गोड्डा। संवाददाता। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आहूत की गई। उक्त बैठक के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी श्रवण राम ने उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों को जानकारी दी कि वर्तमान में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कल्याण विभाग के समक्ष 18 मामले सामने आए हैं। बैठक के दौरान उपायुक्त ने 18 मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान विभिन्न थानों में दर्ज प्राथमिकी के आलोक में पुलिस अधीक्षक ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अधिनियम 1989 के तहत पीड़ितों को प्रथम किस्त की राहत राशि प्रदान करने की अनुशंसा की गई। मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी श्रवण राम, विधायक प्रतिनिधि गोड्डा, पोड़ैयाहाट सहित कार्यालय कर्मीगण मौजूद रहे।
पीएम जनमन व धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से संबंधित समीक्षा बैठक संपन्न
गोड्डा। संवाददाता। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में पीएम जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। बैठक में उपायुक्त ने सुंदरपहाड़ी एवं बोआरीजोर प्रखंड के अंतर्गत जनजातीय बहुल गांवों में उक्त योजना के सफल संचालन को लेकर प्रखंड स्तर के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने जिला एवं प्रखंड स्तर पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, उपायुक्त ने कहा कि पीएम जनमन एवं धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान को लेकर अनुसूचित जनजाति के सदस्यों को स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, जलापूर्ति, संपर्क पथ, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, आधार, प्रमाण पत्र, मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, जनधन योजना, विश्वकर्मा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, पीएम नेशनल डायलिसिस प्रोग्राम, सिकल सेल मिशन व पीएम आवास योजना आदि का लाभ पहुंचाएं जाएं। उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत प्रखंडों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अधीन कच्चा और पक्का घरों के सर्वे करने, हाउसहोल्ड के विरुद्ध स्वीकृत अबुआ आवास का आंकड़ा एवं आवास प्लस पर किए गए सर्वे आंकड़े को प्रस्तुत करने, छूटे हुए लाभुकों को विभिन्न आवास योजना से अच्छादित करने, छूटे हुए लाभुकों के लिए प्रखंडवार एवंं कोटिवार लक्ष्य प्रदान करने, आवास निर्माण कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण करने, जल जीवन मिशन के अंतर्गत सभी घरों को अच्छादित करने, चयनित ग्रामों में सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करने, सभी ग्रामों में बिजली का कनेक्शन देने, शिक्षण की व्यवस्था करने, ग्रामवार सर्वे कर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने, एलपीजी का शत प्रतिशत वितरण कर अद्यतन प्रतिवेदन समर्पित करने तथा स्वाईल हेल्थ योजना से प्रत्येक परिवार को आच्छादित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान उपविकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला नजारत उपसमाहर्ता श्रवण राम, समाज कल्याण पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
विश्व युवा कौशल दिवस पर एआई और मेटावर्स पर केंद्रित कार्यशाला आयोजित
