नियोजन भवन बना पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत का प्रतीक
मोर स्टार्स-मोर सेविंग्स मानकों के आधार पर रेटिंग
पटना। संवाददाता। बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग ने ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पटना स्थित विभाग के नियोजन भवन को भारत सरकार ने 5-स्टार रेटिंग से सम्मानित किया है।
यह रेटिंग मोर स्टार्स-मोर सेविंग्स मानकों के आधार पर दी गई है, जो देश के कंपोजिट क्लाइमेट जोन में ऊर्जा कुशल भवनों को दी जाती है। 1000 केवीए के कम लोड में बेहतर प्रदर्शन करना इस भवन की बड़ी विशेषता है।
ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में विभाग की सफलता के पीछे न केवल तकनीकी उपाय बल्कि निचले स्तर के कर्मचारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की समर्पित भागीदारी रही है। इस उपलक्ष्य में विभाग के सचिव दीपक आनन्द ने एक विशेष बैठक आयोजित कर सभी कर्मचारियों से ऊर्जा संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ कार्यालय तक सीमित न रहकर हर कर्मचारी के व्यक्तिगत जीवन में भी ऊर्जा संरक्षण की आदत को बढ़ावा देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि विभाग आगे भी न सिर्फ नियोजन भवन बल्कि प्रदेश भर में स्थित विभागीय भवन में ऊर्जा संरक्षण को प्राथमिकता देगा।
विभाग ने ऊर्जा दक्षता सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा बचाने वाले उपकरणों का प्रयोग, सौर ऊर्जा के उपयोग, जल संरक्षण उपाय और न्यूनतम संसाधनों में अधिकतम आउटपुट की नीति को सफलतापूर्वक लागू किया है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति सजगता और वित्तीय अनुशासन को भी नीतिगत प्राथमिकता दी गई है। यह 5 स्टार रेटिंग न केवल विभाग के लिए गर्व की बात है बल्कि बिहार सरकार के अन्य विभागों के लिए भी एक प्रेरक उदाहरण है, जो राज्य के सतत और पर्यावरणीय संतुलित विकास की दिशा में मजबूत कदम साबित होगा।
बिहार विधानसभाध्यक्ष ने जानकी नवमी पर समस्त प्रदेशवासियों को दी हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं
पटना। संवाददाता। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नन्द किशोर यादव ने जानकी नवमी पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी है। जानकी नवमी को वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाया जाता है। यह पर्व माता सीता के जन्म की स्मृति में मनाया जाता है, जो त्रेतायुग की एक पवित्र, संयमशील और त्यागमयी स्त्रीत्व की प्रतीक मानी जाती है। उनका जीवन आदर्श नारीत्व, पतिव्रता धर्म, सहनशीलता और आत्म बलिदान की याद दिलाता है। यह दिन उन स्त्रियों के लिए विशेष है जो विवाह, सौभाग्य और संतान सुख की कामना रखती है। यह पर्व विशेष रूप से मिथिला, उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के क्षेत्रों में श्रद्धा और उत्साह से मनाया जाता है।
आंधी से गिरा पेड़, टकराकर बाइक सवार की मौत
चंद्रमंडी। संवाददाता। चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के गदरजोर के समीप एक सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक बबलू शर्मा (35) पिता सागर शर्मा घुटवे गांव का निवासी बताया जाता है। बताया जाता है कि बबलू शर्मा रात में पुजहारडीह बाजार से बाइक से घर लौट रहा था। तभी गदरजोड़ के समीप आंधी के कारण एक परास का पेड़ सड़क पर गिर गया। अंधेरा होने के कारण बाइक चालक को पता नहीं चला और अचानक उसकी बाइक सड़क पर गिरे पेड़ से टकरा गई, जिसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के सहयोग से बाइक सवार को एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां प्रारंभिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए देवघर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान बबलू शर्मा की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतक की पत्नी रिंकू देवी एवं उसके दो छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बबलू के माता-पिता भी अपने जवान बेटे की मौत से गम में डूबे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बबलू शर्मा काफी कुशल व्यवहार का युवक था और हमेशा लोगों से मिलजुल कर रहता था। उसकी मौत से पूरे ग्रामीण में गम का माहौल है।
