होली त्यौहार पर विशेष सतर्कता बरतने का दिया निर्देश
होली पर्व और जुम्मे की नमाज शुक्रवार को होने से पुलिस सतर्क
पाकुड़ निसं। अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय में एसडीपीओ दयानंद आजाद ने मासिक क्राइम मीटिंग किया। मासिक क्राइम मीटिंग में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानेदार व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। क्राइम मीटिंग में सबसे पहले थाना में दर्ज कांड, निष्पादित कांड, कुर्की जब्ती के निष्पादन, वारंट के निष्पादन इत्यादि की थानावार समीक्षा की गई। समीक्षा के बाद लंबित पड़े कांड के अनुसंधान में तेजी लाने का एसडीपीओ ने निर्देश दिया। इसके अलावा एसडीपीओ ने आने वाले त्योहार होली को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि इस बार ऐसी संभावना है की होली शुक्रवार को होगी और रमजान माह में शुक्रवार को मुस्लिम भाइयों के द्वारा नमाज भी पढ़ी जाएगी। ऐसे में किसी प्रकार की विवाद उत्पन्न ना हो, इसको लेकर हम लोगों को पूरी तरह से सतर्कता बरतनी है। उन्होंने कहा कि होली और जुम्मा की नमाज शांति और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हो, इसको लेकर वरीय पदाधिकारी के दिए गए दिशा निर्देश का पालन करना है। उन्होंने कहा कि वैसे पाकुड़ जिला में सभी पर्व त्यौहार शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाता है। यह पर्व भी शांति और भाईचारे के साथ मने, इसको लेकर थाना क्षेत्र में विशेष कर सभी समुदाय के गणमान्य लोगों के साथ बैठक करें। वही क्राइम मीटिंग में एसडीपीओ ने सभी थानेदारों को विशेष रूप से जानकारी देते हुए बताया कि नीलाम शाखा की ओर से वैसे बकायादार जो की बैंक का लोन चुकता नहीं किए हैं, उनके विरुद्ध वारंट भेजा गया है। नीलाम शाखा की ओर से भेजे गए वारंट का तमिल करते हुए तुरंत इस पर वारंटियों को गिरफ्तार करें। वहीं इसके अलावा क्राइम मीटिंग में एसडीपीओ ने सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष रूप से गस्ती करने खुफिया तंत्र को मजबूत करने, अवैध रूप से चलाए जा रहे कारोबार पर लगाम लगाने का निर्देश दिया गया। क्राइम मीटिंग में नगर थाना प्रभारी प्रयागराज, मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीव झा, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह, मालपहाड़ी थाना प्रभारी अंशु उपाध्याय समेत अन्य थाना प्रभारी व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
झामुमो के नवमनोनीत जिला अध्यक्ष को दिया बधाई
अमड़ापाड़ा। संवाददाता। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नवमनोनीत जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम से पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष कौशल आलम व पूर्व सचिव भगवती प्रसाद गुप्ता ने मुलाकात की और उन्हें पुष्पगुच्छ देते हुए बधाई दी। वहीं पूर्व नगर अध्यक्ष और पूर्व सचिव ने पार्टी को सशक्त बनाने को लेकर जिला अध्यक्ष के साथ चर्चा किया और कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में पार्टी को सशक्त बनाने में हम लोग अहम योगदान करेंगे। वहीं दोनों नेताओं ने कहा कि अजीजुल इस्लाम पार्टी के वरिष्ठ नेता है और उन्हें जिला अध्यक्ष बनने पर यहां के कार्यकर्ताओं में काफी खुशी का माहौल है और हम सभी कार्यकर्ताओं का विश्वास है कि पार्टी और सशक्त बनाकर जिला भर में उभरेगी।
छापेमारी अभियान के दौरान कोयला लदा 77 साइकिल और तीन मोटरसाइकिल जब्त
पाकुड़ निसं। एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कोयला लदा 77 साइकिल और तीन मोटरसाइकिल को जब्त किया है। एसपी प्रभात कुमार के द्वारा दिए गए दिशा निर्देश के आलोक में एसडीपीओ दयानंद आजाद के नेतृत्व में हिरणपुर/मुफ्फसिल/नगर/ मालपहाड़ी थाना क्षेत्र में अलग अलग टीम गठित कर अवैध कोयला परिवहन के विरुद्ध अभियान चलाया गया। उक्त अभियान में कुल 77 साईिकल एवं 03 मोटरसाईिकल को अवैध रूप से कोयला परिवहन करते जब्त किया गया। पुलिस की ओर से चलाए गए इस अभियान को लेकर कोयला चोरों में हड़कंप मचता देखा गया। पुलिस को देखकर कोयला चोर भागते देखे गए। बता दें कि अमड़ापाड़ा से लेकर पाकुड़ तक लिंक रोड में कोयला की ढ़ुलाई हाईवा वाहन से किया जाता है और इसी बीच कोयला चोरों के द्वारा हाईवा से कोयला की चोरी किया जाता है और इन चोरी के कोयला को बेचा जाता है। कोयला खरीदने वाले लोग इन कोयला को साइकिल और मोटरसाइकिल में लादकर पश्चिम बंगाल ले जाकर बेचते हैं। कोयला की हो रही चोरी के कारण कोयला के उत्खनन करने वाली कंपनी को काफी नुकसान हो रहा है। कोयला कंपनी की ओर से इसकी शिकायत पुलिस प्रशासन से किया जा रहा था। कोयला चोरी रोकने के लिए पुलिस की ओर से विशेष रूप से अभियान चलाया गया।