गोड्डा। संवाददाता। विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर, गोड्डा के तत्वावधान में सुंदरपहाड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एक विशेष तकनीकी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य विषय था-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मेटावर्स, जो आज के डिजिटल युग के सबसे उन्नत और महत्वपूर्ण विषयों में गिने जाते हैं। विद्यालय की छात्राओं ने इस कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इन आधुनिक तकनीकों के मूल सिद्धांतों, उपयोग और भविष्य की संभावनाओं पर आधारित जानकारी प्राप्त की। छात्राओं ने इसे न केवल ज्ञानवर्धक बल्कि प्रेरणादायक अनुभव के रूप में भी सराहा। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर, गोड्डा के प्राचार्य राम कोटेश्वर राव तथा उनके सहकर्मी राहुल कुमार, सूरज कुमार एवं मृणाल चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन सभी ने मिलकर छात्राओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए सराहनीय प्रयास किया। कार्यशाला के दौरान छात्राओं ने अक और मेटावर्स जैसे जटिल विषयों को सहजता से समझा और उनमें निहित अवसरों को पहचाना। इस पहल ने छात्राओं में तकनीकी जागरूकता, डिजिटल आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास को सशक्त किया। अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर का यह प्रयास स्थानीय छात्राओं को भविष्य की तकनीकियों से जोड़ने और उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर पति-पत्नी में हुआ सुलह
दोनों साथ रहने को हुए राजी, दी गई विदायी
गोड्डा। विधि संवाददाता। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के फ्रंट ऑफिस में पारिवारिक वादों की सुनवाई के दौरान उभय पक्षों को समझा-बुझाकर मामले का निपटारा कराया गया। दोनों ने पिछले विवाद को भूलकर साथ-साथ रहने का संकल्प लिया। इसके बाद सुखी दाम्पत्य जीवन व्यतीत करने को लेकर विदाई दी गई। ज्ञात हो कि जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लोबंधा निवासी मुस्तफा अंसारी एवं पत्नी तस्लीमा खातून के बीच आपसी विवाद को लेकर पिछले दो वर्षों दांपत्य जीवन में दरार आ गई थी। पति-पत्नी दोनों अलग-अलग रह रहे थे। विवाहिता तस्लीमा खातून ने मध्यस्थता को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के फ्रंट आफिस में प्री-लिटिगेशन शिकायत दर्ज किया था। इसके उपरांत दोनों को नोटिस भेजकर बुलाया गया। तस्लीमा खातून ने बताया कि दोनों की शादी 10 वर्ष पूर्व हुई है। इसमें पांच वर्ष की पुत्री व तीन वर्ष का पुत्र भी है। बावजूद उसके साथ बराबर ससुराल वालों द्वारा मारपीट किया जाता था। इससे तंग आकर व मायके चली गई थी। मायके देवदांड़ थाना क्षेत्र के खरकचिया खैरा टोला से ही आकर यहां आवेदन दिया था, जहां दोनों के बीच सुनवाई कर विदाई दी गई। अब एक अगस्त को खैरियत रिपोर्ट के लिए दोनों को उपस्थित होना है।
वादों के निपटरा में डालसा की टीम में शामिल एलएडीसी अजीत कुमार, आयूष राज सहित अधिकार मित्र पूजा रानी, रेशमी कुमारी, रोबिन यादव, नवीन कुमार, धनंजय कुमार, तबरेज आदि की भूमिका अहम रही।
झमाझम बारिश से किसानों में खुशी की लहर, धान की रोपाई शुरू
हनवारा। संवाददाता। मंगलवार से रुक-रुक कर हो रही झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे जहां खिल उठे, वहीं भीषण गर्मी से लोगों को निजात मिली है। जिन किसानों ने धान की रोपाई पानी के अभाव में शुरू नहीं कर पाया था, वे अब खेत तैयार कर धान रोपाई करने में जुट गए। किसान मजदूर लगाकर धान की रोपाई कराने में लग गए। किसानों की मानें तो कई सालों से समय पर लगातार बारिश हुई है। बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। बारिश होते ही जिले में धान की रोपणी के काम में तेजी आई है। मौसम की चाल देख किसानों में इस साल आर्थिक बदहाली दूर होने के साथ ही धान के अच्छी पैदावार होने की उम्मीद भी जग गई है। खाद की दुकानों पर किसानों की भीड़ उमड़ रही है। गौरतलब है कि इस साल समय से मानसून के दस्तक देने से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। बारिश किसानों के लिए अमृत से कम नहीं है। बता दें कि क्षेत्र की बड़ी आबादी कृषि पर आश्रित है। वहीं, सिंचाई की व्यवस्था नहीं होने के कारण खेती पूरी तरह से वर्षा जल पर निर्भर है। किसानों ने बताया कि इस साल धान फसल की पैदावार अच्छी होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार बारिश अच्छी होगी जिससे किसानों को धान के खेत के पटवन करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। बारिश का यह पानी धान की फसल लगाने के लिए किसी सोना से कम नहीं है। ऐसे में समय पर मानसून के प्रवेश से किसान बड़ी उम्मीद के साथ खेती की तैयारी में जुट गए हैं। इस बार समय पर मानसून के दस्तक देने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। बारिश की वजह से अब किसान धान की रोपाई के लिए खेत तैयार करने में जुट गए हैं। किसानों की मानें तो इतनी अच्छी बारिश कुछ साल से हो रही है, जो किसानों के लिए शुभ संकेत है।
