- पंचायतों को दिया गया बालू घाटों का अधिकार, 16 से होगा खनन व परिवहन
- बालू तस्करी को कुछ मुखिया का संरक्षण तो कुछ खुद इसमें हैं शामिल
देवघर। नगर संवाददाता। झारखंड में एनजीटी के कारण बालू के लिए हायतौबा मचा हुआ है। बस अब दो दिन की बात है भाईयों मेरी बात मान जाओ और नदियों का चीरहरण कर अवैध बालू खनन व परिवहन छोड़ दो और खुद चैन रहो और पुलिस सहित सरकारी तंत्र को भी चैन से रहने दो। सरकार की ओर से कुछ बालू घाट से वैध तरीके से बालू खनन व परिवहन का अधिकार पंचायतों को दिया गया है। जहां से आज से महज दो दिन बाद यानी 16 अक्टूबर से वैध तरीके से बालू उठाव किया जाएगा। जिले के हर प्रखंड में खनन विभाग की ओर से बालू घाट पंचायत को आवंटित कर दिया गया है। सूत्र बताते हैं कि किसी किसी प्रखंड में दो या तीन बालू घाट है तो कम कम एक बालू घाट पंचायत को आवंटित किया गया है। जहां बालू घाट का स्रोत नहीं है वैसे प्रखंड के लोग समीप के वैध घाट से बालू उठाव और परिवहन कर सकते हैं। फिलहाल 15 अक्टूबर तक बालू खनन व परिवहन पर रोक लगा हुआ है। इस बीच चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। सूत्र बताते हैं कि जिस पंचायत को अधिकार मिला है उस पंचायत के कुछ मुखिया खुद ट्रैक्टर के मालिक हैं। जिस करोबार को वह स्वयं देखते हैं या उनका कोई परिजन देखते हैं और अवैध बालू खनन व परिवहन करते हैं। वहीं कुछ पंचायत के मुखिया अवैध बालू तस्करी को संरक्षण देते हैं। ऐसे मुखिया पर अलाकमान से लेकर सरकार के मुलाजिमों का संरक्षण प्राप्त है। पुलिस व खनन विभाग द्वारा पकड़े जाने के बाद पैरवी का दौर भी शुरू होता है। जिले में वैसे भी मुखिया हैं, जिनके पास दो से चार ट्रैक्टर मौजूद है। आज तीन से सात हजार रुपए ट्रैक्टर अवैध बालू की कीमत वसूली जा रही है। इधर पुलिस जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध बालू लदे वाहन से परिवहन करने वाले ट्रैक्टर व पुलिस की रैकी करने में इस्तेमाल बाइक को जब्त कर मामला दर्ज कर रही है। प्रतिदिन जिला खनन कार्यालय में जिला खनन पदाधिकारी का आदेश लेने व जुर्माना वसूली के प्रतिवेदन आ रहा है। खुद जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार द्वारा भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कई वह तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच चुके हैं तो क ई ट्रैक्टर चालक द्वारा जान बूझकर ट्रैक्टर की चपेट में लेने का प्रयास किया गया है। अवैध बालू तस्करी में शामिल गिरोह के लोग प्रतिदिन देर रात से ही पाली में बंटकर विभिन्न स्थानों पर पुलिस व खनन विभाग के अधिकारी के आने जाने की निगरानी करते हैं। इस दौरान किसी प्रकार का भनक लगते ही चलंत दूरभाष के माध्यम से सभी को सावधान कर दिया जाता है। अब सवाल उठता है कि क्या पंचायतों को बालू घाट आवंटित किए जाने के बाद भी अवैध बालू खनन व परिवहन पर रोक लगा पाने सरकार सफल हो पाएगी। चूंकि अवैध बालू तस्करी को कुछ मुखिया का संरक्षण तो कुछ मुखिया खूद बालू तस्करी में शामिल हैं।
पंचायत निर्धारित शुल्क लेकर देगा चालान : डीएमओ
इस बाबत जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) राजेश कुमार कहते हैं कि अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ सरकार अपना काम करती रहेंगी। पंचायतों को बालू घाटों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जहां से 16 अक्टूबर से बालू खनन व परिवहन किया जाएगा। पंचायत द्वारा निर्धारित शुल्क लेकर चलान दिया जाएगा। इसके बाद बालू को लेकर होने वाली परेशानी दूर हो जाएगी।
जिप सदस्य व समाजसेवी ने किया सीपीएल सीजन टू क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन
- स्काय फाइटर ने ग्रीन चिल्ली को 47 रन से पराजित किया
