जागरूकता कार्यक्रम चलाते आरपीएफ के अधिकारी व जवान
मधुपुर/संवाददाता। रेल मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर मधुपुर आरपीएफ के अधिकारी व जवानों ने मंगलवार को स्टेशन पर रेल यात्रियों के बीच जागरूकता अभियान चलाया। मौके पर आरपीएफ ने स्टेशन परिसर और सर्कुलेटिंग एरिया में यात्रियों के बीच रेलवे एक्ट के विभिन्न नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि ट्रेन में नशाखोरी से बचे। मानव तस्करी, बाल व महिला सुरक्षा कार्य प्रणाली के संबंध में बताया। यात्रियों को ट्रेन में ज्वलनशील पदार्थ लेकर नहीं चले, चलती ट्रेन पर पथराव नहीं करे, बिना किसी पर्याप्त कारण के अलार्म चेन नहीं खींचे। इससे रेल में सफर करने वाले अन्य रेल यात्रियों को परेशानी होती है। कहा कि सफर के दौरान बच्चे एवं महिला सुरक्षा के लिए हेल्प लाइन नंबर 139 पर फोन करे। आरपीएफ समुचित सहायता प्रदान करेगी। कहा कि आरपीएफ रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर हमेशा तत्पर है। मौके पर आरपीएफ के अधिकारी व जवान मौजूद थे।
सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आरपीएफ ने एकता व अखंडता की शपथ
राष्ट्रीय एकता व अखंडता की शपथ लेते आरपीएफ के अधिकारी व जवान
मधुपुर/संवाददाता। लौह पुरूष एवं आधुनिक भारत के निर्माता सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मधुपुर ने राष्ट्रीय एकता दिवस दिवस के रूप मे मनाया।
इस दौरान पोस्ट प्रभारी धर्मेन्द्र प्रसाद ने सरदार वल्लभ भाई पटेल जी के जन्म दिवस को समर्पित राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सभी का स्वागत करते हुए स्टेशन परिसर में राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाया। मौके पर अधिकारी, जवान, स्टेशन प्रबंधक एसके पाठक, रवि शेखर, टीटीई समेत कई रेलकर्मियों को शपथ दिलाई। जिसमें सभी ने कहा कि मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूं, जिसे सरदार बल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हूं। इसके पूर्व आरपीएफ के अधिकारी व जवानों ने एकता दौड़ का आयोजन किया। दौड़ स्टेशन परिसर से निकल कर विभिन्न रेल कॉलोनी होते हुए वापस स्टेशन पर समाप्त हुआ।
जयंती पर याद किये गये लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल
- आदर्शों पर चलने का लिया गया संकल्प
माल्यार्पण करते संघ के सदस्य
मधुपुर/संवाददाता। शहर के गांधी चौक स्थित पटेल चौक पर लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का जन्म उत्सव पर मंगलवार को पटेल सेवा संघ द्वारा सामूहिक रूप से पटेल की जयंती मनाई गई। मौके पर सेवा संघ के सदस्यों व कॉलेज की बच्चियों ने सामूहिक रूप से सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। मौके पर पटेल सेवा संघ के अध्यक्ष के केपी राय ने बताया की सरदार पटेल कहते थे कि राष्ट्रीय एकता से ही देश का विकास संभव है। हम उनके जीवन और विचारों से बहुत कुछ सीख सकते हैं। कहा कि हम सभी का दायित्व है कि एकता का संदेश देने वाले सरदार पटेल किसी न किसी गतिविधि से जरूर जुड़ेंगे। संघ के सचिव अनिल राव ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को हम सभी राष्ट्रीय एकता के रूप में मना रहे हैं। हमें उनके विचारों और आदर्शों पर चलकर नए अखंड भारत का निर्माण करना है। मौके पर चुन्नीलाल पटेल, सतीश पटेल, विशाल सिंह सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