जन सुराज पार्टी की ओर से चलाया गया जनसम्पर्क अभियान
चकाई। संवाददाता। चकाई विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सह जन सुराज पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिन्हा की ओर से चकाई प्रखंड के विभिन्न गांवों में लगातार जन सम्पर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को प्रखंड के घोरमो, झगरूडीह, मानाकोला सहित विभिन्न गांवों में जाकर लोगों को जनसुराज पार्टी की विचारधारा को बताया गया। वही आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार की व्यवस्था परिवर्तन में अपनी उपस्थिति दर्ज करा सके और चकाई विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी को वोट देकर चकाई बाजार में 15 सालों से जल संकट से जूझ रहे बाजार वासियों को स्थायी रूप से मुक्ति दिलाने, चकाई को अनुमंडल बनाने, रेलवे की व्यवस्था, एक सेमीकंडक्टर प्लांट की व्यवस्था और मैट्रिक, इण्टर व स्नातक की परीक्षा चकाई विधानसभा क्षेत्र में ही हो ताकि क्षेत्र एवं बिहार को सशक्त, सबल और आत्मनिर्भर बनाकर देश के विकसित राज्य में शामिल करने में हम सहभागी बन सकें। साथ ही, हर बिहारियों को अपने ही राज्य बिहार में 10-12 हजार रूपए तक का रोजगार मिले, राज्य के प्रत्येक पंचायतों में एक उच्चस्तरीय मॉडल स्कूल की व्यवस्था हो, वृद्धा एवं विधवाओं को दो हजार पेंशन मिले, 4 प्रतिशत सालाना ब्याज दर पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लोन मिले, हर खेत तक पानी पहुंचे। इसके साथ ही स्वास्थ्य, सड़कों आदि की व्यवस्था कराकर राज्य व क्षेत्र को विकसित बनाया जा सके और जन समस्याओं का निदान 2-7 दिनों के अन्दर हर हाल में पूरा हो।
सड़क पर नाला का पानी के जमाव से हो रही समस्या
गिद्धौर। संवाददाता। गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत पतसंडा पंचायत के वार्ड संख्या 11 में आने वाले मस्जिद और मुस्लिम टोला से गिद्धौर बाजार की ओर जाने वाले सड़क पर नाला के पानी का जमाव हो जाने से लोगों को आने जाने में असुविधा हो रही है। यह सड़क सुभाष राम के घर की ओर से एनएच में और बाबा बूढ़ा नाथ मंदिर की ओर से गिद्धौर बाजार के मुख्य सड़क में जुड़ता है। सड़क की स्थिति लगभग ठीक है। लेकिन नाला की समुचित सफाई नहीं होने की वजह से इसमें कचड़े का भराव हो गया है जिस कारण सारा गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इस रास्ते से दिनभर में सैंकड़ों लोग आना जाना करते हैं। इस नाले के पानी से भरे सड़क से ही वाहन मालिक किसी तरह अपनी गाड़ी लेकर जाते हैं। कई बार तो वाहनों के टायर से गंदे पानी के छींटे अन्य राहगीरों के ऊपर भी पड़ जाते हैं। मोहल्लेवासियों ने जनप्रतिनिधियों से इस संकट से निदान की मांग की है। वहीं वार्ड संख्या 11 की वार्ड सदस्य रेखा देवी के प्रतिनिधि ने बताया कि यह नाला 12 से 13 वर्ष पुराना है। जल्द ही यहां नाला निर्माण के लिए प्रयासरत हैं ताकि निकासी सही से हो सके।
अज्ञात वाहन ने बटिया घाटी में बाइक को मारी टक्कर, महिला सहित तीन घायल
सोनो। संवाददाता। जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बटिया थाना क्षेत्र के एनएच-333 स्थित सोनो-चकाई मार्ग पर सोमवार को बटिया घाटी में एक अज्ञात वाहन ने एक बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला सहित तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनो लाया गया। घायलों की पहचान रोहिणी रघुनाथपुर निवासी विकास कुमार सिंह, उनकी बहन अनीता देवी, भगिना सुशांत कुमार सिंह और भगिनी रानी कुमारी के रूप में हुई है। विकास कुमार सिंह ने बताया कि वे चारों बाइक से खैरा जा रहे थे, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी, जिससे सभी घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद घायल अनीता देवी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, जमुई रेफर किया गया है।
