देवघर/वरीय संवाददाता। भंडारकोला स्थित डीएवी के दशम वर्ग का छात्र स्नेहिल आनंद एक बार फिर विद्यालय का परचम लहराने में सफल हुआ है। ज्ञात हो कि महज एक सप्ताह पहले इंडियन ओलिंपिआड क्वालीफायर इन मैथमेटिक्स की परीक्षा के सर्टिफिकेट को पाने में वो सफल हुआ था। इस बार उसने रीजनल मैथमेटिकल ओलिंपिआड की परीक्षा के लिए क्वालीफाई किया है। मैथमेटिक्स टीचर्स एसोसिएशन द्वारा घोषित आरएमओ 2023 सेलेक्शन लिस्ट के अनुसार स्नेहिल सफल हुआ है। क्रमांक 903 पर उसका रोल नंबर अंकित है। विद्यालय के प्राचार्य डॉ विजय कुमार के संरक्षण एवं डॉ जेके सिंह के मार्ग निर्देशन में चलाए जा रहे आरएमओ ट्रेनिंग का विद्यार्थी है। विगत वर्षों में भी इनके द्वारा दिए गए ट्रेनिंग से बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर अपना मुकाम हासिल कर चुके हैं और अच्छे पदों पर अपनी सेवा दे रहे हैं। प्राचार्य डॉ विजय कुमार ने स्नेहिल को बधाई दिया और कहा कि इस ट्रेनिंग का फल अब मिलना शुरू हुआ है। मैं आशा करता हूं कि आने वाले समय में स्नेहिल आनंद और अन्य विद्यार्थी भी विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
आजसू ने की डीआईजी को आवेदन देकर अपराध रोकने की मांग
देवघर/वरीय संवाददाता। आजसू पार्टी देवघर जिलाध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने शुक्रवार को डीआईजी संथाल परगना को चिट्ठी लिखकर देवघर जिले में खासतौर पर नगर निगम क्षेत्र में टाइगर पुलिस पेट्रोलिंग, पीसीआर वाहनों की संख्या में बढ़त तथा विभिन्न चौकों पर 24 घंटे पुलिस पिकेट बनाकर आपराधिक गतिविधि कंट्रोल करने की मांग की। आजसू जिलाध्यक्ष ने कहा कि 2020 के बाद से चोरी, छिनतई, छेड़खानी, हत्या का प्रयास व अन्य अपराधी घटनाओं में बहुत इजाफा हुआ है।
पिछले एक हफ्ते की अपराधिक घटनाओं का विवरण मांगें तो देवघर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न मोहल्ले में लगातार अपराधिक घटनाएं बढ़ते जा रहे हैं। इसके साथ ही बेलाबगान मोहल्ले में एक दुकानदार पर रंगदारी नहीं देने पर जानलेवा हमले के 72 घंटे गुजरने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस घटना से शहर के व्यवसाइयों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को व्यावसायिक संगठनों ने विरोध जताते हुए हमलावर की गिरफ्तारी की मांग की मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके वजह से व्यापारियों को एसपी कार्यालय तक पैदल मार्च करना पड़ा। उक्त सभी मामले को संज्ञान में लेते हुए संथाल परगना के डीआईजी से आजसू पार्टी देवघर जिला अध्यक्ष ने अपराधी घटना रोकने के लिए जिला स्तर पर कड़ा मापदंड तय करने की मांग की।
आंगनबाड़ी शत प्रतिशत खुले नहीं तो कटेगा वेतन : डीडीसी
-निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य प्रगति की हुई समीक्षा
देवघर/वरीय संवाददाता। उपविकास आयुक्त डॉ कुमार ताराचंद की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उपविकास आयुक्त ने जिला समाज कल्याण विभाग के तहत सभी प्रखंडों में पोषण माह-2023 के दौरान किए गए कार्यों, सावित्री बाई फुले कोशोरी समृद्धि योजना, पोषाहार वितरण, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना तहत किये जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्य व उसके अनुरूप कार्य प्रगति की समीक्षा की गयी। साथ हीं उपविकास आयुक्त द्वारा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के साथ-साथ सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं महिला पर्यवेक्षकों को निदेशित किया गया कि विभिन्न योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप लाभुकों के आवेदन को चिन्हित करते हुए सही लाभुकों को शत-प्रतिशत लाभ दिया जाय।