क्षेत्रीय भाषा की प्रोन्नति विषय पर शिविर आयोजित
चित्तरंजन। संवाददाता। एनसीईआरटी एवं सीबीएसई के तत्वावधान में देशबंधु विद्यालय-बालिका, चिरेका चित्तरंजन में ग्रीष्मावकाश के दौरान एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इसका विषय था-“भारत की क्षेत्रीय भाषाओं की प्रोन्नति। यह शिविर 7 जून से 15 जून तक चला। छुट्टी होने के बावजूद इस शिविर में विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसमें छात्राओं को खेल-खेल में ओड़िया भाषा एवं संस्कृति का ज्ञान दिया गया। इस कार्यक्रम में ओड़िया भाषी शिक्षिका सष्मिता साहू का विशेष योगदान रहा। अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं की भागीदारी भी सराहनीय रही। निर्धारित कार्यक्रमों के आधार पर सात दिनों में ही छात्राओं ने ओड़िया लिपि, अंक शब्द, सामान्य बोलचाल की बातें.. आदि बड़े सुंदर ढंग से सीख लिया। शिविर के अंतिम दिन, 15 जून को, विद्यालय में इसका सत्रांत समारोह संपन्न हुआ, जिसमें आमंत्रित अतिथि थे- युके मैती, चिरेका उप महाप्रबंधक, चित्रसेन मंडल, चिरेका जनसंपर्क अधिकारी एवं बीपी नायक, सहायक कार्मिक अधिकारी चिरेका।
छात्राओं ने इस कार्यक्रम में नृत्य, गायन तथा सत्र में हासिल अपने कुशलता की कुछ झलकियां पेश की। आमंत्रित अतिथिगण तथा प्रधानाचार्य तपन कुमार मंडल के हाथों इस शिविर के प्रतिभागियों को सहभागिता का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
आमंत्रित अतिथिगण ने अपने वक्तव्य में इस तरह के शिविरों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्घन किया।
महिला कर्मचारी से अभद्रता के आरोप में अधिकारी के खिलाफ महिला कर्मियों का उग्र विरोध
चित्तरंजन। संवाददाता। रेल इंजन कारखाना के प्रशासनिक गलियारों में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक वरिष्ठ अधिकारी के द्वारा महिला कर्मचारी से अभद्र व्यवहार के विरोध में महिला कर्मियों ने मोर्चा खोल दिया। मामला सीएलडब्लू के इंजीनियरिंग विभाग के एक पदाधिकारी रामाश्रेय प्रसाद का है, जिन पर महिला कर्मी दीप्ति कारकट्टा के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों के प्रयोग का गंभीर आरोप लगा है।
घटना की जानकारी मिलते ही लेबर यूनियन हरकत में आई। यूनियन नेता राजीव गुप्ता के अनुसार, यह पहला मामला नहीं है। उक्त अधिकारी का व्यवहार पहले से ही कई कर्मचारियों के साथ अशोभनीय रहा है। कहा जा रहा है कि वह अक्सर बात-बात में आपा खो बैठते हैं और अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हैं। 14 जून को घटित ताज़ा मामले में दीप्ति कारकट्टा ने मानसिक रूप से आहत होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया और यही इस्तीफा उन्होंने उसी अधिकारी को सौंपा जिन्होंने उन्हें अपमानित किया था।
परन्तु, इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेने के बजाय, अधिकारी ने बिना किसी चर्चा के इस्तीफा स्वीकार कर लिया, जिससे कर्मचारियों में रोष और गहराया। 16 जून को चित्तरंजन रेल कारखाना के महाप्रबंधक कार्यालय की सभी महिला कर्मियों ने एकजुट होकर अधिकारी के चेंबर का घेराव कर लिया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं जैसे नारों से प्रशासनिक भवन गूंज उठा।
करीब आधे घंटे चले इस विरोध के दौरान अधिकारी ने सफाई दी कि उन्होंने यह व्यवहार कार्य के अत्यधिक दबाव में किया था लेकिन महिला कर्मियों ने इसे सिरे से खारिज करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। यूनियन नेता ने यह भी बताया कि इससे पहले भी यही अधिकारी एक कर्मचारी को चार्जशीट पकड़ा चुके हैं।
