जामताड़ा। संवाददाता। उपायुक्त कुमुद सहाय की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय में कारा सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने मंडल कारा के नए जेल निर्माण स्थल को लेकर पाथरचपड़ा जलापूर्ति के निमित्त प्राक्कलन, कारा की सुरक्षा, कारा में संसीमित बंदियों के लिए मूलभूत सुविधाएं, मुलाकाती, स्वास्थ्य सुविधाएं, प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा की क्रियाशीलता, ड्रैगन लाइट, जैमर, टेलीफोन बूथ, वाकी टॉकी, सायरन, जालीनुमा बैरिकेडिंग, इलेक्ट्रिक फेंसिंग, रिक्त पदों पर कक्षपालों का पदस्थापन सहित अन्य बिंदुओं पर समीक्षा किया गया। बैठक में बताया गया कि नए जेल निर्माण स्थल पाथरचपड़ा में जलापूर्ति के लिए पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल से सुधारोपरांत प्राक्कलन उपलब्ध कराया गया है, किंतु उक्त डीपीआर में तकनीकी प्रतिवेदन की स्वीकृति नहीं रहने से वो अपूर्ण है। उक्त संदर्भ में उन्होंने कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
मौके पर पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारीब वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ आनंद मोहन सोरेन, प्रभारी कारा अधीक्षक विजय कुमार, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी राहुल प्रियदर्शी, प्रभारी कारापाल सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
डीसी की अध्यक्षता में खनन टास्क फोर्स की हुई बैठक
जिले में कहीं भी बालू का अवैध उठाव, परिवहन एवं भंडारण नहीं हो: उपायुक्त
जामताड़ा। संवाददाता। उपायुक्त कुमुद सहाय की अध्यक्षता में अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन तथा व्यापार की रोकथाम के लिए जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आहूत किया गया। बैठक में उपायुक्त ने अवैध कोयला खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार जांच अभियान चलाने, नियमानुसार धारित खनन पट्टों का उपयोग, नियमानुसार क्रशर संचालन, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियो के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने आदि बिंदुओं पर समीक्षा की। इसके अलावा विगत बैठक में दिए निर्देश के अनुपालन की समीक्षा कर अपेक्षित कार्रवाई के लिए संबंधित को आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश दिया। उपायुक्त ने आगे कहा की किसी भी सूरत में खनन क्षेत्र से बाहर खनन नहीं होनी चाहिए, इसे सुनिश्चित करें, लगातार कार्रवाई करें। कहा कि मानक का पालन करके ही खनन पट्टा दें। उन्होंने कहा कि धारित पत्थर खनन पट्टा क्षेत्र के बाहर खनन नहीं होने चाहिए, इसका सतत निगरानी करते रहें, अनियमितता पाए जाने पर नियमसंगत कार्रवाई करें। वहीं उन्होंने समीक्षा के दौरान चालू वित्तीय वर्ष में अवैध खनन, खनिज परिवहन, व्यापार की रोकथाम, बालू खनिज, पत्थर खनिज, स्टोन चिप्स आदि के मामलों में हुई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए इसमें तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
उपायुक्त ने इसके अलावा जिला अंतर्गत कैटेगरी 1 के 25 चिन्हित बालू घाटों (जो ग्राम पंचायत के द्वारा संचालित है) के संचालन के अद्यतन स्थिति के संबंध में जानकारी लेते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही, कहा कि जिले में कहीं भी बालू का अवैध उठाव, परिवहन एवं भंडारण नहीं हो इसके लिए आवश्यक कार्रवाई करें। वहीं नाला थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेश्वर क्षेत्र के द्वारा धारित बंद पड़े खदानों में कोयला के अवैध खनन के फलस्वरूप बने शेष बचे गड्ढों की भराई का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान बताया गया कि इस वित्तीय वर्ष में 2024-2025 तक अवैध खनिज परिवहन रोकथाम आदि के कुल 83 मामलों में से बालू खनिज के 45 मामला में 53 वाहनों की जब्ती एवं 4 मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही कुल दंड राशि 10,15,000 की वसूली की गई है। वहीं पत्थर खनिज के 25 मामला में 28 वाहनों की जब्ती तथा 13,92,000 दंड राशि की वसूली की गई। इसके अलावा फायर क्ले खनिज के 01 मामला, में 01 वाहन जब्ती तथा 40,000 रुपए दंड राशि की वसूली की गई। इसके अतिरिक्त जिलांतर्गत कुल 56,500 सीएफटी अवैध रूप से भंडारित बालू को जप्त करते हुए 02 प्राथमिकी दर्ज की गई है। वृहत खनिज कोयला खनिज के 17 मामलों में 20 वाहनों की जब्ती के साथ 17 मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके अलावा एसपी माइंस चितरा की ओर से की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। निर्देश दिया गया कि कोयला परिवहन में लगे वाहनों में खनिज को तिरपाल से ढंक के ही परिवहन हो,ओवरलोडिंग किसी भी हालत में ना हो। साथ ही, नंबर प्लेट डिस्प्ले हो संबंधित पदाधिकारी सुनिश्चित करेंगे। वहीं अवैध खनन को लेकर समुचित कार्रवाई के लिए पुलिस लाइन में 1-4 पुलिस बल को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया। मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब, वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल कुमार परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्त्ता पूनम कच्छप, जिला परिवहन पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सिलकर, संबंधित अंचल अधिकारी, प्रतिनिधि ईसीएल पांडेश्वर, एसपी माइंस चितरा प्रतिनिधि, सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
फोटो-01 डीसी, एसपी, डीएफओ व अन्य खनन टास्क फोर्स की बैठक
किसी भी कीमत पर अनफिट डंपरों से कोयला की ढुलाई नही हो : डीसी
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
जामताड़ा। संवाददाता। उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक में समीक्षा के दौरान विगत बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में की गई कार्रवाई की समीक्षा के अलावा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने, ओवर स्पीडिंग रोकने, ट्रिपल राइडिंग रोकने, मोडिफाइड व्हीकल, सीट बेल्ट एवं हेलमेट, रोड साइनेज लगाने, नो हेलमेट नो पेट्रोल का अनुपालन, गुड सेमेरिटन का प्रचार प्रसार, हिट एंड रन के लंबित मामले का निष्पादन, अनफिट वाहनों का चालान करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा किया। इसके अलावा उपायुक्त ने समीक्षा के दौरान ईसीएल चितरा से रेलवे साइडिंग तक कोयला ढुलाई में लगे अनफिट डंपरों, अवैध रूप से परिवहन की समीक्षा करते हुए स्पष्ट रूप से निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर अनफिट डंपरों से कोयला की ढुलाई नहीं होना चाहिए, अनफिट डंपरों को जब्त कर सख्त कार्रवाई करें। इसके अलावा उन्होंने ईसीएल प्रबंधन को अनफिट डंपरों से कोयला की ढुलाई नहीं करने के संबंध में जरूरी दिशा निर्देश दिया, उन्होंने कोयला ढुलाई में लगे सभी डंपरों की सूची को परिवहन विभाग से समन्वय स्थापित कर वाहन फिटनेस जांच करवाने एवं फिटनेस प्रतिवेदन उन्हें देने के लिए निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसमें लापरवाही और कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा उपायुक्त ने आईआरएडी से संबंधित जिला अंतर्गत घटित सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा के पश्चात डीआरएम को घटित दुर्घटनाओं के डाटा को सीएचसी से समन्वय स्थापित कर समय पर पोर्टल में अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
मौके पर पुलिस अधीक्षक जामताड़ा डॉ ऐहतेशाम वकारिब, वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल कुमार परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, जिला परिवहन पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सलकर सहित सड़क सुरक्षा टीम के कर्मी तौसीफ जलीली एवं अन्य उपस्थित थे।
सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल, रेफर
