देवघर/वरीय संवाददाता। विश्व कला दिवस प्रत्येक वर्ष 15 अप्रैल को मनाया जाता है। यह दिन महान चित्रकार लियोनार्डो दा विंची की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है, जो कला, विज्ञान और रचनात्मकता के प्रतीक माने जाते हैं। इस दिवस का उद्देश्य कला के महत्व को समझाना, कलाकारों को सम्मान देना और समाज में रचनात्मकता को बढ़ावा देना है। स्थानीय ओमसत्यम इंस्टिट्यूट ऑफ फिल्म, ड्रामा एंड फाइन आर्ट्स तथा विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के युग्म बैनर तले त्रिदिवसीय विश्व कला दिवस पर ओमसत्यम इंस्टीट्यूट के निदेशक सह विवेकानंद संस्थान के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव, संरक्षक प्रो. रामनंदन सिंह, देवघर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष रवि कुमार केशरी, दीनबंधु उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक काजल कांति सिकदार एवं अन्य के करकमलों से कॉर्निंक स्कूल ऑफ फाइन आर्ट्स के निदेशक, अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चित्रकार पाबन राय, कला निकेतन के निदेशक एवं विनायक आर्ट गैलरी के संस्थापक मार्कण्डेय जजवाड़े, बैद्यनाथ पेंटिंग के संस्थापक नरेन्द्र पंजियारा, राज्य सरकार द्वारा पुरस्कृत चित्रकार सुनील अग्रवाल, तक्षशिला विद्यापीठ के कला शिक्षक अमर मैत्र, गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला के कला शिक्षक सीमांत दत्ता को कला के क्षेत्र में सराहनीय योगदान हेतु सम्मानित किया गया जबकि इन छह कलाकारों के करकमलो से चित्रकार सह पर्यावरणविद् रजत मुखर्जी, भारती विद्यापीठ की पूनम कुमारी, दीनबंधु उच्च विद्यालय के सत्यम केशरी, देवसंघ नेशनल स्कूल के शौर्य कश्यप, श्री श्री मोहनानंद प्लस टू स्कूल, तपोवन की क्षमा कुमारी, कोमट्सअगवा एलिमेंटरी स्कूल, टोक्यो, जापान के अक्षय कश्यप, एकलव्य पब्लिक स्कूल की वैष्णवी कुमारी सिन्हा, आदर्श प्लस टू हाई स्कूल, लाखोरिया के अजीत कुमार पंडित एवं सुप्रभा शिक्षा स्थली के आर्यन केशरी को विशेष मोमेंटो प्रदान किया गया। इसके साथ ही विश्व कला दिवस पर आयोजित प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। मौके पर पाबन राय ने कहा- विश्व कला दिवस प्रत्येक वर्ष 15 अप्रैल को पूरे विश्व में मनाया जाता है। इस दिन को महान चित्रकार लियोनार्डो दा विंची की जयंती के अवसर पर चुना गया है, जो कला, विज्ञान और रचनात्मकता के अद्भुत संगम के प्रतीक माने जाते हैं। मार्कण्डेय जजवाड़े ने कहा- कला का संबंध मानव की भावनाओं, विचारों और कल्पनाओं से होता है। यह एक ऐसा माध्यम है, जिसके द्वारा व्यक्ति अपनी आंतरिक अनुभूतियों को अभिव्यक्त करता है। नरेंद्र पंजियारा ने कहा- कला समाज के सांस्कृतिक विकास का आधार भी है और यह हमारी परंपराओं और मूल्यों को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सुनील अग्रवाल ने कहा कि कला का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। यह न केवल हमारी भावनाओं को अभिव्यक्त करने में मदद करती है, बल्कि मानसिक शांति और संतुलन भी प्रदान करती है। अमर मैत्री ने कहा- कला समाज को जोड़ने का कार्य भी करती है। यह भाषा, धर्म और संस्कृति की सीमाओं को पार कर लोगों को एक साथ लाती है। सीमांत दत्ता ने कहा कि यदि हम कला को अपने जीवन में स्थान देंगे, तो हमारा जीवन और अधिक सुंदर, संतुलित और अर्थपूर्ण बन सकता है। यही इस दिवस का मुख्य उद्देश्य और संदेश है।
बाटम की खबर
उपायुक्त ने पुस्तक ‘वतनपरस्त’ में जिले के शहीदों की शौर्य गाथा को सराहा
- उपायुक्त से मिला झारखंड शोध संस्थान का प्रतिनिधिमंडल
