-राजनीति दलों समेत प्रशासनिक पदाधिकारियों ने महापुरुषों के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किये
पाकुड़/संवाददाता। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर लोगों ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते उन्हें याद किया। गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर प्रशासनिक पदाधिकारी के साथ-साथ राजनीतिक दल के नेता, सामाजिक संगठन, विद्यालय के बच्चों ने बारी-बारी से माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। डीसी मृत्युंजय कुमार वर्णवाल, डीडीसी शाहिद अख्तर, एसडीओ हरिवंश पंडित, मुख्यालय डीएसपी बी प्रसाद, एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, नगर परिषद के ईओ राजकमल मिश्रा, नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार, श्रम अधीक्षक रमेश प्रसाद सिंह समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक पदाधिकारी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मौके पर डीसी वर्णवाल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा पर चलने की हमलोगों को सीख दिये हैं हमें उनके बताये रास्ते पर चलना है। डीसी ने कहा उनके अहिंसा, सद्भावना, सह अस्तित्व एवं आपसी सहयोग के विचार हमेशा हमारे लिए प्रासंगिक रहेंगे। वे आजीवन सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चले। उनके इस सिद्धांत को पूरी दुनिया ने अपनाया है। यही वजह है कि उनके जन्म दिवस को पूरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय अंहिसा दिवस के रूप में मनाया जाता है। उनके विचारों का पालन कर ही हम एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। वे देश के लिए एक समृद्ध विरासत छोड़ गये हैं और हमें उनके आदर्शों का अनुकरण करना चाहिए।
राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती अवसर पर जिले भर में राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पहुंच कर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके बताये रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। मौके पर सेमिनुल इस्लाम, जिला उपाध्यक्ष गुलाम अहमद, साबिर अली सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्याम यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वहीं सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। मौके पर जिला कमेटी के सचिव सुलेमान बास्की, संयुक्त सचिव महमूद आलम, युवा मोर्चा के जिला सचिव उमर फारूक, महिला मोर्चा के जिला अध्यक्ष जोसेफिन हेंब्रम समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे। सत्य, अहिंसा और जनसेवा का मार्ग प्रशस्त करने वाले, देश के स्वतंत्रता संग्राम में अद्वितीय योगदान देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 154वीं जयंती के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ंसभी महापुरुषों की प्रतिमा स्थल पर साफ-सफाई किया। कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष पंकज कुमार साह, पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता, प्रदेश मंत्री शर्मिला रजक, किसान मोर्चा नेत्री शबरी पाल ने भाग लिया। वहीं कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों की प्रतिमा को साफ-सुथरा रखने का लोगों से आह्वान किया। कार्यक्रम में पार्वती पासवान, युवा नेता रतन भगत, चंदन सिंह, गणेश रजक, राजीव हाजरा समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। वहीं आजसू जिला अध्यक्ष आलमगीर आलम के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद करते उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मिनी वाटर एटीएम का डीसी ने किया उद्घाटन
पाकुड़/संवाददाता। नगर परिषद की ओर से अंबेडकर चौक पर लगाए गए मिनी वाटर एटीएम का सोमवार को डीसी मृत्युंजय कुमार वर्णवाल ने उद्घाटन किया। उन्होंने कहा मिनी वाटर एटीएम लगाये जाने से आमजनों को महंगे वाटर बोतल की जगह एक रुपए में एक लीटर ठंडा पानी वाटर एटीएम के द्वारा मिल सकेगा। आगे भी शहर में इस तरह के वाटर एटीएम लगाए जाने को लेकर डीसी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर रक्तदान शिविर का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर पाकुड़ पॉलिटेक्निक और सद्भावना केंद्र की ओर से अलग-अलग रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। दोनों रक्तदान शिविर का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉक्टर मंटू कुमार टेकरीवाल ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से लोगों को प्रेरणा मिलती है। लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में आगे जाकर रक्तदान करते हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, सद्भावना केंद्र पाकुड़ की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन ब्लड बैंक में किया गया। रक्तदान शिविर में सद्भावना केंद्र के संस्थापक आनंद भगत, अध्यक्ष हिसाबी राय, सचिव गणेश कुमार भगत आदि मौजूद थे। जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू ने रक्तदान कर रक्तदान शिविर का श्री गणेश किया। साथ ही रक्तवीर गौरव भगत, दिलीप शर्मा, रूबल, प्रेम राम, सागर राम, अमन भगत, विश्वजीत कुमार, अंकित कुमार टेकरीवाल आदि ने रक्तदान किया। ब्लड बैंक में 24 यूनिट रक्त का संग्रहण हुआ। वहीं पॉलिटेक्निक कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। जहां 20 यूनिट रक्त जमा किए गए। मौके पर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. ऋषिकेश गोस्वामी, प्रशासनिक पदाधिकारी निखिल चंद्र और परीक्षा नियंत्रक अमित रंजन समेत अन्य शिक्षक मौजूद थे।
