विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित
जामताड़ा। संवाददाता। प्रखंड सभागार में बुधवार को प्रखंड के वरिष्ठ पंचायत सचिव अशोक चौधरी के सेवानिवृत्ति के अवसर पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण चौधरी ने की। इस अवसर पर प्रखंड के सभी पदाधिकारीगण, कर्मचारी तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे और अशोक चौधरी के सेवाकाल को यादगार बताया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में अंचल अधिकारी अबीश्वर मुर्मू, झारखंड राजपत्रित कर्मचारी महासंघ के महासचिव अर्जुन सिंह, अनुमंडल कार्यालय के प्रधान लिपिक बैजू झा प्रमुख रूप से मौजूद थे। सभी ने अशोक चौधरी के कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और विनम्र स्वभाव की सराहना की। अशोक चौधरी न केवल पंचायत सचिव के रूप में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं, बल्कि वे प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी और झारखंड राजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जामताड़ा जिला अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्यरत रहे। समारोह के दौरान उन्हें शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। भावुक माहौल में अशोक चौधरी ने कहा कि सरकारी सेवा के दौरान उन्हें जो स्नेह, सहयोग और सम्मान मिला, वह जीवन भर याद रहेगा। प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी महादेव पोद्दार, बीपीओ प्रदीप टोप्पो, एई मनोज मुर्मू, जेई वकील मुर्मू, पंचायत सचिव सनाउल अंसारी, दीपक कुमार बादल, दिनेश्वर रजक, रूबी मंडल, रकीब खान सहित काफी संख्या में प्रखंड व अंचल कार्यालय के कर्मी मौजूद थे।
चौकीदार सीधी नियुक्ति परीक्षा में कुल 242 अभ्यर्थी हुए चयनित
जामताड़ा। संवाददाता। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कुमुद सहाय ने जिले के विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता की। बताया कि विज्ञापन संख्या 01/2025 के आलोक में कुल 354 पदों पर चौकीदार सीधी नियुक्ति के लिए 27 अप्रैल को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 4782 अभ्यर्थियों (3736 पुरुष एवं 1046 महिला) में से 4552 अभ्यर्थी (3574 पुरुष एवं 978 महिला) लिखित परीक्षा में शामिल हुए थे। आयोजित लिखित परीक्षा में सामान्य श्रेणी में कुल 1193 अभ्यर्थी, 991 पुरुष एवं 159 महिला, दिव्यांग में कुल 41 तथा खेलकूद में कुल 3 के साथ कुल 1193 अभ्यर्थी शारीरिक माप (दौड़) एवं शारीरिक जांच परीक्षा के लिए चयनित हुए थे। जिले के आउटडोर स्टेडियम में 14 और 15 मई को आयोजित शारीरिक माप (दौड़) एवं शारीरिक जांच परीक्षा में सामान्य श्रेणी में 918 पुरुष एवं 144 महिला, दिव्यांग में 28 पुरुष एवं 3 महिला तथा खेलकूद में 2 पुरुष एवं 1 महिला अभ्यर्थी मिलाकर कुल 1140 अभ्यर्थी शारीरिक जांच परीक्षा में सम्मिलित हुए थे, जबकि कम ऊंचाई रहने के कारण 29 पुरुष एवं 15 महिला कुल 44 अभ्यर्थियों को इससे वंचित किया गया।
उपायुक्त ने आगे कहा कि चौकीदार नियुक्ति नियमावली के अनुरूप लिखित एवं शारीरिक जांच परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों के औपबंधिक मेधा सूची का प्रकाशन कर दिया गया है, जिसमें विभिन्न कोटिवार कुल 242 अभ्यर्थी शामिल हुए हैं। जिनमें से 114 महिला एवं 128 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। औपबंधिक मेधा सूची का प्रकाशन जिले के आधिकारिक वेबसाइट जामताड़ा एनआईसी पर उपलब्ध है।
साढ़े 16 लाख नगद के साथ रंगे हाथों धराया शातिर साइबर अपराधी
एसपी डॉ एहतेशाम बकारिव ने साइबर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
जामताड़ा। संवाददाता। साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे मुहिम में जामताड़ा साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मोहलीडीह के समीप छापेमारी कर एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 16,58,000 नगदी सहित फर्जी सिम कार्ड व मोबाइल बरामद किया गया है। यह कार्रवाई एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। मामले का खुलासा एसपी डॉ एहतेशाम बकारिव ने बुधवार को साइबर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया।
