साहिबगंज। संवाददाता। सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के कुलपति प्रो डॉ विमल प्रसाद सिंह के कार्यालय में साहिबगंज महाविद्यालय के रसायन शास्त्र, स्नातकोत्तर के विभागध्यक्ष डॉ अनिल कुमार की रचित पांच पुस्तकों का विमोचन किया गया। जिसमें मास्टरिंग केमिस्ट्री: ए कॉम्प्रिहेंसिव अप्रोच, ए टेक्स्टबुक ऑफ ग्रीन केमेस्ट्री, एडवांसेज इन केमेस्ट्री रिसर्च, ए टेक्स्टबुक ऑफ इनऑर्गनिक पॉलिमर केमिस्ट्री शामिल हैं। इस दौरान कुलसचिव डॉ राजीव कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ जय कुमार साह, परीक्षा ओएसडी डॉ इंद्रनील मंडल, विज्ञान संकायाध्यक्ष सह रसायन शस्त्र विभागध्यक्ष डॉ संजय कुमार सिंह उपस्थित थे। कुलपति ने डॉ अनिल कुमार को अपने शोध कार्य में और अधिक तन्मयता से कार्य में लगे रहने को कहा। वहीं उनकी लिखी पुस्तक की सराहना की। डॉ अनिल कुमार ने बताया कि उपरोक्त सभी पुस्तक स्नातक, स्नातकोत्तर, शोध कार्य, नेट, गेट, मेडिकल के छात्रों के लिए उपयोगी है। ज्ञात हो कि डॉ कुमार के 120 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हैं। वहीं कुल मिलकर 24 पुस्तक प्रकाशित हैं। जिसके लिए उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्मानों एवं अवार्ड से सम्मानित किया गया है। मौके पर डॉ अब्दुस सत्तार, स्नातकोत्तर के छात्र अभिषेक आनंद, ऐश्वर्या प्रकाश, स्नातक के छात्र ऋषभ राज व अन्य मौजूद थे।
फसलों की बेहतर पैदावार के लिए कीटों का प्रबंधन जरूरी: अमृत
कीटनाशक विक्रेताओं को फसल सुरक्षा के लिए दिया गया प्रशिक्षण
साहिबगंज। संवाददाता। संयुक्त जिला कृषि भवन परिसर स्थित आत्मा सभागार में सोमवार को फसल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत कीटनाशक विक्रेताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। इसका उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का और कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान सह वरिष्ठ वैज्ञानिक अमृत कुमार झा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण सत्र में कीटनाशकों के प्रकार, उनके उपयोग, मोड ऑफ एक्शन और खरीफ एवं रबी की प्रमुख फसलों धान, गेहूं, मक्का, चना, मटर व अन्य फसल में लगने वाले कीट व्याधियों की पहचान एवं उनके प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई। वैज्ञानिक अमृत कुमार झा ने कहा कि फसलों के बेहतर पैदावार के लिए कीटों का प्रबंध जरूरी है। जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का ने समेकित कीट-व्याधि प्रबंधन के महत्व को रेखांकित किया। तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय, गोड्डा की सहायक प्रोफेसर डॉ अजिता सोरेन ने मित्र कीट और हानिकारक कीटों की पहचान और उनकी रोकथाम पर विस्तृत जानकारी दी। जिला उद्यान पदाधिकारी अमितेश रंजन ने फल एवं सब्जियों में कीट व्याधि प्रबंधन पर जानकारी दी। जबकि जिला कृषि पदाधिकारी ने खाद और कीटनाशकों के गलत प्रयोग एवं अवैध बिक्री पर रोकथाम की जरूरत पर बल दिया। मौके पर जिला योजना एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अरुण कुमार भोगता, जिला कृषि अभियंता राम प्रकाश कुमार, उप परियोजना निदेशक आत्मा मंटू कुमार, बीटीएम कंचन कुमार सुमन, आत्मा कंप्यूटर ऑपरेटर कृष्ण कुमार सिंह सहित 30 कीटनाशक विक्रेता उपस्थित थे।
दिवंगत सुमित शर्मा को दी गई श्रद्धांजलि
राजमहल। संवाददाता। नगर पंचायत कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत सुमित शर्मा की मृत्यु सड़क दुर्घटना में हो गई थी। रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय में कार्य शुरू होने के पूर्व दिवंगत सुमित शर्मा को श्रद्धांजलि दी गई। नगर प्रशासक स्मिता किरण के नेतृत्व में कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मियों ने सुमित शर्मा के तैल्य चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर तथा 2 मिनट का मौन रख दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। मौके पर कनीय अभियंता गौतम मंडल, मो फैजल, प्रधान सहायक दिनेश मंडल, शशि आनंद, नीरज मुखर्जी, संदीप साहा, वरुण हलदार, मो फैयाज, दशरथ हलदार व अन्य उपस्थित थे।
5144 परीक्षार्थियों ने दी इंटर की परीक्षा
साहिबगंज। संवाददाता। झारखंड अधिविध परिषद की ओर से आयोजित बारहवीं बोर्ड की परीक्षा में सोमवार को दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक जिला के 16 परीक्षा केंद्रों में जियोलॉजी ओर ज्योग्राफी विषय की परीक्षा हुई। जिसमें कुल 5202 परीक्षार्थियों में 5144 अभ्यर्थी उपस्थित व 58 अनुपस्थित हुए। डीईओ दुर्गानंद झा ने बताया कि परीक्षा कदाचार मुक्त व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बोरियो। संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के बोरियो संथाली पंचायत के जीरूल चौक से गिलान टोला लगभग एक किलोमीटर तक सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि प्रखंड मुख्यालय से महज 2 किलोमीटर दूरी पर कच्ची सड़क होने से आए दिन उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बरसात में चलना-फिरना दूभर हो जाता है। पक्की सड़क नहीं होने से गांव में चार पहिया वाहन नहीं आ पाता है। गर्भवती महिलाओं व मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी काफी मशक्कत उठानी पड़ती है। राजकुमार मड़ैया व बबलू सोरेन ने बताया कि कई बार इसकी आवाज उठाई गई। लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब मांग पूरी नहीं हुई तो मजबूरन सड़क पर उतर कर चक्का जाम करेंगे। मौके पर राज कुमार मड़ैया, बबलू सोरेन, पूरलय हेंब्रम, रामजीत मुर्मू, सुनील टुडू, राधा टुडू, मंगल चौंडे, चंद्राय हेंब्रम, मकलू सोरेन, माइका मरांडी, संझली मुर्मू, मांझन हंसदा, मंझली मरांडी सहित अन्य मौजूद थे।
प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन
मंडरो। संवाददाता। मिर्जाचौकी स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में सोमवार को प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने आधुनिक तकनीक से जुड़े एक से बढ़कर एक मॉडल बनाए। प्रथम स्थान मॉडल स्कूल मंडरो, द्वितीय स्थान यूएचएस श्रीरामचौकी एवं तृतीय स्थान यूएचएस मिर्जाचौकी को दिया गया। वहीं क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान यूएचएस श्री रामचौकी, द्वितीय यूएचएस मिर्जाचौकी व तृतीय मॉडल स्कूल मंडरो को पुरस्कृत किया। मौके पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनीष कुमार, बीआरपी क्लाइमेट सोरेन, मोहम्मद सनाउल्लाह अंसारी, शिक्षकों में मोहम्मद शहादत अंसारी व राज कुमार महतो व अन्य मौजूद थे।