देवघर/नगर संवाददाता। शनिवार को जिले के सारवां प्रखंड के जियाखाडा़ पंचायत अंतर्गत चारघारा गांव में सीपीएल सीजन टु क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह और रक्तदान महादान सारवां के संस्थापक शंभू यादव ने फीता कर कर किया। पहला मुकाबला ग्रीन चिल्ली और स्काय फाइटर के बीच हुआ। जिसमें स्काय फाइटर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 14 ओवर में 154 रनों का लक्ष्य विपक्षी टीम को दिया। जवाबी पारी खेलते हुए ग्रीन चिल्ली की टीम 107 रन पर ही ऑल आउट हो गया और स्काय फाइटर की टीम ने 47 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया। आज के मैंन ऑफ द मैच अनमोल सिंह को घोषित किया गया। मौके पर मौजूद कमेटी के सदस्य उदय, साजन, राजा, राहुल, सरोज सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
भाजपा आईटी सेल के क्षेत्रीय प्रभारी व सोशल मीडिया संयोजक ने बाबा मंदिर में की पूजा
देवघर/नगर संवाददाता। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय सोशल मीडिया आईटी सेल के क्षेत्रीय प्रभारी डॉ पंकज शुक्ला और झारखंड प्रदेश के सोशल मीडिया संयोजक राहुल अवस्थी का बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर आगमन हुआ। यहां एयरपोर्ट पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका पुष्प गुच्छ भेंट अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत किया। तत्पश्चात उन्होंने बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना की एवं कार्यकर्ताओं से मिले। इसके बाद दोनों दुमका के लिए प्रस्थान कर गए। जिसमें पार्टी के जिला महामंत्री पंकज सिंह भदौरिया, भूषण सोनी, उमाशंकर पंडित, श्रीराम सिंह चौहान, माधव शर्मा सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे
छात्र राजद के देवघर कॉलेज अध्यक्ष बने जाहिद
देवघर/वरीय संवाददाता। शुक्रवार को देवघर कॉलेज में छात्र राजद के जिलाध्यक्ष सुरेश यादव द्वारा एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य छात्र राजद की इकाई का गठन करना था। इस अवसर पर सर्वसम्मति से कॉलेज पद के लिए जाहिद अंसारी, सचिव पद के लिए विवेक मंडल, उपाध्यक्ष पद के लिए नीरज दास, सोशल मीडिया प्रभारी अशोक यादव, कोषाध्यक्ष आनंद पांडे, मंत्री पद के लिए रंजीत मांझी, निगरानी सदस्य आशीष कुमार ठाकुर ,संगठन सचिव कुंदन कुमार को मनोनीत किया गया। यह सभी आज से देवघर कॉलेज देवघर का छात्र हित में काम करेंगे। वही देवघर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य अखिलेश तिवारी को सुरेश यादव के द्वारा नियुक्ति से संबंधित एक आवेदन पत्र सौंप दी गई है। जिलाध्यक्ष ने सभी को छात्र राजद इकाई ने स्वागत किया। साथ ही कहा की सभी से अपेक्षा है कि देवघर कॉलेज में पार्टी संगठन को मजबूत एवं धारदार बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा पार्टी के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए छात्र संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे।
माउंट लिटेरा जी स्कूल ने छात्र छात्राओं को दिया सौगात
देवघर/वरीय संवाददाता। माउंट लिटेरा जी स्कूल ने एक नई सौगात छात्र-छात्राओं को दिया है।इ स बात की घोषणा करते हुए स्कूल के चेयरमैन निरंजन सिन्हा ने बताया कि वे अपने पोती नैना सिन्हा के पांचवे जन्म दिन पर यह सौगात दिया है। उन्होंने कहा के जन्म दिन तो लोग तरह तरह से मनाते है लेकिन ग्रासरूट से शिक्षा को अमली जामा पहनाने को लेकर संकल्पित माउंट लिटेरा जी स्कूल ने राहत पैकेज देने का कार्य किया है। जिसमे विद्यालय से जुड़े पुराने छात्रों को नए वर्ग में पंजीकरण के पूर्व लगने वाले को करिकुलम एक्टिविटी चार्ज और स्मार्ट क्लास में 50 प्रतिशत के छूट दी जाएगी। किताब की खरीदारी पर 10 प्रतिशत के छूट होगी इसके लिए प्रकाशक, किताब दुकानदारों से वार्ता हुई है। सत्र 2024-25 नर्सरी से वर्ग नवम में जुड़ने वाले विद्यार्थियों का नामांकन 1 नवंबर से शुरू होगा। जिसमें सिर्फ नामांकन शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय में छात्रावास सहित अन्य कई सुविधा प्रदान किया गया है। इसका लाभ छात्र ले सकते है।
