पाकुड़/संवाददाता। कोलाजोड़ा स्थित पाकुड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज में विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2025 पर जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में संस्थान के छात्रों ने तंबाकू मुक्त जीवन शैली को बढ़ावा देने का प्रयास किया। मुख्य प्रशासनिक पदाधिकारी निखिल चंद्र की पहल पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान के निदेशक अमिया रंजन बड़ाजेना ने भी इस आयोजन को अपना समर्थन दिया। छात्रों ने प्रभावशाली पोस्टर और तख्तियां बनाईं। उन्होंने जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों से बातचीत की। तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों की जानकारी दी। स्थानीय निवासियों ने छात्रों के इस प्रयास का स्वागत किया। कार्यक्रम में पोस्टर और तख्ती निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रथम वर्ष विद्युत इंजीनियरिंग के पियूष सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नंदनी कुमारी द्वितीय और सुबोध कुमार साहा ने तृतीय स्थान पर रहे। निदेशक बड़ाजेना ने ऑनलाइन संदेश के माध्यम से छात्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान समाज को स्वास्थ्य के प्रति सचेत बनाने में मदद करते हैं। पाकुड़ पॉलिटेक्निक तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता पर भी ध्यान देता है। संस्थान छात्रों में नागरिक जिम्मेदारी और सामाजिक सेवा की भावना विकसित करने का प्रयास करता है। संकाय सदस्यों और कर्मचारियों ने भी छात्रों के इस प्रयास की सराहना की।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर कार्यालयों में संकल्प सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। जिले में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यालयों में संकल्प सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। समाहरणालय, अनुमंडल कार्यालय, नगर परिषद कार्यालय, प्रखंड कार्यालय और सदर अस्पताल समेत सभी प्रखंड स्तरीय कार्यालयों में कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए अरूण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन और सिविल सर्जन डॉ. मंटू कुमार टेकरीवाल मौजूद रहे। उप निर्वाचन पदाधिकारी मोहनलाल मरांडी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह और जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. केके सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी पदाधिकारियों और कर्मियों ने जीवन में कभी भी किसी प्रकार के तंबाकू उत्पाद का सेवन नहीं करने की शपथ ली। उन्होंने अपने परिजनों, मित्रों और परिचितों को भी तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में तंबाकू छोड़ने वाले 04 लोगों को सम्मानित भी किया।
भूमि संरक्षण पदाधिकारी ने कृषि यंत्रों के रख-रखाव की दी जानकारी
महेशपुर/संवाददाता। प्रखंड में किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चल रही हैं। भूमि संरक्षण पदाधिकारी सूचित एक्का ने पलसा पंचायत में पहले दिए गए मिनी ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों का निरीक्षण किया। ज्योति आजीविका स्वयं सहायता समूह और तेलियापोखर समूह के सदस्यों ने बताया कि कृषि यंत्रों से सभी को लाभ मिल रहा है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है। मानसून को देखते हुए भूमि संरक्षण पदाधिकारी ने कृषि यंत्रों के रख-रखाव की जानकारी भी दी। भेटाटोला और सिबरामपुर पंचायत में 2024-25 में बने तालाब और परकोलेशन टैंक का निरीक्षण भी किया गया। प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट की संतोशिला हेम्ब्रम और मोना प्रेरणा सुरीन ने पानी पंचायत के सदस्यों से चर्चा की। सदस्यों ने बताया कि तालाब के जीर्णोद्धार के बाद खरीफ के अलावा रबी फसलें भी ली जा रही हैं। किसान सरसों, बैगन और मकई की खेती कर रहे हैं। तालाब में मछली पालन से भी आय बढ़ रही है। इस मौके पर कनीय अभियंता असगर अली और पानी पंचायत के सदस्य मौजूद थे।
बीडीओ ने कर्मियों को दिलायी तंबाकू निषेध की शपथ
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। प्रखंड सभागार भवन में शनिवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीडीओ संजय कुमार ने उपस्थित कर्मियों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई। बीडीओ ने कहा कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस प्रतिवर्ष 31 मई को मनायी जाती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की यह पहल तंबाकू के हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है। इसका उद्देश्य लोगों को तंबाकू मुक्त समाज की दिशा में प्रेरित करना है। कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य नई पीढ़ी को तंबाकू सेवन से बचाना और इससे होने वाली मौतों के बारे में जागरूक करना है। इससे लोगों को तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों को समझने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में केसी दास, बीपीआरओ कमल पहाड़िया, बीपीओ मानिक दास और प्रधान सहायक सह नाजिर राजाराम रविदास मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदीप टुडू समेत प्रखंड, अंचल और बाल विकास परियोजना कार्यालय के कर्मी भी उपस्थित थे।
मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 28 से 31 मई तक एक साथ एक पीरियड फ्रेंडली वर्ल्ड थीम पर जागरूकता कार्यक्रम चल रहा है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और बीपीएम मौजूद रहे। सेंटर फॉर कैटलीजिंग चेंज से कुंदन सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। बीटीटी माया भगत ने कहा कि मासिक धर्म एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है। उन्होंने समाज में मौजूद चुप्पी और गलतफहमियों पर चिंता जताई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी स्वच्छता और भ्रांतियों के बारे में जागरूक करना है। माया भगत ने बताया कि उचित जानकारी के अभाव में संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान साफ सैनिटरी नैपकिन का प्रयोग, समय पर उसका बदलाव और शरीर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। कार्यक्रम का लक्ष्य है कि किशोरियां इस विषय पर खुल कर बात करें और स्वच्छता को प्राथमिकता दें।
डीसी ने वीसी के माध्यम से की खाद्ध आपूर्ति विभाग की समीक्षा
-जून, जुलाई और अगस्त माह के खाद्यान्न वितरण की योजना पर हुई चर्चा
पाकुड़/संवाददाता। जिले में डीसी मनीष कुमार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से खाद्य आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में जून, जुलाई और अगस्त माह के खाद्यान्न वितरण की योजना पर चर्चा हुई। डीएसओ ने बताया कि वाहनों की कमी के कारण आपूर्ति संतोषजनक नहीं हो पा रही है। इस पर डीसी ने 31 मई तक शत-प्रतिशत खाद्यान्न का उठाव और डोर स्टेप डिलीवरी पूरा करने का निर्देश दिया। राशन वितरण का नया कार्यक्रम तय किया गया है। जून माह का अनाज 1 से 15 जून तक वितरित किया जाएगा। जुलाई माह का अनाज 16 से 30 जून तक और अगस्त माह का राशन 1 से 15 जुलाई के बीच वितरित किया जाएगा। डीसी ने डोर स्टेप डिलीवरी ट्रांसपोर्टरों और एजीएम को वाहनों और मजदूरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। पारदर्शिता के लिए सभी पंचायतों में नोटिस बोर्ड पर वितरण कार्यक्रम की सूचना लगाने को कहा गया। यदि कोई जन वितरण प्रणाली विक्रेता खाद्यान्न वितरण में विफल रहता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्टेशन परिसर में सेल्फी प्वाइंट और एटीएम की होगी स्थापना
पाकुड़/संवाददाता। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी की जा रही है। स्टेशन परिसर में सेल्फी प्वाइंट और एटीएम की स्थापना की जाएगी। पूर्व रेलवे हावड़ा के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक राहुल रंजन के निर्देश पर स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्टेशन प्रबंधक लखीराम हेम्ब्रम, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता परितोष रंजन, वरिष्ठ विद्युत अभियंता राजू कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे। नगर सौंदर्यीकरण के तहत पाकुड़ रेलवे स्टेशन को सुंदर और स्वच्छ बनाने का काम किया जा रहा है। अपराह्न में जिला प्रशासन और रेल प्रशासन के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण किया। स्टेशन प्रबंधक लखीराम हेम्ब्रम ने बताया कि सेल्फी प्वाइंट और एटीएम कक्ष के निर्माण के लिए संयुक्त जांच प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित रेल अधिकारियों को भेजा जा रहा है। इस परियोजना से यात्रियों और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
राजकुमार ने सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया
हिरणपुर/संवाददाता। झारखंड एकेडमिक काउंसिल की इंटर साइंस परीक्षा में राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय हिरणपुर के छात्र राजकुमार दे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने 463 अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है। हिरणपुर बाजार के नामोपाड़ा निवासी राजकुमार दे के पिता संजय कुमार दे और माता रुम्पा दे हैं। राजकुमार ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। उल्लेखनीय है कि राजकुमार 2023 में वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में भी जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुके हैं। जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि के लिए उन्हें सम्मानित किया था। इसी विद्यालय के एक अन्य छात्र रामनंदन कुमार साहा ने भी 451 अंक प्राप्त कर जिले में छठा स्थान हासिल किया है। पारा शिक्षक के पुत्र रामनंदन ने इंजीनियर बन कर देश सेवा करने की इच्छा जताई है। राजकुमार ने भविष्य की योजनाओं के बारे में बताया कि वह आगे की पढ़ाई पूरी कर एसएससी की तैयारी करेंगे। उनका लक्ष्य एक अच्छे अधिकारी बन कर समाज को मुख्य धारा से जोड़ना है।
