सारठ/संवाददाता। सारठ चौक स्थित बाबा कुटिया के नाम से प्रसिद्व श्रीराम पुरुषोत्तमधाम में माता दुर्गा के तीसरे स्वरूप चंद्रघंटा देवी की पूजा आचार्य राधाकांत तिवारी, पंडित कार्तिक राजहंस, सहयोेगी राजेश राजहंस, आदित्य झा और यजमान बने पूजक पवन कुमार सिन्हा द्वारा विधि-विधान के साथ माता की तीसरे रूप की पूजा की गई। आचार्य श्री तिवारी बताते हैं कि दुर्गा पूजा के नवरात्रि में हर दिन माता के अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है। वहीं मंगलवार को माता दुर्गा के तीसरे रूप की पूजा के दौरान अनेकों श्रद्वालु शामिल रहकर भक्तिभाव में विभोर रहे। स्थानीय कलाकारों ने भजन कीर्तन से श्रोताओं का मन मोहा। तीसरे दिन चंद्रघंटा देवी की पूजा होने के उपरांत संध्या समय भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। जिसमें स्थानीय भजन गायक अनुज भोक्ता, संजीव झा और कीर्तन मंडली द्वारा कीर्तन कर श्रोेताओं का मन मोह लिया। मौके पर पूजा समिति के सदस्य भूपाल प्रसाद, राजेश राजहंस, मिथिलेश सिन्हा, छोटेलाल साह, रामदेव साह, उत्तम शर्मा, किशोरी पौद्वार, शिवशंकर मंडल, सुभाष साह, नवम कुमार राय, रिंकू गुप्ता, शंकर पंडित समेत अन्य भी मौजूद थे।
पूजा समिति के साथ थाना प्रभारी ने की बैठक
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के पौराणिक दुर्गा मंदिर गहवर में थाना प्रभारी प्रदीप लकड़ा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। इस दौरान दुर्गा पूजा में आने वाले दंडार्थियों के लिये विशेष व्यवस्था करने, महाष्टमी और नवमी के दिन बली के समय एवं विजयादशमी के मौके पर मेला से लेकर विसर्जन तक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। कहा कि सीसीटीवी कैमरे की नजर में पूजा व मेला व्यवस्था पर ध्यान रखा जायेगा जिसकी निगरानी पुलिस करेगी। मौके पर पूजा को आने वाले श्रद्धालुओं के मोटरसाइकिल के लिये स्टैंड बनाने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर पंडित बालमुकुंद पांडे, समिति अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष प्रमोद राय, सचिव लीलानंद झा, उप सचिव प्रणव सिंह, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार, दिलीप वर्मा, एसआई उमेश कुमार, किरण बास्की, अमरेंद्र सिंह, संतोष सिंह, राजेंद्र सिंह, उमेश वर्मा, राजेंद्र यादव, व्यास रवानी, कैलाश, मनोज रवानी, हलधर वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
विधायक ने किया चार योजनाओं का शिलान्यास
पालोजोरी/संवाददाता। सारठ विधायक रणधीर सिंह ने मंगलवार को पालोजोरी के चार महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में किया। उन्होंने पालोजोरी में 24 लाख रुपए की लागत से घाट निर्माण, 18 लाख रुपए की लागत से कस्तूरबा गांधी स्कूल में संतरी गार्ड रूम सह सांस्कृतिक मंच, 16 लाख रुपए की लागत से पालोजोरी के जमुना शमशान घाट में शवदाह शेड और 5 लाख रुपए की विधायक निधि नवाडीह में मांझी थान निर्माण योजना का शिलान्यास किया। शिलान्यास करते हुए उन्होंने कहा कि पालोजोरी में शिक्षा और स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के लिए जो भी करना पड़ेगा, वह किया जायेगा। मौके पर जिप सदस्य दीपक मुर्मू, रविंद्र रूज, पिंटू हालदार, सफीक अंसारी, मुबारक अंसारी, वंशी दास, धनेश्वर हांसदा, पिंटू वर्णवाल, विपुल सिंह, गोरा दास, गोरा पाल, उत्पल भट्टाचार्य, बाला साधू, राकेश पांडेय, अर्जुन रजक, अशोक मेहरा, राम आदि मौजूद थे।
योजनाएं समय पर हो पूरी : बीडीओ
- कर्मियों को किया गया प्रेरित