नाला। संवाददाता। बुधवार अपराह्न करीब 2 बजे नाला-दुमका मुख्य मार्ग पर सांगाजूड़ी के समीप सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं आनन-फानन में परिजनों ने घायल को नाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायल पंजुनिया निवासी मनोरंजन हेंब्रम(62), पिता स्व. रामेश्वर हेंब्रम अपने स्कूटी से घर आ रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। घायल मनोरंजन सड़क पर पड़ा हुआ था। डॉक्टर दुर्गा मोदी पटवारी ने प्राथमिक इलाज के उपरांत बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर किया। बताया जाता है कि सड़क दुर्घटना में मनोरंजन हेंब्रम को सिर पर गंभीर चोट आई है। मौके पर डॉ दुर्गा मोदी पटवारी, एमटीएस अहमद रेजा परवेज, एमटीएस आरिफ अंसारी, भीम हाजरा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी तथा घायल के परिजन मौजूद थे।
भगवान श्रीकृष्ण ने छह दिनों की उम्र में किया था गृह बाल लीला
श्रीमद्भागवत कथा के 5वें दिन भगवान श्री कृष्ण की बाल लीला व गोवर्धन पर्वत लीला प्रसंग का वर्णन
बिंदापाथर। संवाददाता। बिंदापाथर थाना क्षेत्र के बंदरडीहा पंचायत अन्तर्गत सुन्दरपुर-मनिहारी गांव में श्रीमद्भागवत कथा के पांचवे दिन नवद्वीप धाम के कथावाचक धर्मप्राण भागवत किशोर गोस्वामी जी महाराज ने भगवान श्री कृष्ण की बाल लीला एवं गोवर्धन पर्वत लीला प्रसंग का मधुर वर्णन किया। इस चित्ताकर्षक प्रसंग का व्याख्यान करते हुए कथावाचक ने कहा की भगवान श्री कृष्ण ने गृह लीलाएं तब की, जब वे मात्र छह दिन के थे, चतुर्दशी के दिन पूतना आई, जब भगवान तीन माह के हुए तो करवट उत्सव मनाया गया, तभी शकटासुर आया। भगवान ने संकट भंजन करके उस राक्षस का उद्धार किया। इसी तरह बाल लीलाएं, माखन चोरी लीला, ऊखल बंधन लीला, यमलार्जुन का उद्धार आदि दिव्य लीलाएं की है। श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला दिव्य है और हर लीला का महत्व आध्यात्मिक है। कथा प्रसंग के साथ साथ भजन संगीत प्रस्तुत भी प्रस्तुत किया गया, जिससे उपस्थित श्रोता भक्त भावविभोर होकर कथा स्थल पर भक्तिरस में घंटों गोते लगाते रहे।
पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में निकाला गया मशाल जुलूस
मिहिजाम। संवाददाता। नगर अध्यक्ष लोकेश महतो के नेतृत्व में पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के विरोध में जामताड़ा जिला इकाई की ओर से बुधवार को मिहिजाम स्थित पार्टी ऑफिस से स्टेशन चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया। जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि बीते कल पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के विरोध में मशाल जुलूस के कार्यक्रम के माध्यम से हम सभी कार्यकर्ताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित किया और आतंक के विरुद्ध एकजुटता का संदेश दिया। कल पहलगाम आतंकी हमले ने एक बार फिर से देश को झंकझोर कर रख दिया। हर बार आतंकी आतंक फैलाने के मकसद से आतंकी घटना को अंजाम दिया करते थे लेकिन इस बार निहत्थे बेकसूर हिंदू सैलानियों को उनका धर्म पूछकर, उनका कपड़ा उतारकर देखने के बाद हिंदू होने का कंफर्म करने के बाद ही सभी हिंदू सैलानियों को गोलियों से भून डाला गया। इससे साफ प्रतीत होता है कि इन आतंकियों मकसद ही सिर्फ हिंदुओं को मारना था। आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां 28 लोगों की हत्या करने वाले आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इस कड़ी में सुरक्षाबलों को बारामूला में बड़ी कामयाबी हासिल हुई है, यहां घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए भारतीय सेना ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों के पास से दो राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार और सामान बरामद किया है। इन आतंकियों के पास से कारतूस, पाकिस्तानी करेंसी, चॉकलेट और सिगरेट के पैकेट भी मिले हैं। हम केंद्र सरकार से आग्रह करना चाहते हैं कि सिर्फ आतंकी को मारकर ही इस आतंकी घटना का बदला नहीं लिया जा सकता बल्कि इसबार सर्जिकल स्ट्राइक नहीं बल्कि इसराइल स्टाइल से पाकिस्तान को भी उसकी औकात दिखा देना चाहिए।
