-आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को तीन घंटे तक किया जाम
-वाहन व मवेशी जब्त, चालक को भेजा जेल
बोरियो। संवाददाता। थाना क्षेत्र के बोरियो-बोआरीजोर मुख्य पथ के गौरीपुर इमली गाछ के समीप मवेशी लदा पिकअप वैन ने वृद्धा को रौंद डाला। जिससे घटना स्थल पर ही वृद्धा की तत्काल दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार टोनटोला निवासी महिला ताला टुडू(60) बोरियो हटिया कर अपने घर वापस लौट रही थी। इसी क्रम में विपरीत दिशा से बोआरीजोर की ओर से बोरियो की ओर आ रही मवेशी लदा 407 पिकअप वैन संख्या जेएच-18 एम 7600 ने वृद्धा को रौंद डाला। जिससे उनकी घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही प्रभारी थाना प्रभारी सुषमा कुमारी, एएसआई बीरबल यादव ने सशस्त्र बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर वैन के नीचे फंसी वृद्धा के शव को जेसीबी के माध्यम से बाहर निकाला। इधर ग्रामीणों ने पीड़ित परिजनों को मुआवजा दिलाने के लिए शव के साथ बोरियो-बोआरीजोर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। जिससे मालवाहक हाइवा व अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जिसके बाद बीडीओ नागेश्वर साव, इंस्पेक्टर राजेश कुमार, बरहेट थाना प्रभारी गौरव कुमार ने घटना स्थल पर पहुंच कर ग्रामीणों व परिजनों को काफी समझाने बुझाने के 03 घंटे बाद शव को पुलिस अपने कब्जे में लेकर थाना ले आई। जिसके बाद मुख्य पथ का परिचालन शुरू किया गया। इधर मृतका के पुत्र लखी राम सोरेन ने थाना में आवेदन देकर चालक व वाहन मालिक के ऊपर मामला दर्ज कराया है। प्रभारी थाना प्रभारी सुषमा कुमारी ने बताया कि मृतका के पुत्र के आवेदन पर कांड संख्या 328/23 मामला दर्ज करते हुए छानबीन की जा रही है। इधर पुलिस ने पिकअप में लोड 16 मवेशी को उतार वाहन जब्त कर लिया है। वहीं चालक मिर्ची टोला फुलबरिया राजमहल निवासी रेजाउल शेख, व्यापारी बाराहाट थाना क्षेत्र के शामपुर बाजार निवासी सिकंदर शेख एवं वाहन मालिक के ऊपर कांड संख्या 329/23 मामला दर्ज करते हुए वाहन चालक रेजाउल शेख को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
परिवार डिपार्टमेंटल स्टोर में लगी आग
-पत्नी की सजगता से टला बड़ा हादसा
साहिबगंज। संवाददाता। शहर के सकरुगढ़ स्थित परिवार डिपार्टमेंटल स्टोर में मंगलवार की देर रात अगलगी में हजारों का सामान जल कर राख हो गया। हालांकि दुकानदार पत्नी की सजगता से बड़ा हादसा टल गया। दुकानदार विवेक सिन्हा व स्थानीय लोगों ने जल्द ही आग पर काबू पा लिया। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि दुकान की शिफ्टिंग के लिए बिजली कनेक्शन कटवा दिया गया था। बुधवार को दुकान दूसरी जगह शिफ्ट करनी थी। मंगलवार को मोमबत्ती की मदद से दुकानदारी की। फिर दुकान बंद कर घर चला गया। घर पहुंचने पर पत्नी ने मोमबत्ती की याद दिलाई। पत्नी के पूछने पर उन्हें याद आया कि मोमबत्ती जली हुई छोड़ दी है। मकान मालिक ने भी दुकान से धुआं निकलने की सूचना दी। भाग के दुकान पहुंचे तो वहां से धुआं निकलता पाया। शटर उठा कर देखा तो मोमबत्ती से लकड़ी का टेबुल व उसके आसपास सामग्री से भरा प्लास्टिक का डब्बा जल रहा था। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। अगलगी में लगभग 15 हजार रुपये का सामान जल कर बर्बाद हो गया।
नाबालिग लड़की से दुष्कर्म मामले में एक पर प्राथमिकी
उधवा। संवाददाता। राधानगर थाना क्षेत्र के एक गांव की एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने राधानगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दिए गए आवेदन में आरोप लगाया कि आतापुर पंचायत के खोखरो टोला निवासी राजेश हेंब्रम ने उसका यौन शौषण किया। जिससे लड़की गर्भवती हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त युवक अब शादी करने से इनकार कर रहा है। इधर राधानगर पुलिस ने पीड़िता के बयान पर राजेश हेंब्रम के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत थाना कांड संख्या 152/23 दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