तकरार और मान-मनौव्वल के लंबे दौर के बाद अंतत: दीप्ति कारकट्टा का इस्तीफा नामंज़ूर कर दिया गया। इससे प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आक्रोश कुछ हद तक शांत हुआ।
हालांकि, अब तक रेल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन यह घटना कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा और अधिकारों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है। यूनियन नेता राजीव गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि अधिकारी और कर्मचारी के बीच संबंधों में मर्यादा और सम्मान बना रहना चाहिए, वरना इससे न सिर्फ कार्य वातावरण बिगड़ता है, बल्कि संस्था की साख पर भी असर पड़ता है।
जीवन में निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के गुण को रखें बरकरार : उपायुक्त
डीसी ने माध्यमिक व इंटर परीक्षा में जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
जामताड़ा। संवाददाता। समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट कला, विज्ञान एवं वाणिज्य परीक्षा 2025 में जिला स्तर पर प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले वार्षिक माध्यमिक के 05 एवं इंटरमीडिएट के तीनों संकाय के 09 छात्र-छात्राओं को उपायुक्त आनंद ने सम्मानित किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी छात्र-छात्राओं को उनके उज्जवल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के गुण को बरकरार रखना है, आप लोग आगे और भी अच्छा करें, जिस क्षेत्र में आपकी रुचि हो, उस क्षेत्र में जमकर प्रयास करें, सही मार्गदर्शन से अगर मेहनत करेंगे तो अच्छा करेंगे। आप डॉक्टर बन सकते हैं, आईएएस, आईपीएस के अलावा अन्य प्रतिष्ठित पदों पर जा सकते हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि अगर कोई परेशानी एवं समस्या हो तो सीधे हमसे आकर मिलें। उन्होंने आगे कहा कि सभी क्षेत्रों में शिक्षा का महत्वपूर्ण रोल रहा है। किताबों का अध्ययन करते रहें, अगर आपके हाथों में किताबें हैं तो आप किसी से पीछे नहीं हैं। आप इससे कितना ज्ञान अर्जित करते हैं यह आपके ऊपर निर्भर करता है। उन्होंने बच्चों से कहा कि मार्क्स के आधार पर तर्क नहीं करना चाहिए ज्ञान महत्वपूर्ण होता है, इसलिए ज्ञान वृद्धि पर जोर दें, जो भी पढ़ाया जाता है उसको गहनता से समझें, ताकि जीवन में आप नई ऊंचाईयों को प्राप्त कर सकें। आयोजित कार्यक्रम के दौरान वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2025 में आरके प्लस 2 उच्च विद्यालय नाला के हर्ष कुमार डोकानिया एवं एसएस विद्या मंदिर फतेहपुर के न्यूटन कुमार मंडल को प्रथम स्थान (97 प्रतिशत), प्रोजेक्ट गर्ल्स हाइ स्कूल, मिहिजाम की छात्रा आयशा प्रवीण (96 प्रतिशत) को द्वितीय एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय नातुलतला की छात्रा दिशा मंडल (95.80 प्रतिशत) एवं एस विद्या मंदिर करमाटांड़ की छात्रा गुंजन कुमारी (95.80 प्रतिशत) के तृतीय स्थान पर रहने पर उपायुक्त ने सम्मानित किया। इसके अलावा इंटरमीडिएट (कला) परीक्षा 2025 में गवर्नमेंट प्लस 2 उच्च विद्यालय जामताड़ा की छात्रा काजल कुमारी (91.20 प्रतिशत) को प्रथम, आर के सिंहवाहिनी प्लस 2 विद्यालय कुंडहित की छात्रा पायल झा (90.60 प्रतिशत) को द्वितीय एवं इसी विद्यालय के कल्याण मरांडी (90 प्रतिशत) को तृतीय स्थान में रहने पर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार इंटरमीडिएट (विज्ञान) में गवर्मेंट