-10 आदर्श दंपतियों को किया गया सम्मानित
गोड्डा/कार्यालय संवाददाता। जिला स्वास्थ्य समिति, गोड्डा के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर नियोजित परिवार सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार को किया गया। नियोजित परिवार सम्मान समारोह कार्यक्रम का शुभारंभ डॉक्टर निर्मला बेसरा, चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल गोड्डा ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर पुरुष नसबंदी करने वाले दंपति प्रीतम साह, पत्नी गुड़िया देवी, दो बच्चों में तीन साल का अंतर रखने वाली रचना प्रिया, पति देवेंद्र कुमार पंडित, लगातार तीन सालों से अंतरा इंजेक्शन की लाभुक रुखसाना खातून, पति समीर अंसारी समेत 10 आदर्श दंपतियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में कार्य करने वाली सेविका सिंधु देवी और एएनएम अराधना कुमारी, जयमाला कुमारी, नीतू प्रियदर्शनी आदि स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. निर्मला बेसरा ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुरूआत 20वीं सदी की शुरूआत में हुई थी, जब महिला अधिकार कार्यकर्ताओं ने समान अवसरों की वकालत की थी। जिसमें वोट देने, काम करने और सार्वजनिक पद संभालने का अधिकार शामिल था। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाना कई कारणों से महत्वपूर्ण है। सबसे पहले, यह महिलाओं की उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान को उजागर करता है, जिससे गहराई से जड़ें जमाए हुए लैंगिक रूढ़ि वादिता को चुनौती मिलती है। दूसरा, यह दुनिया भर में महिलाओं के अधिकारों और लैंगिक समानता के लिए चल रहे संघर्ष के बारे में जागरूकता बढ़ाता है। उन्होंने आगे बताया कि परिवार नियोजन करने से महिलाएं सशक्त हो रही हैं। अपनी जिम्मेदारी को समझ पा रही हैं। मौके पर स्वास्थ्य विभाग की एएनएम अराधना कुमारी, मीरा कुमारी, नीतू प्रियदर्शिनी, सहिया मंडली कुमारी, ललिता सोरेन, बीटीटी बेबी कुमारी, सेविका सिंधु देवी ने अपना-अपना अनुभव साझा किया। बेबी कुमारी ने कन्या भ्रूण हत्या, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ विषय पर सबको शपथ दिलाई। इस मौके पर जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर, जिला लेखा प्रबंधक राजकिशोर पोद्दार एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया ।
गोड्डा कॉलेज में आदिवासी छात्रों ने आयोजित किया बाहा पर्व
गोड्डा/कार्यालय संवाददाता। संताल जनजाति एक उत्सव पसंद जनजाति है। उत्सवों में बाहा पर्व भी आता है। बाहा का अर्थ फूल होता है। बसंत के अवसर पर हजारों प्रजातियों के फूल प्रकृति हमें देता है। फाल्गुन में होली के ठीक पहले विभिन्न गांवों में अलग-अलग तिथियों में संताल आदिवासियों की ओर से बाहा पर्व मनाया जाता है। इस पर्व में संथाल स्त्री-पुरुष परंपरागत वस्त्र पहनते हैं और मांदर बजाते हैं। जाहेरथान में देवी-देवताओं की पूजा कर साल और महुआ के फूल चढ़ाए जाते हैं। शनिवार को गोड्डा कॉलेज के बीएड बिल्डिंग के प्रांगण में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बाहा पर्व का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। छात्र-छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत किया और विभिन्न परंपराओं का प्रदर्शन किया। संध्या तक छात्र-छात्राओं ने संगीत एवं नृत्य का भी आनंद लिया। प्राचार्य डॉ. स्मिति घोष, प्रोफेसर प्रद्रीनाथ हांसदा, प्रोफेसर योगेश मुर्मू, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. रणविजय सिंह, डॉ. मीरा कुमारी, डॉ. पंकज मुर्मू सहित कई शिक्षकों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