शहादत दिवस पर याद की गयीं इंदिरा गांधी
पुष्प अर्पित करते कांग्रेसी
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं ग्राम स्थित कांग्रेस कार्यालय मंे इंदिरा गांधी का 39वां शहादत दिवस कार्यकर्ताओं ने मनाया। इस अवसर पर सभी लोगों ने इंदिरा गांधी की तस्वीर पर पूष्प-माला चढ़ाते हुए उनके बताये मार्गों पर चलने का संकल्प लिया।
प्रखंड अध्यक्ष संजीव चौधरी ने इंदिरा गांधी की जीवनी पर प्रकाश डालते कहा कि इंदिरा जी स्वतंत्र भारत की प्रथम महिला थी जिन्होंने सरकार गठन कर भारत का शानदार नेतृत्व किया। प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी बतौर कई राजनीतिक फैसले लिये। गरीबी हटाओ का नारा के साथ बीस सूत्री कार्यक्रम देश को दिया। 1971 में पाकिस्तान को युद्ध में हराकर बांग्ला देश निर्माण का श्रेय इंदिरा जी को ही जाता है।
मौक पर सागर दास, इमरान अंसारी, चन्द्रदेव दास, विष्णु, भीम, राजीव, परमेश्वर यादव, भूदेव तुरी, बाबू महतो, मगन पंडित, सोनू के अलावा अन्य लोग मौजूद थे।
पुण्यतिथि पर याद की गयी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी
सारठ/संवाददाता। सारठ चौक पर मंगलवार को देश के पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 39वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर सभी कांग्रेसी नेताओं ने उनके तस्वीर पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित कर उनकी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष नटराज प्रदीप ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने कार्यकाल में बहुत दमदार फैसले लिए, जिन्होंने पूरे देश में क्रांति ला दी थी। पंडित जवाहरलाल नेहरू की राजनीतिक विरासत को संभालते हुए इंदिरा गांधी ने गूंगी गुड़िया के तमगे को हटाया और दमदार महिला के रूप में खुद की पहचान बनाई और आज आयरन लेडी कहीं जाने वाली इंदिरा गांधी देश के लिए एक मिसाल बन गई। वहीं जिला सचिव सुभाष चन्द्र मंडल ने कहा कि इंदिरा गांधी आजाद भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं, जिन्होंने सरकार बनाई और पूरे भारत का नेतृत्व किया। वे अपने कार्यकाल में बहुत दमदार फैसले लिए, जिन्होंने पूरे देश में क्रांति ला दी थी। जवाहरलाल नेहरू की राजनीतिक विरासत को संभालते हुए इंदिरा गांधी ने कम उम्र में ही ब्रिटिश शासन के खिलाफ बच्चों की वानर सेना का गठन किया और 1938 में औपचारिक तौर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुई और पिता के राजनीतिक कार्यो में उनका हाथ बंटाने लगी और जवाहर लाल नेहरू के निधन होने पर कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी इंदिरा गांधी के हाथों में आई। लाल बहादुर शास्त्री के मंत्रिमंडल में वे सूचना एवं प्रसारण मंत्री रहीं। शास्त्री जी के निधन के बाद 1966 में वे देश के प्रधानमंत्री बनीं। उन्होंने अपने प्रधानमंत्री काल में बैंकों का राष्ट्रीयकरण, कांग्रेस का विभाजन, आपातकाल, पाकिस्तान से युद्व और बांग्लादेश की नींव रखने समेत अन्य कई अहम एवं दमदार फैसले भी लिये। मौके पर भवतारिणी शर्मा, अदनान मिर्जा, इकराम अंसारी उर्फ ईरानी, विश्वनाथ शर्मा, मो. इजाज, शांतनु शर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा झामुमो