सड़क किनारे सूखा पेड़ दे रहा खतरे को आमंत्रण
पथरगामा। संवाददाता। प्रखंड के सोनारचक पंचायत अंतर्गत बाबूपुर पथरगामा-गोड्डा एनएच 133 सड़क के बगल घर के सामने एक सूखा शीशम का पेड़ खतरे को आमंत्रण दे रहा है। घर के सामने पेड़ होने के कारण गाड़ी क्षतिग्रस्त के साथ कई राहगीर शीशम के सूखे टहनी गिरने से घायल हो चुके हैं। इस पेड़ को कटवाने के लिए सबसे पहले आवेदन अंचल अधिकारी पथरगामा को 6 माह पूर्व दी गई थी लेकिन उनकी ओर से इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई। ग्रामीण मेमन कुमार ने अंचल अधिकारी पथरगामा को आवेदन देने के बाद डीएफओ गोड्डा को दिया। आवेदन देने के बाद वन विभाग के कर्मी संजय हांसदा ने सूखे शीशम के पेड़ की तस्वीर ली, उसके बाद आज तक इस पेड़ की सुधि लेने के लिए वन विभाग के कोई कर्मी नहीं आए। सूखे पेड़ से बड़ी दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है, पता नहीं कब गिर जाय। वन विभाग की ओर से पेड़ कटवाने की इस दिशा में कोई पहल नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस दिशा में पहला कर अविलंब इस सूखे शीशम पेड़ को कटवाने की मांग की है।
स्वास्थ्य शिविर में हुई 41 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच
पथरगामा। संवाददाता। बुधवार को आयुष ग्राम घटियारी में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 41 स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर नि:शुल्क दवा आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पर अधिकारी डॉ संजीव कुमार ने दिया। इस आशय की जानकारी देते हुए आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉक्टर संजीव कुमार ने बताया कि सभी बच्चे के जांच के दौरान मौसमी बीमारी के लक्षण पाए गए। वहां मौजूद शिक्षकों को कहा गया कि जांच किए गए बच्चों को गुनगुने पानी का प्रयोग कारने के साथ ही गरम खाना खाने का निर्देश दिया। वही आयुष ग्राम घटियारी में मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार चंद्रा ने 14 महिलाओं के बीच हैजीनिक सामान बांटा गया। मौके पर पंचायत प्रतिनिधि के अलावे महिलाएं एवं बच्चे मौजूद थे।
जिले में बालू के अवैध उठाव, परिवहन व भंडारण पर करें सख्ती से कार्रवाई : उपायुक्त
जिले में अवैध खनन रोकने के लिए निरंतर निगरानी आवश्यक : एसपी
जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक संपन्न
गोड्डा। संवाददाता। बुधवार को उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित थाना प्रभारी से उनके क्षेत्र में स्थित बालू घाटों की स्थिति की जानकारी ली और अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी को उनके क्षेत्र में पड़ने वाले बालू घाट में 24*7 घंटे निगरानी करने करने के निर्देश दिए गए। अवैध बालू उठाव में संलिप्त वाहनों को पकड़कर प्रखंडवार किए गए कार्रवाई की जानकारी जिला खनन पदाधिकारी से ली गई। उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी को अवैध खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी अंचलाधिकारी को अपने क्षेत्र में अवैध बालू उठाव पर लगातार छापामारी करने एवं पकड़े जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि जिले में अवैध खनन रोकने के लिए निरंतर निगरानी आवश्यक है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि वे खनन से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करे। मौके अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा चंद्रशेखर, पुलिस उपाधीक्षक हैडक्वाटर जेपीएन चौधरी, नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया, जिला खनन पदाधिकारी सन्नी कुमार सहित सभी अंचलाधिकारी मौजूद रहे।
