कुंडहित/संवाददाता। जिला परिषद सदस्य रीना मंडल ने कुंडहित के नए थाना प्रभारी से मुलाकात की। इस दौरान जिप सदस्य ने थाना प्रभारी को बुके देकर उनका स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। मुलाकात के दौरान जिप सदस्य ने थाना प्रभारी प्रदीप कुमार से क्षेत्र की स्थिति के बारे में चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में जुआ और अवैध लॉटरी का कारोबार चलने की खबरें देखने, सुनने में आ रही है। इस प्रकार की सूचनाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता है। मुलाकात के दौरान नए थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने भी सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत विभाग की ओर से जनता को जागरूक किया जा रहा है ताकि आम जनता और पुलिस मिल कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बरकरार रखें। उन्होंने कहा कि अवैध धंधों की चलने नहीं दिया जाएगा। थाना प्रभारी ने कहा कि अगर क्षेत्र में कहीं किसी प्रकार की घटना, दुर्घटना हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। मुलाकात के दौरान जिप सदस्य ने स्थानीय मुद्दों को लेकर थाना प्रभारी के साथ चर्चा की। मौके पर पूर्व जिप सदस्य भजहरी मंडल भी उपस्थित थे।
फोकस लेप्रोसी कैंपेन कार्यक्रम के तहत चलाया गया जागरूकता अभियान
जामताड़ा/संवाददाता। फोकस लेप्रोसी कैंपेन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला लेप्रोसी ऑफिस के दिशा-निर्देश पर शनिवार को उप स्वास्थ्य केंद्र लाधना के किताझोर गांव के राशीडीह टोला में गठित टीम डोर टू डोर जाकर ग्रामीणों का शारीरिक जांच के माध्यम से संभावित कुष्ठ रोगी की खोज करेगा। यह कार्यक्रम सोमवार से प्रारंभ होगा। जिसमें सहिया एवं स्वास्थ्य टीम के अन्य सदस्य कार्यरत रहेंगे। सहिया एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में कुष्ठ से संबंधित जागरूकता बैठक रखी गयी। एमपीडब्ल्यू मनोज कुमार तिवारी ने ग्रामीणों को सोमवार से प्रारंभ होने वाले कार्यक्रम के विषय में बताते हुए ग्रामीणों को कहा कि पुराने समय में लोगों को कुष्ठ के प्रति कई गलत भावनाएं होती थी, जिसमें लोग इस बीमारी को भेदभाव के नजर से देखते थे। आज के समय में यह बीमारी हम सब की एकजुटता, मदद और प्यार से बिल्कुल ही समाप्त हो सकता है। इस बीमारी का संपूर्ण जांच स्वास्थ्य विभाग की ओर से निश्चित रूप से किया जा रहा है जो बिल्कुल ही नि:शुल्क है। हमें बस इतना ध्यान देना है कि समय रहते ही हम इस बीमारी का संपूर्ण रूप से इलाज प्रारंभ कर सकें क्योंकि देर से इलाज करने पर कभी-कभी रोगी दिव्यांगता का भी शिकार हो सकता है। दिव्यांगता से बचने के लिए समय पर इलाज प्रारंभ करना अनिवार्य है। जिसके लिए हम अपने गांव के ही सहिया एवं एएनएम दीदी का मदद ले सकते हैं। इस कार्यक्रम के अंतर्गत टीम के सदस्य आपके घर जाएंगे तो आप अपना एवं अपने समस्त परिवार का जांच जरुर से जरूर कराएं ताकि हम इस बीमारी की सही पहचान कर समय रहते इसका इलाज प्रारंभ कर सकें। जब तक हमें किसी बीमारी की जानकारी नहीं होगी तब तक हम उस बीमारी की पहचान नहीं कर सकेंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य समस्त ग्रामवासियों को जागरूक करना है। आप जागरुक रहेंगे तभी स्वास्थ्य विभाग की टीम को आपके द्वारा मदद मिल सकती है। मौके पर एमपीडब्ल्यू प्रवीण कुमार, सहिया साथी सरिता बेसरा, सहिया समिति सोरेन, सुशीला मुर्मू, माकों मरांडी एवं ग्रामीण मौजूद थे।
जविप्र दुकानदारों की हुई बैठक तीन महीने का खाद्यान्न एक साथ वितरण करने का निर्देश
कुंडहित/संवाददाता। प्रखंड सभागार में शनिवार को जन वितरण प्रणाली दुकानदारों की बैठक हुई। प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी संजय कुमार की मौजूदगी में कंप्यूटर ऑपरेटर ने सभी डीलरों के ई-पॉस मशीनों में जून और जुलाई का खाद्यान्न अपलोड किया।मौके पर खराब ई-पॉस मशीनों को दुरूस्त किया गया। मौके पर प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि जून, जुलाई और अगस्त के खाद्यान्नों का एक साथ और ससमय वितरण करना है। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। जिनका भी ई-पॉस मशीन खराब है, वह उसे प्रखंड कार्यालय संपर्क कर दुरूस्त करवा लें। कार्यक्रम के अनुसार 01 से 15 जून के बीच जून और जुलाई माह का और 15 से 30 जून तक अगस्त माह का राशन वितरण करना है। उन्होंने डीलरों से अपने-अपने क्षेत्र के ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें ससमय पर राशन उठाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने डीलरों को ई-केवाईसी के लंबित मामलों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। डीलरों को अपने-अपने क्षेत्र के अयोग्य राशन कार्डधारकों को 01 सप्ताह के अंदर प्रखंड आपूर्ति कार्यालय में अपना कार्ड सेरेंडर जमा करने के लिए सूचित करने को कहा गया। मौके पर प्रखंड क्षेत्र के अधिकतर जविप्र दुकानदार उपस्थित थे।