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने आँगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध कराए गए विभिन्न उपकरणों के माध्यम से बच्चों के लम्बाई, वजन व उनकी वृद्धि जाँच कराये जाने के संबंध में जानकारी लेते हुए सभी महिला पर्यवेक्षकों को निदेशित किया गया कि आँगनबाड़ी केन्द्रों में मासिक स्तर पर बच्चों की लंबाई, वजन व उनकी वृद्धि जाँच/मापन का कार्य कराया जाय एवं सभी पर्यवेक्षक समय-समय पर अपने-अपने क्षेत्र अन्तर्गत आने वाले आंगनबाड़ी केन्द्रों का भौतिक निरीक्षण कर प्रभावी ढंग से इसका क्रियान्वयन सुनिश्चित करायें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दास्त नहीं की जायेगी।उन्होंने जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले में चल रहे कार्यों की धीमी गति पर रोस प्रकट करते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश दिया। साथ हीं उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को निदेशित करते हुए कहा कि समाज के निर्माण व कुपोषण को दूर करने में जिला समाज कल्याण विभाग का बेहद महत्वपूर्ण योगदान है। इस लिए आवश्यक है कि आप सभी अपने द्वारा किये जाने वाले कार्यों को गंभीरता से लें, ताकि निर्धारित समय पर कार्यों को पूर्ण करते हुए संबंधित लाभूकों को लाभ देना सुनिश्चित किया जा सके। साथ हीं कुपोषण को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से उन्होंने जिले के अलग-अलग प्रखंडों में स्थित एमटीसी केंद्रों में भर्ती बच्चों की जानकारी लेते हुए उनके इलाज हेतु उचित कदम उठाने का निर्देश दिया। बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रुन्नु मिश्रा, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सभी महिला पर्यवेक्षक एवं संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित थे।
सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल ने रांची में होने वाले सेवा दल के समागम कार्यक्रम में शामिल होने शुक्रवार को रांची आए अखिल भारतीय कांग्रेस सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल जी देसाई का रांची हवाई अड्डे पर बुके देकर स्वागत किया। जिसमंे झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल की अध्यक्ष नेली नाथन, प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार, महिला अध्यक्ष फूल जेंसिया, देवघर जिला इंटक के जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा, कांग्रेस सेवा दल के भारत रावत, मोहम्मद आरिफ, मौसमी मिंज मोनी कुमारी दोलोरोसा मिंज एवं शिशिर विलुंज आदि उपस्थित थे।
झामुमो व्यावसायिक मोर्चा ने एसपी को सौंपा आवेदन
