मुहर्रम पर्व के जुलूस में डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध : उपायुक्त
गोड्डा। संवाददाता। मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर विधि व्यवस्था संधारण को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आहूत की गई।
बैठक में सर्वप्रथम उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित थाना प्रभारियों से उनके क्षेत्र से निकलने वाले लाइसेंसी जुलूस एवं गैर लाइसेंसी जुलूस की संख्या की जानकारी लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सोशल मीडिया यथा:-ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम पर विशेष निगरानी रखने एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अगर कोई आपत्तिजनक पोस्ट तस्वीर आदि साझा करते हुए दिखे तो सुसंगत धाराओं के तहत उन एडमिन पर तत्काल कार्यवाई करने के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक में ताजिया जुलूस के मार्ग, समय निर्धारण, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई,जुलूस का समय और रूट चार्ट,पर्याप्त मात्रा में दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस की उपलब्धता सहित अन्य आवश्य्यक पहलुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
वहीं अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा/महागामा को अपने अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्व को चिन्हित कर निषेधात्मक कार्रवाई एवं बंध पत्र भरवाने का निर्देश दिया ताकि असामाजिक तत्वों के बीच डर का माहौल बना रहे। उक्त बैठक के दौरान उपायुक्त ने जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया। साथ ही, निर्देश दिए गए की जुलूस में स्पीकर एवं साउंड बॉक्स का उपयोग कर सकते हैं परंतु कोई भी भड़काऊ गाना नहीं बजाए जाएं। बैठक में बताया गया कि जुलूस के दौरान इस बार बिजली व्यवस्था बाधित नहीं रहेगी। जुलूस के दौरान बिजली के तार नहीं सटे अतएव बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। आगामी मुहर्रम पर्व के पूर्व सारी तैयारियां पूर्ण कर लिए जाएं। सिविल सर्जन को सभी प्रखंडों में जुलूस के पास एम्बुलेंस की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया। इस दौरान उपायुक्त ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।
बैठक के दौरान दौरान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि मुहर्रम पर्व पर शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पूर्व में ही सभी आवश्यक तैयारी पूर्ण कर लें। उन्होंने निर्देशित किया कि वैसे व्यक्ति जिन्होंने पूर्व में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का कार्य किया है, उन पर कड़ी निगरानी रखे जाएं। उन्होंने कहा कि जिस मार्ग से मुहर्रम का जुलुस निकाला जाएगा, उसका पूर्व में निर्धारण एवं सत्यापन कर लें। साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाली या कोई आपराधिक घटना घटित होने पर अविलम्ब प्रशासनिक या पुलिस पदाधिकारी को इसकी सूचना दें। सोशल मीडिया पर यदि किसी तरह की झूठी खबर या अफवाह पोस्ट किया जाता है तो अविलम्ब इसकी सूचना नजदीकी थाना या प्रशासनिक पदाधिकारी को दें। मुहर्रम पर्व के दौरान वैसे लोगों को सम्मिलित किया जाए जो जिला प्रशासन की मदद कर सके उनका अपना नाम और उनके सदस्यों का डिटेल्स संबंधित थानों के द्वारा लिए जाएं।
बैठक के दौरान उपविकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे ने मुहर्रम पर्व में जुलूस के दौरान शांति बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा सीसीटीवी कैमरा व ड्रोन से निगरानी रखने की बात कही। साथ ही, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी तरह की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई।