महिला दिवस पर नागरिक मंच ने किया नारी शक्ति को सलाम
गोड्डा/कार्यालय संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को नागरिक मंच की ओर से नारी शक्ति के सम्मान में एक विचार गोष्ठी सह सम्मान समारोह का आयोजन स्थानीय अग्रसेन भवन के सभागार में किया गया। सभा की अध्यक्षता डॉ. नूतन झा, सुशीला हांसदा एवं जानकी देवी ने संयुक्त रूप से की। सभा में जिला मुख्यालय के अलावा पथरगामा, महगामा, मेहरमा एवं बोआरीजोर से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. नूतन झा ने महिलाओं के समक्ष उत्पन्न विभिन्न समस्याओं को रखते हुए उनके समुचित सम्मान और समानता की वकालत की। बतौर मुख्य वक्ता कर्मचारी संगठन के राष्ट्रीय नेता मंजूल कुमार दास ने एक मौजूं कविता के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का इतिहास, जर्मनी के क्लारा जेटकिन, 1917 की रूसी समाजवादी क्रांति और महिलाओं को विश्व में सबसे पहले रूसी क्रांति के बाद महिलाओं को मताधिकार की चर्चा की। भारत में महिलाओं पर होने वाले अत्याचार, घरेलू हिंसा एवं यौन उत्पीड़न के खिलाफ महिला एवं पुरुषों को मिलकर लड़ने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने झारखंड सरकार की ओर से चलाई जा रही मंईयां सम्मान योजना की तारीफ की। सभा को संबोधित करने वाले अन्य वक्ताओं में दशरथ मंडल, उमेश मिश्रा, परमानंद झा, रघुवीर मंडल, रतन कुमार दत्ता, सर्वजीत झा, अमरनाथ पाठक, किरण देवी, पंकज झा, शंकर वर्मा, जफर इकबाल आदि ने दुनिया और अपने देश भारत में बढ़ रही आर्थिक विषमता, भेदभाव तथा धर्म एवं जाति के आधार पर समाज को बांटने की साजिश के विरोध में संघर्ष करने की जरूरत बताई। आर्थिक योगदान के लिए विजय कुमार चौबे के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ही महिला दिवस जिंदाबाद, महिलाओं पर जुल्म बंद करो, असमानता खत्म करो आदि नारों के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।
सीनियर नेशनल कैरम के लिए झारखंड की टीम में गोड्डा की काव्यश्री और चंद्रकला शामिल
गोड्डा/कार्यालय संवाददाता। दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 17 से 21 मार्च तक आयोजित होने वाली “52वीं सीनियर नेशनल कैरम चैंपियनशिप” के लिए झारखंड की पुरुष एवं महिला टीम की घोषणा कर दी गई है। उक्त आशय की जानकारी देते हुए इंटरनेशनल कैरम अंपायर सह कैरम एसोसिएशन ऑफ गोड्डा के सचिव सुरजीत झा ने बताया कि स्टेट कैरम एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव मुकुल कुमार झा की ओर से घोषित टीम के पुरुष वर्ग में धनबाद के अचिंतो कुमार मित्रा एवं रांची के सोनू कुमार पांडेय के अलावा दुमका के राशिद इकबाल, मनीष गुप्ता, अभिषेक झा एवं अजीत कुमार को शामिल किया गया है। वहीं महिला टीम में गोड्डा की काव्य श्री एवं चंद्रकला कुमारी, दुमका की शिप्रा कुमारी एवं अमृता भारती, जामताड़ा की मौसम कुमारी व रांची की कुमारी हर्षिता के नाम शामिल हैं। श्री झा ने बताया की कैरम एसोसिएशन दुमका के सचिव चंदन झा एवं अनुभव दीप को क्रमश: पुरुष एवं महिला टीम मैनेजर नियुक्त किया गया है। टीम 15 मार्च को गंतव्य के लिए प्रस्थान करेगी। घोषित टीम को कैरम एसोसिएशन ऑफ झारखंड की अध्यक्ष डॉ. प्रभारानी प्रसाद सहित सभी पदाधिकारियों ने अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
ट्रैक्टर के चपेट में आकर एक बच्चे की मौत
-आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
