- 39.40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के मार्गदर्शन में नगर थाना की पुलिस ने गुरुवार को थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थान पर छापामारी कर ब्राउन शुगर के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि शहरी क्षेत्र में कलाली से कन्हवारा जाने वाली पुल के नीचे कुछ लड़कों द्वारा ब्राउन शुगर मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री एवं सेवन किया जा रहा है। उक्त सूचना के सत्यापन एवं छापामारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार थाना प्रभारी, गोड्डा नगर थाना एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी रंजीत कुमार चौधरी, औषधि निरीक्षक, गोड्डा के नेतृत्व में टीम गठित कर कन्हवारा पुल के नीचे छापामारी की गई। छापामारी के दौरान विक्रम कुमार, उम्र 23 वर्ष, पिता बैजु तांती, साकिन महावीर नगर, थाना गोड्डा नगर एवं सूरज कुमार, उम्र करीब 25 वर्ष, पिता निरंजन पूर्वे, स्थायी पता-साकिन बिरनिया, थाना धोरैया, जिला-बांका (बिहार), वर्तमान पता महावीर नगर, थाना गोड्डा नगर को ब्राउन शुगर का पुड़िया खरीद बिक्री एवं सेवन करते पकड़ा गया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से खरीद-बिक्री एवं सेवन करने के लिए पुड़िया बनाकर रखा गया ब्राउन शुगर की दो पुडिया एवं एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया। दोनों पुड़िया में कुल 19 ग्राम ब्राउन सुगर था। उधर, साकेतपुरी मोहल्ला के एक अर्ध निर्मित मकान में भी पुलिस ने छापामारी कर ब्राउन शुगर के साथ दो युवाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गोड्डा शहर के साकेतपुरी बहियार में अर्धनिर्मित मकान में कुछ लड़कों द्वारा ब्राउन शुगर मादक पदार्थ की खरीद बिक्री एवं सेवन किया जा रहा है। उक्त सूचना के सत्यापन एवं छापामारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार महतो एवं प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी रंजीत कुमार चौधरी, औषधि निरीक्षक, गोड्डा के नेतृत्व में टीम गठित कर साकेतपुरी बहियार में अर्धनिर्मित मकान में छापामारी की गई। छापामारी के दौरान विवेक कुमार, उम्र करीब 24 वर्ष, पिता दीनदयाल साह एवं आदित्य कुमार, उम्र-19 वर्ष, पिता पुतुल लैया, दोनों साकिन गोढ़ीघाट, थाना गोड्डा नगर को ब्राउन शुगर का पुड़िया खरीद बिक्री एवं सेवन करते पकड़ा गया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से खरीद बिक्री एवं सेवन करने के लिए पुड़िया बना कर रखा गया कुल 20.40 ग्राम ब्राउन शुगर की चार पुड़िया एवं एक डिजिटल तराजू बरामद किया गया। दोनों स्थान से ब्राउन सुगर के साथ गिरफ्तार चारों युवाओं को जेल भेज दिया गया है। बताते चलें कि जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण इलाके में मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के नशे में युवा फंसते जा रहे हैं। बीते करीब एक वर्ष के दौरान ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री एवं सेवन के आरोप में करीब दो दर्जन युवा गिरफ्तार भी हो चुके हैं। इसके बावजूद इस मादक पदार्थ का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है।
पूजा पंडालों में लगेगा सीसीटीवी कैमरा
- शांति समिति की बैठक में दुर्गा पूजा समितियों को प्रशासन की ओर से दी गयी जानकारी
महागामा। संवाददाता आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए महागामा थाना में शुक्रवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अंचलाधिकारी रंजन यादव, पुलिस निरीक्षक कमलेश प्रसाद एवं थाना प्रभारी अरुण कुमार के संयुक्त नेतृत्व में दुर्गा पूजा त्योहार को लेकर पूजा समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। उपस्थित लोगों से आग्रह किया गया कि दुर्गा पूजा शांति पूर्वक व भाईचारा के वातावरण में मनाई जाय, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालु पूजा व मेला में खुशी-खुशी भाग ले सकें। साथ ही कहा गया कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। कहा कि किसी प्रकार के अफवाह पर ध्यान नहीं दें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना प्रशासन