15 मार्च तक चलने वाले 90 दिवसीय आउटरीच कार्यक्रम के तहत चलाया गया जागरूकता अभियान
पाकुड़ निसं। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में 15 मार्च तक चलने वाले नब्बे दिवसीय आउटरीच कार्यक्रम के तहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय इशाकपुर समेत अन्य प्रखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया। उक्त कार्यक्रम के तहत उपस्थित छात्राओं समेत लोगों के बीच जिला विधिक सेवा प्राधिकार से मिलने वाली निशुल्क कानूनी सुविधा के बारे में बताया। पैरा लीगल वोलेंटियर्स के टीम की ओर से कहा गया कि अपने कानूनी विवाद अथवा वाद के लिए कैसे कोई गरीब, महिला, दिव्यांग, एसटी-एससी समेत योग्य व्यक्ति को प्राधिकार की ओर से नि:शुल्क अधिवक्ता मुहैया कराया जाता है। किसी भी प्रकार के मुफ्त कानूनी सलाह के लिए नालसा के टॉल फ्री नंबर 15100 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही, समाज के कई कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया गया। साइबर ठग से बचाव, सड़क सुरक्षा समेत शिक्षा के अधिकार की जानकारी दी गई। मौके पर पीएलवी अमूल्य रत्न रविदास, एजारूल शेख समेत अन्य मौजूद थे।
बागवानी सखी को आम बागवानी योजना को लेकर प्रशिक्षण आयोजित
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। प्रखण्ड के जेएसएलपीएस के सभागार भवन में बागवानी सखी को बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम बागवानी योजना स्थल पर कार्य करने के एवज में बागवानी सखी एप्प के माध्यम से मजदूरी भुगतान से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में बीपीओ मानिक दास ने उपस्थित सभी बागवानी सखी को झारखंड सरकार की महत्वपूर्ण योजना बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत एक एकड़ एवं आधा एकड़ जमीन पर आम बागवानी योजना के क्रियान्वयन के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। सर्वप्रथम ग्रामसभा के माध्यम से वृक्षारोपण योजना के लाभुकों का चयन, पंचायत स्तर पर योजना की स्वीकृति साइनबोर्ड, गड्ढा खुदाई, घेराबंदी, सीपीटी, मिट्टी में वर्मी कंपोस्ट खाद मिलाकर गड्ढे की भराई, आम एवं इमारती पौधारोपण, एइच टेका, थाली बनाना, जलकुंड निर्माण और नाडेप निर्माण कार्य के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। साथ ही, बागवानी सखी को वृक्षारोपण योजनाओं में टैग करके देख-रेख करने के बारे में बताया गया। मौके पर बीपीएम जन्मजय बाउरी ने आम बागवानी से होनेवाले लाभ के बारे में जानकारी दिया। बताया आम बागवानी योजना को आजीविका के स्रोत के रूप में लेने के लिए लाभुकों को प्रेरित करके आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अपने जमीन में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम बागवानी योजना लेने के लिए सभी बागवानी सखी से अपील किया गया। मौके पर सेलेस्टीना मुर्मू, बंटी रजक सहित अन्य उपस्थित थे।
पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
आश्वासन के बाद हटाया गया सड़क जाम
हिरणपुर। संवाददाता। थाना क्षेत्र अंतर्गत बगशीसा गांव के पास शुक्रवार को शहरग्राम-हिरणपुर पथ को ग्रामीणों ने जाम कर दिया, जिसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। मौके पर मौजूद ग्रामीण इस दौरान नारेबाजी भी कर रहे थे। मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थी। वहीं इस दौरान महिलाएं काफी उग्र भी देखी गई। जाम के बाबत ग्रामीणों ने बताया कि हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर के पास शुक्रवार को साइकिल से कोयला ले जा रहे बगशीसा निवासी 39 वर्षीय दिलीप साहा को पुलिस ने डंडे से मारकर उसके दोनों हाथों को तोड़ दिया है। इसी के विरोध को लेकर हम लोग सड़क जाम किए हैं। वहीं सड़क जाम की सूचना मिलते ही थाना में पदस्थापित एसआई गोपाल महतो, एएसआई दिलीप कुमार दल बल के साथ जाम स्थल पहुंचकर और परिजनों व ग्रामीणों से वार्ता कर घायल को इलाज के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल ले जाया गया। वहीं पुलिस ने घायल को सहायता राशि भी उपलब्ध कराई। वहीं पुलिस के सकारात्मक वार्ता से ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।
