देवघर/नगर संवाददाता। शुक्रवार को जुलाई सत्र में नामांकन हेतु बीसीए और बीबीए छात्र-छात्राओं के बीच जागरुकता बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक डॉ अरविंद मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इग्नू एक अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय है, जो नेक द्वारा ए ++ ग्रेडेड है तथा ज्ञान उपार्जन व स्किल डेवलपमेंट के लिए भारत में सर्वोत्तम विश्वविद्यालय है। इस अवसर पर समन्यवक डा जानकी नंदन सिंह ने कहा कि इग्नू में नामांकन तथा रिरजिस्ट्रेशन की अन्तिम तिथि 31 जुलाई 25 तक विस्तारित की गई है। इग्नू में समय पर सत्र संचालन एवं परीक्षाएं संपन्न की जाती है। जिसके कारण यह अनेकों लाभप्रद कोर्सेज पूरा कर छात्रों को लाभ पहुंचाते हैं। पढ़ाई का स्तर गुणवत्तापूर्ण है जिसे छात्र, इकांटेंट, ईज्ञानकोष, ज्ञान दर्शन, फेसबुक, ऑनलाइन तथा अन्य सोशल मीडिया से जुड़कर अपना अध्ययन पूरा कर सकते हैं। वैसे लोग जो अनौपचारिक शिक्षा के माध्यम से आगे पढ़ाई करना चाहते हैं, उनके लिए इग्नू बहुत ही मददगार सिद्ध हो रहा है। मंच का संचालन प्रो एके मांझी एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ राजेश कुमार बिसेन ने किया। इस अवसर पर इग्नू कर्मी कुंदन, रजनीश, देवानंद, मुन्ना, राजकुमार आदि अन्य तथा छात्र छात्राएं उपस्थित थे।
रंग-बिरंगी लाइटें बढ़ा रही है मेला क्षेत्र की शोभा
देवघर/वरीय संवाददाता। राजकीय श्रावणी मेला के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा संपूर्ण मेला क्षेत्र को विभिन्न रंगीन लाइटों से सजाने का कार्य किया गया है। साथ ही सभी विद्युत पोलों को स्पाईरल लाइट से सुसज्जित किया गया है। इसके अलावा मेला क्षेत्र में रंग-बिरंगे छोटे-छोटे विद्युत बल्बों की लड़ी लगायी गयी है एवं तोरण द्वार का निर्माण किया गया है।
इसके अलावा मेला क्षेत्र में डेकोरेटिव लाइट, डिजाइनर लाइट व रंग-बिरंगे स्पाईरल लाईट से सुसज्जित विद्युत पोल की सुंदरता परस्पर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। सिर्फ इतना ही नहीं इसकी सुन्दरता रात्रि के समय देखने से ऐसा लगता है मानो किसी समारोह या उत्सव में पहुंचे हो। वर्तमान में मंदिर के आस-पास के क्षेत्र, शिवगंगा तट, नेहरू पार्क, बाजार एवं कांवरिया पथ, रुटलाइन व मेला क्षेत्र के अन्य जगहों पर इन लाइटों को जगमगाते हुए आसानी से देखा जा सकता है। जिला प्रशासन द्वारा श्रावणी मेला में इन लाइटों को लगाने का मुख्य उद्देश्य यहां आए कांवरियों को सुखद अनुभूति प्रदान करना है, ताकि यहां के साज-सज्जा और सुंदरता उनके मानस पटल में अविस्मरणीय रूप से लम्बे समय तक अंकित रह सके।
चकाई के प्रदीप ने 69 वर्ष की उम्र में किया रक्तदान
- युवाओं को दिया संदेश : रक्तदान करने के लिए मन में मदद करने का जज्बा होना चाहिए
- इस उम्र में भी रक्तदान काबिले तारीफ है : समीर
देवघर/नगर संवाददाता। रक्तदान के क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले सारवां प्रखंड के जिरूलिया गांव निवासी समीर मिश्रा के उत्साह वर्धन से लगातार युवाओं का रूझान इस ओर बढ़़ रहा है। समीर देवघर ब्लड बैंक में इसके लिए मुस्तैद रहते हैं। यह ग्रामीण क्षेत्र के अलावा शहर और ब्लड बैंक का जाना पहचाना चेहरा हैं। इनके प्रेरणा से सभी युवक जरूरतमंदों को रक्तदान के लिए खड़े़ रहते हैं और स्वेच्छा से उत्साह के साथ रक्तदान कर रहें हैं। किंतु कोई अगर 69 वर्ष की उम्र में भी रक्तदान कर रहें हैं, तो निश्चित रूप से यह एक मिसाल है। इसी क्रम में चकाई निवासी प्रदीप कुमार सिन्हा ने आज देवघर के एक मरीज के लिए रक्तदान कर उनके जीवन रक्षा में अपनी महती भूमिका निभाई है। जहां इस उम्र में लोग रक्तदान के नाम मात्र से घबडाते है। वहीं श्री सिन्हा ने उत्साह के साथ रक्तदान किया है। मौके पर प्रदीप कुमार सिन्हा ने कहा कि रक्तदान से बड़ा और क्या महान दान हो सकता है?मन में मदद करनें की जज्बा होनी चाहिए। किसी की मदद में उम्र को कभी आड़े आनें नहीं दूंगा। जब तक जिस्म में ताकत है जरूरत मंद को अवश्य रक्तदान करूंगा। बहरहाल श्री सिन्हा के इस नेक कार्य की प्रशंसा हो रही है। मौके पर समीर मिश्रा ने कहा कि देवघर के एक मरीज को खून की बहुत जरूरत थी। प्रदीप कुमार सिन्हा से संपर्क किया तो वे रक्तदान के लिए इस उम्र में भी तैयार हो गए। यह काबिले तारीफ है। इसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है।