सदर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट और पाइप लाइन का ड्राई रन व्यवस्थाएं पूरी
पाकुड़/संवाददाता। स्वास्थ्य विभाग ने कोविड से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। सदर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट को पूरी तरह चालू कर दिया गया है। साथ ही मरीजों तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाई गई है। शनिवार को सदर अस्पताल में ड्राई रन किया गया। अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. मनीष कुमार और जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. केके सिंह ने ऑक्सीजन प्लांट और पाइप लाइन का निरीक्षण किया। डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि कोविड महामारी से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। अस्पताल में मरीजों के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं। संक्रमित मरीजों के रखने और इलाज की तैयारियों का भी पूर्वाभ्यास किया गया। लिट्टीपाड़ा में भी एक ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किया गया है। वर्तमान में जिले में कोई कोरोना संक्रमण का मामला सामने नहीं आया है। फिलहाल मौसम में बदलाव के कारण सर्दी, खांसी के मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली हैं।
जिले को साइंस में 17वां और कॉमर्स में टॉप पांच में स्थान, परीक्षा परिणाम 76 प्रतिशत से रहा ज्यादा
-प्रोजेक्ट परख का इस सफलता में रहा महत्वपूर्ण योगदान
पाकुड़/संवाददाता। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने शनिवार को इंटर साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम का परिणाम जारी किया। जिले के छात्र-छात्राओं ने इस बार उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। जिले का परीक्षा परिणाम इस वर्ष 28 प्रतिशत से बढ़ कर 76 प्रतिशत से अधिक हो गया है। साइंस में जिला 22वें से 17वें स्थान पर पहुंच गया है। कॉमर्स में राज्य के टॉप पांच में जगह बनाई है। डीसी मनीष कुमार की ओर से शुरू किए गए प्रोजेक्ट परख का इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान रहा। परीक्षा की तैयारी के लिए वीकली टेस्ट और प्री-टेस्ट आयोजित किए गए। इससे विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन का मौका मिला। समाहरणालय स्थित सभागार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, डीईओ अनीता पुरती और एडीपीओ पीयूष कुमार उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े डीसी मनीष कुमार ने कहा कि निरंतर अभ्यास से यह सफलता मिली है। उन्होंने छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और जन प्रतिनिधियों को बधाई दी। डीसी ने 2026 की बोर्ड परीक्षा में पाकुड़ को टॉप-तीन में लाने का लक्ष्य रखा है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी की गई सूची के अनुसार इंटर साइंस में प्लस टू हाईस्कूल पाकुड़िया के तामोजित घोष ने 467 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर का स्थान हासिल किया है। पाकुड़ राज प्लस टू हाईस्कूल के प्रिंस देव यादव 466 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। मॉडल प्लस टू हाईस्कूल हिरणपुर के राजकुमार दे ने 463 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। अपग्रेड प्लस टू हाईस्कूल शहरग्राम के संचिता शाह 460 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे। प्लस टू हाईस्कूल महेशपुर राज के गौरव मंडल ने 455 अंक प्राप्त कर पांचवां स्थान हासिल किया। मॉडल प्लस टू हाईस्कूल हिरणपुर के रामानंदन कुमार शाह, पाकुड़ राज प्लस टू हाईस्कूल की मुस्कान सिंह और अपग्रेड प्लस टू स्कूल अंजना पाकुड़ की सुहाना परवीन ने 451 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से छठा स्थान प्राप्त किया। इंटर कॉमर्स में पाकुड़ राज प्लस टू स्कूल की कोमल राय ने 431 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर का स्थान हासिल किया। जीदातो इंटर कॉलेज पाकुड़ की अनुष्का पाल 426 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। जिदातो इंटर कॉलेज पाकुड़ की ज्ञान नियोगी ने 423 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। पाकुड़ राज प्लस टू स्कूल की आर्या कुमारी 419 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहीं। पाकुड़ राज प्लस टू हाईस्कूल के नावेद अहमद और जिदातो इंटर कॉलेज के अजीत चौड़े ने संयुक्त रूप से 415 अंक प्राप्त कर पांचवां स्थान हासिल किया।