को तुरंत दें, ताकि उस पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। वहीं बैठक में आए हुए सभी पूजा समितियों के सदस्यों ने अपनी-अपनी समस्या बताई। साथ ही कई तरह के सुझाव भी बताए। सीओ रंजन यादव ने कहा कि सभी पूजा समिति के लोग पंडाल में सीसीटीवी कैमरा लगाकर रखें, ताकि पूजा पंडाल की कड़ी निगरानी हो सके एवं असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनी रहेगी। पूजा पंडाल में महिला एवं पुरुष के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाया जायेगा, ताकि महिला अलग प्रवेश द्वार से पूजा पंडाल में जा सकेंगी। साथ ही कहा कि पूजा समिति के द्वारा अपने-अपने वॉलेंटियर की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराएंगे तथा अपने अपने वॉलेंटियर का परिचय प्रमाण पत्र अवश्य बनवाएंगे। विसर्जन के लिए नदी में विशेष लाइट की व्यवस्था को लेकर भी दिशा-निर्देश दिया गया। बैठक में सभी पूजा समिति के लोग एवं शांति समिति के गण मान्य लोग उपस्थित थे।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर
राजाभीठा। संवाददाता राजाभीठा थाना परिसर में शुक्रवार को आगामी दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। वैसे राजाभीठा थाना गोड्डा जिला का शांति पूर्ण थाना क्षेत्र है। बावजूद इसके त्योहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को बताया गया कि पूजा के दौरान और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बैठक में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में झामुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष ताला बाबू हांसदा तथा थाना क्षेत्र के सभी पंचायत के मुखिया एवं अन्य व्यक्ति शामिल रहे। असामाजिक तत्वों को थाना प्रभारी डेनियल सांघा द्वारा बैठक के माध्यम से मैसेज दिया गया कि अगर शान्ति भंग करने का प्रयास किया और आपत्तिजनक कार्य किए तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कोरोना काल में ग्रामीण चिकित्सकों के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता : दीपिका
- ग्रामीण चिकित्सक एसोसिएशन की बैठक में विधायक ने उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का दिया आश्वासन
महागामा। संवाददाता प्रखंड के दियाजोरी में ग्रामीण चिकित्सक एसोसिएशन की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दीपिका पाण्डेय सिंह उपस्थित थीं। बैठक में मुख्य रूप से ग्रामीण चिकित्सक के अधिकारों को लेकर चर्चा की गई। वहीं संगठन के द्वारा केंद्र सरकार व राज्य सरकार से तीन बिंदुओं की मांग की गई, जिसमें सुरक्षा, ग्रामीण चिकित्सकों का स्वास्थ्य मित्र में बहाली व प्राथमिक उपचार करने का अधिकार दिया जाए। साथ ही कहा गया कि अगर सरकार जल्द से जल्द हमारे मांगों को पूरी नहीं की गई तो आगे चलकर हमलोग आंदोलन करने को लेकर बाध्य होंगे।
वहीं विधायक दीपिका पांडेय सिंह के द्वारा उनकी समस्या को सुना गया। वहीं विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि हमें कोरोना संक्रमण काल में ग्रामीण चिकित्सकों के योगदान को नहीं भूलना चाहिए। विपरीत परिस्थितियों में उन्होंने कोरोना योद्धा के रूप में लोगों का जीवन बचाने का कार्य किया था। महामारी के समय ये ग्रामीणों के लिए किसी वरदान से कम नहीं थे। लेकिन आज जिला प्रशासन द्वारा इनका तरह-तरह से भयादोहन किया जा रहा है। मैं सरकार के समक्ष इनकी बातों को रखते हुए, सर्टिफिकेशन के माध्यम से इन्हें भी स्वास्थ्य मित्र के रूप में पहचान दिलाने का प्रयास करूंगी। अन्य अनुबंधकर्मियों की तरह ही इन्हें भी स्वास्थ्य विभाग से जोड़ कर पहचान मिले। क्योंकि समय-समय पर स्वास्थ्य विभाग इन्हें विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम में बुलाता रहा है। सरकार के द्वारा इनके लिए सार्थक पहल होनी चाहिए। इन्हें अपने कार्य को सम्मान पूर्वक करने का अधिकार मिलना चाहिए। मौके पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंशु तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष खुर्शीद खान, प्रदेश महासचिव महानंद झा, ऑल इंडिया डायरेक्टर राकेश मिश्रा, गोड्डा जिला अध्यक्ष डॉक्टर नसीम अख्तर सहित अनेकों लोग उपस्थित थे।