देवघर/वरीय संवाददाता। झामुमो व्यावसायिक मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्याम कांत झा के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंप कर देवघर शहर में दिन-रात पुलिस पेट्रोलिंग कराने की मांग की गई ताकि दुकानदार भय मुक्त रह सके। आवेदन में बताया गया है कि देवघर शहर के व्यवसायिक आय दिन असामाजिक तत्वों द्वारा तंग तबाह किया जा रहे हैं। शहर के भीड़ वाले क्षेत्र, गली, मोहल्ले में नशे में धुत होकर असामाजिक तत्व व्यापारियों से भया दोहन कर लूटपाट एवं रंगदारी की मांग कर रहे हैं। रात में शहर के व्यवसायिक अपने प्रतिष्ठान को बंद कर घर में सोए रहते हैं इसी दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा दुकानों का ताला तोड़कर सामानों की चोरी की जा रही है। इसे देखने वाला कोई नहीं है। आवेदन में मांग किया गया है कि नशे में धुत रहने वाले अपराधियों पर एवं रात्रि में घूमने वाले अज्ञात लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाए ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना शहर में नहीं हो सके। पुलिस अधीक्षक द्वारा कहा गया कि 10 अक्टूबर के बाद शहर में गस्ती व्यवस्था काफी चुस्त दुरुस्त रूप से चलाई जाएगी। मौके पर लड्डू नरौने, सुनील चौरसिया, निर्मल, उमेश बरनवाल, भूषण बरनवाल आदि उपस्थित थे।
देवघर व सत्संग कॉलेज की व्यवस्था अत्यंत चिंताजनक : शुभम
देवघर/नगर संवाददाता। एक ओर जहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देवघर में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में अच्छी इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग को लेकर लंबे समय से प्रयासरत है। वहीं राज्य के प्रतिष्ठित महाविद्यालयों में से एक देवघर महाविद्यालय व सत्संग महाविद्यालय की व्यवस्था अत्यंत दुखद है। उक्त बातें अभाविप के शुभम राय ने कही। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण देवघर महाविद्यालय के छात्रों के लिए कला भवन जाना सड़क न होने के कारण दुर्लभ हो गया है। जबकि हर रोज वहां सैकड़ो की संख्या में छात्र जाते हैं। लेकिन अत्यधिक पानी जमाव और कीचड़ के कारण छात्र फिसलते हुए तो कोई हाथ में चप्पल लेकर तो कोई गिरकर भवन के अंदर प्रवेश करते हैं। दूसरी ओर सत्संग महाविद्यालय एवं देवघर महाविद्यालय में छत से पानी का रिसाव होने के कारण छात्रों को क्लास में बैठने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पूरा क्लासरूम बेंच के साथ भीगा रहता है। इसलिए महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधि ऐसी गंभीर समस्याओं के ऊपर ध्यान आकृष्ट करते हुए जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक पहल करने का कार्य करें।
खाता से की 90 हजार की अवैध निकासी
-साइबर अपराधियों ने ठगी के लिए अपनाया नया तरीका
देवघर /संवाददाता। जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति के बैंक खाता से अवैध रूप से 90 हाजर रुपये की निकासी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार मूल रूप से बिहार के जमुई जिला के सिकंदरा थाना क्षेत्र का रहने वाला पूर्व मुखिया बताया जाता है। वह फिलहाल जसीडीह में घर बनाकर रह रहा है। ठगी को लेकर उसने साइबर थाना में आवेदन देकर शिकायत की है।
बताया जाता है कि उसका बंधन बैंक में खाता है। लेकिन, उसका एक खाता जो एसबीआई सिकंदरा ब्रांच में था वह खाता उसने बंद कर दिया था लेकिन आधार से लिंक नहीं हटवाया था। उसने एसबीआई के गूगल पर मिले कस्टमर केयर नंबर पर बंद खाते से आधार लिंक को हटाने के लिए फोन किया। उक्त नंबर से उसे एक फॉर्मेट भेजा गया और डिटेल भरने को कहा। उसने भेजे गए फॉर्मेट में सारे डिटेल को भर दिया। बाद में उसके खाते से 90 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। आवेदन लेकर साइबर पुलिस जांच में जुट गई है।
सड़क हादसे में एक घायल
