काजल ने अपने कैटेगरी में 400 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान प्राप्त की
चित्तरंजन। संवाददाता। चित्तरंजन की काजल कुमारी ने 23वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में अपनी शानदार प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक जीता। यह चैम्पियनशिप 17 फरवरी से 20 फरवरी तक चेन्नई में आयोजित की गई थी। काजल कुमारी ने अपने कैटेगरी में 400 मीटर दौड़ में तीसरे स्थान प्राप्त किया, जिससे उन्हें कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। उनके कोच मनोज कुमार ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया और कहा कि काजल की मेहनत और समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। काजल कुमारी की यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे चित्तरंजन के लिए गर्व की बात है। उनकी इस सफलता ने यह साबित किया है कि अगर किसी के पास मेहनत, समर्पण और संघर्ष की भावना हो, तो वह किसी भी मुकाम तक पहुंच सकता है। काजल कुमारी को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देने के लिए चित्तरंजन के लोगों ने उन्हें सम्मानित किया। उनके कोच मनोज कुमार ने भी उनकी इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया और कहा कि वे काजल की आगे की प्रगति के लिए आशावादी हैं।
चेंगायडीह में झामुमो का संगठन विस्तार, पंचायत कमेटी का पुनर्गठन
जामताड़ा। संवाददाता। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जामताड़ा जिले के चेंगायडीह पंचायत में अपने संगठनात्मक विस्तार के तहत पंचायत कमेटी का पुनर्गठन किया। संयोजक मंडली सदस्य आनंद टुडू और झामुमो नेता सह 15 सूत्री सदस्य डॉ. अब्दुल मन्नान अंसारी की उपस्थिति में नई कमेटी का गठन किया गया। इस दौरान पंचायत के विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। पंचायत अध्यक्ष जमाल अंसारी, सचिव मोहम्मद यूसुफ अंसारी कोषाध्यक्ष रोहिणी मरांडी उपाध्यक्ष शब्बीर अंसारी, महफूज अंसारी, प्रवक्ता विनोद मंडल, संगठन मंत्री सुधीर हांसदा को बनाया गया। वहीं कार्यकारिणी सदस्य गफूर अंसारी, आफताब अंसारी, सद्दाम अंसारी, बैलाल अंसारी, मुस्तफा अंसारी, लाकिन अंसारी, साईद अंसारी, मंसूर अंसारी, आशिक अंसारी, सिकंदर अंसारी, जसीम अंसारी, इरफान अंसारी, अनरूद्दीन अंसारी, मोहम्मद सलाउद्दीन अंसारी का चयन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। झामुमो नेता डॉ. अब्दुल मन्नान अंसारी ने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना और समाज में समानता, न्याय व विकास को बढ़ावा देना है। इस पुनर्गठन के दौरान झामुमो सदस्यता अभियान को भी गति दी गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे झामुमो का जनाधार पंचायत स्तर पर और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस आयोजन में सिकंदर अंसारी, फिरोज अंसारी, साजिद अंसारी समेत कई अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
डीएवी स्कूल के प्राचार्य को उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य के लिए किया गया सम्मानित
संथाल परगना प्रमंडल में डीएवी जामताड़ा अव्वल रहे
जामताड़ा। संवाददाता। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार की ओर से सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा के प्राचार्य डॉ विजय कुमार को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य के लिए सम्मानित किया गया। संथाल परगना प्रमंडल, दुमका के क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक डॉ गोपाल कृष्ण झा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। हालांकि यह सम्मान विगत गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर दिया जाना था परन्तु कतिपय कारणों से शुक्रवार को उन्हें प्रदान किया गया।
डॉ गोपाल कृष्ण झा ने प्राचार्य डॉ विजय कुमार को प्रशस्ति पत्र देते हुए कहा कि सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा केवल जिले में ही नहीं बल्कि पूरे संथाल परगना प्रमंडल में अव्वल है। शुरू से ही यह विद्यालय जिला स्तर पर अव्वल रहा है और अब अनुभवी प्राचार्य डॉ विजय कुमार के कुशल नेतृत्व में यह विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिदिन नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