प्लस 2 उच्च विद्यालय मिहिजाम के छात्र ओम बरनवाल (93.40 प्रतिशत) के प्रथम, आरके प्लस 2 उच्च विद्यालय नाला की छात्रा प्रिया रॉय (91.60 प्रतिशत) को द्वितीय एवं गवर्नमेंट प्लस 2 उच्च विद्यालय की छात्रा प्रियंका कुमारी (91 प्रतिशत) को तृतीय स्थान पर रहने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा इंटरमीडिएट (वाणिज्य) परीक्षा 2025 में गवर्मेंट प्लस 2 उच्च विद्यालय मिहिजाम के छात्र हसन शेख (95 प्रतिशत) को प्रथम, इसी विद्यालय के पियूष कुमार (94.80 प्रतिशत) को द्वितीय एवं इसी विद्यालय के सौरभ कुमार (94.80 प्रतिशत) के तृतीय स्थान पर रहने पर उपायुक्त ने सम्मानित किया। मौके पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।
पुलिस ने बिना हेलमेट वाले वाहन चालकों को फूल देकर चेताया
कुंडहित। संवाददाता। वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए कुंडहित पुलिस ने गांधीगिरी शुरू की है। बुधवार को कुंडहित थाना गेट के समीप ने पुलिस अधिकारियों ने बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों को गुलाब का फूल देकर यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। सड़क सुरक्षा के बाबत वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए कुंडहित पुलिस इस तरह का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने बिना हेलमेट वाले बाइक चालकों को गुलाब का फूल देकर, उन्हें हेलमेट पहनने के महत्व को समझाया और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस द्वारा लोगों को डराने या धमकाने के बजाय, उन्हें प्यार से समझाने का यह तरीका ज्यादा कारगर साबित हो सकत है। पुलिस की यह पहल न केवल लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करती है, बल्कि पुलिस का जनता के साथ मिलकर काम करने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने की प्रतिबद्ध प्रदर्शित करती है। मौके पर एएसआई निताई दास के अलावे पुलिस बल मौजूद थे।
24 जून को कुंडहित में माले करेगा धरना प्रदर्शन
कुंडहित। संवाददाता। आगामी 24 जून को विभिन्न जनमुद्दों तथा सरकारी कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकपा माले द्वारा कुंडहित मुख्यालय में धरना प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के बाबत सोमवार को कुंडहित स्थित पार्टी कार्यालय में अंचल सचिव सोमालाल मिर्जा की अध्यक्षता में बैठक की गई। बैठक में धरना कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। अंचल सचिव सोमालाल मिर्धा ने बताया की धरना कार्यक्रम में माले कार्यकर्ताओं के अलावे क्षेत्र के मजदूर, किसान, शोषित, पीड़ित सभी लोग शामिल होंगे। बहरहाल वाले पार्टी संगठन की ओर से 24 जून को होने वाले धरना प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए लगातार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी की ओर से रविवार को प्रखंड के बाघाशोला में कार्यकर्ता एवं समर्थकों के साथ बैठक की गई थी।
पीएम जनमन अभियान के तहत नगरी और धेनुकडिह में लगा शिविर