देवघर /संवाददाता। सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए सदर स्थान में भर्ती कराया गया है। घायल का नाम दिनेश कुमार साह है जो नगर थाना क्षेत्र के जटाही मोड़ का रहने वाला है।
अपहरण का आरोपी गया जेल
देवघर/संवाददाता। जिले के सारवां थाना पुलिस ने फरार चल रहे किशोरी के अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम चन्द्रदेव वर्मा है जो थाना इलाके के दासडीह का रहने वाला है। बताते चलें कि 01 अक्टूबर को किशोरी के अपहरण को लेकर मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने त्वरीत कार्रवाई करते हुए किशोरी को बरामद कर लिया था लेकिन आरोपी फरार चल रहा था।
बिजली चोरी के आरोप में तीन पर केस
देवघर/संवाददाता। जिले के बुढ़ई थाना में बिजली चोरी को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला विभाग के कनीय अभियंता सोमेश कुमार ने दर्ज कराया है। जिसमें सैलून संचालक राज ठाकुर, चप्पल दुकानदार कलाम आजाद साकिन जगदीशपुर और इम्तयाज अंसारी सिकटीया बुढ़ई को आरोपी बनाया है। मामला दर्ज कर बुढ़ई पुलिस पड़ताल में जुट गयी है।
मारपीट को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में जमीन विवाद को लेकर हुए मारपीट को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला सरकुलर रोड विलियम्स टाउन निवासी तपन कुमार ने दर्ज कराया है। जिसमें भाई अभिषेक कुमार, भाभी शिल्पी भगत सहित तीन-चार अज्ञात को आरोपी बनाया है। नगर पुलिस मामला दर्ज कर जांच मे जुट गई है।
अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना पुलिस ने एक अवैध बालू लदा ट्रैक्टर को जब्त किया है। ट्रैक्टर को कुंडा मोड़ के पास से जब्त किया गया है। बताया जाता है कि पुलिस को सूचना मिली थी की एक अवैध बालू लदा ट्रैक्टर थाना क्षेत्र की ओर से गुजर रहा है। जानकारी मिलते ही कुंडा पुलिस ने अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को कुंडा मोड़ के पास से जब्त कर लिया। वहीं मौके पर से ट्रैक्टर चालक भागने में सफल रहा।
गोदाम से चोरी गये 125 बोरा चावल में 15 बोरा बरामद
-पीकअप वाहन सहित एक आरोपी गया जेल
देवघर/संवाददाता। जिले के मोहनपुर थाना पुलिस ने प्रखंड कार्यालय स्थित बाल विकास परियोजना के गोदाम से 125 बोरा सरकारी चावल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुछताछ के बाद जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम गौतम मंडल है जो खरवा बलथर का रहने वाला है। पुलिस चोरी हुई 125 बोरा चावल में से 15 बोरा सहित चोरी में इस्तेमाल किये गये पीकअप वैन को भी जब्त किया है। बताते चलें कि शनिवार की देर रात को गोदम का खिड़की तोड़कर उसमें रखा 125 बोरा सरकारी चावल की चोरी कर ली गयी थी। पुलिस चोरी मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी करने में जुट गयी है।
रिलायंस टावर से बैट्री की चोरी
देवघर/संवाददाता। जिले के पालोजोरी थाना इलाके के बैजनाथपुर गांव में स्थित रिलायंस के टावर में लगे बैट्री को चोरों ने चोरी कर ली। इसे लेकर रिलायंस के कर्मी बिहार के अरबल जिला के मकदुमपुर निवासी विकास कुमार ने मामला दर्ज कराया है। कहा है कि रिलायंस का टावर पालोजोरी थाना क्षेत्र के बैद्यनाथपुर निवासी श्रीकांत मंडल की जमीन में लगी थी। चोरी की घटना 22 सितंबर को घटी थी। कहा है कि नेटवर्क समस्या उत्पन्न होने पर जांच किया तब पता चला कि बैट्री की चोरी कर ली गयी है। मामला दर्ज कर पालोजोरी पुलिस खोजबीन में जुट गयी है।