मौके पर अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी, महागामा आलोक वरण केसरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा चंद्रशेखर आजाद, पुलिस उपाधीक्षक हेड क्वार्टर जेपीएन चौधरी, भू अर्जन पदाधिकारी रितेश जायसवाल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला नजारत उपसमाहर्ता श्रवण राम, जिला प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष कुमार जिला परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी सहित संबंधित थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी मौजूद थे।
जिला गोड्डा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन गठन को लेकर बैठक आयोजित
गोड्डा। संााददाता। योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन (झारखंड) की ओर से पूर्व से निर्धारित आवश्यक बैठक जिला गोड्डा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन गठन को लेकर की गई, जिसमें प्रदेश द्वारा चयनित पर्यवेक्षक पूजा सिंह के नेतृत्व एवं प्रदीप कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न की गई। जिसमें सर्वसहमति से गोड्डा जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन का गठन किया गया, जो इस प्रकार है :
अध्यक्ष-अनंत कुमार मंडल, सचिव-प्रदीप कुमार ठाकुर, सह सचिव-ऋषिकेश सिंह, संयुक्त सचिव-लेफ्टिनेंट अजय कुमार उपाध्यक्ष-राजीव कुमार भगत, नीरज सिंह एवं सुशील कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष-बुलबुल कुमारी, जिला योग प्रमुख-डॉ महानंद यादव एवं अनुपम मिश्र, कार्यकारिणी सदस्य ममता कुमारी पिता जनार्दन मंडल, पवन कुमार, प्रियंका कुमारी, डिम्पल कुमारी, लेफ्टिनेंट अजय कुमार राय हैं। साथ ही, ओलंपिक संघ में योगासन भारत को मान्यता प्राप्त है, उनके योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदित सेठ एवं सचिव डॉ जयदीप आर्य जी का मानना है कि योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन गोड्डा झारखंड ओर राज्य की तरह अपने जिला के हर प्रखंड में सर्वप्रथम योगा सेंटर खोलने की स्टार्ट करे साथ हर लोगों को योग से जोड़ने की तैयारी करे और बहुत जल्द ही गोड्डा जिला में योगासन जिला प्रतियोगिता करवाकर राज्यस्तर प्रतियोगिता के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर मे भेजने की तैयारी शुरू कर दी जाएगी। साथ ही, एशियन गेम्स भेजने की तैयारी है, जिससे बच्चें अपना भविष्य बना सकते हैं।
बैंकिंग सिर्फ लेन-देन नहीं, समाज के लिए हमारी जिम्मेदारी भी है : मुख्य प्रबंधक
भारतीय स्टेट बैंक की आरसीएमपी शाखा में 70वां स्थापना दिवस मनाया गया
महागामा। संवाददाता। ऊर्जानगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की आरसीएमपी शाखा में सोमवार को 70वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शाखा परिसर उत्सव की रौशनी और सेवा के भाव से सराबोर था। हर साल की तरह इस बार भी कार्यक्रम को भव्यता दी गई और बैंक द्वारा समाजसेवा की एक मिसाल पेश की गई। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें महागामा थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह, समाजसेवी राजेश उपाध्याय, आलोक भगत एवं वरिष्ठ नागरिक गौरीशंकर जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर शुभारंभ किया।
मुख्य प्रबंधक अमित कुमार, एफओ वीरेंद्र कुमार, शाखा प्रबंधक अमित कुमार केसरी, स्ट्रवाइल मैनेजर आकांक्षा जायसवाल, आदित्यनाथ झा, पप्पू कुमार, ज्योति कुमारी, चंदन कुमार समेत बैंक के समस्त कर्मी पूरे आयोजन में सक्रिय भूमिका में नज़र आए।स्थापना दिवस के मौके पर बैंक ने ग्राहकों के लिए नि:शुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई। मुख्य प्रबंधक अमित कुमार ने कहा “बैंकिंग सिर्फ लेन-देन नहीं, समाज के लिए हमारी जिम्मेदारी भी है। हर ग्राहक हमारे परिवार का हिस्सा है, और ऐसे आयोजनों से हम यह रिश्ता और मजबूत करते हैं। ग्राहक राजेश उपाध्याय ने बैंक के कार्यसंस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि आरसीएमपी शाखा का स्टाफ हमेशा सहयोगात्मक व्यवहार रखता है और हर जरूरत पर तत्पर रहता है। स्थानीय लोगों ने भी बैंक की इस पहल की जमकर तारीफ की। आयोजन ने यह साफ कर दिया कि बैंक जब समाज के साथ खड़ा होता है, तो विश्वास और भी गहरा होता है।