देवघर/वरीय संवाददाता। बुधवार को ‘झारखण्ड शोध संस्थान’का एक प्रतिनिधिमंडल जाने-माने पर्यावरणविद् और डाक टिकट संग्रहकर्त्ता रजत मुखर्जी के नेतृत्व में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात की। इस अवसर पर संस्थान के सचिव और स्थानीय इतिहासकार उमेश कुमार ने पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखण्ड सरकार के सहयोग से प्रकाशित अपनी नवीनतम पुस्तक ‘वतनपरस्त’ (भाग-एक: वैद्यनाथ की शहीद विभूति) की प्रथम प्रति उपायुक्त को भेंट स्वरूप प्रदान की।
इसके अलावा उपायुक्त ने पुस्तक में देवघर के स्थानीय इतिहास पर इस तरह के शोधपरक लेखन की सराहना की। साथ ही उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने के लिए ऐसी पुस्तकें अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
पुस्तक की विशेषताएं : इस पुस्तक में 1947 के सिपाही विद्रोह से लेकर 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन तक अपनी शहादत देने वाले देवघर के वीर सपूतों—सलामत अली, अमानत अली, शेख हारून, प्रफुल्ल चक्रवर्ती, अशर्फीलाल कसेरा, त्रिगुणानंद खवाड़े, विराजी मिरधाइन, नज्जू राउत और अयोध्या राउत के शौर्य को संजोया गया है। पुस्तक में न केवल उनकी वीरता, बल्कि उनके मनोवैज्ञानिक पहलुओं को भी उकेरने का प्रयास किया गया है। लेखक ने 1947 की क्रांति से जुड़े एकमात्र जीवित भौतिक साक्ष्य के जीर्णोद्धार के लिए डीसी से विशेष प्रार्थना की। साथ ही मुलाकात के दौरान संस्थान के निदेशक ने देवघर में एक ‘इतिहासघर’ (संग्रहालय) के लिए सरकारी भवन आवंटित करने का अनुरोध किया।
दोषियों को अविलंब सजा दिलाने की दिशा में काम कर रही है पुलिस : एसपी
- एसपी की मासिक अपराध गोष्ठी में सुरक्षा और विधि व्यवस्था को लेकर गंभीर मंथन
- थानाध्यक्षों को दिये गये खास निर्देश
देवघर/संवाददाता। एसपी कार्यालय में बुधवार को आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, विधि व्यवस्था संधारण, अनुसंधान नियंत्रण व अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गयी। एसपी सौरभ ने बताया कि अनुसंधान नियंत्रण में ये फोकस किया जा रहा है कि जो मामले दर्ज हो रहे हैं उससे ज्यादा मामलों का निष्पादन हो ताकि लंबित मामलों की संख्या में कर्मी लायी जा सके। मामला के अनुसंधान में गुणात्मक सुधार को लेकर भी चर्चा की जा रही है ताकि ज्यादा से ज्यादा आरोपितों को सजा दिलायी जा सके। इसके लिए कोर्ट में मौजूद पुलिस की टीम की मदद से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसकी समीक्षा की गयी है। अपराध नियंत्रण को लेकर पांच वर्ष में जो संपत्तिमूलक अपराध में शामिल रहे हैं उनका भौतिक सत्यापन का कार्य पूर्ण कर लिया है। अब उनके खिलाफ सीसीए की कार्रवाई व संपत्ति जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इनके लिए उन्हें चिह्नित कर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।
साइबर आरोपितों की संपत्ति को किया जाएगा जब्त :
एसपी ने कहा कि साइबर आरोपितों पर अंकुश लगाने के लिए संपत्ति जब्ती को लेकर कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत आठ अपराधियों को चिह्नित कर उनकी संपत्ति की जब्ती के लिए न्यायालय में प्रतिवेदन दिया गया है। वहीं साइबर प्रभावित क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों को 10-10 ऐसे साइबर अपराधियों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है जिनके खिलाफ संपत्ति जब्ती की कार्रवाई की जा सके।