प्राचार्य डॉ विजय कुमार ने डॉ झा को धन्यवाद देते हुए यह आश्वासन दिया कि डीएवी, जामताड़ा भविष्य में जिला और प्रमंडल स्तर से ऊपर उठकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाएगा। समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ शिक्षकेत्तर कर्मचारी भी उपस्थित थे।
साइबर पुलिस ने कजरा जंगल से 8 साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी जानकारी
18 मोबाइल, 28 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, एक मोटरसाइकिल, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक वोटर कार्ड व 27,200 नगद बरामद
जामताड़ा। संवाददाता। पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वाकरीब को गुप्त सूचना मिली कि कुछ साइबर अपराधी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कजरा जंगल में सक्रिय होकर साइबर क्राइम को अंजाम दे रहे हैं। उसी सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी की गई, जिसमें आठ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आठ अपराधियों में विवेक दास, हेमंत दास, समर दास, अमित दास, श्रीनाथ दास, सचिन कुमार मंडल, सुमन कुमार मंडल, विकास कुमार पासी शामिल हैं। वही पुलिस ने इन आठ अपराधियों के पास से 18 मोबाइल फोन, 28 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, एक मोटरसाइकिल, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक वोटर कार्ड और 27,200 नगद बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक ने जामताड़ा साइबर थाना में शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि ये सभी अपराधी फोन कॉल के माध्यम से कैशबैक का लालच देकर ठगी करते थे। उन्होंने कहा कि जिले में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की टीम लगातार सक्रिय है। इसके अलावा, उन अपराधियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है जो जेल से छूटने के बाद दोबारा साइबर अपराध में लिप्त हो रहे हैं। ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और उन्हें नियमित रूप से थाने में हाजिरी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में साइबर अपराध पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है और आगे भी ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा। वही इन आठों साइबर अपराधियों के वरुद्ध साइबर थाना में कांड सख्या 15/25 दर्ज करते हुए न्याय हिरासत में भेजा गया।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का फूंका पुतला
10वीं बोर्ड के पेपर लीक मामले की हो निष्पक्ष जांच
दोषियों पर कार्रवाई नहीं तो होगा उग्र आंदोलन : अभाविप
जामताड़ा। संवाददाता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक चंदन रजक के नेतृत्व में शुक्रवार को शहर के मां चंचला चौक में दसवीं बोर्ड के परीक्षा स्थगित करने पर एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करने के विरोध में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा का पुतला फूंका गया। मौके पर जिला संयोजक चंदन रजक ने बताया कि झारखंड बोर्ड 10वीं की परीक्षा में हिंदी और विज्ञान के पेपर लीक मामले को लेकर अभाविप के कार्यकर्ताओं द्वारा जैक अध्यक्ष से मिल कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग के लिए ज्ञापन देने गए थे। उसी दरमियान छात्र विरोधी सरकार की ओर से अभाविप के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया। साथ ही, प्रदेश सहमंत्री ऋतुराज सहदेव, सौरभ यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभाविप के कार्यकर्ताओं की ओर से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करना एक जायज कदम है। इसके विरोध में छात्रों पर लाठीचार्ज होना और परिषद के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करना, यह न केवल अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है बल्कि सरकार की असफलता को छिपाने का प्रयास भी प्रतीत होता है। इसी बीच जिला सहसंयोजक संजय मंडल ने बताया कि सरकार और प्रशासन को छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, न कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना चाहिए। छात्रों की आवाज़ को दबाने की बजाय, उनकी चिंताओं का समाधान निकालना ही लोकतांत्रिक व्यवस्था के हित में होगा। अत: इस घटना की निष्पक्ष जांच और गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की रिहाई जल्द से जल्द करें। अन्यथा विद्यार्थी परिषद पूरे शहर में प्रदर्शन करेगी, जिसकी सारी जवाबदेही झारखंड सरकार की होगी। मौके पर उपस्थित विभाग प्रमुख संजीव दुबे, प्रदेश जनजातीय सह् प्रमुख किशोर सोरेन, विश्वविद्यालय संयोजक आकाश साव, जिला सहसंयोजक संजय मंडल, नगर मंत्री प्रकाश यादव, नगर सह मंत्री राहुल लाल, पवन मंडल, सोनू करमाकर, छोटू कुमार, कृष्ण दास, विशाल कुमार सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कोयला लदा पिकअप जब्त, एक कारोबारी गिरफ्तार