दिवंगत निशा की मौत पर सीएमए ने की बैठक
देवघर/वरीय संवाददाता। शुक्रवार शाम को आई एम ए देवघर की कार्यकारी समिति की बैठक हुई जिसमें मधुपुर की दिवंगत निशा के बारे में चर्चा हुई। आईएमए देवघर ने कहा कि संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ है। घटना के बारे में तथ्यात्मक जानकारी के लिए एक कमिटी बनाई गई है, जो इस घटना की जांच करेगी। पहले से एक मेडिकल बोर्ड और प्रशाशनिक कमिटी इसकी जांच कर रही है।
आम जनता एवं विभिन्न संगठनों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और इन लोगों के रिपोर्ट की प्रतीक्षा करें। चिकित्सक समुदाय पर बिना किसी आधार के आरोप लगाने से हमारा आत्मविश्वास कम होता है और ऐसे में हमारी कार्य क्षमता भी प्रभावित होती है, जिसका बुरा असर दूसरे मरीजों के ईलाज पर भी पड़ता है। जिम्मेदार नागरिकों एवं जन प्रतिनिधियों से भी अपील है कि पूरी जिम्मेदारी से बयान दें जिससे चिकित्सक-मरीज रिश्तों पर प्रतिकूल असर न हो। मौके पर आईएमए के सभी पदाधिकारी, सदस्य गण उपस्थित थे।
विधायक की पहल पर बाघमारी गांव में 24 घंटे के अंदर लगा ट्रांसफॉर्मर
-ग्रामीणों ने जताया आभार और भाजपा में शामिल होने की इच्छा जतायी
देवघर/नगर संवाददाता। भाजपा विधायक सह जिला अध्यक्ष नारायण दास की पहल पर शुक्रवार को देवघर प्रखंड के ग्वालबदिया पंचायत के बाघमारी गांव में ट्रांसफार्मर लगने के कारण ग्रामीण बिजली रानी को देखकर उत्साहित नजर आए। गांव का ट्रांसफार्मर लागातार बारिश व हवा के कारण जल गया था। ग्रामीणों की समस्या से विधायक वाकिफ हुए और मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पहल कर 24 घंटे अन्दर ट्रांसफार्मर उपलब्ध करवाया। ग्रामीणों के आग्रह पर विधायक ने ट्रांसफार्मर का विधिवत फीता काट कर उद्घाटन किया। जिसके बाद बिजली रानी का दर्शन होते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
मौके पर ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं विधायक सह जिलाध्यक्ष नारायण दास द्वारा देश व गांव की चिंता करने, समस्याओं के समाधान करने, व्यवहार और कार्य शैली की सराहना की और भाजपा में आस्था जताते हुए विधायक नारायण दास के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की इच्छा जाहिर की। मौके पर कई ग्रामीण भाजपा में शामिल भी हुए। मौके पर विधायक नारायण दास ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास और गरीब कल्याण की दिशा में राष्ट्र सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए काम करती। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी एक राष्ट्र सेवक के तौर पर देश व देशवासियों की सुरक्षा व उत्थान की दिशा में काम कर पंडित दिनदयाल उपाध्याय व डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा कर रहे हैं। जिससे भाजपा के प्रति लोगों की आस्था बढ़ रही है और भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। विधायक ने कहा कि मैं अपने क्षेत्र के लोगों के लिए एक सेवक की भांति सेवा के लिए कृतसंकल्प हुं। जिसका ताजा प्रमाण ग्वालबदिया पंचायत के बाघमारी का ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया जाना है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि किसी भी समस्या के लिए भाया मीडिया आने की जरूरत नहीं है। आपके सेवक नारायण दास का दरवाजा हमेशा खुला है