गोद लिये गये गांव में एनएसएस ने किया वस्त्र वितरण
देवघर/वरीय संवाददाता। दुर्गा पूजा के अवसर पर हिंदी विद्यापीठ बीएड कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एक एवं दो के तहत गोद लिये गये गांव जरूवाडीह में ग्रामवासियों के बीच वस्त्र वितरण किया गया। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ आशा मिश्रा ने ग्रामीणों को पूजा की शुभकामना दी। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई एक एवं इकाई दो के कार्यक्रम पदाधिकारी दुर्गा भौमिक एवं डॉ ओम कुमार द्वारा की गई। मौके पर प्राध्यापक सुषमा सिन्हा, दिव्या कुमारी, मौसमी मुखर्जी, सुनील नरौने, मणिकांत रंजन, कार्यालय अधीक्षक पंकज कुमार सिन्हा, प्रमोद पांडे, रवि झा, कार्तिक झा, बादल, अभिमन्यु, सीता देवी, निर्मला देवी, एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
दुर्गा पूजा को लेकर उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों को दिए आवश्यक निर्देश
- पूजा पंडाल में अग्निशामक यंत्र, पर्याप्त संख्या में पहचान पत्र के साथ वोलेंटियरों की प्रतिनियुक्ति एवं विद्युत विभाग से अस्थायी विद्युत कनेक्शन की व्यवस्था सुनिश्चित हो
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर ने पूरे 10 दिनों तक चलने वाले दुर्गा पूजा के त्यौहार के दौरान विधि-व्यवस्था व सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के सभी पूजा समितियों को निर्देशित किया है कि पूजा पंडालों में आनेवाले श्रद्धालुओं के सुविधा एवं सुरक्षा हेतु अग्निशामक यंत्र, सीसीटीवी कैमरा, पर्याप्त संख्या में पहचान पत्र के साथ वालंटियर्स की प्रतिनियुक्त करेंगे, विद्युत विभाग से अस्थायी विद्युत कनेक्शन, साफ-सफाई आदि का व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करेंगे, ताकि किसी भी पूजा पंडाल में अव्यवस्था की स्थिति न बने। साथ ही विधि-व्यवस्था के संधारण हेतु प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक सहयोग पूर्ण रूप से सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा उन्होंने देवघर जिले को प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र बनाने की दिशा में सभी पूजा पंडालों के समितियों एवं श्रद्धालुओं से पर्यावरण सुरक्षा के दृष्टिकोण से आग्रह किया है कि उनके द्वारा डिस्पोजेबल प्लास्टिक ग्लास, प्लेट या प्लास्टिक, थर्मोकोल से बने अन्य सामग्री का उपयोग न किया जाए, ताकि देवघर जिले को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ क्षेत्र बनाये जा सके।
नि:शुल्क स्वास्थय जांच शिविर 20 को
देवघर/वरीय संवाददाता। तिलक सेवा समिति द्वारा 20 अक्तूबर को नि:शुल्क चिकित्सा शिविर को भव्य तरीके से सफल बनाने हेतु शुक्रवार को अधिवक्ता संघ भवन में राज किशोर राय वरीय अधिवक्ता की उपस्थिति में एक विशेष बैठक की गई। इस अवसर पर निर्णय लिया गया कि उपरोक्त चिकित्सा शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड सुगर के साथ साथ आंख का भी जांच किया जाएगा। इस अवसर पर समिति के केंद्रीय अध्यक्ष हरे कृष्ण राय, महासचिव बिपुल कुमार मिश्र ,सहित अन्य लोग उपस्थित थे। यह आयोजन तिलक सेवा समिति देवघर और लायंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। जो सुबह समय 11 बजे से अधिवक्ता संघ भवन के सभागार में आयोजित किया जाएगा।
आरक्षण काउंटर की संख्या बढ़ाने की मांग
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड इंटक (राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस) के प्रदेश सचिव अजय कुमार एवं देवघर जिला इंटक के जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा ने आरक्षण कराने वाले रेल यात्रियों की परेशानियों को मद्देनजर रखते हुए बैद्यनाथ धाम स्टेशन पर आरक्षण काउंटर की संख्या बढ़ाने की मांग आसनसोल रेल मंडल प्रबंधक चेतनानंद सिंह से की है।