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में इंस्पेक्टर बिहारी मराण्डी, एसआई हीरालाल महतो एवं अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल करते हुए करमाटांड़ थानान्तर्गत ग्राम मोहलीडीह रोड किनारे नवनिर्मित मकान के पास साइबर अपराधियों के विरूद्ध छापामारी करवाकर साइबर अपराध करते हुए साइबर अपराधकर्मी मुख्तार अंसारी को फर्जी मोबाइल, सिम, नगद के साथ पकड़ा गया। इस संबंध में इनके विरूद्ध जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 41/25 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि यह अपराधी गूगल में विभिन्न ई-कॉमर्स कम्पनियों, ई-पेमेंट कम्पनियों, उपभोक्ता सामग्री कम्पनियों के कस्टमेयर केयर नंबर के रूप में अपना फर्जी मोबाइल नंबर डालकर उपभोक्ताओं का कॉल प्राप्त कर उनके आने वाली समस्याओं का निपटारा करने के नाम पर उनके मोबाइल पर क्विक सपोर्ट, एनी डेस्क जैसे मोबाइल शेयरिंग एप डाउनलोड करवाकर उनके सारी बैंक की गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी करते थे। बताया कि प्राथमिकी अभियुक्त मुख्तार अंसारी साइबर अपराध थाना कांड संख्या 16/22 में आरोप पत्रित है। इसका कार्यक्षेत्र मूलत: पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, महाराष्ट्र है।
जन वितरण प्रणाली की समीक्षा को लेकर अहम बैठक
ई-केवाईसी में लापरवाही पर सख्त निर्देश
जामताड़ा। संवाददाता। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से राज्य सरकार के निर्देश पर जामताड़ा प्रखंड कार्यालय सभागार में जन वितरण प्रणाली से जुड़े डीलरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला आपूर्ति पदाधिकारी डॉ. राजेश्वर राव एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी अभिश्वर मुर्मू ने की। बैठक में जामताड़ा प्रखंड, नगर पंचायत एवं मिहिजाम क्षेत्र के जन वितरण प्रणाली से जुड़े डीलरों को आगामी खाद्यान्न वितरण की समय सीमा से अवगत कराया गया। निर्देश दिया गया कि जून-जुलाई 2025 का खाद्यान्न वितरण 1 जून से 15 जून तक और अगस्त महीने का वितरण 16 जून से 30 जून तक सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, डीएसडी से माल का समय पर उठाव, सुरक्षित भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्था करने को कहा गया। बैठक में ई-केवाईसी को लेकर विशेष चर्चा हुई। जामताड़ा प्रखंड और नगर पंचायत में ई-केवाईसी की प्रगति असंतोषजनक बताई गई। इस पर अधिकारियों ने डीलरों को निर्देश दिए कि ई-केवाईसी प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत केवाईसी सुनिश्चित करें। डीलरों ने ई-केवाईसी में आ रही तकनीकी समस्याओं को विस्तार से बताया, जिसमें आधार लिंकिंग की गड़बड़ी, 2जी मशीन में डेटा लोड न होना, वृद्धजनों एवं विकलांग उपभोक्ताओं को हो रही दिक्कतें और आयरिश स्कैनिंग मशीन की जरूरत जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। इस पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने समस्याओं के समाधान के लिए रांची एनआइसी को सूचित करने और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि जो डीलर ई-केवाईसी में लापरवाही बरतेंगे, उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक होने पर दुकानों को निलंबित भी किया जा सकता है। बैठक में प्रखंड नाजिर कृष्ण टुडू, सोहन राम, महेंद्र यादव, कृष्णा मुर्मू, बृजेश तिवारी, नजरुल अंसारी, सौरव मंडल, पांडव यादव, बासित अंसारी, श्याम पासवान, अनिल साब, विनय भगत, स्वप्न मंडल, शंभू रविदास समेत बड़ी संख्या में डीलर उपस्थित थे।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर निकाली गई तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे
कुंडहित। संवाददाता। तिरंगा यात्रा समिति की ओर से ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना के सम्मान में बुधवार को कुंडहित प्रखंड में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व भाजपा के पूर्व प्रत्याशी माधव चन्द्र महतो ने किया। यात्रा पूरना बैंक मोड़ से कुंडहित बाजार होते हुए बारामसिया मोड़ तक निकाली गई। यह यात्रा उन वीर जवानों के सम्मान में निकाली गई, जिन्होंने पाकिस्तान की धरती पर आतंकी ठिकानों को मिसाइल से ध्वस्त कर भारत की सैन्य ताकत का परिचय दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे। देश है पुकारता, पुकारती मां भारती जैसे गीतों के साथ पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकवाद मुर्दाबाद और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगे। इस दौरान भाजपा वरिष्ठ नेता माधव चन्द्र महतो ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने करीब 100 आतंकियों और उनके कई ठिकानों को मिसाइल से तबाह कर दिया। सेना के पराक्रम से पाकिस्तान घुटनों पर आ गया।
बेटे-बहू की प्रताड़ना से तंग आकर मां ने लगाया फंदा
पारिवारिक कलह का दिल दहलाने वाला अंत!