संथाल परगना में आजसू करेगा संगठन का विस्तार, प्रभारी मनोनीत
- ध्रुव प्रसाद साह के गोड्डा जिला प्रभारी बनने पर बधाई देने वालों का तांता
देवघर/नगर संवाददाता। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेश कुमार महतो के निर्देश पर संथाल परगना में संगठन विस्तार को ले सभी छह जिलों के जिला प्रभारियों की घोषणा की गई है। इस बाबत शुक्रवार को पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने अधिसूचना जारी कर दिया है। जारी अधिसूचना के अनुसार प्रत्येक जिले में दो प्रभारी मनोनीत किया गया। जिसमें देवघर के जिला अध्यक्ष व केंद्रीय महासचिव रहे करनीबाग निवासी युवा समाजसेवी ध्रुव प्रसाद साह को गोड्डा जिला का प्रभारी बनाया गया। इनके साथ प्रभारी के रूप में सचिन कुशवाहा शामिल हैं। वहीं देवघर जिला प्रभारी संजीव महतो, देवेंद्र महतो, साहेबगंज जिला प्रभारी आलोक जाय पाल, मनोज मरांडी, पाकुड़ जिला प्रभारी चतुरानंद पांडेय, केदार महतो, दुमका जिला प्रभारी अरूण महतो, विक्रम सिंह, जामताड़ा जिला प्रभारी मनोज सिंह मेला, विनोद प्रसाद को मनोनीत किया गया है। गोड्डा जिला प्रभारी बनाए जाने पर ध्रुव प्रसाद साह ने केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो सहित पार्टी शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा और गोड्डा जिला में संगठन को मजबूत बनाने काम करूंगा। ध्रुव प्रसाद साह के गोड्डा जिला प्रभारी मनोनीत होने पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। बधाई देने वालों में आजसू नेता जितेन्द्र चौधरी, प्रकाश कुमार मंडल, बिपिन कुमार गुप्ता, विक्की मेहरा, तुलसी दास, प्रदीप यादव, विरेन्द्र यादव, निरज गुप्ता सहित अन्य लोग शामिल हैं।
तीसरे दिन भी नहीं मिला चेकडैम में डूबे छात्र का शव
- अबतक नहीं पहुंची एनडीआरएफ, एसडीआरएफ बैरंग लौटी
- अब परिजन ले रहे धर्म गुरु का सहारा
फोटो- शव की बरामदगी के लिए पूजा करते आदिवासी धर्मगुरु
सरैयाहाट/निज संवाददाता। हंसडीहा थाना क्षेत्र के बढ़ेत गांव स्थित चेकडैम में डूबे छात्र का शव तीसरे दिन भी बरामद नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम चेकडैम के पास पहुंची थी। लेकिन टीम स्थल का मुआयना कर वापस लौट गई, टीम के सदस्य पानी में नहीं उतरे। एसडीआरएफ ने ग्रामीणों को बताया कि चेकडैम में पानी उतना नहीं है। हो सकता है शव पानी के बहाव में आगे चला गया होगा। इधर जब बिना किसी अभियान के जब एसडीआरएफ वापस लौट गई तो परिजनों के द्वारा अब पूजा पाठ का सहारा लिया जा रहा है। शुक्रवार को पाकुड़ से आए आदिवासी धर्म गुरु के द्वारा चेकडैम के समीप पूजा अर्चना की गई। वहीं तीन दिन बीत जाने पर भी रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ को नहीं बुलाए जाने पर ग्रामीण काफी नाराज़ दिख रहे हैं। ग्रामीण अब पुन: सड़क पर उतरने की बात भी कह रहे हैं। ज्ञात हो कि तीन दिन पूर्व बढ़ैत गांव का स्केलाल किस्कू चेकडैम में स्नान करने गया था, स्नान के दौरान वह पानी की गहराई में समा गया। शव की बरामदगी के लिए प्रशासन के द्वारा सहयोग न करने की बात कहते हुए ग्रामीणों ने हंसडीहा दुमका मुख्य मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया था।
पत्नी को जलाकर हत्या के प्रयास में पति गिरफ्तार, गया जेल
दुमका/निज संवाददाता। पत्नी को प्रताड़ना व जलाकर हत्या करने के प्रयास के मामले में नगर थाना पुलिस आरोपी पति को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दी है। गिरफ्तार आरोपी पति नगर थाना क्षेत्र के रसिकपुर बढ़ईपाड़ा निवासी टिंकू शर्मा है। जानकारी के अनुसार आरोपी पति वर्ष 2023 से फरार चल रहा था। पुलिस फुलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाजरत पत्नी पूजा देवी के बयान पर 03 जून 2023 को आरोपी पति के खिलाफ कांड संख्या 03/23 के तहत मामला बीएनएस की धारा 326,326 ए, 307 के तहत दर्ज कर गिरफ्तारी में जुट गई थी। आरोपी मामला दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा था।
सूचना सह सहायता केन्द्रों में प्रतिनियुक्त सूचना सह सहायता कर्मी सेवाभाव से कर रहे हैं कार्य