राजमहल कोल परियोजना क्षेत्र की सड़कें है जर्जर
-3 किमी सड़क पर चलना जानलेवा
ललमटिया। संवाददाता। ईसीएल की राजमहल कोल परियोजना, ललमटिया क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। अगर हम परियोजना के परिधि की बात करें तो मुख्य मार्ग से लेकर ग्रामीण सड़कों तक की स्थिति खराब है। हालात ऐसे है कि देश हित में जमीन देने वाले भू विस्थापित खुद को ढगा महसूस कर रहे हैं, उन्हें मूलभूत सुविधाएं भी नसीब नहीं हो रही है। स्वास्थ्य की बात छोड़िए यहां आवागमन में जान हथेली पर लेकर चलनी पड़ती है। बांसडीहा से भेरंडा तक लगभग 2 किलोमीटर की सड़क अत्यंत खराब स्थिति में है। यह मार्ग गोड्डा से साहिबगंज और पाकुड़ जिले को जोड़ता है। ईसीएल के पास इन सभी सड़कों की मरम्मत की जिम्मेदारी है। मुख्य मार्ग के किनारे ईसीएल का खनन इस तरह बढ़ता जा रहा है की कभी भी यहां बड़ी दुर्घटना घट सकती है। राजमहल एरिया ऑफिस को जोड़ने वाली गंगा सागर सड़क भी जगह-जगह से टूटी हुई है।
ललमटिया से सीमड़ा तक जाने वाली सड़क भी बेहद जर्जर है। सीमड़ा से मोहनपुर तक की सड़क पर कोयला वाहनों से गिरने वाली मिट्टी और कोयले के कणों के कारण स्थिति और बिगड़ गई है। छोटी गाड़ियां फंस जाती है। बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। एम्बुलेंस चालक नवीन कुमार के अनुसार, ललमटिया से भेरंडा तक सड़क की स्थिति बेहद जर्जर है, एंबुलेंस में कई मरीज आते जाते हैं। डिलीवरी पेशेंट को भी इसी सड़क से गुजरना पड़ता है। कई बार गाड़ियां फंस जाने पर परेशानी झेलनी पड़ती है।
ईसीएल कर्मचारी भी क्षेत्र की सड़कों से परेशान है। एरिया ऑफिस जाने वाली सड़क भी बेहद जर्जर है, संपत ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं और पानी जमा रहता है जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी निर्मल कुमार महतो, आशीष कुमार और जब्बार अंसारी ने बताया कि सड़क सालों से खराब है। गड्ढे अब तालाब का रूप ले चुके हैं। राजमहल के सांसद विजय हंसदा और बोरियो के विधायक धनंजय सोरेन का भी इस ओर ध्यान नहीं है। बता दें कि अभी सप्ताह भर उपायुक्त अंजली यादव भी बोआरीजोर प्रखंड का दौरा करके इसी मार्ग पर हिचकोले खाकर गुजर चुकी है, क्या उनका ध्यान भी बांसडीह भेरंडा के बीच जर्जर सड़क पर नहीं गया या फिर उन्होंने भी इसे नजर अंदाज कर दिया।
पहली बारिश में ही भरभरा कर ढह गई गोड्डा रेलवे स्टेशन की नई दीवार
- सौंदर्याकरण के नाम पर घटिया निर्माण की खुल गई पोल
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता। गोड्डा रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण कार्य में गंभीर खामियां सामने आई हैं। हाल ही में निर्मित स्टेशन परिसर की चाहरदीवारी लगातार हो रही बारिश में बुधवार की सुबह भरभराकर गिर गई। स्थानीय नागरिकों ने निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सीमेंट, ईंट और रेत की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं थी। दीवार अभी पूरी तरह से स्टेशन को घेर भी नहीं पाई थी कि मामूली बारिश में ही इसका ढांचा ढह गया। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और लापरवाही की आशंका जताई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। रेलवे प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
रेलवे अधिकारियों द्वारा स्टेशन परिसर में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। साथ ही, दीवार के मलबे को हटाने का कार्य चल रहा है। यह घटना सौंदर्यीकरण के नाम पर हो रहे निर्माण कार्य की पोल खोलती है। इस तरह की लापरवाही यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी चिंताजनक है।