कुंडहित। संवाददाता। शुक्रवार को अहले सुबह बागडेहरी पुलिस ने थाना क्षेत्र के चंद्रबाद मोड़ पर अवैध कोयला लदा पिकअप वैन को जब्त कर लिया। मौके पर पुलिस टीम ने कारोबारी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार माफियाओं द्वारा झारखंड से कोयला तस्करी कर बंगाल ले जाने का कारोबार जोर शोर से चलाया जा रहा है। इसी बीच शुक्रवार की अहले सुबह बागडेहरी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चंद्रबाद से होते हुए अवैध कोयला तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर जब बागडेहरी पुलिस ने अहले सुबह चंद्रबाद मोड़ पर वाहनों की जांच की तो एक पिकअप वैन में अवैध कोयला लोड पाया गया। मौके पर ही पिकअप वैन को जब्त कर लिया गया। हालांकि वाहन के साथ मौजूद दो माफिया कारोबारी पुलिस की आंखों में धुल झोंक कर मौके से फरार होने में सफल रहे और सिर्फ एक कारोबारी धराया। मामले में बागडेहरी पुलिस के द्वारा विक्रमपुर निवासी कोयला माफिया सलमान खान, सजारूल खान, रिजाफुल खान के विरुद्ध थाना कांड संख्या 3/ 25 दर्ज किया गया है। वही गिरफ्तार किए गए कोयला माफिया सलमान खान को मेडिकल चेकअप के उपरांत जामताड़ा जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध कारोबार किसी भी सूरत में नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर क्षेत्र में कहीं कोई गलत का अवैध कारोबार हो रहा हो तो तत्काल पुलिस को उसकी जानकारी दें ताकि अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।
पत्नी को भरण पोषण नहीं देने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
कुंडहित। संवाददाता। शुक्रवार को कुंडहित पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार कर जामताड़ा जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, कुंडहित पुलिस ने थाना क्षेत्र के सालदाहा गांव के रहने वाले धनंजय राउत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गौरतलब है कि फरार आरोपी धनंजय राउत की पत्नी ममता देवी की ओर से भरण पोषण के लिए फैमली कोर्ट में मामला दर्ज किया गया था। विगत 17 महिने से भरण पोषण नहीं देने के कारण कोर्ट से वारंट जारी किया गया था। शुक्रवार को कुंडहित पुलिस ने सालदाहा गांव से धनंजय रावत को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
चौबीस पहर अखंड हरिनाम संकीर्तन समापन
बिंदापाथर। संवाददाता। शुक्रवार को फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र के बानरनाचा पंचायत अंतर्गत बाघमारा गांव स्थित अति प्राचीन श्री श्री 108 दुबे बाबा मंदिर परिसर में आयोजित चौबीस प्रहर अखंड हरिनाम संकीर्तन कुंजविलास एवं नर नारायण सेवा के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड अन्तर्गत हाथधरा गांव के प्रसिद्ध कीर्तन शिल्पी काजल चंद ने मर्मस्पर्शी कीर्तन तथा भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को घंटो तक मोहित कर रखा। उन्होंने राधा एवं कृष्ण के आकर्षक वेशभूषा में नृत्य गीत के साथ भगवान द्वारा बृंदावन में किए गए लीला का बखान किया। कहा कि जिस जगह में कृष्ण भगवान के लीला कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है वहां की भूमि वृंदावन स्वरूप माना जाता है। इस दौरान गोरांग लीला व कृष्ण लीला का वर्णन करते रहे। कीर्तन प्रसंग के साथ-साथ उन्होंने लोक शिक्षा, जीव की मुक्ति के लिए भगवान का अनमोल उपदेश तथा सदाचार, सद्बुद्धि के बारे में भी नृत्य गीत के माध्यम से श्रोताओं को बताया। कीर्तनया काजल चंद ने भगवान श्रीकृष्ण की कुंज विलास लीला का वर्णन करते हुए कहा कि किसी हरिबासर में कीर्तन के अंतिम रात्रि में रासलीला का वर्णन किया जाता है उसके पश्चात अगले दिन कीर्तन समापन के अवसर पर भगवान का कुंज विलास लीला का वर्णन करने की परंपरा है। कीर्तन शिल्पी काजल चंद ने गुरुवार रात्री को महारास लीला प्रसंग का मधुर वर्णन किया। इस मार्मिक प्रसंग का व्याख्यान करते हुए कहा की गोपियों ने भगवान श्रीकृष्ण से उन्हें पति रूप में पाने की इच्छा प्रकट की। भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों की इस कामना को पूरी करने का वचन