गोड्डा। संवाददाता। उपायुक्त अंजली यादव ने शुक्रवार को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन स्कीम योजना के लाभुक से अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में मुलाकात की एवं उसके मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने उनके बेहतर भविष्य के लिए तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का सलाह दिया।
मालूम हो कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन स्कीम भारत सरकार द्वारा कोविड -19 प्रभावित बच्चों के सहायतार्थ वर्ष 2021 में प्रारंभ की गई थी। इस योजना के तहत ऐसे बच्चे, जिन्होंने अपने माता-पिता दोनों को अथवा जीवित माता- पिता में किसी एक अथवा दत्तक, विधिक परिजन को कोविड के कारण खो दिया हो, को दस लाख की राशि सहायतार्थ देती है। गोड्डा जिला के मेहरमा प्रखंड की एक बालिका, जिसके पिता की मृत्यु दस वर्ष पूर्व हो गयी थी एवं जीवित माता की मृत्यु कोविड के कारण हो गयी, को इस योजना से जुड़ाव किया गया है। इस दौरान जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता एवं संरक्षण पदाधिकारी ओम प्रकाश उपस्थित थे। ओम प्रकाश, संरक्षण पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के अलावे जिला बाल संरक्षण कार्यालय की ओर से अन्य विभाग से समन्वय स्थापित करके बालिका को पीएम आवास योजना, राशन कार्ड, स्वास्थ्य कार्ड, स्कॉलरशिप आदि योजना का लाभ दिलाया गया है। बालिका उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहती है, जिसके लिए उपायुक्त ने भी हरसंभव मदद करने को कहा है।
सीमावर्ती क्षेत्र में सड़क गड्ढे में तब्दील
-मुख्य सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे से राहगीर व स्थानीय लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी
हनवारा। संवाददाता। झारखंड एवं बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र हनवारा-सन्हौला मुख्य मार्ग की स्थिति लगातार बद से बदतर होती जा रही है। सड़क पर गड्ढा है या गड्ढे में सड़क है, इसका पता करना मुश्किल होता जा रहा है। यह जर्जर सड़क दुर्घटना को आमंत्रित करती प्रतीत हो रही है। सड़क की बदतर स्थिति के कारण लोगों में असंतोष गहराता जा रहा है। विशेषकर बारिश के इस मौसम में सड़क की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि यहां से गुजरना लोगों के लिए एक चुनौती बन गया है। हनवारा पेट्रोल पंप से मिल्की चौक, हनवारा हाट से लेकर चेक पोस्ट तक अधिकांश सड़कें उखड़ चुकी है और बड़े-बड़ तालाबनुमा गड्ढों में तब्दील हो गयी है। इस सड़क होकर रोजाना हजारों राहगीरों और वाहन गुजरते हैं। पैदल राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों के कारण जाम की स्थिति लगातार बनी रहती है। वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गत वर्ष सड़क की मरम्मत की गयी थी, लेकिन इस वर्ष की बारिश ने स्थिति और बिगाड़ दी है। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। हालांकि कुछ दिन पहले ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सड़क के जीर्णोद्धार के लिए इस रोड का भूमि पूजन कर दिया है। लेकिन अभी सड़क की वर्तमान स्थिति काफी खराब हो चुकी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग किया है कि जल्द से जल्द गड्ढों की मरम्मत कार्य शुरू किया जाये, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
शिक्षित समाज से ही देश व समाज का विकास : डालसा
- विभिन्न प्रखंडों में न्याय आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित
गोड्डा। संवाददाता। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से न्याय आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमेश कुमार एवं सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर डालसा की टीम ने शुक्रवार को विभिन्न प्रखंड के गांवों में द्वार-द्वार जाकर जाकर लोगों को जागरुक किया। डालसा की ओर से गठित टीम में शामिल जयकृष्ण यादव एवं स्टेनशिला हेम्ब्रम ने महागामा के करनू गांव में आयोजित शिविर में कहा कि शिक्षित समाज से ही विकास संभव है। जन जागरुकता के लिए शिक्षित होना जरुरी है। शिक्षित होकर ही हम अपने समाज में व्याप्त कुरीतियों का सफाया कर सकेंगे। इसलिए अपने बच्चों को स्कूल जरुर भेजें। नियमित विद्यालय भेजने पर बच्चों में शिक्षा के प्रति अभिरूचि होती है और गलत संगतों से भी बचाव होता है। इसके अलावा ग्रामीणों को मानव तस्करी, बाल विवाह आदि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों को कम उम्र में मजदूरी के लिए नहीं भेजें। बच्चों से मजदूरी कराना कानूनन अपराध है। स्थानीय स्तर पर बच्चों की पढ़ाई के लिए पठन- पाठन की बेहतर व्यवस्था है। आज विद्यालयों में मध्याह्न भोजन, पोशाक व छात्रवृति की भी व्यवस्था है। वहीं किसी प्रकार की समस्या होने पर विधिक सेवा की भी व्यवस्था है। इसके तहत महिला, समाज के अभिवंचित, बंदी आदि को मुफ्त कानूनी सहायता का प्रावधान है। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गई।
इसके अलावा पथरगामा, बसंतराय, गोड्डा, सुंदरपहाड़ी, ठाकुरगंगटी, पोड़ैयाहाट आदि प्रखंड के गांव में शिविर लगाकर कानूनी जानकारी दी गई।
तुलसी के पद्य एवं प्रेमचंद के गद्य विश्व धरोहर हैं : बैद्यनाथ
-एसडीओ ने गोस्वामी तुलसीदास व कथा सम्राट प्रेमचंद की जयंती पर व्यक्त किए विचार
गोड्डा। संवाददाता। संत कवि गोस्वामी तुलसीदास के पद्य और प्रेमचंद के गद्य विश्व धरोहर हैं। अपनी रचना रामचरित मानस से जहां तुलसी सनातन धर्मावलंबियों के हृदय में संत रूप में स्थापित हुए, वहीं प्रेमचंद की साहित्य में हिन्दुस्तान की आत्मा बसती है। उक्त आशय की बातें अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव ने गुरुवार शाम स्थानीय विद्यापति भवन में आयोजित गोस्वामी तुलसीदास एवं कथा सम्राट प्रेमचंद जयंती समारोह के दौरान बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में कही।
बतौर विशिष्ट अतिथि अपने संबोधन में जिला खेल एवं कला-संस्कृति पदाधिकारी डॉ प्राण महतो ने कहा कि तुलसीकृत रामायण एक जीवन दर्शन है, जो हमें श्रेष्ठ जीवन जीना सिखाती है जबकि प्रेमचंद के साहित्य एक आईना है, जिसमें देश के ग्रामीण परिवेश की संपूर्ण झलक है। जोहार कलमकार मंच झारखंड की गोड्डा जिला शाखा की ओर से आयोजित समारोह की अध्यक्षता मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष सह गोड्डा जिलाध्यक्ष सुरजीत झा ने तथा संचालन जिला उपाध्यक्ष डॉ ब्रह्मदेव कुमार ने किया। तीन चरणों में आयोजित कार्यक्रम के प्रथम सत्र एवं द्वितीय सत्र में जहां अतिथि द्वय के अलावा वरीय अधिवक्ता दीना नाथ झा, विद्यापति सांस्कृतिक परिषद सचिव डॉ बंशीधर मिश्रा, साहित्यकार परीक्षित मंडल प्रेमी, शिव कुमार भगत, नीरभ किशोर, प्रवीण तिवारी, सर्वजीत झा “अंतेवासी”, सुरजीत झा, मुकेश कुमार, ओम प्रकाश मंडल एवं त्रिमाला कुमारी ने विषयक व्याखान के तहत विभूति द्वय के महान व्यक्तित्व एवं अजर -अमर कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अपनी शब्द-श्रद्धांजलि दी।
वहीं तीसरे चरण में आयोजित कवि सम्मेलन में डॉ स्मिता शिप्रा, प्रकाश यादव, अधिवक्ता अनंत नारायण दुबे, ओम प्रकाश मंडल, सुरजीत झा, शंकर ठाकुर “चंद्रबिंदु”, विपुल दुबे, सोनू कुमार झा, त्रिमाला कुमारी, विनीता प्रियदर्शिनी, ऋतंभरा कुमारी “मीठी”, चेतन राज, उमेश साह एवं आदित्य राज मेहरा ने विभूति द्वय पर लिखी कविता का पाठ कर उन्हे अपनी काव्यांजलि दी। सभी बीस प्रतिभागियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यापति सांस्कृतिक परिषद के हरिशंकर मिश्र, सुनील कुमार झा, निश्चल कुमार, दिलीप कुमार झा एवं प्रभु झा सहित आशुतोष झा, अमित सिंह “अप्पू” एवं नीतीश आनंद उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने कीचड़ युक्त कच्ची सड़क पर की धान रोपनी
- आजादी के करीब 8 दशक के दौरान भी पक्की सड़क के लिए तरस रहे ग्रामीण