महागामा/संवाददाता। स्थानीय थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-हनवारा मुख्य मार्ग स्थित जमायडीह गांव के समीप ट्रैक्टर की चपेट में आने से शनिवार को एक चार वर्षीय बच्चा पूरी तरह से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को रेफरल अस्पताल, महागामा लाया गया जहां मौजूद डॉक्टर सोनाली कुमारी ने घायल बच्चे का प्राथमिक उपचार किया। घायल बच्चे का नाम सिद्धार्थ, उम्र तकरीबन चार वर्ष, पिता-देवेंद्र ब्रह्म, ग्राम-जमायडीह के निवासी है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि ट्रैक्टर काफी तेज गति से आ रहा था। उसी क्रम में घर के पास सड़क किनारे खड़े बच्चे को चपेट में ले लिया। जिसके कारण बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। महागामा रेफरल अस्पताल की डॉक्टर सोनाली कुमारी ने घायल बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बच्चे को सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जमायडीह में गोविंदपुर-हनवारा मार्ग पर मुआवजे की मांग को लेकर बांस, बल्ले से घंटों सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर सीओ डॉक्टर खगेन महतो, पुलिस निरीक्षक उपेंद्र महतो, थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। वहीं समझाने- बुझाने के बाद तकरीबन पांच घंटे के उपरांत आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम को हटाया। सीओ ने परिजनों को समझाते हुए कहा कि सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजे की राशि जल्द से जल्द दी जाएगी। इसके लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है। वहीं मासूम बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मां दहाड़ मारकर रो रही थी। परिजनों को समझा-बुझा कर मामले को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया।
उउवि संग्रामपुर में विप्रस अध्यक्ष प्रेम और उपाध्यक्ष बनीं अंशु
हनवारा/संवाददाता। महागामा प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय विद्यालय, संग्रामपुर में शनिवार को विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव अशोक राम की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। विद्यालय प्रबंधन समिति के चुनाव में सबसे पहले अभिभावकों ने 12 सदस्यों का चयन किया। 12 सदस्यों में से अध्यक्ष के रूप में प्रेम कुमार राम और उपाध्यक्ष के रूप में अंशु भारती का चयन किया गया। चुनाव के बाद समिति के नये अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों को उनके कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई। विद्यालय में चुनाव संपन्न कराने के लिए बीआरसी से मुर्शीद आलम को नियुक्त किया गया था। चुनाव में प्रधानाध्यापक रमाशंकर महतो मौजूद थे। चुनाव में सदस्य के रूप में सुपिंदर यादव, गुलजार, मनोर, फिरोज, गीता देवी, इंदु कुमारी, प्रियंका कुमारी, किरण देवी को चयन किया गया।
ए डिविजन क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला आज
गोड्डा/संवाददाता। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में स्थानीय गांधी मैदान में शनिवार को आयोजित ए डिवीजन क्रिकेट लीग के दूसरे सेमीफाइनल मैच में इलेवन स्टार क्रिकेट क्लब ने रिलायंस क्रिकेट क्लब को 06 रनों से पराजित किया। रोमांचक मुकाबले में इलेवन स्टार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में 06 विकेट के नुकसान पर 183 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम के कप्तान ऋषिकांत ने सर्वाधिक 61 रन और प्रियांशु यादव ने नाबाद 45 रन की पारी खेली। मोहित सिंह ने दो विकेट प्राप्त किया। जवाब में रिलायंस की टीम 30 ओवरों में 06 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 177 रन ही बना पाई। आयुष कुमार ने नाबाद 57 रन की पारी खेली। ऋषिकांत ने तीन विकेट प्राप्त किया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार ऋषिकांत को दिया गया। बताते चलें कि शुक्रवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में मां शारदे क्लब, कठौन ने रिलायंस-बी को पराजित किया था। फाइनल मुकाबला रविवार को इलेवन स्टार बनाम कठौन के बीच खेला जाएगा। मैच में अंपायर की भूमिका प्रभु एवं राजन झा और स्कोरर की भूमिका तौसीफ ने निभाई।