कुंडहित। संवाददाता। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान तथा धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत सोमवार को प्रखंड के नगरी तथा धेनुकडिह में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान नोडल पदाधिकारी सह बीएएचओ डॉ विनय कुमार के देख-रेख में गांव के लोगों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से आच्छादित करने का किया गया। जानकारी के अनुसार, प्रखंड के धेनुकडिह में लगाए गए शिविर के दौरान 99 तथा नगरी में आयोजित शिविर में 91 लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान उक्त दोनों गांव के लोग मुख्य रूप से आधार कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, पीएम किसान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, पेंशन, पीएम विश्वकर्मा, प्रधानमंत्री वन धन योजना, स्वास्थ्य जांच, पोषण अभियान आदि योजनाओं से लाभान्वित हुए। शिविर को लेकर कार्यक्रम स्थल पर लोगों की गहमा गहमी बनी रही। मौके पर बतौर जनप्रतिनिधि विधायक प्रतिनिधि शरम मंडल उपस्थित थे। इनके अलावे पंचायत सचिव, मुखिया, वार्ड सदस्य गण तथा संबंधित गांवो के ग्रामीण जन उपस्थित थे।
शिक्षा की गुणवत्ता पर मासिक गुरु गोष्ठी आयोजित
फतेहपुर। संवाददाता। प्रखंड के स्थानीय मध्य विद्यालय में सोमवार को मासिक गुरु गोष्ठी हुई। अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित और गुरुवंदना से हुई। बीईईओ मिलन कुमार घोष ने कहा कि विद्यालय संचालन में अनुशासन, नियमितता और पारदर्शिता जरूरी है। शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने और विकास व अनुदान राशि के सही उपयोग की जिम्मेदारी निभाने को कहा गया। गोष्ठी में मुख्य रूप से 25 बिंदुओं पर चर्चा हुई। मध्यान्ह भोजन योजना को तय मीनू के अनुसार चलाने और इसकी जानकारी ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर सुबह 11 बजे तक एसएमएस से भेजने के निर्देश दिए गए। विद्यालय परिसर की सफाई, घंटी व्यवस्था, सामूहिक प्रार्थना और राष्ट्रगान को नियमित कराने पर जोर दिया गया। छात्रों और शिक्षकों की उपस्थिति प्रतिदिन ईवीवी पोर्टल पर दर्ज करने को कहा गया। जिन छात्रों का आधार कार्ड और बैंक खाता नहीं बना है, उनका कार्य जल्द पूरा कराने को कहा गया। पोषाक वितरण से वंचित छात्रों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। रसोइयों के आयुष्मान कार्ड, पोषण वाटिका की स्थिति और एमडीएम में एल्बेन्डाजोल व आयरन-फोलिक एसिड की उपलब्धता की समीक्षा की गई। गोष्ठी में निलप पोर्टल सर्वे, वर्गवार नामांकन, अपार आईडी कार्ड की जानकारी, प्रयास कार्यक्रम की मई 2025 की रिपोर्ट, रेल प्रोजेक्ट और प्रोजेक्ट इनपेक्ट की प्रगति, ईसीओ क्लब और स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम की सक्रियता, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की स्थिति, एसएमसी बैठक की समीक्षा, बैंक और डाकघर खातों की अद्यतन स्थिति पर भी चर्चा हुई। मिशन आरूणी के तहत अभिभावकों से दूरभाष संपर्क, पंख पत्रिका और पाठ्यपुस्तक वितरण की समीक्षा की गई। साप्ताहिक योगाभ्यास, संविधान की प्रस्तावना का पाठ, एमडीएम कर्मियों के एप्रन की स्थिति और मासिक एमडीएम रिपोर्ट हर माह 1 से 3 तारीख के बीच जमा करने के निर्देश दिए गए। बीईईओ मिलन कुमार घोष ने कहा कि विद्यालय संचालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी शिक्षकों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने को कहा गया। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों ने शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ ली। प्रेरणा गीत और राष्ट्रगान के साथ गोष्ठी का समापन हुआ। इस मौके पर बीपीओ कृष्ण मनोहर सिंह, राजेश दा, निर्मल मंडल, मोहन तिमोथी मराण्डी, छोटन रविदास, गौतम मंडल, मधुसूदन यादव, प्रणव कुमार मंडल,गौर यादव, प्रदीप मंडल, सुमी बेसरा, सम्मी शुल्ताना, सुनीता कुमारी, अनिता सोरेन और बिमला हेंब्रम सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।