भाजयुमो प्रदेश मंत्री मनीष दुबे ने कहा कि जिस तरह से कल पहलगाम में आतंकी हमले को अंजाम दिया गया है उससे साफ प्रतीत होता है कि आतंकी बिना स्थानीय लोगों के मदद से वहां इतना बड़ा घटना को अंजाम दे ही नहीं सकते। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में कश्मीर में 370 धारा हटने के बाद वहां पर आतंकवादी गतिविधियां बहुत ही कम हो गई है, वहां सभी स्थानीय लोग आतंकी का रास्ता छोड़कर खुशी से रह रहे हैं और वही खुशी आतंकी को अच्छा नहीं लग रहा है इसीलिए उन्होंने हिंदू सैलानियों को अपना निशाना बनाया, जिससे वहां का स्थानीय लोग का रोजी-रोटी चलता है। नगर अध्यक्ष लोकेश महतो ने कहा कि पहलगाम के आतंकी हमले में अपनों को खोने का दर्द हर भारतीय को है। इस दु:ख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।
इस अवसर पर नगर महेंद्र मंडल, अनिता शर्मा, शुभम साव, अजीत पासवान, दीपक शर्मा, गणेश पासवान,राजवीर पटेल, ओमप्रकाश साह, संजु देवी, बैधनाथ सोरेन, टिंकु पासवान, स्वाति सिंह सहित अनेक कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।
तीन साइबर अपराधियों को किया गया गिरफ्तार
जामताड़ा। संवाददाता। एसपी एहतेशाम वाकारिब को मिली गुप्त सूचना के आधार साइबर इंस्पेक्टर थाना प्रभारी, मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में एसआई हीरालाल महतो अशोक कुमार गोराई एवं अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल करते हुए मिहिजाम थानान्तर्गत ग्राम तलबेरिया स्थित जंगल में साईबर अपराधियों के विरूद्ध छापाचारी कर साईबर अपराध कारित करते हुए साईबर अपराधकर्मी राजेन्द्र राय, उम्र 30 वर्ष, पिता आनंद राय निर्मल राय, उम्र 28 वर्ष, पिता मुरली राय दोनों ग्राम दुलदुलई विकास भडारी, उम्र 24 वर्ष, पिता ओबन भंडारी ग्राम रटनियां तीनों थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा को फर्जी मोबाईल, सिम, मोटरसाईिकल के साथ पकड़ा गया। इस संबंध में इनके विरूद्ध जामताड़ा साईबर अपराध कांड थाना संख्या 31/25, दिनांक 23.04.2025, धारा 111(2)(बी)/317(2)/317(4)/317(5)/318(4)/319(2)/336(3)/338/340(2)/3(5) बीएन 2023 & 66(बी) (सी) (डी) आईटी एकट के अंतर्गत कांड दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेजा जा रहा है। मोबाईल 07, सिम कार्ड 09, मोटरसाईिकल 01 बरामद किया गया।
प्राथमिकी अभियुक्त विकास भंडारी करमाटाँड़ थाना कांड संख्या 37/17. दिनांक 31.01.2017, धारा 414/420/467/468/471/120 (इ) भादवि एवं 66 (इ) (उ) (ऊ) आईटी एक्ड में आरोप पत्रित है। कार्यक्षेत्र मूलत: बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, उड़ीसा है।
आरोग्य मंदिर में सिकल सेल एनीमिया जांच शिविर आयोजित
नाला। संवाददाता। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ लियाकत अंसारी के निर्देश के आलोक में बुधवार को विभागीय निर्देश के आलोक में आयुष्मान आरोग्य मंदिर पकुड़िया में सिकल सेल एनीमिया जांच शिविर आयोजित की गई। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी चेतन शर्मा ने गर्भवती महिलाओं के मधुमेह, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, आदि की जांच की गई। वहीं सिकल सेल एनीमिया की जांच की गई। जांच के दौरान शिविर में मरीजों को हरी पत्तेदार सब्जियां खाने की सलाह दी गई और हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की जांच के द्वारा पहचान कर संस्थागत प्रसव कराने की सलाह दी गई। इस अवसर पर शिविर में एएनएम इंद्रा गोराई, स्वास्थ्य कर्मी तूफान मांजी सहिया, सहिया साथी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।