बसंतराय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित
बसंतराय। संवाददाता बसंतराय थाना परिसर में शुक्रवार को दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाष चंद्र दास तथा थाना प्रभारी विनीत कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी विनीत कुमार के द्वारा बैठक में शांति पूर्वक दुर्गा पूजा समारोह आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल में किसी प्रकार का तीव्र ध्वनि बजाने पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। दुर्गा पूजा में भीड़ भाड़ वाली जगहों पर पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी। थाना प्रभारी ने कहा कि किसी भी हाल में दुर्गा पूजा के मौके पर हुड़दंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पूजा समिति को भी इस बात का ख्याल रखना होगा कि पूजा पंडाल में किसी प्रकार का भगदड़ न हो एवं सरकार द्वारा जारी किए गए गाइडलाइन के अनुसार ही पूजा होगी। इस मौके पर प्रखंड प्रमुख अंजर अहमद ने कहा कि शांतिपूर्वक भाईचारे के साथ पूजा का संचालन करें। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय स्थापित कर मां की पूजा कर अच्छे नागरिक होने का सभी परिचय दें। मौके पर सब इंस्पेक्टर प्रेम मोहन झा, सब इंस्पेक्टर रंजीत पासवान, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर बहुरन उरांव, जिला परिषद सदस्य उत्तरी मोहम्मद एहतेशाम उल हक, परिषद सदस्य दक्षिणी अरशद वहाब, मुखिया आलमगीर आलम, मुखिया प्रतिनिधि जावेद आलम, मुखिया शंभू मांझी, मुखिया रिंटू चौधरी, सीताराम खेतान, बांके लोहारूका, कैलाश पंडित, गौरी शंकर शाह, महाप्रसाद झा, गौरव स्वर्णकार, बास्की स्वर्णकार आदि मौजूद थे।
मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम के तहत किया गया मिट्टी संग्रह
पोड़ैयाहाट। संवाददाता मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को प्रखंड में सभी मंडलों के बूथों और शक्ति केंद्रों से, सभी घरों से आंगन की मिट्टी लेकर प्रखंड मुख्यालय स्थित भाजपा के प्रखंड कार्यालय में कलश में जमा किया गया। यह मिट्टी बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में जमा कर दिल्ली भेजा जाना है। देश की राजधानी में गांव की मिट्टी से अमृत वाटिका, राजपथ और सभी मंडलों के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी, देश की आजादी के लिए मर मिटने वाले शहीद जवानों के कृति से संबंधित जानकारी और उनके शहीद स्थल होगा। प्रत्येक मंडल से दो पार्टी के पदाधिकारी यह कलश दिल्ली तक जाने में सहयोग करेंगे। आज इसी अमृत महोत्सव के तहत मेरी माटी, मेरा देश भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजीव मेहता की अध्यक्षता में पोड़ैयाहाट सदर बाजार में गाजे बाजे के साथ देश के झंडे के साथ शोभा यात्रा निकाला गया। इस कार्यक्रम में सभी मंडल से पहुंचे हुए मिट्टी को कलश में जमा किया गया। वंदे मातरम, भारत माता की जय, वीर शहीदों की, वीर शहीद अमर रहे, मेरी माटी, मेरा देश मोदी जी का यह संदेश नारों के साथ पूरा पोड़ैयाहाट बाजार गूंजता रहा। बीजेपी प्रखंड कार्यालय से लेकर ब्लॉक परिसर होते हुए ये बजरंगबली चौक में जाकर सभा में तब्दील हो गया। मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम के तहत सभी वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे। इसमें मुख्य वक्ता जिला परिषद् सदस्य राघवेंद्र सिंह, जिला मीडिया प्रभारी बिमंत साह, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती, प्रदेश कार्य समिति सदस्य देवेंद्रनाथ सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता गजाधर सिंह, मंडल अध्यक्ष डब्ल्यू भगत, स्वामी भवेशानंद, जिलाध्यक्ष राजीव मेहता, आशीष यादव ने देश की आजादी और आजादी के 75वें वर्ष में अमृत महोत्सव के रूप में मनाने के लिए देश के वीर सपूतों को याद कर भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उनके अमर गाथा पर बात किया। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष डॉली गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता बबलू सिंह, जिला कार्य समिति सदस्य अर्जुन राय, सुशील रूज, एसटी मोर्चा के सुशील टुडू, मंडल महामंत्री मिथिलेश झा, लालदेव राय, ललन दास आदि उपस्थित थे।