और आप सीधे संपर्क कर समस्याओं की जानकारी देते हुए हल कराने की दिशा में कभी भी आ सकते हैं। उद्घाटन मौके पर भाजपा जिला महामंत्री पंकज सिंह भदोरिया, मुखिया भिखना पंचायत त्रिपुरारी दास, देवघर प्रखंड महामंत्री पवन कुमार पांडेय, भूदेव यादव, मुकेश यादव, प्रकाश यादव, अविनाश कुमार, चंदन मंडल, बृजेश मंडल, बासुदेव यादव, रंजीत यादव, मुरारी ठाकुर, सुभाष यादव, सोहन यादव, विष्णु यादव, मोती यादव, अमीन यादव, अर्जुन भोक्ता, ईश्वर भोक्ता, कुलदीप भोक्ता, रूपेश मुर्मु, हीरालाल टुडू, विष्णु देव यादव, अमन वर्मा, लालजी भोक्ता, अनिल वर्मा, कुंदन गुप्ता, धनंजय वर्मा एवं ग्वालबदिया पंचायत के ग्रामीण उपस्थित थे।
भाजपा ने ग्रामीणों को दी केंद्र सरकार के योजनाओं की जानकारी
-बस्ती संपर्क अभियान के तहत चला कार्यक्रम
देवघर/नगर संवाददाता। भाजपा सिमरा मंडल के राजाडीह गांव में शुक्रवार को बस्ती संपर्क अभियान के तहत मंडल अध्यक्ष सौरभ सिंह के साथ बस्ती संपर्क मंडल प्रभारी सचिन सुल्तानिया ने गांव में बस्सी संपर्क किया। जिसमें गांव के लोगों से मिलकर केंद्र सरकार के द्वारा दी जा रही योजना की जानकारी दी। लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के प्रति विश्वास जताया। ग्रामीणों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के साथ-साथ देश के लिए भगवान के स्वरूप है। गांव की बुजुर्ग महिला शांति देवी ने कहा आज मोदी जी के द्वारा हमें प्रधानमंत्री आवास उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड, शौचालय एवं सभी प्रकार की योजना जो केंद्र सरकार के द्वारा दी जा रही है हम लोग को सभी योजना का लाभ मिला है। बस्ती संपर्क अभियान में अमर सिंह, हरित लाल ठाकुर, कामदेव ठाकुर, ब्रह्मानंद ठाकुर, गौतम ठाकुर, कांति देवी, संदीप कुमार, दीपक कुमार, लक्ष्मी देवी, सुलोचना देवी, विमला देवी, कालेश्वर दास, दीपू दास, राजदीप दास, महात्मा दास, मोहिनी दास, नोनिया देवी आदि शामिल थे।
अखिल भारतीय मध्य देशीय वैश्य सभा के प्रदेश व जिला कोर कमेटी की गूगल मीट की बैठक संपन्न
बैठक में प्रदेश को पांच जॉन में बांट कर चुनाव कराने सहित लिए गए कई निर्णय
देवघर/नगर संवाददाता। शुक्रवार को अखिल भारतीय मध्य देशीय वैश्य सभा का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदेश एवं जिला कोर कमेटी की संयुक्त रूप से बैठक गूगल मीट के माध्यम से बैठक आहूत की गई। बैठक में प्रदेश एवं जिला के तीनों विंग के पदाधिकारियों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। साथ ही पूर्व निर्धारित मुद्दे पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त रूप से प्रदेश अध्यक्ष कुंदन कुमार गुप्ता व प्रदेश महामंत्री नन्द किशोर गुप्ता ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामदास साहु, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष ध्रुव प्रसाद साह, राष्ट्रीय युवा प्रवक्ता राजेश साह उपस्थित थे। मौके पर सभी जिला के पदाधिकारियों ने अपना अपना वक्तव्य रखा। साथ ही राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष ध्रुव प्रसाद साह ने पूरे समाज में एकजुटता बनाए रखने पर अपना मंतव्य दिया तथा महिलों को आगे लाने पर जोर दिया। अध्यक्ष कुंदन कुमार गुप्ता ने प्रदेश कमेटी में समाजसेवियों को आगे आने पर जोर दिया, जो समाजसेवी हो और समाज को समय दे सकें। साथ ही जिन जिलों में अब तक चुनाव नहीं हुआ है वहां अविलंब चुनाव कराने की बात कही। जिसपर सभी ने से अपनी सहमति जताई। पूरे प्रदेश को 5 जॉन में बांट कर चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। चुनाव कराने हेतु कुछ पदाधिकारी को प्रभारी चुना गया। जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता को जमतारा, राजेश साह को कोडरमा और गिरिडीह, कृष्णा गुप्ता को हजारीबाग, अनूप कुमार साह को रामगढ़, राजेश साह को चतरा, शुभम गुप्ता को बोकारो का प्रभार दिया गया।