महेशपुर/संवाददाता। एसडीपीओ आवास निर्माण में अनियमितता की बात सामने आ रही है। बताया जाता है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। संवेदक पर आरोप है कि प्राक्कलन के विपरीत काम करवा रहा है।
आजीविका पशु सखी और कृषि सखी का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
महेशपुर/संवाददाता। सीएलएफ कार्यालय में आजीविका पशु सखी और कृषि सखी का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जेएसएलपीएस प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक उज्ज्वल रविदास समेत जिला प्रबंधक आजीविका फॉर्म वीरेंद्र कुमार मौजूद रहे। प्रदान से सुदीप्तो साहा, क्षेत्र विषयक समन्वयक, प्रखंड संसाधन सेवी और आईएफसी समन्वयक भी उपस्थित थे। प्रशिक्षक सुदीप्तो साहा ने किसानों को खरीफ फसल की तैयारी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने खेत तैयारी, बीज छंटाई और उपचार की विस्तृत जानकारी साझा की। दीदी बाड़ी योजना के तहत पोषण वाटिका के बारे में भी बताया गया। पशु सखी दीदियों को बकरियों के स्वास्थ्य प्रबंधन की जानकारी दी गई। इसमें कृमिनाशक दवा, टीकाकरण और बीमारियों के उपचार पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही लखपति दीदी योजना और अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण में मानव तस्करी पर चर्चा
महेशपुर/संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत रोलाग्राम पंचायत सचिवालय में मुखिया नरेश मरांडी की उपस्थिति में झारखंड विकास परिषद कार्यकर्ता की ओर से निगरानी समिति की बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर श्रीराम जनम ने मानव तस्करी के बाबत विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी कानूनन अपराध है। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण मानव तस्करी पर रोकथाम का मुख्य उद्देश्य है। मौके पर पंचायत कॉर्डिनेटर अमल सरकार, समीम अख्तर समेत निगरानी समिति के सदस्य उपस्थित थे।
छात्राओं को किया गया सम्मानित
पाकुड़/संवाददाता। सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स में सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ। स्कूल से 44 छात्राओं ने परीक्षा दी। इनमें से 32 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं। 06 छात्राओं ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। समाहरणालय स्थित सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान डीसी मनीष कुमार, एसपी प्रभात कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया। छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान किए गए। डीसी मनीष कुमार ने कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और छात्राओं की मेहनत की सराहना की। साथ ही सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी ऐसी उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
10,295 लोगों को मिला है टेलीमेडिसिन सेवा का लाभ
पाकुड़/संवाददाता। जिले में ई-संजीवनी टेली परामर्श सेवा ने स्वास्थ्य सेवाओं में नया मुकाम हासिल किया है। अप्रैल-2025 में जिले के हिरणपुर प्रखंड के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सैफ अली ने राज्य में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के माध्यम से 10,295 लोगों को टेलीमेडिसिन सेवा का लाभ मिला है। जिले के अन्य चिकित्सकों ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह को नौवां और डॉ. पंकज बिराजी को 10वां स्थान मिला है। सिविल सर्जन डॉ. मंटू कुमार टेकरीवाल के अनुसार उपकेंद्र स्तरीय हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर लोगों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। यहां सभी प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं और जांच की सेवाएं उपलब्ध हैं। ई-संजीवनी सेवा की खास बात यह है कि लोगों को घर के पास ही बड़े चिकित्सकों और विशेषज्ञों से तुरंत परामर्श मिल जाता है। दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इस सेवा से विशेष लाभ मिल रहा है।
बाल श्रम उन्मूलन को लेकर जिला स्तरीय टास्क फोर्स की हुई बैठक
पाकुड़/संवाददाता। डीसी मनीष कुमार ने बाल श्रम उन्मूलन को लेकर जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की। एसपी प्रभात कुमार, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन और अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। डीसी ने बाल श्रम रोकने के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए जिले के होटलों, ढाबों और ईंट भट्ठों में जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। बैठक में उत्पाद विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीसी ने विभाग को हर महीने कम से कम पांच कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
एसडीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंडल कारा का किया निरीक्षण
पाकुड़/संवाददाता। डीसी मनीष कुमार ने कारा सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक की। कारा सुरक्षा और कैदियों की मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। डीसी ने कारा में भोजन, पानी, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जेल मैनुअल के अनुसार कैदियों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसी क्रम में डीसी मनीष कुमार और एसपी प्रभात कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिले की कानून व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। बैठक के बाद सिविल एसडीओ साइमन मरांडी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कैदियों की तलाशी ली गई। जांच में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। इस दौरान एसडीपीओ दयानंद आजाद समेत कई थाना प्रभारी और पुलिस कर्मी मौजूद रहे। बताया गया कि जेल सुरक्षा का ऑडिट करते हुए पुरुष और महिला वार्ड की तलाशी भी ली गई।
डीसी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीडीओ को किया सम्मानित
पाकुड़/संवाददाता। डीसी मनीष कुमार ने तीन बीडीओ को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। यह सम्मान अप्रैल 2025 में किए गए कार्यों के लिए दिया गया। लिट्टीपाड़ा बीडीओ संजय कुमार को अबुआ आवास योजना में बेहतर कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया। पाकुड़ बीडीओ समीर अल्फ्रेड मुर्मू को भी अबुआ आवास योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। महेशपुर बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव को मनरेगा और 15वें वित्त आयोग कार्य योजना में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर डीसी मनीष कुमार ने सभी बीडीओ से आगे भी इसी तरह का बेहतर प्रदर्शन जारी रखने का आग्रह किया।
तेज हवा और बारिश ने जनजीवन को किया प्रभावित
पाकुड़/संवाददाता। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में गुरुवार को अपराह्न के समय तेज हवा और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। लगभग 30 मिनट तक हुई बारिश से बाजार की सड़कें वीरान हो गईं। हिरणपुर प्रखंड के खिदिरपुर गांव में आदेश मंडल के घर पर ताड़ का पेड़ गिरने से घर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय तेज हवा के साथ बिजली कड़क रही थी। प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। बजरंगबली मंदिर के सामने पेड़ की मोटी डाली टूट कर गिर गई। घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था और न ही कोई वाहन खड़ी थी। बारिश ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर प्रदान की है। विद्युत सेवाएं भी बाधित हुईं। जेठुआ फसल को नुकसान पहुंचाया है।
पाकुड़ के ट्रक व्यवसायी का शव पश्चिम बंगाल के सुरती थाना क्षेत्र में मिला
-हत्या की जतायी जा रही है आशंका
पाकुड़/संवाददाता। पुलिस लाइन के सामने किराया के मकान में रहने वाले ट्रक व्यवसायी आनंदराज घोष का शव पश्चिम बंगाल के सुरती थाना क्षेत्र में मिला है। वहीं उनकी हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की जा रही है। मूल रूप से देवघर निवासी आनंदराज पिछले 10-15 वर्षों से पाकुड़ में रह रहे थे। वे गिट्टी का कारोबार करते थे और अपने ट्रक के अलावा 4-5 अन्य ट्रकों की भी देखभाल करते थे। उनकी मौत की खबर सुन कर उनके पास एक काम कर रहा उनका भांजा अभिनव कुमार रोता -बिलखता उनके आवास पर पहुंचा और बताया कि बुधवार रात 11 बजे के करीब उनके मामा आनंद राज ने उन्हें ऑफिस में सोने के लिए भेज दिया था। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब वह घर पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। सोचा कि मामा कहीं गए होंगे और घर की सफाई करके ऑफिस चला गया। बाद में पता चला कि उनका शव सुरती थाना क्षेत्र में मिला है। भांजे का कहना है कि उनकी मोटरसाइकिल उसके पास थी। इसलिए वे इतनी दूर पैदल नहीं जा सकते थे। संभवत: रात में कुछ लोगों ने उन्हें अगवा कर उन्हें वहां ले जाकर उनकी हत्या कर दी होगी। वही भांजा ने बताया कि सुबह जब वह मामा के घर पहुंचा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। बताया गया कि मृतक का एक भाई शहर में ही रहता है और घटना की जानकारी के मिलते ही वह पश्चिम बंगाल रवाना हो गया। आसपास के लोगों की ओर से बताया गया कि मृतक की शादी नेपाल में हुई थी। उनकी पत्नी पिछले तीन महीने से मायके गई हुई है। उनके एक पुत्र और एक पुत्री है। वहीं मित्रों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के एक व्यवसायी से उसने एक ट्रक लीज पर भी लिया था और इसे लेकर दोनों के बीच अंदरूनी विवाद भी था। मित्रों ने आशंका जाहिर की, कि हो सकता है उसी विवाद में उसकी हत्या की गई होगी। फिलहाल पश्चिम बंगाल पुलिस की जांच में यह मामला सामने आ सकता है।