इस बाबत थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि रात्रि में कोयला चोरी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा था और इसी दौरान पुलिस को देखकर वह व्यक्ति भागने लगा और खेत में गिर जाने से उसे चोट लगी है। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से उसका इलाज करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इलाज के साथ-साथ उसके परिजनों को सहायता राशि भी दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार रात्रि में कोयला चोरी को लेकर विशेष रूप से छापेमारी अभियान के दौरान कोयला लदा एक मोटरसाइकिल के साथ-साथ 22 साइकिल को जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि कोयला चोरी रोकने के लिए पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोयला चोरी करने वालों को किसी भी कीमत में बख्सा नहीं जाएगा। लिंक रोड में कोयला को चोरी रोकने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
नौ मार्च को कक्षा छह, सात और आठ के लिए आयोजित होगी परीक्षा
पाकुड़ निसं। कल्याण विभाग की ओर से संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, आश्रम विद्यालय और अन्य आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा छह, सात और आठ में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा नौ मार्च को आयोजित होगा। इस संबंध में परियोजना निदेशक, आईटीडीए सह जिला कल्याण पदाधिकारी अरुण कुमार एक्का ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कल्याण विभाग की ओर से संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय/आश्रम विद्यालय और अन्य आवासीय विद्यालयों के कक्षा छह, सात और आठ में नामांकन के लिए नौ मार्च को राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा निर्धारित है। कक्षा छ: में परीक्षार्थियों की संख्या 560, कक्षा सात में परीक्षार्थियों की संख्या 234 और कक्षा आठ में परीक्षार्थियों की संख्या 296 है। तीनों वर्गो में कुल 1090 परीक्षार्थी है। परीक्षा 11:00 बजे पूर्वाह्न से 1.30 बजे अपराह्न तक ली जाएगी। सभी परीक्षार्थी 10 बजे पूर्वाह्न तक अपने अपने परीक्षा केंद्र में पहुंचना सुनिश्चित करें। कक्षा छह के लिए डिस्ट्रक्टि सीएम स्कूल आफ़ में एक्सीलेंस, (राज प्लस 2) पाकुड़, कक्षा सात के लिए सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, पाकुड़ एवं कक्षा आठ के लिए मीडिल स्कूल धनुषपूजा, पाकुड़ में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पुलिस बल और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्त सभी परीक्षा केंद्रों पर की गई है।
जनता दरबार में लोगों के मामलों पर अपर समाहर्ता ने की सुनवाई
पाकुड़ निसं। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने आयोजित जनता दरबार में आम जनता से जुड़ी समस्याओं पर क्रमवार सुनवाई की। अपर समाहर्ता ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों को अग्रसारित करते हुए अविलंब जांच कर जल्द समाधान करने का निर्देश दिया। जनता दरबार में अबुआ आवास, जमीन से संबंधित, सेविका चयन, मुख्यमंत्री पशुधन योजना से आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए थे।
रजिस्ट्रेशन कैंप का हुआ आयोजन
पाकुड़ निसं। सदर अस्पताल परिसर स्थित खाद्य सुरक्षा कार्यालय में शुक्रवार को भी फूड लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेंब्रम मौजूद थे। खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत खाद्य पंजीकरण केलिए शुक्रवार को 22 आवेदन प्राप्त हुए एवं 16 पंजीकरण निर्गत किया गया। दो दिवसीय खाद्य अनुज्ञप्ति पंजीकरण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें कुल 34 खाद्य कारोबारियों को पंजीकरण निर्गत किया गया। विदित है कि खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत सभी खाद्य कारोबारी को फुड लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन लेना अनिवार्य है।