11 अप्रैल को कांग्रेस के संविधान बचाओ अभियान कार्यक्रम में शामिल होंगे प्रदेश अध्यक्ष व प्रभारी
अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में भाग लेने की अपील
अलीगंज। संवाददाता। कांग्रेस पार्टी की ओर से देशव्यापी चल रहे कार्यक्रम संविधान बचाओ अभियान कार्यक्रम को लेकर 11 अप्रैल को जमुई में प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी शामिल होकर संविधान बचाने अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ धरना में शामिल होंगे। उक्त आशय की जानकारी सिकंदरा विधानसभा के एलडीएम सह भावी प्रत्याशी राजकुमार पासवान ने अलीगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत अलीगंज बाजार, इस्लामनगर, बहछा, नोनी, अवगीला, दरखा, मिर्जागंज, दिघौत, वालडा, कैयार, सोनखार, जगधर, गंगटी, हिलसा, कोदवरिया, आढा, परसामा, बेला सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण कर कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में जमुई आने की अपील किया। कहा कि संविधान पर खतरा आ चुका है। इसलिए एकजुट होकर संविधान बचाओ अभियान कार्यक्रम में पूरा सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ही गरीबों की भलाई और उत्थान कर सकती है। कांग्रेस के शासनकाल में महंगाई व बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने का हर संभव कोशिश कर उनके हक व अधिकार दिलाने की काम किया। अभी की एनडीए सरकार में महंगाई चरम पर है। उन्होंने कहा कि संविधान बचाओ अभियान में शामिल होने आ रहे प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, प्रदेश प्रभारी कृष्ण अलावाप्रदेश सचिव सुरेश पासी, जिला प्रभारी देवेन्द्र यादव आदि कई प्रदेश लीडर शरीक होंगे। मौके पर जनार्दन सिंह, मनोज राम, महेश सिंह, दयानंद दास, सुनील शर्मा, कौशल कुमार, मंटु सिंह, मुकेश यादव, चंदन कुमार, राकेश रौशन, सतीश कुमार, मनोज कुमार, गोरेलाल यादव के अलावे कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
केन्द्रीय कोयला व खान राज्य मंत्री ने ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड का किया दौरा
ईसीएल अपने संचालन में पर्यावरण के अनुकूल प्रथाओं और टिकाऊ खनन प्रौद्योगिकियों को एकीकृत करें : सतीश
मंत्री की अध्यक्षता में उत्पादन, प्रेषण, सुरक्षा में ईसीएल के प्रदर्शन का आंकलन करने को लेकर समीक्षा बैठक
आसनसोल। संवाददाता। केन्द्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री, भारत सरकार सतीश चंद्र दुबे 04 मई को देर शाम ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड पहुंचे, जहां उनका स्वागत ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा ने किया। इस अवसर पर ईसीएल के कार्यकारी निदेशक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, श्री दुबे ने 5 मई को ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय का दौरा किया। श्री दुबे का स्वागत सतीश झा, अध्यक्ष-सह-प्रबंध-निदेशक ने मो. अंजार आलम, निदेशक (वित्त), निलाद्रि रॉय, निदेशक (तकनीकी/संचालन), गुंजन कुमार सिन्हा, निदेशक (मानव संसाधन) तथा सभी महाप्रबंधकों एवं विभागाध्यक्षों के साथ किया। अपने आगमन के बाद, श्री दुबे को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और उन्होंने ईसीएल की बहादुर आत्माओं की स्मृति में शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने उत्पादन, प्रेषण, सुरक्षा और अन्य कार्यों में ईसीएल के प्रदर्शन का आंकलन करने वाली एक व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया और ईसीएल को अपने संचालन में पर्यावरण के अनुकूल प्रथाओं और टिकाऊ खनन प्रौद्योगिकियों को एकीकृत करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने ईसीएल की परिचालन दक्षता और भविष्य के विकास को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश और रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान किया, जिससे ऊर्जा सुरक्षा के लिए मंत्रालय की प्रतिबद्धता को बल मिला।