गोड्डा को बनाएंगे बाल विवाह, बाल यौन हिंसा मुक्त
- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर लिया गया संकल्प
गोड्डा/कार्यालय संवाददाता। साथी संस्था के बैनर तले किशोरी समूह और महिला समूह ने सुन्दरपहाड़ी, बोआरीजोर, पोड़ैयाहाट, गोड्डा प्रखंड में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया, जिसमें किशोरी, आंगनवाड़ी सेविका, सहायिका, सहिया और महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साथी संस्था के अमर कुमार ठाकुर ने बाल विवाह और बाल यौन हिंसा से किशोरियों और महिलाओं पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में बताते हुए कहा कि बाल विवाह किशोरियों की पढ़ाई को अवरुद्ध कर देती है। उसके सारे सपने अधूरे रह जाते हैं। कम उम्र में किशोरियां पारिवारिक बोझ से दब जाती हैं। जब उनके हाथो में किताब, कलम होनी चाहिए, उस समय झाड़ू, बर्तन, चौका, पोछा करना पड़ता है और तरह-तरह की यातनाएं सहनी पड़ती है। उन्होंने समाज में हो रहे लिंग भेद भाव को समाप्त करने पर बल दिया। सुबोध कुमार ने कहा कि गांव, समाज में यौन हिंसा को करने वाला कोई न कोई समाज का ही लड़का होता है इसलिए महिलाओं को अपने घर, समाज के पुरुष के साथ भी मिल बैठकर इन कुरीतियों को रोकने के लिए प्लान बना कर काम करना होगा। कार्यक्रम के अंत में किशोरियों और महिलाओं ने एक रैली निकाल कर पंचायत में बाल विवाह, बाल यौन हिंसा रोकने का संदेश दिया और गोड्डा को बाल विवाह, बाल यौन हिंसा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही महिलाओं ने गीत संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया और गीत के माध्यम से बाल विवाह रोकने का संदेश दिया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका, सहिया, नर्स, पोषण सखी के अलावा साथी संस्था से सुचित्रा, सीमा, मीनू, अमिता, एंजेला, सुनीता, नारायण, संतोषिनी, नरेश सहित सैकड़ों किशोरी और महिलाएं मौजूद थीं।
राष्ट्रीय लोक अदालत में 11,376 मामलों का हुआ निष्पादन
-हाईकोर्ट के जस्टिस सह झालसा के एक्सिक्यूटिव चेयरमैन ने किया राष्ट्रीय लोक अदालत का ऑनलाइन उद्धाटन
गोड्डा/संवाददाता। झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में सुलहनीय मामलों के निष्पादन को लेकर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न मामलों से संबंधित 11,376 वादों का निष्पादन कर 1,99,85,057 रुपये की राशि का समझौता किया गया। निष्पादित मामले में बैंक रिकवरी, क्रिमिनल कंपाउंडेबल के मामले, बिजली बिल से संबंधित मामले, एमएसीटी से संबंधित मामले, मेट्रीमोनियल वाद के मामले, अन्य सिविल वाद, एक्साइज, सर्टिफिकेट, एफएफ के मामले, स्थाई लोक अदालत के मामले, फ्रंट ऑफिस के मामले, नियोजन से संबंधित मामले, ट्रैफिक चलान, कोटपा मामले की वसूली हुई। इसके पूर्व राष्ट्रीय लोक अदालत का ऑनलाइन उद्घाटन रांची हाईकोर्ट के जस्टिस सह झालसा के एक्सिक्यूटिव चेयरमैन सुजीत नारायण प्रसाद ने की। इस अवसर पर प्रधान जिला जज प्रभारी कुमार पवन, परिवार न्यायालय के प्रधान जज अनिल कुमार पांडेय, जिला जज प्रथम पवन कुमार, जिला जज द्वितीय निरुपम कुमार, जिला जज चतुर्थ पीयूष श्रीवास्तव, सीजेएम अर्जुन साव, प्राधिकरण के सचिव डॉ. प्रदीप कुमार, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार झा, महासचिव योगेश चंद्र झा आदि उपस्थित थे। राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर 11 न्यायिक बेंच का गठन किया गया था।