महेशपुर/संवाददाता। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना सर्वे को लेकर सोमवार को महत्वपूर्ण बैठक हुई। बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव ने कहा कि एक परिवार से एक ही व्यक्ति को योजना का लाभ मिलेगा। बीडीओ ने बताया कि कई शिकायतें मिली हैं जहां एक ही परिवार के दो से चार सदस्य योजना का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने ऐसे लाभार्थियों की पहचान कर रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया। इससे उनके भुगतान पर रोक लगाई जा सकेगी। योजना के नियमों के अनुसार पति-पत्नी और नाबालिग को लाभ नहीं मिलेगा। साथ ही जो लाभार्थी लंबे समय से बाहर रह रहे हैं उनकी भी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। सर्वे का काम 25 अप्रैल तक पूरा करना है। बैठक में एटीएम शांतनु शील, अभिजीत शील, अंचल निरीक्षक उपेंद्र यादव और कृषक मित्र मौजूद थे।
लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम अनाज देने वाले डीलरों पर होगी कार्रवाई : बीएसओ
हिरणपुर/संवाददाता। प्रखंड सभागार में सोमवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संतोष कुमार की अध्यक्षता में डीलरों के साथ समीक्षात्मक बैठक हुई। राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। बीएसओ ने कहा कि कार्डधारियों का ई-केवाईसी 30 अप्रैल तक अनिवार्य है। सभी डीलरों को 25 अप्रैल तक यह कार्य पूरा करना होगा। फरवरी और मार्च में राशन वितरण में कमी के कारण 20 डीलरों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधिकारियों ने डीलरों को 30 अप्रैल तक लाभार्थियों के बीच चना वितरण का निर्देश दिया। साथ ही लगातार 3-4 महीने तक राशन नहीं उठाने वाले लाभार्थियों की पहचान करने को कहा। जीएसटी बिल जमा करने वाले, आयकर दाता, चार पहिया वाहन मालिक और मृत व्यक्तियों के नाम राशन कार्ड से हटाए जाएंगे। राशन दुकानों को गुलाबी रंग से रंगवाना और सूचना पट्ट लगाना अनिवार्य किया गया है। बीएसओ ने चेतावनी दी कि लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम अनाज देने वाले डीलरों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कई डीलर उपस्थित थे।
डॉक्टर ने 57 बच्चों का किया स्वास्थ्य परीक्षण
महेशपुर/संवाददाता। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत महत्वपूर्ण पहल की गई। डॉ. अंजनी कुमार भगत ने सोमवार को प्रखंड के अमृतपुर और दुबराजपुर के विद्यालयों का दौरा किया। डॉक्टर ने 57 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान शून्य से 15 वर्ष की आयु के बच्चों की विस्तृत जांच की गई। परीक्षण में जन्म से संबंधित रोग, विकार, एनीमिया और सामान्य स्वास्थ्य की जांच शामिल थी। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद जरूरतमंद बच्चों को दवाइयां वितरित की गईं। कार्यक्रम में एएनएम उषा बेला मुर्मू और दोनों विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित थे।
कलश यात्रा के साथ 51 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ की हुई शुरूआत
-21 से 24 अप्रैल तक चलने वाले महायज्ञ की तैयारी पूरी
पाकुड़/संवाददाता। शहर स्थित सिंधी धर्मशाला में गायत्री परिवार की ओर से आयोजित 51 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ की शुरूआत कलश यात्रा के साथ हुई। तेज धूप के बीच सोमवार को शिव शीतला मंदिर से निकली यात्रा में पीली साड़ी पहने 251 कन्याओं ने माथे पर कलश लेकर शहर का भ्रमण किया। यात्रा हरिणडांगा बाजार, अंबेडकर चौक, बिरसा चौक, तातीपारा, गांधी चौक और रेलवे फाटक, जैन धर्मशाला होते हुए यज्ञ स्थल पर पहुंची। इस दौरान गायत्री परिवार के कई साधक और भक्त भी मौजूद रहे। गायत्री परिवार के मनोज गुप्ता ने बताया कि 21 से 24 अप्रैल तक चलने वाले इस महायज्ञ की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कार्यक्रम की शुरूआत सोमवार को होगी। पहले दिन अपराह्न में गोष्ठी और शाम 6 से रात 9 बजे तक संगीतमय प्रवचन होगा। मंगलवार को सुबह 6 बजे से ध्यान और प्रज्ञा योग के बाद देव पूजन और विभिन्न संस्कार होंगे। 23 अप्रैल को सुबह यज्ञ और शाम को दीपदान महायज्ञ व संगीत प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। 24 अप्रैल को गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम समाप्त होगा। इस आयोजन में पाकुड़ नगर के साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। कार्यक्रम स्थल पर विशाल पंडाल बनाया गया है, जहां भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए कई स्टॉल लगाए जाएंगे। कलश यात्रा के मौके पर गायत्री परिवार की ओर से शिव शंकर निराला, अमला मिश्रा, पंकज वर्मा, लाली गुप्ता, मुरारी मंडल, ओंकार शर्मा, ममता जायसवाल समेत बड़ी संख्या में साधक मौजूद थे।