दिया। अपने वचन को पूरा करने के लिए भगवान ने महारास का आयोजन किया। इसके लिए शरद पूर्णिमा की रात को यमुना तट पर गोपियों को मिलने के लिए कहा गया। सभी गोपियां सज-धज कर नियत समय पर यमुना तट पर पहुँच गईं। उनकी बांसुरी की सुरीली धुन सुनकर सभी गोपियां अपनी सुध-बुध होकर कृष्ण के पास पहुंच गईं। उन सभी गोपियों के मन में कृष्ण के नजदीक जाने, उनसे प्रेम करने का भाव तो जागा लेकिन यह पूरी तरह वासना रहित था। इसके बाद भगवान ने रास आरंभ किया। माना जाता है कि वृंदावन स्थित निधिवन ही वह स्थान है, जहां श्रीकृष्ण ने महारास रचाया था। यहां भगवान ने एक अद्भुत लीला दिखाई। जितनी गोपियां थीं, उतने ही श्रीकृष्ण के प्रतिरूप प्रकट हो गए। सभी गोपियों को उनका कृष्ण मिल गया और दिव्य नृत्य एवं प्रेमानंद शुरू हुआ। श्रीकृष्ण ने अपने हजारों रूप धरकर वहां मौजूद सभी गोपियों के साथ महारास रचाया लेकिन एक क्षण के लिए भी उनके मन में वासना का प्रवेश नहीं हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर चार दिन तक बाघमारा के अलावा बामनबांधी, बेजबिंधा, केन्दुआटांड़, आसना, बानरनाचा, जोरडीहा, आंगुठीया सहित आसपास क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। कीर्तन अनुष्ठान के अंत में श्रद्धालुओं के बीच भगवान के जयकारा लगाते हुए खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया जिसमें सैकड़ों महिला पुरुष भक्त शामिल हुए। इस धार्मिक कार्यक्रम की सफलता एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए दुबे बाबा मंदिर मुख्य पूजारी बलहरी पंडा, पंडा राजा बाबू , बिष्णुकान्त पंडा ने सक्रिय भूमिका निभाई है।
देवलेश्वरधाम में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां जोरों पर
नाला। संवाददाता। जामताड़ा जिला का प्रमुख धार्मिक स्थल देवलेश्वर धाम में शिवरात्रि महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर है। 26 फरवरी से प्रारंभ होने वाला इस चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालु, श्रोता भक्त एवं मेला प्रेमियों में अपार उत्साह बना हुआ है। इस अनुष्ठान के संबंध में मंदिर प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष राम हांसदा एवं समीर कुमार नंदी से मिली जानकारी के अनुसार इस बार झारखंड के ललिता दास, अंतरा घोष, सुचित्रा माजी, तथा पश्चिम बंगाल के राधारानी पान, झुमुर दास, संतोष अधिकारी, श्रेया घोष, कृष्ण दास, पूजा देवासी, कोयल धीवर, शुभजीत बनर्जी, तिथि भट्टाचार्य समेत लगभग दो दर्जन कीर्तन शिल्पियों की टीम शिरकत करेंगे। जानकारी हो कि इस धार्मिक अनुष्ठान में बंगाल-मालदा के पुतुल बर्मन एवं वर्धमान के नूपुर देवनाथ जैसे प्रसिद्ध लोकगीत, बाउल शिल्पी मुख्य रूप से भाग लेंगे। उक्त धार्मिक अनुष्ठान शुरू होने में अब महज पांच दिन का समय शेष रह गया है। ऐसे में बाबाधाम में शिव बारात शोभा यात्रा निकालने के लिए जहां आवश्यक तैयारियां जोरों पर है। वहीं भजन कीर्तन अनुष्ठान के साथ-साथ परिसर में झूला सर्कस, मीना बाजार तथा दोनों राज्यों से भिन्न-भिन्न दुकानदारों का आगमन शुरू हो गया है। गौरतलब है कि जिला प्रसिद्ध इस धार्मिक स्थल में चार दिन के लिए शिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर झारखंड एवं बंगाल के निकटवर्ती क्षेत्र से रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु, श्रोता भक्त एवं मेला प्रेमी पहुंचते हैं।
बीडीओ ने किया गड़जोड़ी में विकास योजनाओं का निरीक्षण
कुंडहित। संवाददाता। शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा ने गड़जोड़ी पंचायत के विभिन्न गांव में विकास योजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गड़जोड़ी पंचायत अंतर्गत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत विभिन्न योजनाओं जैसे बिरसा हरित ग्राम योजना, तालाब निर्माण एवं सिंचाई कुप का निरीक्षण किया गया। साथ ही, निर्गत मास्टर रोल के साथ कार्यस्थल पर कार्यरत मजदूरों का मिलान किया गया एवं सभी संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे विभागीय मानकों के अनुरूप योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध रूप से पूरा करें। उन्होंने खासतौर पर इस बात पर जोर दिया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उक्त निरीक्षण के क्रम में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) गोविंद प्रसाद घोष, कनीय अभियंता, रोजगार सेवक सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।