लैंप्स की बैठक में सदस्यता वृद्धि अभियान पर चर्चा
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। प्रखंड परिसर स्थित एटिक सेंटर में गुरुवार को लैंप्स की बैठक हुई। बहुउद्देशीय प्राथमिक सहकारी समितियों के सदस्यता वृद्धि अभियान की चर्चा की गई। बैठक में सहकारी समिति में सदस्यता अभियान चला कर ग्रामीण कृषकों को जोड़ने पर जोर दिया गया। वहीं विभाग की ओर से संचालित योजनाओं के बारे में मुख्य कार्यपालक प्रबंधक और अध्यक्ष को जानकारी दी गई। लुईस टोप्पो ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को संबंधित पोषक क्षेत्र में लोगों के साथ बैठक कर सहकारिता विभाग से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी चंद्रजीत खालको, दुमका मुख्यालय के संजय मांझी, वी किशोर कुमार समेत क्षेत्र के सभी सचिव, अध्यक्ष उपस्थित थे।
सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया ने बिजली विभाग के ईओ को सौंपा ज्ञापन
पाकुड़/संवाददाता। बिजली की अनियमित आपूर्ति को लेकर सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया ने गुरुवार को बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष मोबारक शेख के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। पार्टी ने बताया कि पिछले कुछ सप्ताह से सदर प्रखंड में बिजली की स्थिति खराब है। बिना सूचना के बिजली कटौती हो रही है। बार-बार ट्रिपिंग और वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। इससे व्यापार, अस्पताल और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विभाग को 5 कार्य दिवस का समय दिया है। इस दौरान समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। पार्टी ने कहा कि वह विरोध प्रदर्शन और घेराव करेगी। साथ ही कानूनी कार्रवाई का भी रास्ता अपना सकती है। ज्ञापन देने के दौरान झारखंड प्रदेश अध्यक्ष और जिला परिषद सदस्य हंजेला शेख मौजूद थे। इनके अलावा कोषाध्यक्ष ओबाईदुर रहमान, जिला उपाध्यक्ष अहेदुल शेख, जिला महासचिव मोजाहेदुल इसलाम, जिला सचिव मानजार शेख और जिला कमेटी सदस्य हबीबुर शेख व हासिबुल शेख भी शामिल थे।
अवैध चुलाई शराब और जावा महुआ बरामद
पाकुड़/संवाददाता। अवैध शराब बेची जाने की लगातार मिल रही सूचना के आलोक में गुरुवार को उत्पाद विभाग की टीम ने नगर परिषद क्षेत्र स्थित किताझोर, मरांगमय बेसरा के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के क्रम में 10 लीटर अवैध चुलाई शराब एवं 230 किलो जल मिश्रित जावा महुआ बरामद किया गया। जल मिश्रित जावा महुआ को घटना स्थल पर ही नष्ट किया गया। अभियुक्त के विरुद्ध फरार अभियोग दर्ज किया गया।
सीओ ने मवेशी हाट परिसर का किया निरीक्षण
हिरणपुर/संवाददाता। सीओ मनोज कुमार ने गुरुवार को मवेशी हाट परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक भुटभूटिया को जब्त कर पुलिस को सौंप दिया, जिसे थाने में रखा गया है। सीओ ने बताया कि भूटभूटिया के जरिये मवेशी को हाट लाया गया था। उन्होंने बताया कि किसी भी वाहन के जरिए मवेशियों को हाट लाने की इजाजत नहीं है। सीओ ने कहा कि मवेशियों को चोरी छिपे हाट परिसर से बाहर ले जाने वालों के लिए जिले से चार पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। जो अब हर साप्ताहिक हाट में ड्यूटी कर ऐसे अवैध कार्यों पर नजर रखेंगे।
घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत
हिरणपुर/संवाददाता। बीते 03 मई को हिरणपुर थाना क्षेत्र के कस्तूरी के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल व्यक्ति की इलाज को दौरान मौत हो गई। इसे लेकर मृतक की मां साजन किस्कू ने थाना में आवेदन देकर केस दर्ज कराया है। जिसमें मृतक की मां ने बताया है कि उनका बेटा बाबूधन हांसदा हिरणपुर बाजार से घर जा रहा था। इसी क्रम में कस्तूरी के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हो गया। जिसके बाद उसका इलाज पश्चिम बंगाल में कराया जा रहा था। जहां हालात थोड़ी ठीक होने के बाद उसे घर लाया जा रहा था। इसी बीच उसकी हालत फिर से बिगड़ गई। जिसके बाद पुन: उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसे लेकर हिरणपुर कांड सं 50/25 में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।