श्रावणी मेले की तैयारी को लेकर चर्चा : एसपी सौरभ ने कहा कि सावन अब करीब आ रहा है। ऐसे में श्रावणी मेले की तैयारी को लेकर भी चर्चा की गयी है। इसकी समीक्षा भी की गयी है। जो भी इनपुट मिले हैं उसको लेकर सुधार के लिए पहल लगातार किया जा रहा है। प्रयास है कि श्रावणी मेला शांतिपूर्ण व सुगम तरीके से आयोजित हो सके।
अपराधियों को तीन श्रेणी में बांटा गया : अपराध नियंत्रण को लेकर पिछले पांच वर्ष में सक्रिय रहे अपराधी खासतौर पर संपत्तिमूलक अपराध में शामिल अपराधी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस से जुड़े अपराधियों को चिहित्न किया गया है। उन सभी का भैतिक सत्यापन किया गया है। एक-एक अपराधियों का घर जाकर सत्यापन किया गया है। वे घर में रह रहा है या नहीं रह रहा है। वह वर्तमान में क्या कर रहा है। ऐसी ही एक सूची साइबर से जुड़ा हुआ भी तैयार किया गया है। उनका भी सत्यापन किया जा रहा है। दूसरे चरण में उनकी सपत्ति को जब्त करने या फिर सीसीए लगाने की बात हो उस दिशा में कार्रवाई की जा रही है। सभी अपराधियों पर निगरानी प्रस्ताव को लागू कर दिया गया है। इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। इसके तहत अपराधियों को तीन श्रेणी ए, बी और सी में बांटा गया है। ज्यादा सक्रिय अपराधियों को ए, उससे कम को बी और कम सक्रिय को सी श्रेणी में रखा गया है। ए श्रेणी के अपराधियों का साप्ताहिक तौर पर सत्यापन किया जा रहा है। बी का 15 दिन में और सी का एक माह में भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसकी नियमित समीक्षा थाना स्तर पर की जा रही है। वहीं जहां भी अपराध होता है उसका भी अनुसंधान करने का प्रयास किया जा रहा है। हाल में चोरी व गृहभेदन की कुछ घटनाओं का उदभेदन किया गया है।
जनता को बेहतर पुलिसिंग मुहैया कराने का प्रयास : एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण के अलावा जनता को बेहतर पुलिसिंग मुहैया कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत जन शिकायत के आवेदन पासपोर्ट, सचित्र प्रमाण पत्र, सम्मान योजना, सहयोग योजना आदि की नियमित समीक्षा की जा रही है। पहले से सभी में सुधार हुआ है। पासपोर्ट की बात करें तो बहुत कम भी ऐसे मामले हैं जो कि पुलिस के स्तर पर 15 दिन से अधिक तक लंबित हैं। चरित प्रमाण पत्र में भी सुधार किया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि देवघर में बेहतर पुलिसिंग की व्यवस्था को लागू की जा सके। लोग पुलिस की कार्य प्रणाली से संतुष्ट हों। वे महसूस करें कि वे एक सुरक्षित वातावरण में रह रहे हैं। पुलिस का विकेन्द्रीकरण के लिए चार नए टीओपी का गठन किया गया है। जल्द ही शहर में देवसंघ के पास शुरु किया जाने वाला है। ये अपराध नियंत्रण के दृष्टिकोण से अहम पहल है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध व नशा दोनों ही देवघर में चिंता का विषय है। इसमें काफी संख्या में युवा सक्रिय है। इसको लेकर देवघर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई भी की जा रही है। संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी हो रही है। हाल दिनों में ब्राउन सुगर के कारोबार से जुड़े आरोपितों को पकड़ा गया। काफी मात्रा में ब्राउन शुगर जब्त भी किया गया। इसका सप्लाई करने वालों को भी पकड़ा गया। युवा तो नशे के लत में है या साइबर अपराध में शामिल हैं उनसे अपील है कि इससे दूर हो जाएं। क्योंकि की लगातार नजर उन लोगों पर है। किसी ने किसी दिन पुलिस आपको पकड़ लेगी। ऐसे में सभी से आग्रह है कि वे सही रास्ता पर चलें। इसमें अगर पुलिस के सहयोग व मदद की आवश्यकता है तो उनसे संपर्क करें पुलिस हर संभव मदद करेगी। देवघर की जनता व अभिभावकों से अपील है कि वैसे बच्चे नशे की लत में आ गए हैं उसका लेकर हमसे संपर्क कर। हम अपने स्तर पर उन्हें सुधारने का प्रयास करें। पुलिस का प्रयास है कि देवघर नशा व साइबर मुक्त हो सके।