बाद में, श्री दुबे ने ईसीएल के सीएमडी सतीश झा तथा ईसीएल के कार्यकारी निदेशकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ईसीएल के सोनपुर बाजारी क्षेत्र का दौरा किया। आगमन पर, श्री दुबे का ईसीएल के सोनपुर बाजारी क्षेत्र के महाप्रबंधक और क्षेत्र के अन्य अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। श्री दुबे ने भटमुरा पुनर्वास स्थल का उद्घाटन किया, जो आरएंडआर और सामुदायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने साइट पर चल रही गतिविधियों की भी समीक्षा की।
इसके अलावा, श्री दुबे ने सोनपुर बाजारी क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने क्षेत्र के कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ बातचीत की और कोयले के तेजी से प्रेषण के दौरान प्रदर्शन दक्षता और सुरक्षा प्रोटोकॉल के सख्त पालन के महत्व पर जोर दिया। श्री दुबे ओपन कास्ट खदान का निरीक्षण करने के लिए सोनपुर बाजारी परियोजना पहुंचे। उन्होंने ईसीएल के सीएमडी, कार्यकारी निदेशकों और सोनपुर बाजारी क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक के साथ सोनपुर बाजारी परियोजना की खदान योजना पर संक्षिप्त चर्चा की, जिसमें उपकरणों के इष्टतम क्षमता उपयोग, उत्पादन और प्रेषण में सुधार के साथ-साथ उत्पादन के दौरान ध्यान में रखे जाने वाले उचित सुरक्षा उपायों पर ध्यान केंद्रित करने पर बल दिया। उन्होंने ईसीएल की परिचालन प्रभावशीलता और भविष्य के विस्तार में सुधार के लिए महत्वपूर्ण रणनीतिक दिशा-निर्देश प्रदान करके ऊर्जा सुरक्षा के लिए मंत्रालय की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। इस यात्रा के दौरान मंत्री ने सोनपुर बाजारी खदान के कर्मचारियों को उनके अनुकरणीय प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया। मंत्री ने ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड को कोल इंडिया लिमिटेड की सबसे पुरानी सहायक कंपनियों में से एक माना तथा ईसीएल की टीम और भविष्य के उत्पादन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए उनकी प्रतिबद्धता पर भरोसा जताया।
शत-प्रतिशत टीकाकरण को लेकर प्रशिक्षण का आयोजन
चकाई। संवाददाता। जमुई स्वास्थ्य विभाग की ओर से शत-प्रतिशत टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए चकाई प्रखंड के 5 स्वास्थ्य उप केंद्र व 10 गांव को गोद लिया गया है। वहीं इससे जुड़े संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को सोमवार की दोपहर रेफरल अस्पताल चकाई के सभागार में प्रशिक्षण दिया गया है। सोमवार को रेफरल अस्पताल जमुई चकाई के जिला कोऑर्डिनेटर डॉ अभय नाथ ने बताया कि वैसे बच्चे जिनका जन्म के बाद अस्पताल में पड़ने वाले एक टीका के बाद कोई दूसरा टीका जानकारी वह जागरूकता के अभाव में नहीं दिया गया है, वैसे बच्चों को स्वास्थ्य विभाग एक अभियान चलाकर खोजेगी और सभी का पूर्ण टीकाकरण कराया जाएगा। इस अभियान के लिए पांच प्राथमिक स्वास्थ्य उप केंद्र के अंतर्गत आने वाले 10 गावों को चयनित किया गया है, जैसे चीहरा, बेहरा, धमना, मेहशापत्थर, कारी झाल, चांदो सोल, लोहसिंघाना पासवान टोला, मरही, पाटजोरी और बरानपुर को चयनित किया गया है, जहां टीकाकरण कराया जायेगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रखण्ड चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर एस एस दास, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक महेंद्र प्रसाद, सामुदायिक उत्प्रेरक मिथिलेश मिश्रा, मुकेश मिश्रा, प्रखंड समन्वयक मनोज कुमार आदि मौजूद थे।