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड मुख्यालय के समीप तेतरिया मोड़ के फुटबॉल मैदान में मंगलवार को झामुमो के जिला अध्यक्ष संजय शर्मा व सारठ के पूर्व प्रत्याशी रहे परिमल कुमार सिंह उर्फ भूपेन सिंह के नेतृत्व में बूथ कमेटी का गठन हेतु पंचायत कमेटी की एक बैठक की गयी। बैठक में बूथ कमेटी को सशक्त और मजबूत बूथ कमेटी गठन को लेकर कार्यकर्ताओं से विशेष चर्चा करते हुए एक रणनीति तैयार की गई, जिसमें प्रत्येक बूथ पर 25 सदस्यों का बूथ कमेटी के गठन करने का प्रस्ताव लिया गया, जिसमें 10 महिला सदस्य एवं 15 पुरूष सदस्य होेंगे। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं में हुंकार भरते हुए नेता परिमल कुमार सिंह ने कहा कि अभी से सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों को मजबूत करने में जुट जाएं और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विकास कार्यो को जन-जन तक पहुंचायें। साथ ही अंतिम पायदान पर खेड़े व्यक्तियों को चिह्नित करते हुए विकास कार्य को उन तक पहुुंचाने का काम करें, तभी हमारा क्षेत्र विकास की ओर अग्रसर हो सकेगा। मौके पर जिला उपाध्यक्ष इश्तियाक मिर्जा, प्रखंड अध्यक्ष लखेश्वर मुर्मू, सचिव अनिल सिंह, प्रखंड उपाध्यक्ष काउद अंसारी, प्रभु रवानी, युवा प्रखंड अध्यक्ष मनोज यादव, मीडिया प्रभारी सिकंदर अली मिर्जा उर्फ टोनी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
सेविका व सहियाओं के बीच चला जागरुकता अभियान
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर प्रखंड अंतर्गत सुगापहाड़ी गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देशानुसार 100 दिवसीय जागरूकता एवं आउटरीच अभियान में क्वेस्ट एलाइंस नेतृत्व में वीएलसीपीसी का बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में डालसा के ज्योति कुमारी द्वारा बाल संरक्षण कानून, बाल विवाह, बाल श्रम, चाइल्ड ट्रैफिकिंग, ड्रॉप आउट बच्चों की पहचान करने एवं नि:शुल्क कानूनी सलाह इत्यादि की जानकारी दी गई। बैठक में सेविका, सहिया, वार्ड सदस्य, एसजी सदस्य, प्रधानाध्यापक, गर्ल्स चैंपियन अंजुम आरा और संस्था के सहकर्मी शबाना खातुन समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
पहाड़िया गांव पहुंचकर बीडीओ ने की सुविधाओं की जानकारी
सारवां/संवाददाता। प्रखंड विकास पदाधिकारी रजनीश कुमार ने प्रखंड के आदिम जन जाति गांव मडवा एवं हेरलाडीह गांव में पहुंचकर पहाड़िया समुदाय के साथ बैठक की। मौके पर बीडीओ द्वारा ग्रामीणों से स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा, राशन के अनाज, सड़क, विधवा पेंशन के साथ अन्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराये जाने वाली सुविधा के संबंध में पूछताछ की गई। मौके पर उनके द्वारा संबंधित विभाग के पदाधिकारियों से उन लोगों को मुहैया करायी जाने वाली सुविधा की जानकारी ली गई। इस अवसर मड़वा में गंभीर रूप से बिमार महिला के ऑन द स्पॉट आयुष्मान कार्ड बनवाया गया। बीडीओ ने समुदाय के लोगों को आश्वस्त करते कहा किसी भी प्रकार की परेशानी हो तो बेहिचक मिले समस्या का निराकरण किया जायेगा। इस अवसर पर मुखिया सुलेखा देवी, खुशबू कुमारी के अलावा कल्याण पदाधिकारी विपीन कुमार सिंह, बीएओ विजय कुमार देव, जेएसएस विनोद कुमार दास, बीसीओ राजेंद्र कुमार, बीपीओ अनुप कुमार सहित पहाड़िया समुदाय के ग्रामीण उपस्थित थे।
मुंशी प्रेमचंद ग्रामीण पुस्तकालय में सरदार पटेल को किया गया याद
सारवां/संवाददाता। मंगलवार को जिले के सारवां हाई स्कूल मैदान में स्थित मुंशी प्रेमचंद ग्रामीण पुस्तकालय में भारत के लौह पुरुष और प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर पुस्तकालय के सदस्यों ने पटेल जी के देश में योगदान को लेकर चर्चा किया तथा उनके बताए गए मार्ग पर चलने का निर्णय लिया। इस अवसर पर पुस्तकालय के विकास कुमार, सुनील कुमार, छोटू कुमार, श्रवण कुमार, वीरू कुमार, परमेश्वर कुमार, शुभम कुमार, श्याम कुमार, रोहित कुमार, नरेश कुमार, सुधीर कुमार, सन्नी कुमार, रितेश कुमार आदि सदस्य उपस्थित थे।
एनजीटी की रोक समाप्ति के बाद सड़कों पर नाच रही मौत
- तेज रफ्तार ट्रैक्टर सड़क दुर्घटना का बन सकता है कारण
चितरा/संवाददाता। पिछले 15 अक्टूबर तक एनजीटी की रोक के बाद 16 अक्टूबर से नदी के विभिन्न आवंटित बालू घाटों से बालू खनन एवं ढुलाई निर्धारित समय सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक शुरू कर दी गई। इसके एवज में पंचायत स्तर पर एक सौ रूपए का चालान वाहन मालिकों को कटाना आवश्यक है। इधर एनजीटी की रोक समाप्ति के बाद बालू लोड ट्रैक्टरों का आवागमन सड़क पर इतनी तेज गति से की जा रही है कि मालूम नहीं कौन से अभागा राहगीर किस अनियंत्रित ट्रेक्टर के चपेट में आ जाए। दूसरी ओर ट्रेक्टर मालिक अधिक से अधिक बालू बेचने के फिराक में अपने चालकों से दिनभर में कई बार ट्रैक्टर को चलवाते हैं। ऐसे में आपाधापी की स्थिति बनी रहती है और बालू लोड ट्रैक्टरों का रिहायशी इलाकों में भी काफी तेज गति से आवागमन होती रहती है। ऐसी स्थिति में यह आशंका बनी हुई है कि ऐसे ही बालू लोड या फिर खाली ट्रैक्टरों का तेज रफ्तार पर अंकुश नहीं लगाया गया तो कभी भी बड़ी सड़क दुर्घटना हो सकती है।
अवैध बालू की भी हो रही ढुलाई : सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र अंतर्गत अजय नदी के बंदोबस्त घाटों के अलावा ऐसे कई अवैध बालू घाट भी है, जहां से अवैध तरीके से बालू का उठाव एवं ढुलाई की जा रही है। इससे विभाग को काफी राजस्व का नुकसान हो रहा है। इतना ही नहीं, नदी से बालू का दोहन भी किया जा रहा है।
इस संबंध में जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि अवैध बालू घाटों का लोकेशन मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जायेगी।
डीएवी में गांधी व पटेल को किया गया याद, दी गई श्रद्धांजलि
चितरा/संवाददाता। एसपी माइंस चितरा कोलियरी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में भारत के प्रथम महिला प्रधानमंत्री सोनिया गांधी व लौह पुरुष लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनके पुण्यतिथि में श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर प्राचार्य सहित उपस्थित शिक्षकों एवं सभी वर्ग के कक्षा नायकों ने उनके तस्वीरों पर श्रद्धासुमन अर्पित किया। बता दें की पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं देश के प्रथम गृहमंत्री रह चुके सरदार पटेल का जन्म 31 अक्टूबर, 1875 को नाडियाड में हुआ था। वहीं 31 अक्टूबर, 1984 को ‘आयरन लेडी’ के नाम से मशहूर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके ही अंगरक्षकों के द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस अवसर पर प्राचार्य अजय कुमार सिंह ने बताया कि भारत के एकीकरण में सरदार पटेल ने अविस्मरणीय भूमिका निभाई। उन्होंने 500 से ज़्यादा देशी रियासतों को भारत में शामिल करवाने में अमूल्य योगदान दिया।