इन सभी जिलों में तीन महीनों के अन्दर चुनाव करा लिया जाएगा। महिला उपाध्यक्ष उषा गुप्त ने हमारे समाज में कानू मधेश्या में एकजुटता लाने की जरूरत है। देवघर जिला अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बिहार में हुए जणगनना पर फोकस करते हुए कहा कि वहां हलवाई जाति को दो भागों में बांट कर जानगना किया गया है, जो गलत है। इसके लिए हमें एकजुटता लाने के लिए आगे आना होगा। बैठक में आपस में समंजस बनाने के लिए हर महीने के आखिरी रविवार को एक वर्चुअल बैठक आहूत होगा। हर जिला में कोष संग्रह के लिए सभी लोग अपने स्तर से हर महीने कुछ राशि जमा करेंगे और उसे समाज हित में खर्च करने पर भी सहमति बनी। साहिबगंज के जिला अध्यक्ष कुंदन साह द्वारा जिला कमेटी का विस्तार करते हुए पूरे जिला में एक हजार सदस्य बनाने के लिए प्रदेश कमेटी बधाई एवं शुभकामनाएं देती है। धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश उपाध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता द्वारा किया गया।इस वर्चुअल मीट में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामदास साहू, राष्ट्रीय
युवा अध्यक्ष ध्रुव प्रसाद साह, प्रदेश अध्यक्ष कुंदन कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता, संरक्षक शंकर साह, राजकुमार साह, प्रमोद साह, महामंत्री नंदकिशोर गुप्ता, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, मीडिया प्रभारी संदीप विवेक, प्रवक्ता विनय बिनु, महिला अध्यक्ष सुनीता गुप्ता, उपाधक्ष उषा कुमारी, कोषाध्यक्ष वीणा गुप्ता, उपाध्यक्ष संगीता कुमारी, मंत्री सोनी साहू, मंत्री कंचन गुप्ता, राष्ट्रीय युवा प्रवक्ता राजेश साह, युवा अध्यक्ष अनूप साह, कोषाध्यक्ष शुभम गुप्ता, उपाध्यक्ष राजेश साह, प्रेम कुमार, अजय साह, अनिल गुप्ता, अमर गुप्ता, विभाष गुप्ता, गौरव गुप्ता, कन्हैया प्रसाद, कृष्णा गुप्ता, कृष्ण कुमार साह, महेंद्र प्रसाद, कुंदन साह, सोनू गुप्ता, राजेश साह, राजेश गुप्ता, सुंदर साह, रंजीत साह, राजीव कुमार, रवि कुमार गुप्ता, उत्तम कुमार, गुड्डू साह, राजेश साह, अमर गुप्ता, राहुल गुप्ता, विकाश कुमार सहित समाज के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
जागरूकता सह प्रचार प्रसार कार्यक्रम आयोजित
देवीपुर/संवाददाता। सीएचसी देवीपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुमार अभय प्रसाद के आदेशानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवीपुर राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत एनबीएस रात्रि रक्तपट संग्रह कार्यक्रम के पूर्व स्वास्थ्य उपकेंद्र के अंतर्गत सहिया प्रियंका देवी, सहिया साथी सुचिता देवी, सीएचओ मेरी मार्गेट सोरेन, एमपीडब्ल्यू रवि शंकर शिवम, एमपीडब्ल्यू दिवाकर प्रसाद यादव व चंद्र मोहन कुमार प्रयोगशाला प्राविधिक ने ग्रामीणों के बीच जन जागरूकता सह प्रचार प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया।