भोगनाडीह में हुए उपद्रव मामले में दो आरोपी अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार
मोके पर अवैध हथियार, साड़ी, धोती बरामद
गोड्डा। संवाददाता। साहिबगंज के भोगनाडीह में हुए उपद्रव मामले में गोड्डा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र से दो आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपी हूल दिवस में किए गए उपद्रव के मास्टरमाइंड बताए जा रहे हैं। गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी दी की साहिबगंज पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह की ओर से गुप्त सूचना दी गई थी की बीते दिन 30 जून को कुछ 8 से 10 लोगों के द्वारा बरहेट और बोरियो क्षेत्र में साड़ी, धोती, हथियार और पैसा बांटा जा रहा है। जिसमें 30 जून को भोगनाडीह में सरकारी कार्यक्रम को प्रभावित किया जा सके। उसी सिलसिले में बरहेट थाना में मामला दर्ज भी किया गया था। उसी दर्ज मामला के आलोक में गोड्डा पुलिस को सूचना मिला कि कुछ लोग वहां से भाग कर गोड्डा तरफ आए हुए हैं, जिसके बाद गोड्डा हैडक्वाटर डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। सूचना में एक नंबर की जानकारी मिली थी उसी नंबर को फॉलो करते हुए टीम ने दो व्यक्ति एक सुधीर कुमार को जमशेदपुर का रहने वाले है और दूसरा गणेश मंडल है, जो उड़ीसा का रहने वाले है। पुलिस ने दोनों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है जिसके पास से अवैध हथियार, साड़ी, धोती, बरामद किया है। इनलोगों का उद्देश्य था की भोगनाडीह में हो रहे कार्यक्रम को किसी तरह से प्रभावित किया जा सके। हालांकि समय रहते साहिबगंज जिला प्रशासन की ओर से हालात को संभाल लिया गया और सरकारी कार्यक्रम शांतिपूर्ण हुआ। गोड्डा एसपी मुकेश कुमार ने बताया की यह दोनों बरहेट, बोरियो और साहिबगंज में 20 जून से ही घूम रहे हैं। कही न कही इन लोगों का कुछ गलत मंशा था कि हूल दिवस वाले दिन कुछ गलत कर सके उसी मंशा से ये लोग आए थे। पुलिस ने बताया कि ये लोग बीजेपी पार्टी के सोशल मीडिया प्रभारी है। ये पॉलिटिकली लिंक्ड है। हमलोग भी सत्यापन कर रहे हैं कि किस किस पार्टी से इनका लिंक्ड है।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, पुलिस ने कहा रिमांड में लेकर पूछताछ की जाएगी।
बता दें कि सोमवार को हूल दिवस के मौके पर भोगनाडीह में सिदो कान्हु पार्क में पूजा करने को लेकर शहीद के वंशज और पुलिस के बीच झड़प हुई। इस झड़प में आदिवासियों ने तीर धनुष से हमला किया तो हालत को कंट्रोल में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठी चार्ज कर सभी को खदेड़ा था। इसके बाद इस मामले की जांच शुरू की गई थी, जिसके आधार पर अब यह कार्रवाई की गई है।
ओआरएस-जिक कॉर्नर का किया गया शुभारंभ
गोड्डा। संवाददाता। मंगलवार को राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन गोड्डा के तत्वावधान में स्थानीय शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर सह शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रौतारा गोड्डा में स्टॉप डायरिया कैम्पेनिंग के तहत ओआरएस-जिक कॉर्नर का शुभारंभ किया गया। इसका शुभारंभ निवर्तमान वार्ड पार्षद गुणानंद झा ने फीता काट के किया। केम्पेन के बारे में जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर ने बताया कि स्टॉप डायरिया कैम्पेनिंग कार्यक्रम (01 जुलाई 2025 से 14 अगस्त 2025 तक)के तहत जिले के 5 साल तक के सभी बच्चों को ओआरएस और जिक की खुराक दी जानी है। इसके तहत साहिया घर-घर भ्रमण करेगी। इस क्रम में प्रत्येक घरों में ओआरएस के पैकेट दिए जाएंगे लेकिन, जिक की गोलियां सिर्फ उन परिवारों को दी जाएगी, जिनके बच्चे दस्त से ग्रसित रहते हों। उन्होंने बताया कि दो से छह माह तक के बच्चों को जिक की आधी गोली प्रतिदिन 14 दिनों तक देनी है। वहीं, छह से पांच वर्ष तक के बच्चों को प्रतिदिन जिक की एक गोली दी जानी है। सबसे जरूरी बात यह है कि छह माह तक के बच्चों को यदि दस्त हो जाए, तो माताओं को स्तनपान कराते रहना है। ताकि, शिशुओं में रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास हो सके। अगर डायरिया से पीड़ित कोई बच्चा आयुष्मान आरोग्य मंदिर आता है तो वहां चार घंटे तक उसका इलाज किया जाएगा। इस दौरान स्थिति सामान्य हुई तो ठीक अन्यथा बेहतर उपचार के लिए बच्चे को सदर अस्पताल रेफर कर दिया जाएगा