श्री कुमार एवं श्री मिश्रा ने कहा कि बैद्यनाथ धाम स्टेशन पर मात्र दो आरक्षण काउंटर होने के कारण टिकट काउंटर पर काफी भीड़ हो जाती है जिसके चलते आरक्षण कराने वाले रेल यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ता है। खासकर सावन सहित अन्य त्योहारों के समय तो अत्यधिक भीड़ होने के कारण आरक्षण कराने वाले यात्रियों को तो काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जमीन विवाद में वृद्धा की हत्या
- जांच में पहुंची पुलिस
देवघर/मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर थाना क्षेत्र के बुतुरुवाडीह में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक महिला की मौत हो गई है। 60 वर्षीय बिहुला देवी मोहनपुर थाना क्षेत्र के बुतुरुवाडीह की रहने वाली थी। घटना की सूचना स्वजनों ने मोहनपुर थाना की पुलिस को दे दी है। इधर घटना के संबंध में मृतका के स्वजनों ने बताया कि पूर्व से जमीन को लेकर गांव के ही लोगों के साथ विवाद चल रहा था। शुक्रवार को इसी विवाद को लेकर दूसरे पक्ष के कुछ लोग हरवे-हथियार के साथ बिहुला देवी के घर पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद आरोपित पक्ष की ओर से गाली-गलौज करते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। गंभीर अवस्था में स्वजन उसे इलाज के लिए मोहनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक ने घायल की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इधर घटना की सूचना मिलने पर मोहनपुर थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। घटनास्थल से पुलिस ने टूटी हुई चूड़ी, खून से लथपथ गमछा बरामद किया। पुलिस नेआरोपी के घर छापेमारी पर छापेमारी की लेकिन वह फरार बताया गया। मृतक महिला सरकारी किसान भवन में रहकर जीवन-यापन करती थी।
ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत
देवघर/संवाददाता। देवघर-दुमका रेलखंड स्थित महेशामारा के समीप 45 वर्षीय सुनीता देवी की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि महिला रेलवे लाइन को पार करने की कोशिश कर रही थी। उसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
सड़क हादसे में तीन लोग घायल
देवघर/संवाददाता। सड़क हादसे में घायल तीन लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में नगर थाना क्षेत्र के हिरणा निवासी बारिश शेख, सिमरन परवीन और खातीजा खातुन का नाम शामिल है। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है।
विषपान करने से महिला गंभीर
देवघर/संवाददाता। रहस्यमय स्थिति में विषपान करने से एक महिला गंभीर हो गई। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर महिला का नाम बबीता देवी पति राजेश यादव है। जो रिखिया थाना क्षेत्र की रहने वाली है। किस परिस्थिति में महिला ने जहर खाया इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसकी जानकारी स्थानीय बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दे दी गई है।
दुर्गापूजा से पहले देवघरवासियों को रेलवे का सौगात : सांसद
- देवघर-पटना ईएमयू ट्रेन को सांसद व विधायक ने दिखाई हरी झंडी