मिहिजाम। संवाददाता। झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरायनाला में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। 56 वर्षीय ज्योत्स्ना दत्ता ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह कोई सामान्य आत्महत्या नहीं थी, इसके पीछे छिपी थी, घर के अंदर की पीड़ा, बेटे और बहू की कथित प्रताड़ना और एक मां की घुटती हुई चुप्पी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका ज्योत्स्ना दत्ता पिछले कई महीनों से मानसिक तनाव में थीं। उनके पति, रविंद्रनाथ दत्ता ने मिहिजाम थाने में बेटे देव प्रसाद दत्ता और बहू सोनाली दत्ता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। कांड संख्या 36/25 के तहत पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
थाना के एएसआई बृजन राम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिवार के हर सदस्य से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आत्महत्या के पीछे के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस परिवार में लंबे समय से कलह चल रही थी। अक्सर तेज आवाज में झगड़े होते थे और पड़ोसियों ने कई बार ज्योत्स्ना दत्ता को रोते हुए देखा था। पड़ोस की एक महिला ने कहा कि वो हमेशा चुप रहती थीं लेकिन उनकी आंखें सब कुछ कह जाती थीं।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर हमारे समाज में बुजुर्गों की उपेक्षा और घरेलू कलह की कड़वी सच्चाई को उजागर कर दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बुजुर्गों के साथ सहानुभूति और सम्मान का व्यवहार करें ताकि ऐसे त्रासदीपूर्ण हादसों को रोका जा सके। फिलहाल, पुलिस देव प्रसाद और सोनाली दत्ता से पूछताछ कर रही है और जल्द ही मामले में अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेसियों ने मनाई पूर्व पीएम राजीव गांधी की पुण्यतिथि
कुंडहित। संवाददाता। बुधवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय में प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र घोष के नेतृत्व में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 34वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस जनों ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र घोष ने स्व गांधी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश को इलेक्ट्रॉनिक क्रांति दी है। उन्हीं के प्रयास से आज देश में मोबाइल, टीवी, कंप्यूटर के क्षेत्र में अग्रणी बना हुआ है। मौके पर सभी कांग्रेसियों ने शपथ लिया कि उनके बताए रास्ते पर चलकर देश की सेवा में अपने आप को समर्पित करेंगे। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र घोष मंडल, फखरुद्दीन खान, मो. सरफुद्दीन, आशीष सरकार, सरफुद्दीन अंसारी आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ
80 खिलाड़ी ले रहे प्रशिक्षण
जामताड़ा। संवाददाता। झारखंड वॉलीबॉल संघ के तत्वावधान में जामताड़ा जिला वॉलीबॉल संघ एवं आर्ट ऑफ लिविंग के संयुक्त प्रयास से 10 दिवसीय वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ बुधवार को संत एंथोनी स्कूल के मेजर ध्यानचंद खेल मैदान में किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में जिले भर से आए कुल 80 बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। शिविर का उद्घाटन पुलिस उपाधीक्षक बलराम पंडित ने दीप प्रज्वलन एवं नारियल फोड़ कर किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस उपाधीक्षक बलराम पंडित ने कहा कि यह शिविर खिलाड़ियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व के गुण विकसित करने का सुनहरा अवसर है। यह प्रशिक्षण सिर्फ खेल तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन निर्माण की दिशा में भी एक सशक्त कदम है। शिविर में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को जामताड़ा जिला वॉलीबॉल संघ की ओर से टी-शर्ट एवं खेल किट प्रदान की गई, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और आत्मबल और बढ़ गया। उद्घाटन समारोह के दौरान राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षाविद सुशील कुमार मरांडी