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी प्रखंड में प्रभार लेने के बाद बीडीओ मो. अमीर हमजा ने मंगलवार को पहली बार पंचायत सचिव व रोजगार सेवकों के साथ समीक्षा बैठक की। पालोजोरी के विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रही योजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए उन्होंने कर्मियों को प्रेरित किया। मनरेगा, 15 वीं वित्त आयोग सहित सामाजिक सुरक्षा व शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण में भी जागरुकता लाने की बात कही गई। मौके पर बीपीओ हेलेना हेंब्रम, प्रभारी बीपीआरओ सुभाष राय, लेखापाल कुमार शानू, भागवत सिंह आदि मौजूद थे।
बरमसिया दुर्गा मंदिर : दर्शन से हो जाती है मनोकामना पूर्ण
- 1928 से यहां हो रही है दुर्गापूजा
देवघर/नगर संवाददाता। शहर के प्रसिद्ध बरमसिया दुर्गा मंदिर में तकरीबन 96 वर्ष से दुर्गापूजा हो रही है। यहां वर्ष 1928 में संस्थापक सदस्य गोपी पासी ने काफी कम बजट में दुर्गापूजा की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे यहां भव्य तरीके से पूजा का आयोजन किया जाना है। इस वर्ष समिति 96वीं बार पूजा कर रही है। धीरे-धीरे यह पूजा समिति शताब्दी समारोह की ओर अग्रसर हो रही है।
पूजा समिति के सदस्यों का कहना है कि हमलोग पिछले वर्ष से शताब्दी समारोह की तैयारी में लग गये है, ताकि शताब्दी समारोह को यादगार बनाया जा सके।
सप्तमी से ही होगा महाप्रसाद का वितरण : इस वर्ष की पूजा में कुछ बदलाव करते हुए माता के भक्तजनों के लिए विशेष रूप से सप्तमी से लेकर लगातार विजयादशमी तक भिन्न-भिन्न प्रकार के प्रसाद की व्यवस्था की गयी है। साथ ही साथ इस वर्ष बरमसिया मेला प्रांगण को 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाकर सुचारु रूप से पूजा संचालन की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही प्राथमिक उपचार एवं शिकायत पुस्तिका की भी व्यवस्था की जायेगी ताकि किन्ही प्रबुद्धजन को सुझाव एवं शिकायत आने पर आगे से उस कमी को कमेटी दूर करने का प्रयास करेगी। साथ ही शहर की व्यवस्था को देखते हुए पूजा समिति ने अपने सहकर्मियों को साफ-सफाई के लिए भी तैयार रखा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
पूजा के सफल आयोजन में इनकी भूमिका है सराहनीय : पूजा के सफल आयोजन में कमेटी के अध्यक्ष महेन्द्र महथा, उपाध्यक्ष मुकेश महथा, सुभाष महथा एवं चंदन महथा, सचिव शिबू महथा कोषाध्यक्ष जितेन्द्र महथा, उपकोषाध्यक्ष धीरज महथा, सागर महथा, सफाई प्रभारी संतोष महथा, प्रसाद प्रभारी बबलू महथा, आयुष चौधरी, अर्जुन चौधरी, रमण चौधरी, कुणाल कुमार, गोलू चौधरी, राजू चौधरी, रिशु चौधरी, भुल्लू महथा, राजू राय समेत कई अन्य सदस्य सराहनीय प्रयास कर रहे हैं।
भीड़ को नियंत्रित करेंगे ट्रैफिक वोलेंटियर : पूजा कमेटी के अध्यक्ष महेन्द्र महथा ने बताया कि मेला के भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक वोलेंटियरों की प्रतिनियुक्ति षष्ठी पूजा से की जाएगी ताकि श्रद्धालु खासकर महिला एवं बच्चियां प्रतिमा का आसानी से दर्शन कर सके। श्री महथा ने बताया कि प्रथम पूजा से ही शाम में जिस तरह महिलाएं एवं बच्चियों की भीड़ दीप जलाने के लिए मंदिर में हो रही है। उसे देखते हुए शाम में गश्ती दल की मांग की गयी है।
चंदन नगर की लाइटिंग आकर्षण केन्द्र : इस बार चंदन नगर की लाइटिंग यहां आकर्षण का केन्द्र होगी। लाइट बोर्ड से बने प्रवेश द्वार शोभा बढ़ायेंगे। इसके अलावा पंडाल एवं देवी की प्रतिमा को भी आकर्षक तरीके से सजाया गया है। प्रतिमा का निर्माण बरमसिया के स्थानीय कलाकार कर रहे हैं।
मंदिर के आसपास ड्रोन से होगी निगरानी : मंदिर के आसपास ड्रोन से भीड़ की निगरानी की जाएगी ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। इतना ही नहीं विसर्जन के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था को बनाये रखने के लिए ड्रोन कैमरे की मदद ली जाएगी।
षष्ठी के दिन बनायी जाएगी रंगोली : अध्यक्ष श्री महथा ने बताया कि षष्ठी के दिन बरमसिया चौक से काली मंदिर तक आकर्षक रंगोली बनायी जाएगी।