देवघर/वरीय संवाददाता। रेलवे ने आम जनता को दुर्गा पूजा की एक बड़ी सौगात दी है। देवघर से पटना के लिए अब ईएमयू ट्रेन की शुरुआत की गई है। सांसद निशिकांत दूबे, देवघर विधायक नारायण दास और आसनसोल डिवीजन के डीआरएम चेतनानंद ने हरी झंडी दिखाकर शुक्रवार को सुबह देवघर-पटना ईएमयू को रवाना किया। बिहार के बक्सर में हुए ट्रेन हादसे को लेकर स्टेशन में उद्घाटन से पहले शोक सभा का आयोजन किया गया और दो मिनट का मौन रखा गया। बक्सर में हुई घटना के बाद इस कार्यक्रम को सादे समारोह में तब्दील कर दिया गया था। बिना किसी ताम झाम के इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मौके पर सांसद ने कहा कि देवघर को लगातार रेलवे सौगात दे रहा है। इस ट्रेन के परिचालन शुरू होने से वैसे स्थानीय लोग जो बिहार के झाझा क्यूल तक ऑफिस जाना चाहते हैं वह आराम से इस ट्रेन से जा सकते हैं और शाम में वापस हो सकते हैं। इसके अलावा गरीब जनता को इस ट्रेन से काफी सुविधा मिलेगी। इस ट्रेन के परिचालन होने से आम जनता को काफी राहत होगी खासकर दुर्गा पूजा में आवागमन के लिए यह सबसे बेहतर लोकल ट्रेन होगी। वहीं देवघर विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री लगातार देवघर को सौगात दे रहे हैं। रेलवे ने सांसद और जनता के आग्रह पर झाझा पटना ईएमयू को विस्तारीकरण करते हुए देवघर पटना ईएमयू की शुरुआत की है। मौके रेलवे के अधिकारी तथा भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
दुकान में चोरी का एक आरोपी गिरफ्तार
देवघर/संवाददाता। नगर थाना की पुलिस ने चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपित अंबेदकर नगर मोहल्ला निवासी कल्लू कुमार साह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपित के पास से पुलिस ने 30 किलोग्राम तांबा का तार भी बरामद किया है। बताया जाता है कि कुछ दिनों पूर्व नगर थाना क्षेत्र स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान से चोरी हुई थी। जिसको लेकर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया था। अनुसंधान के क्रम में पुलिस को आरोपित के संलिप्त होने की सबूत मिले थे। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
पुरानी गाड़ी बेचने के नाम पर दो पर ठगी का मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। पुरानी गाड़ी बेचने के नाम पर ठगी करने को लेकर मोहनपुर थाना में दो नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। देवीपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी केदार सिंह के बयान पर दर्ज मामले में बिहार के रहने वाले कुंदन सिंह व अमित सिंह को आरोपित बनाया है। दर्ज मामले में आरोपितों ने पीड़ित को गाड़ी बेचने के नाम पर झांसे में लेकर उससे पैसा ले लिया लेकिन कई बाद भी उसे ना तो गाड़ी दिया और ना ही दिए गए रकम को वापस किया। ठगा महसूस होने पर पीड़ित ने आरोपितों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
अवैध बालू लोड दो ट्रैक्टर धराया
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना की पुलिस ने अवैध तरीके से बालू का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर को पकड़ा है। दोनों ट्रैक्टरों को थाना लाया गया। अवैध उठाव व परिवहन की कार्रवाई को लेकर पुलिस ने जिला खनन पदाधिकारी को सूचना दे दी गयी है। बताया जाता है कि कुंडा थाना की पुलिस गश्ती में थी। उसी दौरान कुंडा मोड़ के समीप बालू लोड कर परिवहन कर रहे ट्रैक्टर को जांच के लिए रोका गया। बालू उठाव से संबंधित किसी तरह का दस्तावेज नहीं होने की वजह से दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया।
गिट्टी लोड दो हाइवा जब्त
देवघर/संवाददाता। बुढ़ई थाना की पुलिस ने गिट्टी का परिवहन कर रहे दो हाइवा को पकड़ा है। पकड़े गए दोनों हाइवा चालकों से गिट्टी का परिवहन करने से संबंधित दस्तावेज मांगा गया, लेकिन मौके पर उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद दोनों हाइवा को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी को इसकी सूचना दे दी है। वहीं जांच के क्रम में एक ट्रक को रोका गया। जांच के दौरान गिट्टी परिवहन से संबंधित दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध कराया गया लेकिन ट्रक का निबंधन नहीं होने के कारण उसे जब्त कर लिया गया। पुलिस ने जिला परिवहन पदाधिकारी को आगे की कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया है।