दो आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर गुरुग्राम पुलिस पहुंची राजमहल
राजमहल। संवाददाता। हरियाणा के गुरुग्राम की पुलिस ने 02 आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर बुधवार को राजमहल थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। मिली जानकारी के अनुसार गुरुग्राम सदर थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय महिला की लाश को नाले में फेंक दिया गया था। पुलिस ने महिला की लाश का पोस्टमार्टम करवाया। शिनाख्त करने पर उक्त महिला की पहचान दिल्ली के महिपालपुर शालीमार बिल्डिंग निवासी अनिता के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबा कर अनीता की हत्या करने की पुष्टि हुई थी। इसके पश्चात पुलिस ने 10 फरवरी, 2017 को गुरुग्राम सदर थाना कांड संख्या 202 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। गुरुग्राम पुलिस को अनुसंधान के दौरान राजमहल थाना क्षेत्र के एक युवक की घटना में संलिप्तता की जानकारी मिली थी। जानकारी मिलने पर गुरुग्राम पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बीते 12 अक्टूबर को युवक को गिरफ्तार कर स्थानीय व्यवहार न्यायालय से रिमांड मिलने पर अपने साथ ले गई थी। इधर गिरफ्तार युवक से पूछताछ के आधार पर दो और लोगों को गिरफ्तार करने के लिए गुरुग्राम पुलिस राजमहल पहुंची और थाना क्षेत्र में छापामारी अभियान चलाया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस का अभियान जारी था। मौके पर गुरुग्राम सदर थाना के एसआई अर्जुन सिंह सहित स्थानीय पुलिस बल उपस्थित थे।
ट्रांसफॉर्मर क्वाइल चोरी मामले में प्राथमिकी
राजमहल। संवाददाता। थाना क्षेत्र के ढोलबज्जा एवं हल्दीगढ़ गांव में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए 11,000 वोल्ट विद्युत लाइन अवरुद्ध कर दोनों गांव में लगे अलग-अलग ट्रांसफॉर्मर के क्वाइल की चोरी बीते 14 अक्टूबर की रात्रि कर ली थी। मामले को लेकर कनीय विद्युत अभियंता चंदन कुमार ने पुलिस को बताया कि चोरों ने उक्त दोनों गांव में लगे 10 केवी क्षमता के 2 विद्युत ट्रांसफॉर्मर से क्वाइल की चोरी हुई है। जिससे विभाग को 30 हजार रुपये की क्षति हुई है। मामले को लेकर थाना कांड संख्या 268/23 के तहत अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विद्युत चोरी को लेकर 10 पर केस
राजमहल। संवाददाता। विद्युत ऊर्जा चोरी को लेकर विद्युत विभाग लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। कनीय विद्युत अभियंता चंदन कुमार के नेतृत्व में छापेमारी के दौरान थाना क्षेत्र के उमरअली टोला फुलवरिया एवं मनसिंघा के 10 लोग हुक लगाकर एवं विद्युत विच्छेद के बावजूद तार जोड़कर कर बिजली चोरी करते हुए पाया गया। मामले को लेकर उक्त लोगों के विरुद्ध कांड संख्या 269/23 के तहत विद्युत अधिनियम की धारा 135 एवं 138 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
मारपीट की शिकायत पर पुलिस ने की छानबीन
साहिबगंज। संवाददाता। जिरवाबाड़ी ओपी क्षेत्र के पोखरिया निवासी यशोदा देवी ने पुलिस से मारपीट की शिकायत की है। उन्होंने दिए आवेदन में बताया कि रोज की तरह अपनी दुकान आदित्य गारमेंट्स में अपने पुत्र गौरव कुमार व आदित्य के साथ बैठी हुई थीं। तभी दोपहर 12: 40 बजे 8-10 लोगों ने आकर गल्ला से ढ़ाई लाख रुपया व सोना का चेन छीन लिया। साथ ही दुकान का सामान इधर-उधर फेंक दिया। जिसमें कृष पासवान, सीटी पासवान, सुमन पासवान, चंदन पासवान, फेकू राय व अन्य शामिल थे। कृष, सीटी व सुमन पासवान कह रहे थे कि उन्हें छोटू पासवान ने उनके पुत्र गौरव व आदित्य का मारने का निर्देश दिया है। उक्त लोगों ने दुकान व मकान बेच कर उन्हें रुपया देने की बात भी कही। नहीं देने पर बर्बाद करने की धमकी देते हुए रिवाल्वर लहराते हुए भाग गए। उक्त लोगों ने मारपीट भी की। पीड़िता ने आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। इधर पुलिस ने दुकान पहुंच मामले की छानबीन की है।