मौके पर उपस्थित भीबीडी कर्मियों के द्वारा के द्वारा बतलाया गया कि माइक्रो फाइलेरिया मानव शरीर में रात्रि में ही विचरण करते हैं इसलिए यह कार्यक्रम रात्रि 8:30 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक किया जाना है, साथ ही साथ रात्रि रक्त पट संग्रह आयोजन से संबंधित सभी तरह के जानकारियां एवं सभी से रात्रि में अपना रक्त जांच कराने का अपील किया गया। ज्ञात हो की रात्रि रक्त पट संग्रह कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 9.10.2023, 10.10. 2023 एवं 11.10.2023 को ग्राम बेहरन एवं दिनांक 12.10. 23, 13.10.23 एवं 14.10.23 को ग्राम महुआटार में रात्रि रक्त पट संग्रह कार्यक्रम का आयोजन किया जाना सुनिश्चित है।
चितरा बस्ती पालोजोरी मुख्य सड़क पर दूसरे दिन भी जल जमाव
-ग्रामीण हुए प्रबंधन के खिलाफ आक्रोशित
चितरा/संवाददाता। चितरा-बस्ती पालोजोरी मुख्य सड़क स्थित चितरा कोलियरी के आठ नंबर ओबी डंप के समीप लगातार बारिश के कारण पिछले दो दिनों से जल जमाव की स्थिति बनी हुई है। जिससे राहगीरों को, खासकर चितरा आने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी जल जमाव के कारण चितरा बस्ती पालोजोरी पीडब्लूडी मुख्य सड़क पर जाम की स्थित उत्पन्न हो गई। खासकर कर कोलियरी में चलने वाली वाहनों, कोलियरी के कोयला कर्मियों और लंबी दूरी के वाहनों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
प्राप्त सूचना के अनुसार उक्त सड़क पर जाम की स्थिति लगभग दो घंटे तक बनी रही। जिससे आवागमन करने में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा वहीं दूसरी ओर इस समस्या से निजात दिलाने के लिए झारखंड भाषा खटियान संघर्ष समिति सदस्य सह विस्थापित नेता अरुण महतो, गौतम महतो ग्रामीणों के साथ अपनी आवाज बुलंद करते हुए कोलियरी प्रबंधन से जल निकासी कराने की जोरदार मांग की। इस मौके उन्होंने कहा कि कोलियरी कार्यरत आउट सोर्सिंग कंपनी के द्वारा सड़क के दोनो किनारे ओबी डंप बना दिया गया है। जिससे सड़क किनारे स्थित जोरिया का पूरा हिस्सा लगभग अतिक्रमण हो गया है। इस कारण जल निकासी नहीं हो रहा है और सड़क पर जल जमाव हो गया है। वहीं दूसरी ओर इसकी सूचना कोलियरी प्रबंधन को मिलने पर कोलियरी के प्रबंधक शैलेंद्र कुमार, मृत्युंजय चौधरी पहुंचे और जल निकासी कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर मानिक महतो, विकास चौधरी, दिलीप दास, जनार्दन ठाकुर,अनिल मरांडी,गौरव महतो, दुलाल महतो, गणेश महतो आदि उपस्थित थे।
एमआर टीकाकरण अभियान में पालोजोरी का प्रदर्शन अव्वल
-शिक्षकों को नहीं मिली प्रोत्साहन राशि
पालोजोरी/संवाददाता। इस वर्ष 12 अप्रैल से शुरू हुए एमआर (मिजिल्स रूबेला) टीकाकरण अभियान में पालोजोरी का प्रदर्शन देवघर जिला में अव्वल था। लेकिन इस अभियान में सहयोग किए शिक्षकों को अबतक प्रोत्साहन राशि नहीं मिल पाई है। सहायक अध्यापक संघ के मुकेश कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि टीमवर्क से एमआर टीकाकरण अभियान में शिक्षकों ने काम किया था। अभियान में लगाए प्रत्येक शिक्षक को 100 रूपए प्रोत्साहन राशि देने की बात हुई थी, जिसके लिए विभागीय पत्र भी सिविल सर्जन के स्तर से जारी किया गया था। अभियान को समाप्त हुए पांच माह बीत जाने के बाद भी शिक्षकों को प्रोत्साहन राशि नहीं मिल पाई है। जबकि पूर्व प्रभारी और लेखापाल ने प्रोत्साहन राशि का भुगतान करा देने की बात कही थी।