जिले से 10 हज यात्री जाएंगे यात्रा पर
पाकुड़/संवाददाता। जिले से इस साल हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों का टीकाकरण 24 अप्रैल को होगा। यह कार्यक्रम जिला मुख्यालय के हरिणडांगा मंसूरी टोला स्थित मदरसा गौशियां आश्रफिया दारुल उलूम में आयोजित किया जाएगा। जिला हज संयोजक आशिफ आलम ने बताया कि टीकाकरण सुबह 11 बजे से सदर अस्पताल के डॉक्टरों की निगरानी में किया जाएगा। इसी दिन हज यात्रियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल को आयोजित प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षक नहीं आ पाए थे। इस बार का प्रशिक्षण रांची हज कमेटी के प्रशिक्षक हाजी युसूफ आलम और अबुल खैर की ओर से दिया जाएगा। जिले से 10 हज यात्री यात्रा पर जाएंगे, जिनमें 8 पुरुष और 2 महिला शामिल हैं।
विदाई समारोह का हुआ आयोजन
हिरणपुर/संवाददाता। प्रखंड संसाधन केंद्र में भावुक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बीईईओ रफीक आलम को विदाई दी गई। साथ ही 07 सेवानिवृत्त शिक्षकों और एक सीआरपी को भी विदाई समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिप उपाध्यक्ष अशोक भगत, बीडीओ टुडू दिलीप, बीपीओ किशन भगत और क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी सुनीता मरांडी ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्थानांतरित हो रहे बीईईओ रफीक आलम को शॉल, बुके और प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया। बीपीओ किशन भगत ने रफीक आलम के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि आलम ने शिक्षकों और कर्मियों के साथ बेहतर समन्वय बनाया। उनकी कार्यकुशलता और नम्र व्यवहार से सभी प्रभावित रहे। सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों में अश्विनी रविदास, भीम साहा, राजेंद्र नारायण साहा, दीनालाल साहा, भागीरथी साहू, छाया नाथ और नजरुल इस्लाम शामिल थे। इसके अलावा उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए 15 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें दैत्यवादीन पांडेय, सुभाष आनंद, राजेश भंडारी, सुखदेव भगत, दीपक साहा और मोजाहिद इस्लाम प्रमुख हैं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक दीपक साहा ने किया। इस अवसर पर सुजीत कुमार चार, संजय कुमार जायसवाल, प्रेमसागर कुशवाहा, यूनिकी टुडू और अजय कुमार हेम्ब्रम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
गैस सिलेंडर लदी गाड़ी पलटी
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। एक बड़ा हादसा होते-होते सोमवार को टल गया। सिमलोंग ओपी क्षेत्र के गोड्डा-धरमपुर मुख्य सड़क पर स्थित चटकम पुल के पास एक गैस सिलेंडर से भरी गाड़ी पलट गई। गाड़ी गोड्डा से सिमलोंग होते हुए बरहेट की ओर जा रही थी। सिमलौंग के रास्ते से गुजरते समय चालक गाड़ी का संतुलन नहीं रख पाया। इस कारण गाड़ी सड़क से करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में गाड़ी से सभी गैस सिलेंडर बिखर गए। हालांकि गाड़ी में सवार चालक और सहचालक को गंभीर चोट नहीं आई। दोनों बाल-बाल बच गए। सिमलौंग ओपी प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि घटना में किसी तरह की जान माल की हानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिकअप में लोड 12 गायों को किया गया जब्त
-पिकअप चालक, मालिक और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध केस दर्ज
पाकुड़/संवाददाता। गौ तस्करों के खिलाफ पाकुड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कालिदासपुर से विक्रमपुर आनेवाली रोड में विक्रमपुर के पास पिकअप गाड़ी जेएच 16 एच 3318 में लोड 12 गाय को जब्त करते हुए पिकअप वाहन के चालक को गिरफ्तार किया गया। थाना में कांड संख्या 102/2025 के तहत उक्त पिकअप वाहन के चालक, मालिक एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध केस दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि इस कांड में बरामद सभी गायों को क्रुरता पूर्वक बांध कर परिवहन किया जा रहा था। जिसमें से 01 गाय की मृत्यु हो गयी। जिसका पशु शल्य चिकित्सा पदाधिकारी से पोस्टमार्टम कराया गया। कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पकड़ा गया चालक का नाम तरुण शाह है और वह हिरणपुर का रहने वाला है। वहीं इस बाबत सदर एसडीपीओ दयानंद आजाद ने कहा पिकअप के अंदर 12 पशुओं को रखा गया था। पशुओं की हालत खराब थी।