पुलिस निरीक्षक ने भ्रामक सूचना फैलाने वाले पर दिया कार्रवाई का निर्देश
हिरणपुर/संवाददाता। हिरणपुर थाना परिसर में सोमवार को मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित हुई। जिसमें थाना प्रभारी सुनील कुमार रवि, लिट्टीपाड़ा के अरुणिमा बागे व सिमलोंग ओपी के प्रभारी गेब्रियल मुख्य रूप से उपस्थित थे। पुलिस निरीक्षक सुनीत कुमार ने बारी-बारी से सभी थाना की समीक्षा की। पुलिस निरीक्षक ने पुलिस अधीक्षक द्वारा दिये गए निदेर्शों के अनुपालन को लेकर गहन रूप से अवलोकन किया। उन्होंने थाना में दर्ज मामले, लंबित कांडों आदि का भी अनुश्रवण किया। पुलिस निरीक्षक ने आगामी दुर्गा पूजा उत्सव को लेकर विस्तृत जानकारी लेते हुए थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया कि पूजा को लेकर सूचना तंत्र को मजबूत रखें। सोशल मीडिया के ऊपर पैनी नजर रखना अति आवश्यक है। भ्रामक सूचना फैलाने पर त्वरित कार्रवाई करें। वहीं वाहन जांच में तेजी लायें। इसकी नियमित जांच हो। शांतिपूर्ण ढंग से पूजा संपन्न हो, इसके लिए कार्य किया जाए।
युवक पर आपत्तिजनक पोस्ट के आरोप में कार्रवाई नहीं किये जाने को लेकर भाजयुमो ने दिया धरना
पाकुड़/संवाददाता। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता प्रसन्ना मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ता शहर स्थित गांधी चौक पहुंचे। और वहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गगनपहाड़ी गांव के एक युवक के द्वारा आपत्तिजनक पोस्ट किये जाने के बाद भी किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में मौन धरना दिया। वहीं धरना के बाबत भारतीय जनता युवा मोर्चा के मिश्र ने बताया कि विगत स्वतंत्रता दिवस के दिन गगनपहाड़ी उच्च विद्यालय में जबरदस्ती स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत माता की तस्वीर का अपमान किया गया और स्थानीय हिन्दू समाज को लक्ष्य कर वीडियो के माध्यम से नरसंहार करने की धमकी तक दी गई। इसके विरोध स्वरूप अब तक आवेदन देने के बावजूद मुफ्फसिल थाना में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। हिंदू समाज को धमकी देने वाले आतंकी मानसिकता के लोगों पर संवैधानिक कार्रवाई हो। हम यही न्याय की मांग करते हैं। वहीं धरना में अरुण चौधरी, सपन दुबे, राहुल तिवारी, पीयूष दुबे, प्रिंस भगत, कर्ण मंडल, दिनू मंडल, विकास घोष, सुबोध मंडल, विष्णु भंडारी, छोटू कुमार, नंदलाल ओझा आदि उपस्थित थे।
बंद घर में हुई चोरी
महेशपुर/संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय के राजबाड़ी स्थित सुशांत कुमार दास के बंद घर में चोरों ने दरवाजा का ताला तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। मकान मालिक सह वादी सुशांत कुमार दास ने थाना में आवेदन देकर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। आवेदन में उल्लेख है कि वह विगत 19 सितंबर को इलाज कराने बंगाल के बहरमपुर गया हुआ था। 25 सितंबर तक एडमिट रहने के बाद उसे डिस्चार्ज किया गया। वादी विगत 26 सितंबर को जब बहरमपुर स्थित घर आया तो देखा कि उसके घर में दरवाजा में लगा ताला टूटा हुआ है। का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा कीमती सामान चोरी कर लिया गया। वादी महेशपुर स्थित अपने घर पर अकेले रहता है। इलाज कराने में देर से घर पहुंचने के कारण थाना में आवेदन देने में विलंब हुआ है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
वनाधिकार शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर जिले के छह प्रखंड अंतर्गत सभी पंचायतों में ग्रामसभा का आयोजन कर वनाधिकार शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने राष्ट्रपिता को नमन किया एवं वन अधिकार से जुड़े शपथ लिया। जिला एवं प्रखंड के विभिन्न पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। डीडीसी शाहिद अख्तर, एसडीओ हरिवंश पंडित ने सदर प्रखंड के शहरकोल पंचायत पहुंच ग्रामसभा में शामिल हुए। मौके पर पदाधिकारियों के द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया एवं बापू को याद कर महत्वपूर्ण बातें कही गई। ग्रामसभा में डीडीसी अख्तर ने उपस्थित जन प्रतिनिधियों, ग्रामीणों, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक समेत अन्य को वनाधिकार से जुड़ा शपथ दिलाया गया। साथ ही वन अधिकार समिति का गठन भी किया गया।