सड़क हादसे में पांच युवक घायल
देवघर/संवाददाता। अलग-अलग सड़क हादसों में पांच युवक घायल हो गए हैं। घायलों में तीन युवक सीमावर्ती बिहार के बांका जिला के चांदन थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। एक युवक नगर थाना क्षेत्र का निवासी है। वहीं एक टोटो चालक जिले के रिखिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घटना में चांदन थाना क्षत्र के सुखिनिया गांव निवासी बैजनाथ कुमार, सौरभ कुमार व विकास कुमार घायल हो गए हैं। बताया जाता है तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी और तीनों युवक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल से बाहर रेफर कर दिया गया है। वहीं नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया मोहल्ला निवासी राजू कुमार भी बाइक से गिरकर घायल हो गया। तीसरी घटना में जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के अचाटो गांव निवासी टोटो चालक परमेश्वर यादव घायल हो गया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि वह टोटो लेकर जा रहा था। इस दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर से बचने के चक्कर में उसके टोटो का संतुलन बिगड़ गया। वह टोटो से बाहर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
टैंकर ने कार में मारी ठोकर, कार सवार दो बच्चे सहित सात लोग घायल
- राजगीर से घूमकर वापस देवघर लौट रहे थे कार सवार सभी लोग
देवघर/संवाददाता। जिले के जसीडीह थाना इलाके के चकाई मुख्य मार्ग पर मानिकपुर ओवरब्रिज पर बुधवार की दोपहर एक टैंकर ने सामने आ रही एक ऑल्टो कार में जोरदार धक्का मार दिया। वहीं चालक मौके पर से टैंकर लेकर फरार हो गया। इस घटना में कार पर सवार दो बच्चे सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों में जसीडीह थाना क्षेत्र के बसुआडीह निवासी 55 वर्षीय शिवशंकर चौधरी, गिधनी निवासी प्रमिला देवी, दुर्गा देवी, वकील महथा, 06 वर्षीय शिवम कुमार, 08 वर्षीय कन्हैया नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ निवासी नीलम कुमारी और जीतन महथा के नाम शामिल हैं। घटना के बाद सभी को जसीडीह पुलिस के सहयोग से एंबुलेंस के माध्यम ये इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां सभी का इलाज किया जा रहा है। स्वजनों ने बताया कि सभी लोग कार से राजगीर गये थे। वहीं से बुधवार को वापस लौट रहे थे। उसी दौरान जसीडीह स्थित मानीकपुर ऑवरब्रीज के पास एक टैंकर चालक ने तेजगति से वाहन चलाते हुए कार में सामने से धक्का मार कर फरार हो गया। इधर जसीडीह पुलिस धक्का मारने के बाद फरार हुए टैंकर का पता लगाने में जुट गयी है।
अंतरजिला गिरोह के 10 साइबर आरोपित गिरफ्तार, गये जेल
-16 मोबाइल और 15 सिमकार्ड बरामद
देवघर/संवाददाता। जिले के मधुपुर, सारठ, पथरौल, सोनारयठाढ़ी थाना के सहयोग से साइबर थाना पुलिस ने छापेमारी कर अंतरजिला गिरोह के 10 साइबर आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद बुधवार को जेल भेज दिया। जेल गये साइबर आरोपितोें के पास से पुलिस ने 16 मोबाइल और 15 सिमकार्ड बरामद किया है। जेल गये आरोपितों में दुमका जिला के जामा थाना क्षेत्र के गेनुआमारनी निवासी मजरूद्दीन अंसारी, पालोजोरी थाना क्षेत्र के मकरकेंदा निवासी अली रजा, बेदगांवा निवासी रेहान अंसारी, सारठ थाना क्षेत्र के कपसा निवासी तनवीर अंसारी, पिंडरी निवासी मुकसेद अंसारी, अल्ताफ अंसारी, पथरौल थाना क्षेत्र के चेतनारी निवासी मो मझरूद्दीन अंसारी, मो इकबाल अंसारी, मो गुलाम रसुल और देवीपुर थाना क्षेत्र के गिधैया निवासी दिवाकर यादव के नाम शामिल हैं। पुछताछ में इनलोगों ने बताया कि वे सभी गूगल पर अपना फर्ज्ी नंबर कस्टमर केयर के नाम से अपलोड कर साइबर ठगी का काम करते थेे। छापेमारी दल में मधुपुर अंचल निरीक्षक पुनि राउतु होनहागा, साइबर थाना के पुनि अमर कुमार राम, पुअनि दिलीप कुमार बिलुुंग थाना प्रभारी पथरौल, पुअनि रोहित दांगी थाना प्रभारी सोनारायठाढ़ी, पुअनि दीपक कुमार साह थाना प्रभारी सारठ सहित सभी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
ब्राउन शुगर बेचने का विरोध किया तो मारपीट, मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में ब्राउन सुगर बेचने का विरोध करने पर मारपीट कर पैर तोड़ने एवं घर में घूसकर लूटपाट करने को लेकर मामला दजे कराया गया है। यह मामला बरमसिया निवासी चिकूलाल चौधरी ने दर्ज कराया है। कहा है कि सात अप्रैल को रिखिया थाना क्षेत्र के तेलियाकिनारी निवासी कुंदन महथा और बरमसिया निवासी पारले उर्फ रोहित महथा घर के पास आकर ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहा था। जब उसने इसका विरोध किया तो उपरोक्त दोनों एक अन्य अज्ञात दो तीन व्यक्ति के उसके घर पर आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। लाठी रड और स्टीक से मारकर उसका पैर तोड़ दिया। कहा है कि इलाज कराने के बाद घर पर ही आराम कर रहा है। 12 अप्रैल को दूबारा उपरोक्त आरोपी उसके घर पहुंचे और कहने लगे की यदि ब्राउन सुगर बेचेन से मना किया तो इस बार जान से मार देगंें। घर में घुसकर सारा सामान तोड़फोड़ कर दिया। वहीं घर में रखे पांच हजार रुपए निकाल लिया और एक लाख रंगदारी की मांग किया। नहीं देने पर सभी परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दी है। नगर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गयी है।
जानलेवा हमला करने को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया है। मामला सुरा तिलौना गांव निवासी नजराना खातुन के बयान पर दर्ज किया गया है। दर्ज मामले में मो. बाबर, मो. विक्की, मो. जैकी, मो. उजाले व अज्ञात को आरोपित बनाया गया है। दर्ज मामले में कहा गया है उन लोगों ने उसके घर पर आकर गाली-गलौज किया। मना करने पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानलेवा हमला किया गया। घायल को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। घटना के संबंध में बताया गया कि इन लोगों के बीच पहले से आपस में विवाद चल रहा है और ये घटना उसी विवाद का परिणाम है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मारपीट को लेकर काउंटर केस
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र क सलौनाटांड मोहल्ले में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद को लेकर हुए मारपीट की घटना को लेकर काउंटर केस दर्ज किया गय है। एक पक्ष की ओर से विष्णुदेव पांडेय ने मामला दर्ज कराया है। दर्ज मामले में कहा गया है कि वह मोटरसाइकिल से बाजार की ओर जा रहा था। इस दौरान धीरज सिंह ने अपने घर के पास स्पीड ब्रेकर बना रखा था। इस कारण उसका बाइक पलट गया और वह घायल हो गया। इस बारे में बोलने पर धीरज सिंह ने मारपीट किया। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से धीरज कुमार सिंह ने मामला दर्ज कराया है। दर्ज मामले में विष्णु पांडेय को आरोपित बनाया गया है। आरोप है कि मारपीट कर घायल कर दिया और जबरन पांच हजार रुपया छीन लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।