विस्फोटक बरामदगी को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म
हिरणपुर/संवाददाता। हिरणपुर थाना क्षेत्र में विस्फोटक बरामदगी को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म है। सोमवार को दोपहर बाद से यह खबर फैली कि टाइगर मोबाइल के जवानों ने पत्थर औद्योगिक क्षेत्र के ग्रामीण रास्ते से दो बैग में भरा जिलेटिन जब्त किया है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि यह विस्फोटक एक राजनीतिक दल के बड़े नेता के करीबी पत्थर व्यवसायी का था। कहा जा रहा है कि जैसे ही जिलेटिन पकड़ा गया, राजनीतिक दबाव में उसे तुरंत छोड़ दिया गया। हालांकि जब हिरणपुर थाना प्रभारी से इस बारे में पूछताछ की गई तो उन्होंने किसी भी तरह के विस्फोटक की बरामदगी से साफ इनकार कर दिया। इसके बावजूद प्रखंड से लेकर जिला मुख्यालय तक यह चर्चा का विषय बना रहा। विस्फोटक बरामदगी की सच्चाई क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने मंडल कारा का किया निरीक्षण
पाकुड़/संवाददाता। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह ने सोमवार को मंडल कारा का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण झालसा रांची के निर्देश पर किया गया। न्यायाधीश सिंह ने जेल की साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था और पेयजल सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल सुविधाओं लीगल एड क्लीनिक और दवा वितरण रजिस्टर की भी जांच की। जेल में स्थित अस्पताल का भी निरीक्षण किया गया। कैदियों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उन्हें तीन चरणों में साबुन और टॉयलेट क्लीनर वितरित किए जाएंगे। कैदियों को मशरूम की खेती का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। न्यायाधीश ने निर्देश दिया कि जिन विचाराधीन कैदियों के पास वकील नहीं है उन्हें नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के बाद न्यायाधीश ने जेल अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जेल के प्रशासनिक अधिकारी और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
मारपीट और गाली-गलौज के मामले में आरोपी दोषी करार
पाकुड़/संवाददाता। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुमार क्रांति प्रसाद की अदालत ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने मारपीट और गाली-गलौज के मामले में आरोपी मनोज सिंह को दोषी करार दिया है। न्यायालय ने मनोज सिंह को दो अलग-अलग धाराओं में सजा सुनाई है। पहली धारा में एक साल का कारावास और 25,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। दूसरी धारा में 06 माह का कारावास और 10,000 रुपए का जुर्माना तय किया गया है। जुर्माना नहीं देने की स्थिति में क्रमश: एक माह और 15 दिन की अतिरिक्त जेल की सजा भुगतनी होगी। मामला 23 जनवरी, 2019 का है। पाकुड़ के कलपाड़ा निवासी बेबी देवी ने एससी-एसटी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह 09 बजे मनोज सिंह का मजदूर उनके घर के पास रखा बालू जबरन ले जा रहा था। विरोध करने पर मनोज सिंह और उनके पिता हरेंद्र नारायण सिंह ने बेबी देवी को गालियां दीं। इस दौरान बेबी देवी के दोनों बेटे राजकुमार मंडल, संजीव कुमार मंडल और बेटी लवली मौके पर पहुंच गए। आरोपी पिता-पुत्र ने पूरे परिवार से गाली-गलौज की और मारपीट की। इस घटना में संजीव कुमार मंडल घायल हो गए थे। न्यायालय ने फैसला सुनाने के बाद मनोज सिंह को जमानत पर रिहा कर दिया।
जिला स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन 24 को
पाकुड़/संवाददाता। भाजपा जिला कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सांगठनिक समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष पांडेय ने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 13 से 25 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 24 अप्रैल को जिला स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन होगा। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। अभियान के दौरान कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को संविधान के प्रति जागरूक करेंगे। वे पत्रक वितरण करेंगे और संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन भी करवाएंगे। कार्यक्रम की जिला टोली में अजा मोर्चा प्रदेश मंत्री कामेश्वर दास, संयोजक शर्मिला रजक सहसंयोजक और अजीत रविदास शामिल हैं। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, जिला महामंत्री रूपेश भगत, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।