उनके अथक प्रयासों से ही हैदराबाद एवं जूनागढ को भारत में शामिल किया जा सका। वहीं दूसरी ओर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भारत को परमाणु शक्ति सम्पन्न देश बनाने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में बैंकों का राष्ट्रीयकरण हुआ, जिसका लाभ विशेष रूप से गरीब एवं निम्न मध्यम वर्ग के लोगों को मिला। इस अवसर पर इन महान विभूतियों के जीवन पर आधारित ‘क्विज’ एवं ‘भाषण’ प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं में समृद्धि, प्रज्ञा, प्रिया, स्नेहा, साजिया, स्वीटी, अयान, कुंदन, रणधीर, अर्णब, सुकन्या, प्रेम रंजन, अंकित, गौतम एवं वैभव शामिल थे। यह जानकारी शिक्षक सह मीडिया प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने दी।
कांग्रेसियों ने पूर्व पीएम को किया नमन
मारगोमुंडा/संवाददाता। प्रखंड कांग्रेस कमिटी, मार्गोमुंडा द्वारा मंगलवार को मार्गोमुंडा स्थित एक निजी आवास में आयरन लेडी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं अखंड भारत के निर्माता वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई गई। इस उनके तस्वीर पर पुष्प अर्पित किया। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष जय शंकर शरण, प्रखंड उपाध्यक्ष तस्लीम अंसारी, प्रखंड सचिव अब्दुल हमीद अंसारी, शाहबाज खान, हदीस अंसारी, अख्तर अंसारी आदि कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।
बुढ़ई पुलिस ने अवैध रूप से तस्करी कर ले जा रहे चार वाहनों में 30 मवेशियों को किया जब्त
- चार वाहनों के चालक हिरासत में, गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर अनुमंडल के बुढ़ई थाना की पुलिस ने बीती रात गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बिहार से तस्करी कर ले जा रहे चार वाहन मे कुल 30 मवेशी पकड़ा है।
पुलिस ने बताया की गुप्त सूचना मिली थी कि जमुई बिहार से होते हुए जमुवा के रास्ते जगदीशपुर की ओर पशु को अवैध रूप से चार वाहनों में तस्करी कर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर बुढ़ई बाजार के पास चारों वाहनों को पकड़ा गया। वाहन के चालक से मवेशी संबंधी कागजात की मांग की गई लेकिन किसी ने भी कागजात दिखाने में असमर्थता जतायी। चारों वाहनों को थाना लाया गया। जिसमें कुल 30 मवेशी जब्त किए गए हैं। जिसमें गाय 22, बछड़ा एक, भैंस 4 तथा कडरू 3 बरामद किया गया है। चारों वहां के चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जिसकी पहचान बिहार बक्सर जिला के नावानगर थाना निवासी रमेश पासवान , बिहार भोजपुर थाना के चरपोखरी निवासी विकास यादव , बिहार शाहपुर थाना के रानी सागर निवासी गुड्डू साह तथा बिहार बक्सर जिला के डुमराव निवासी धनु कुमार यादव शामिल है। वाहन संख्या बीआर 03 जीए 5804, बीआर 01 जीएम 2161, बीआर 03 जीए 5978 तथा डब्ल्यूूबी 25 के 5925 शामिल है।
बुढ़ई पुलिस ने बिना वैध कागजात के बिना अनुमति के अवैध रूप से क्रूरता पूर्वक गोवंशीय पशु तस्करी करने के आरोप में चार वाहन चालक सहित वाहन के मालिक के विरुद्ध प्राथमिक दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीडीओ ने की योजनाओं की समीक्षा