पोड़ैयाहाट। संवाददाता। पोड़ैयाहाट प्रखंड झारखंड की राजनीति के एक कद्दावर नेता का गृह प्रखंड एवं विधानसभा क्षेत्र है। इस विधानसभा क्षेत्र के विधायक लगातार छह बार से जीत दर्ज कर रहे हैं। राज्य की सत्ता में इस क्षेत्र के विधायक की काफी हनक है। लेकिन विडंबना यह है कि इस प्रखंड के पूर्वी इलाके के कुछ गांवों में अभी तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है। लोग पगडंडीनुमा कच्ची सड़क पर चलने के लिए मजबूर हैं। बरसात में कच्ची सड़क पर पानी जमा होने से लोगों का चलना दूभर हो जाता है। इसके कारण लोगों में शासन एवं प्रशासन के साथ ही जनप्रतिनिधियों के प्रति असंतोष गहराता जा रहा है। गहराते जन असंतोष के बीच शुक्रवार को ग्रामीणों ने कच्ची सड़क पर धान रोपनी कर शासन, प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि को आइना दिखाने का काम किया।
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झपनीबांध में मांझी टोला, मिर्धा टोला, यादव टोला सहित कई अन्य गांवों के लोगों का आवागमन का सहारा बनी है यह कच्ची सड़क। मुख्य सड़क को यह सड़क जोड़ती है। परंतु कई वर्षों से सड़क की स्थिति दयनीय है। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बरसात के मौसम में इन गांवों में किसी के बीमार पड़ने पर गांव तक एंबुलेंस नहीं पहुंच सकती है। बरसात के मौसम में वाहनों की तो बात ही छोड़िए, आम लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल भरा हो जाता है ।
इस जर्जर सड़क को पक्की सड़क में तब्दील करने के लिए ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाते लगाते थक गए हैं। जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से मायूस होकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को इस कच्ची सड़क पर धान रोपना ही बेहतर समझा। सड़क पर धान रोपनी कार्यक्रम की अगुवाई भाजपा के युवा नेता आशीष यादव कर रहे थे। भाजपा नेता आशीष यादव के नेतृत्व में सुभाष यादव, हीरालाल यादव, लालदेव यादव, पप्पू शर्मा, गौतम कुमार, प्रमोद यादव, सिकंदर यादव, किसान राय, तूपलाल राय, मालती देवी, शिबू राय, गुलेश्वर राय, दिलीप राउत, सिकंदर राउत, सदानंद यादव, टीपलाल यादव, सिंगेश यादव, ताराचंद यादव, राजेश यादव सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने कीचड़ से लथपथ सड़क पर धान रोप कर झारखण्ड सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि को आइना दिखाते हुए विकास की पोल खोलने का काम किया।
रेनबो ने रफी, किशोर, उधम व शहीदों को दी स्वर श्रद्धांजलि
गोड्डा। संवाददाता। पिछले पच्चीस वर्षों से चली आ रही परपरानुसार स्थानीय रेनबो म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने गुरुवार शाम गांधी मैदान के मंच पर एक भव्य रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन कर पुण्यतिथि के अवसर पर स्वर-सम्राट मो. रफी को, पार्श्व गायक किशोर कुमार को जिनकी जयंती चार अगस्त को है, शहादत दिवस के अवसर पर वीर शहीद ऊधम सिंह को तथा कारगिल विजय सप्ताह के तहत कारगिल के शहीदों को एक साथ श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव एवं विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिला खेलकूद एवं कला संस्कृति पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो के अलावा रेनबो के संरक्षक अमित राय व मनोज कुमार पप्पु, संस्थापक अध्यक्ष सुरजीत झा, संस्थापक सचिव मनीष कुमार सिंह, संयुक्त सचिव अमित सिंह “अप्पू”, एवं गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट पवन सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गायकों में संस्था के संस्थापक सचिव मनीष कुमार सिंह, कौशल किशोर मिश्रा, मिथिलेश कुमार, अमित सिंह “अप्पू”, जवाहर सिंह, पवन कुमार सिंह, ब्रजेश मंडल उर्फ श्याम जी, अंकिता दूबे एवं अपराजिता रॉय के अलावा बाल गायक आदित्य रॉय एवं द्वंश मिश्रा ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से देर रात तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। वहीं गुरुकुल डांस एकेडमी के छब्बीस बच्चों ने एकेडमी की निदेशिका आरती सिंह के संयोजन में बेहतरीन नृत्य की प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। मंच संचालन मिथिलेश कुमार एवं पूजा सिधानवी ने बारी-बारी से सधे हुए अंदाज में किया। रजत जयंती समारोह के तहत रेनबो म्यूजिकल ग्रुप की ओर से सभी प्रतिभागियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।