शांतिपूर्ण व आपसी सौहार्द के साथ मनायें त्योहार : पुलिस अधीक्षक
- शांति समिति की बैठक में एसपी ने कहा, सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर, किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक पोस्ट न करें
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा की अध्यक्षता में आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर विधि-व्यवस्था के संधारण के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक उप विकास आयुक्त स्मिता टोप्पो, अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा जेसी विनीता केरकेट्टा, अनुमंडल पदाधिकारी, महागामा सौरभ कुमार भुवानियां, वरीय अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति मे आयोजित की गई। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक मीणा के द्वारा आगामी दुर्गा पूजा के सफल संचालन पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। उनके द्वारा संबंधित पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों पूजा समिति के सचिव एवं सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक करने एवं लोगों से अफवाहों से भी दूर रहने की भी अपील की गई। बैठक में शांति समिति के सदस्यों के साथ दुर्गा पूजा, दशहरा त्योहार पर आने वाली समस्याओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई। जिले वासियों से उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी प्रकार का आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने से बचने की सलाह दी। जिले वासियों से धार्मिक सद्भावनाओं को ठेस पहुंचाने सहित अन्य प्रकार की गलत पोस्ट नहीं करने को कहा गया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया में आपत्तिजनक, गलत पोस्ट करने पर दोषी व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने आपत्तिजनक या गलत पोस्ट होने पर तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को देने की सलाह दी। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने हुड़दंग मचाने वालों पर विशेष नजर रखे जाने की बात कही। बैठक में एसपी के द्वारा शांति समिति के सदस्यों से जानकारी लेकर आगामी दुर्गा पूजा के अवसर पर पूजा पंडाल के बाहर बैरिकेट लगाने, सीसीटीवी कैमरा लगाने, पूजा पंडाल के चारों ओर रोशनी के समुचित प्रबंध, पेयजल की आपूर्ति एवं शौचालय, ध्वनि प्रदूषण अधिनियम का अनुपालन करने के मामले में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को जिले में विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जिला में नदी, डोभा एवं तालाब में डूब कर मरने वालों की अत्यधिक संख्या को देखते हुए आगामी दुर्गा पूजा के दौरान मूर्ति विसर्जन के समय नदी, तालाब में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि इस प्रकार की घटना को रोका जा सके। अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा एवं अनुमंडल पदाधिकारी, महागामा के द्वारा बताया गया कि दुर्गा पूजा 2023 के अवसर पर गोड्डा शहरी क्षेत्र में अवस्थित सभी दुर्गा पंडाल समिति के अध्यक्ष एवं सचिव को दुर्गा पूजा 2023 के लिए निर्गत दिशा-निर्देश की जानकारी दी गई है। दुर्गा पूजा पंडाल समिति के अध्यक्ष एवं सचिव को यह भी जानकारी दी गई कि आदेश का उल्लंघन होने पर सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। सभी पूजा पंडाल के अध्यक्ष एवं सचिव को जानकारी दी गई कि विसर्जन के लिए अपने-अपने रूट चार्ट का अनुपालन करें। उसी के अनुसार मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। साथ ही सभी पूजा समिति के अध्यक्ष, सचिव को आगामी दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए विशेष सतर्क रहने की अपील की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोड्डा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, संबंधित थाना के थाना प्रभारी, पुलिस कर्मी, अन्य पदाधिकारी गण सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि गण एवं पूजा समिति के सचिव एवं सदस्य गण मौजूद थे।