खाने-पीने की सामग्री में मिलावट न करें, पब्लिक को शुद्ध, ताजा और स्वादिष्ट भोजन दें : सीएस
-शहर के सभी मिष्ठान भंडार, रेस्टोरेंट, होटलों में चलेगा छापेमारी अभियान, होगा सैंपल कलेकशन
साहिबगंज। संवाददाता। दुर्गा पूजा को देखते हुए फूड सेफ्टी ऑफिसर दिनेश कुमार मरांडी व सिविल सर्जन डॉ. अरविन्द कुमार ने बुधवार को शहर के बृजवासी मिष्ठान भंडार, न्यू रामाधार मिष्ठान भंडार, बमबम मिष्ठान भंडार सहित आधा दर्जन भर मिष्ठान भंडार में छापेमारी की। मिष्ठान भंडार का किचेन रूम, खानपान की चीजों को रखने वाले स्थान का जायजा लिया। वहीं गंदगी देखकर दुकानदारों को फटकार लगाई। सिविल सर्जन डॉ. अरविंद कुमार ने कहा कि साफ- सफाई पर विशेष ध्यान दें, खाद्य सामग्री को ढककर रखें, मक्खी न लगे। किचेन व पूरे स्टोर दुकान के आसपास को साफ-सुथरा रखें। फूड सेफ्टी ऑफिसर दिनेश मरांडी ने कहा कि दुकानदार ज्यादा कमाने के चक्कर में खाद्य सामग्री में मिलावट बिलकुल भी न करें। जिले वासियों को शुद्ध, ताजा व स्वादिष्ट खाद्य सामग्री दें। दुकान को पूरी तरह से हाईजेनिक रखें, मास्क, ग्लप्स, सिर में कैंप पहनकर भोजन सामग्री बनाएं। खाद्य सामग्री में मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एफएसएसएआई मार्क का ही कलर मिठाई में उपयोग करें। फूड ऑफिसर ने चमचम, रसगुल्ला, लड्डू, पेड़ा, बर्फी सहित सभी तरह की मिठाई का सैंपल कलेक्ट किया और बताया कि सभी सैंपल को रांची लैब जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद दुकानदार पर कड़ी कार्रवाई होगी। ज्ञात हो कि पहले दिन भी महाराजा मिष्ठान भंडार, कबूली महाराज मिष्ठान भंडार, प्रसादी पेड़ा भंडार सहित आधा दर्जन मिष्ठान भंडार में भी फूड सेफ्टी ऑफिसर ने छापा मारा था और सैंपल कलेक्शन किया था। मौके पर असित मंडल सहित अन्य थे।
सरदार बल्लभ भाई पटेल जयंती से पूर्व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन
साहिबगंज। संवाददाता। राजस्थान इंटर विद्यालय में बुधवार को सरदार बल्लभ भाई पटेल जयंती से पूर्व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन समाजसेवी सिद्धेश्वर मंडल की अध्यक्षता में हुआ। जिसमें बारदोली सत्याग्रह और सरदार की उपाधि विषय पर छात्र-छात्राओं के बीच भाषण प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में दर्जनों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग में यमुना दास चौधरी बालिका उच्च विद्यालय की छात्रा दिया कुमारी प्रथम, छात्रा अनन्या राय द्वितीय व सीएम उत्कर्ष कन्या उच्च विद्यालय पोखरिया की छात्रा अपूर्वा कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में पूर्व रेलवे उच्च विद्यालय के छात्र राहुल कुमार ने प्रथम, राजस्थान इंटर विद्यालय के छात्र अमित कुमार ने द्वितीय व राजस्थान इंटर विद्यालय के छात्र अनिकेत कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। समाजसेवी सिद्धेश्वर मंडल ने बताया कि 31 अक्टूबर को पटेल चौक पर पुरस्कार वितरण किया जाएगा। शिक्षक एवं शिक्षिका को सम्मानित भी किया जाएगा। मौके पर शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की बैठक