मारगोमुंडा/संवाददाता। प्रखंड कार्यालय सभागार में मंगलवार को बीडीओ जोहान टुडू की अध्यक्षता में प्रखण्ड कर्मियों की एक बैठक आयोजित हुई। इस दौरान बीडीओ ने पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांव में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को पंचायत वार संबंधित कर्मियों से समीक्षा करते हुए संचालित कार्य में त्रुटि देखते हुए जमकर फटकार लगाते हुए कार्य शैली में सुधार कर कार्यों को भौतिक स्थल पर गुणवत्ता पूर्ण तरीके से करने का सख्ती से निर्देश दिया। मौके पर बीपीओ सुनील मुर्मू, जेई, एई सहित सभी पंचायतों के पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवक मौजूद थे।
मधुपुर कॉलेज में एकता दिवस पर दौड़ का आयोजन
मधुपुर/संवाददाता। देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता की मिसाल कायम करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-3 के तत्वावधान में मधुपुर महाविद्यालय द्वारा प्रभारी प्राचार्य डॉ रत्नाकर भारती की अध्यक्षता में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया| इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ लेते हुए राष्ट्रीय एकता दौड़ में भाग लिया तथा पटेल चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस कार्यक्रम में विजेंद्र तुरी, अनीता गुआ हेम्ब्रम, महेंद्र एक्का, प्रेम रोशन एक्का, डॉ अश्वनी कुमार, होरेन हांसदा,रंजीत कुमार प्रसाद, डॉ उत्तम शुक्ला, आशुतोष कुमार, शिवनंदन राय, मुजम्मिल हुसैन, तबस्सुम अंसारी, अंशु श्रीवास्तव, आशुतोष लाला, दिवाकर प्रसाद, बच्चू प्रसाद राय, प्रियतोश लाला, रेखा कुमारी, कोमल कुमारी, संगीता, शगुफ्ता परवीन, आपसीम परवीन, हिमांशु शेखर, उदय कुमार, रूबल कुमार समेत सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने एकता दौड़ में भाग लिया।
सेविका और सहायिका का हुआ चयन
पालोजोरी/संवाददाता। आमसभा के माध्यम से मगंलवार को एक आंगनबाड़ी केन्द्र में सेविका और एक में सहायिका का चयन किया गया। चयन समिति की तरफ से सीडीपीओ कुमारी ऋतु, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, एएनएम, शिक्षक सहित सदस्यों की मौजूदगी में आयोजित आमसभा में बरदडूबा आंगनबाड़ी केंद्र मे आशा खातून का सेविका एवं बेदगांवा नवाडीह में सम्मा परवीन का सहायिका के के रूप में चयन हुआ। दोनों को चयन समिति की तरफ से चयन पत्र दिया गया। मौके पर मुखिया नौशाद हक, सालखून बीवी, पंसस उत्तम राय, लीना दत्ता, एलएस अंजनी देवी, रेखा देवी आदि मौजूद थे।
सगराजोर पंचायत में बीडीओ ने किया योजनाओं का निरीक्षण
पालोजोरी/संवाददाता। बीडीओ अमीर हमजा ने मगंलवार को सगराजोर पंचायत में कई योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सगराजोर और बेदिया गांव में मनरेगा और पीएम आवास योजनाओं को देखा और क्षेत्रीय कर्मियों को कड़ा निर्देश देते हुए ससमय कार्यों को पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने बीपीओ हेलेना हेंब्रम को नियमित रूप से मनरेगा योजनाओं की जमीनी हकीकत की पड़ताल करने का निर्देश दिया। बीडीओ ने बताया कि उनका निरीक्षण विभिन्न पंचायतों में नियमित रूप से चलता रहेगा। योग्य लाभुकों को योजनाएं मिले और प्रावधान के अनुरूप योजनाओं का काम जमीन पर हो, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। सगराजोर पंचायत में हुए निरीक्षण के बाद संबंधित कर्मियों को स्पष्टीकरण पूछा जा रहा है।