारी अभियान चलाई जा रही है।
छोटे बच्चों को और गर्भवती महिलाओं का हुआ टीकाकरण
मंडरो/संवाददाता। प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्र महादेववरण में गुरुवार को टीकाकरण किया गया। जिसमें जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के छोटे बच्चों को और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया। वहीं डब्लूएचओ मॉनिटर बास्कीनाथ यादव निरीक्षण के क्रम में बताया कि छोटे बच्चों को बीसीजी, पेंटा, टीटी, एमआर का टीका दिया गया। जबकि गर्भवती महिलाओं को टीटी-एक और टीटी-दो का टीका दिया गया। एएनएम सुभाषिनी सिन्हा ने उपस्थित गर्भवती महिलाओं को आयरन का टेबलेट खाने की सलाह दी। पौष्टिक आहार में जैसे हरी साग सब्जी एवं खानपान पर विशेष ध्यान देने को कही। साथ में यह भी सलाह दिया कि आयरन युक्त नमक का ही सेवन करें। इससे गर्भ में पल रहे बच्चे का मानसिक विकास होता है। मौके पर डब्लूएचओ मॉनिटर बासुकीनाथ यादव, आंगनबाड़ी सेविका नीता कुमारी, सहिया सरस्वती देवी, सिंपी देवी सहित पोषक क्षेत्र की कई गर्भवती महिलाएं एवं बच्चे टीकाकरण के दौरान उपस्थित थे।
दो अलग-अलग जगहों में अगलगी से सात घर जलकर राख
-पीड़ितों को हुआ संपत्ति का नुकसान
उधवा। संवाददाता। राधानगर थाना क्षेत्रों में इन दिनों आगलगी की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी क्रम में गुरुवार की शाम को थाना क्षेत्र के श्रीधर दियारा पंचायत के कॉलोनी नंबर-04 तथा दक्षिण सरफराजगंज पंचायत के मनिहारी टोला में आग लगने से कुल 07 घर जलकर राख हो गया। हालांकि आग कैसी लगी, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। जानकारी के अनुसार श्रीधर दियारा पंचायत के कॉलोनी नंबर 04 में आगलगी से शांति राय, चित्तो राय, गोपाल राय तथा माणिक राय का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना में घरेलू सामान समेत नगदी जलकर राख हो गया। वहीं दूसरी घटना थाना क्षेत्र के दक्षिण सरफराजगंज पंचायत के मनिहारी टोला की है। घटना में अरुण मंडल, किशन मंडल तथा बिष्णु मंडल का घर जलकर राख हो गया। अगलगी में घरेलू सामान समेत संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। अगलगी के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना अग्निशमन कर्मियों को दी। सूचना मिलते ही आनन-फानन में अग्निशमन कर्मी मनिहारी टोला पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बीडीओ ने की सेक्टर व पुलिस पदाधिकारी के साथ बैठक
उधवा। संवाददाता। प्रखंड सभागार में गुरुवार को सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ विशाल पांडेय, राधानगर थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी तथा तीनपहाड़ थाना प्रभारी शाहरूख की संयुक्त अध्यक्षता में सेक्टर पदाधिकारी और सेक्टर पुलिस पदाधिकारी के साथ निर्वाचन संबंधित बैठक हुई। इस दौरान बीडीओ ने बताया कि क्रिक्टिकल, वनरेबल, एएमएफ सहित जियो टैग बूथ वार फोटो करने का निर्देश दिया गया है। मौके पर निर्वाचन नोडल सह बीपीओ गगन बापू, सुमित कुमार, सोहर वर्दी, बाबूधन मुर्मू ,मजहरुल हक, राधेश्याम पासवान, अवधेश पाठक, जय बहादुर सिंह सहित सभी सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
अबुआ आवास को लेकर डीडीसी ने की वीडियो कॉन्फ्रेंस
बोरियो। संवाददाता। प्रखंड कार्यालय सभागार में गुरुवार को अबुआ आवास को लेकर डीडीसी सतीश चन्द्र ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अबुआ आवास की समीक्षा की। जिसमें प्रखंड के बीडीओ, प्रखंड समन्वयक, सभी पंचायत सचिव एवं रोजगार को अबुआ आवास को लेकर कई जानकारी दी गई। मौके पर बीडीओ नागेश्वर साव, आवास कॉर्डिनेटर मनीष कुमार रंजन, पंचायत सचिव राजेंद्र प्रसाद, रोजगार सेवक सहित अन्य मौजूद थे।