साहिबगंज। संवाददाता। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की बैठक बुधवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता में हुई। डीएलएसए से संबंधित विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा की गयी। समिति ने विचाराधीन कैदियों के संबंध में लिए गए अपने पहले के फैसलों की समीक्षा की गई। वहीं कुछ नए नामों की सिफारिश की गई। वहीं डॉक्टरों से चोट की रिपोर्ट समय पर न्यायालय में दाखिल नहीं करने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। समिति ने बिना किसी कारण के चोट रिपोर्ट तैयार करने में देरी करने वाले डॉक्टरों और जांच अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लिया। सिविल सर्जन को विशेष रूप से मामले को व्यक्तिगत रूप से देखने और दोषी डॉक्टरों या अन्य संबंधित अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। मौके पर डीसी रामनिवास यादव, एसपी नौशाद आलम, सचिव डीएलएसए धर्मेंद्र कुमार, सिविल सर्जन डॉ. अरविंद कुमार उपस्थित थे।
झामुमो ने दो पंचायतों में की जन सुनवाई व बैठक
बोरियो। संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के बिचपुरा पंचायत भवन एवं मोतीपहाड़ी पंचायत के बलसुंधिया विद्यालय के समीप झामुमो पंचायत स्तरीय बैठक सह जन सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू व सांसद प्रतिनिधि स्टीफन मुर्मू शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड उपाध्यक्ष रिजवान अंसारी ने किया। पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू ने कहा कि झामुमो की सरकार गरीबों के लिए कार्यक्रम इसलिए चला रही है ताकि लोगों तक सही तरीके से योजनाओं की जानकारी पहुंच सके। मौके पर सचिव गफ्फार अंसारी, प्रखंड उपाध्यक्ष रिजवान अंसारी, मीडिया प्रभारी हेमलाल हेंब्रम, बरहेट संगठन सचिव प्रिंस गुप्ता, मानवेल हांसदा, सकल मुर्मू, पंचायत अध्यक्ष विश्वनाथ बास्की, मुखिया किरण सोरेन, पंचायत सचिव अकबर अंसारी, श्यामलाल मरांडी, मरांग बेसरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
नव पदस्थापित बीडीओ ने की पहली बैठक
बोरियो। संवाददाता। प्रखंड कार्यालय के सभागार में नव पदस्थापित बीडीओ नागेश्वर साव ने प्रखंड कार्यालय के सभी पदाधिकारी व कर्मियों के साथ पहली बैठक की। बैठक में सर्वप्रथम सभी प्रखंड पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ परिचय प्राप्त किया एवं सभी कर्मियों को निष्ठा पूर्वक कार्य करने एवं समय पर कार्यालय आने का निर्देश दिया। मौके पर शिक्षा बीपीओ राजेश्वरी प्रसाद सिन्हा, कृषि विभाग के बीटीएम राज देव, प्रखंड समन्वयक मनीष कुमार रंजन, पंचायत सेवक राजेन्द्र साह, जयशंकर मिश्र जेई ब्रजकिशोर मालिक, सौरव कुमार सहित अन्य प्रखंड कर्मी मौजूद थे।
मनरेगा लोकपाल ने योजनाओं का किया निरीक्षण
तालझारी। संवाददाता। मनरेगा लोकपाल गोपी प्रसाद गुप्ता ने बुधवार को तालझारी प्रखंड क्षेत्र के तालझारी पंचायत क्षेत्र का भ्रमण कर मनरेगा से संचालित कई योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बागवानी, कुप योजना कार्य का निरीक्षण किया। वहीं लोकपाल गोपी प्रसाद गुप्ता ने तालझारी पंचायत भवन स्थित सभागार में मुखिया व पंचायत कर्मियों के साथ बैठक की। उन्होंने पंचायत सचिव व रोजगार सेवक को मनरेगा के तहत संचालित सभी योजनाओं को गुणवत्ता पुर्वक पूर्ण करने एवं योजना स्थलों पर बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। साथ ही मनरेगा के तहत योजनाओं के चयन, पारित करने एवं कार्य कराने की जानकारी दी। मौके पर मुखिया दुर्गा किस्कू, पंचायत सचिव सौरभ कुमार, रोजगार सेवक रेनुका रजक, एई राजीव रंजन, कपुरचंद तुरी व अन्य मौजूद थे।
थाना प्रभारी ने की बैठक
तालझारी। संवाददाता। बुधवार को सकरीगली दुर्गा मंदिर परिसर में तालझारी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सुधांशु की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष एवं सचिव के साथ बैठक हुई। बैठक में दुर्गा पूजा की तैयारी को लेकर चर्चा किया गया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सुधांशु ने प्रशासन की गाइडलाइन के आधार पर ही पर्व मनाने की बात कही।मौके पर अध्यक्ष कृपानाथ मंडल उर्फ बम बम मंडल, उपाध्यक्ष शिवजी गुप्ता, उपसचिव सुभाष मंडल, कोषाध्यक्ष आशीष रंजन सहित समिति के सदस्य उपस्थित थे।