देवघर/वरीय संवाददाता। राजकीय श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में 31 सूचना सह सहायता केन्द्र, तीन बाइक दस्ता की टीम एवं दो टोटो 24 घंटे कार्यरत हैं, ताकि किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को त्वरित सविधा मुहैया करायी जा सके। इसके अलावा मेला के दौरान बाबा नगरी आने वाले महिला श्रद्धालुओं के साथ बच्चों के सुविधा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 10 मातृत्व विश्राम गृह का निर्माण कराया गया है, जहां मातृत्व विश्राम गृह में सैनिटरी पैड, बच्चों के डायपर, बिस्किट, दूध उपलब्ध कराया जा रहा है एवं महिला कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी इन केन्द्रों पर की गयी है। सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में सूचना-सह-सहायता कर्मियों द्वारा पूरे तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने अपने केंन्द्रों में कार्य किया जा रहा है ताकि बिछुड़े हुए कांवरियों को उनके परिजनों से मिलाया जा सके। इसके अलावे कांवरिया पथ एवं रूटलाईन में सभी कांवरियों के बीच जलार्पण संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाओं के साथ आवश्यक जानकारी लगातार प्रेषित की जा रही है। वहीं लगभग 7954 श्रद्धालुओं को अब तक सूचना सह सहायता केंद्र के माध्यम से उनके परिजनों से मिलाया गया है।
कार्यस्थल पर ससमय पहुंच कर सेवाभाव से करें कार्य : सीएस
देवघर/नगर संवाददाता। शुक्रवार को संथाल परगना प्रमंडल दुमका के क्षेत्रीय उपनिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ सीके शाही ने देवघर के सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर चौधरी की उपस्थिति में कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक की। मौके पर राजकीय श्रावणी मेला से संबंधित तैयारियों एवं कार्ययोजना के बारे में जिला स्तरीय प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही मेला में स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धि एवं देवतुल्य कांवरियों के लिए और बेहतर व्यवस्था हेतु दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में मेला कोषांग में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा शिविर में प्रतिनियुक्ति चिकित्सक और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों से भी कार्यस्थल पर ससमय पहुंच कर सेवाभाव से कार्य करने का अनुरोध किया गया। इस दौरान साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने हेतु भी निर्देशित किया गया।
डकैती मामले में पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया
गोपीकांदर/निज संवाददाता। 15 जुलाई को अरीचुआं गांव में पिस्टल की नोक पर 2 लाख नकदी सहित पांच लाख की डकैती मामले में गोपीकांदर पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस तीनों युवकों से पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए सभी आरोपी पाकुड़ जिला के हैं। हिरासत में लिए गए एक आरोपी को पुलिस ने डकैती के स्थान पर लेजाकर भी पूछताछ किया व जानकारी हांसिल किया। थाना प्रभारी सुमित भगत ने बताया कि जांच जारी है। पूछताछ किया जा रहा है। डकैती का जल्द खुलासा किया जाएगा। ज्ञात हो कि बीते 15 जुलाई 2025 को अरीचुआं गांव के नयन कुमार राय के घर में संचालित होटल और दुकान से नकाबपोश अज्ञात अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर 2 लाख नकदी सहित 60 भर चांदी, 2 भर सोना, अंगूठी सहित राशन दुकान का समान सहित अन्य समाग्री की डकैती की गई थी। इस दौरान अपराधियों ने एक राउंड हवाई फायरिंग भी किया था। होटल व घर में मौजूद पांच सदस्यों को एक कमरे में बंद कर डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था।
भुरभुरी नदी में डूबने से एक युवक की हुई मौत
जामा/निज संवाददाता। जामा थाना क्षेत्र के थानपुर गांव के पहरीडीह टोला के एक युवक के भुरभुरी नदी में डूब जाने से गुरुवार को उसकी मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार मृतक अरविंद मांझी उम्र 28 वर्ष गुरुवार के दिन 2 बजे नदी में स्नान करने गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन नदी के तरफ उसको खोजने गये। तो पाया कि नदी के किनारे उसका कपड़ा रखा हुआ है। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। फिर गांव के दर्जनों युवक नदी में घुसकर उसको खोजने लगे। देर शाम लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर सहरी रगद गांव के घाट के पास उसका शव बरामद किया गया। पुलिस को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया। लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने की विनती पुलिस से किया। पुलिस द्वारा लिखित लेकर शव को परिजनों को सौंप दिया।