को श्रद्धांजलि स्वरूप एक मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष दुर्गा दास भंडारी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्व. मरांडी एक प्रेरक व्यक्तित्व और मार्गदर्शक शिक्षाविद् थे,जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। इस कार्यक्रम में नेताजी ब्लड डोनर संघ के संरक्षक चंचल भंडारी, जिला वॉलीबॉल संघ सचिव राजीव रजक, जिला एथलेटिक्स संघ सचिव सरोज यादव, जिला नेटबॉल सचिव विष्णु सेन, राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षक कारण राउत, राष्ट्रीय खिलाड़ी अभिषेक दुबे, सुमित ओझा, साहिब मंडल एवं नादिया दस मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
जामताड़ा में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, लेकिन लोगों को उठानी पड़ी कई परेशानियां
जामताड़ा संवाददाता – बुधवार को जामताड़ा में हुई झमाझम बारिश ने पूरे इलाके को ठंडक पहुंचाई और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत मिली। लंबे समय से तपती धूप और उमस से परेशान लोगों के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं थी। सुबह से ही चिलचिलाती धुप से लोगों का जीना मुहाल हो गया था। शाम करीब 5 बजे के बाद आसमान में काले बादलों का डेरा था और करीब 6 बजे तेज़ बारिश ने पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया।
बारिश की वजह से मौसम तो खुशनुमा हो गया, लेकिन इसके साथ ही कई जगहों पर दिक्कतें भी देखने को मिलीं। कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के कुछ निचले इलाकों में तो घरों में पानी तक घुस गया। लोगों को अपने घरों से पानी निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इसके अलावा, तेज़ हवाओं के साथ आई बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे भी प्रभावित हुए, जिससे अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बाधित रही। नगर पंचात की टीम और स्थानीय प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर दिया है।
हालांकि बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया और किसानों के चेहरों पर मुस्कान लाई है, लेकिन इससे हुई क्षति को नकारा नहीं जा सकता। प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही जलनिकासी और अन्य समस्याओं का समाधान किया जाएगा, ताकि लोगों को अधिक परेशानी न झेलनी पड़े।
कुशवेदिया गांव में जुए का अड्डा बना कानून व्यवस्था के लिए चुनौती, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
मिहिजाम (जामताड़ा)। मिहिजाम शहर में पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद भले ही अवैध जुए के अड्डों पर अंकुश लग गया हो, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अब यह गतिविधि तेजी से पैर पसार रही है। मिहिजाम थाना क्षेत्र के कुशवेदिया गांव ऑर डोमदहा में खुलेआम जुए का संचालन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोग बेहद चिंतित और असहज महसूस कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के तालाब के समीप हर शाम जुआ खेलने वालों की भारी भीड़ जमा होती है। यह सिलसिला देर रात तक चलता है, जिसमें मिहिजाम, चितरंजन और आसपास के क्षेत्रों से लोग शामिल होते हैं। बताया जा रहा है कि इस अड्डे पर प्रतिदिन लाखों रुपये का सट्टा खेला जाता है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध गतिविधि के पीछे कुछ प्रभावशाली और दबंग लोग हैं, जो किसी भी प्रकार के कानून या प्रशासनिक कार्रवाई की परवाह नहीं करते। लोगों में भय का वातावरण है और वे किसी भी प्रकार की शिकायत करने से कतराते हैं।
शहरी क्षेत्र में पुलिस की छापेमारी के बाद वहां अवैध जुआ कारोबार लगभग समाप्त हो गया, लेकिन ग्रामीण इलाके अब नया केंद्र बनते जा रहे हैं। यह न केवल सामाजिक तानेबाने के लिए खतरा है, बल्कि प्रशासन के लिए भी एक बड़ी चुनौती है।
इस मामले में जब एसडीपीओ विकास आनंद लगुरी से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि ऐसा कुछ हो रहा है, तो जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर जुए के इस गोरखधंधे पर रोक लगाने की मांग की है।