इस मौके पर जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर, आशीष कुमार डीपीएमयू कोऑर्डिनेटर, अर्बन कम्युनिटी फेसिलिटेटर प्रहलाद कुमार, बेबी कुमारी, एएनएम आराधना कुमारी, अलबिना सोरेन, मीरा कुमारी, सोनम कुमारी, जुली कुमारी, साहिया साथी ललिता सोरेन, साहिया रजनी, प्रेमलता झा, आरती कुमारी तथा अन्य लोग मौजूद थे।
घर में आग लगाने के आरोप में तीन गिरफ्तार
बसंतराय। संवाददाता। प्रखंड के डेरमा पंचायत अंतर्गत रेशम्बा गांव में जमीन विवाद को लेकर एक दिन पूर्व एक घर में आग लगा देने की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है। गिरफ्तार व्यक्तियों के नाम विभाष यादव (35), पप्पू यादव (45) एवं सुशील यादव (45) हैं।
एनजीटी की रोक के बावजूद ललमटिया में अवैध बालू कारोबार जारी
-फूलबड़िया बना माफियाओं का गढ़
बोआरीजोर। संवाददाता। ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलबड़िया गांव इन दिनों अवैध बालू खनन का नया केंद्र बन गया है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की ओर से स्पष्ट रूप से बालू खनन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद, खुलेआम बालू की अवैध ढुलाई हो रही है। ग्रामीणों की मानें तो रोजाना दर्जनों ट्रैक्टर बालू से लदे होकर निकलते हैं, जिन पर न तो कोई नंबर प्लेट होती है और न ही वैध परिवहन चालान। यह सब प्रशासन और पुलिस की नाक के नीचे हो रहा है, मगर कार्रवाई के नाम पर पूरी व्यवस्था मौन है। सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि जब एनजीटी और खनन विभाग की गाइडलाइंस इतनी सख्त हैं, तो फिर ये कारोबार कैसे चल रहा है।
क्या प्रशासनिक संरक्षण के बिना ऐसा संभव है? या फिर मामला ऊपरी स्तर तक हिस्सेदारी का है, जहां सब कुछ समझौते के तहत चलता है? झारखंड सरकार को इस अवैध खनन से प्रति दिन लाखों का राजस्व नुकसान हो रहा है। सिर्फ बालू ही नहीं, बल्कि इसके साथ जुड़े सरकारी नियम, पर्यावरणीय दिशा-निर्देश और स्थानीय संसाधनों की लूट भी तेज़ी से हो रही है। यह सरकार की नीतियों और पर्यावरण संरक्षण कानूनों का सीधा उल्लंघन है।
स्थानीय लोग इस मुद्दे को लेकर नाराज जरूर हैं, लेकिन बालू माफियाओं के डर से खुलकर कुछ कहने से बचते हैं।
कुछ ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यदि कोई विरोध करता है तो उसे धमकाया जाता है या सामाजिक तौर पर अलग-थलग कर दिया जाता है। ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों की मांग है कि इस पूरे मामले की ऊच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और इसमें शामिल बालू माफियाओं, दलालों और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
नवनिर्मित 50 बेड के अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण
महागामा। संवाददाता। महागामा वासियों के लिए स्वास्थ्य सुविधा को लेकर बड़ी खबर है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नवनिर्मित 50 बेड के अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण शुक्रवार को गोड्डा के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा ने किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. खालिद अंजूम ने सिविल सर्जन का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। सिविल सर्जन ने अस्पताल भवन के विभिन्न कक्षों, जनरल वार्ड, आपातकालीन सेवा, दवा भंडारण व साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। डॉ. शर्मा ने जल्द उद्घाटन से पहले सभी तैयारियों को दुरुस्त करने का निर्देश देते हुए कहा कि यह अस्पताल महागामा के लिए स्वास्थ्य सेवा का नया केंद्र बनेगा। निरीक्षण के दौरान कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे। सभी ने उम्मीद जताई कि उद्घाटन के बाद आमजन को बेहतर सुविधा मिलेगी।