मिहिजाम के हसन स्टेट सेकंड टॉपर और पियूष ने भी लहराया परचम
जामताड़ा/ मिहिजाम/संवाददाता। मिहिजाम के छात्रों ने कॉमर्स 12वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। मस्जिद रोड निवासी हसन शेख ने स्टेट में दूसरा स्थान हासिल किया है जबकि पियूष साव ने तीसरा स्थान प्राप्त कर मिहिजाम का गौरव बढ़ाया है।
क्या है हसन शेख की सफलता की कहानी
हसन शेख जो एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं की सफलता की कहानी प्रेरणादायक है। उनके पिता असगर शेख, आसनसोल में एक निजी फैक्ट्री में मजदूर हैं जबकि उनकी मां गृहणी हैं। हसन की बहन 9वीं कक्षा में पढ़ती है। हसन ने रोजाना 3 से 4 घंटे पढ़ाई की और अपनी सफलता का श्रेय सोशल मीडिया और यूट्यूब पर उपलब्ध ऑनलाइन स्टडी मैटेरियल को दिया। उन्हें सोशल मीडिया पर ऑनलाइन मार्केटिंग में भी रुचि है। हसन का सपना है कि वह अच्छे कॉलेज में दाखिला लेकर पढ़ाई करें और बाद में सीए बनने की दिशा में आगे बढ़ें। जूनियर छात्रों को सलाह देते हुए हसन ने कहा पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखें।
पियूष का भी रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन
मिहिजाम के ही पियूष साव ने स्टेट में तीसरा स्थान हासिल किया है। पियूष के पिता निरंजन साव मेन रोड मिहिजाम में हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं और उनकी माता पम्मी देवी एक गृहणी हैं। पियूष के बड़े भाई भी कॉमर्स में जिला टॉपर रह चुके हैं। पियूष को क्रिकेट खेलने में रुचि है और वह सीए बनना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने 8 से 10 घंटे पढ़ाई की और सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं किया। मिहिजाम के इन दोनों छात्रों की सफलता ने साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे मिहिजाम में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
ट्रेन में फेरी वाले का पुत्र बना साइंस में जिला टॉपर
जामताड़ा/संवाददाता। 12 वीं की परीक्षा में जामताड़ा जिले का नाम रोशन करते हुए ओम बर्णवाल ने साइंस स्ट्रीम में टॉप किया है। मिहिजाम हिल रोड निवासी ओम ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और लगन से सफलता हासिल की जा सकती है। ओम वर्णवाल एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता ट्रेन में फेरी का काम करते हैं जबकि उनकी मां अंजू देवी एक गृहणी हैं। ओम के भाई-बहन भी पढ़ाई कर रहे हैं। ओम की इस उपलब्धि ने उनके परिवार का मान बढ़ाया है। ओम की सफलता की कहानी प्रेरणादायक है। उन्होंने 10वीं की परीक्षा में भी स्कूल टॉप किया था। वे मिहिजाम के पल्स टू हाईस्कूल के छात्र हैं। ओम ने बताया कि उन्होंने रोजाना 6 से 7 घंटे पढ़ाई की और सोशल मीडिया से दूर रहे। वे इंजीनियर बनना चाहते हैं। पढ़ाई के अलावा उन्हें दोस्तों के साथ खेलना भी पसंद है। ओम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा टीचर और मम्मी-पापा की बात मानने से रिजल्ट हमेशा अच्छा होता है। ओम ने सभी छात्रों को सलाह दी कि वे कड़ी मेहनत करें और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखें। ओम की इस शानदार सफलता पर जिले में खुशी का माहौल है। लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बने।
विश्व तंबाकू दिवस पर पुलिस कर्मियों ने ली शपथ
कुंडहित/संवाददाता। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को कुंडहित पुलिस कर्मियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली। शपथ के दौरान तमाम अधिकारियों और कर्मियों ने तंबाकू का सेवन नहीं करने और दूसरों को भी तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान कुंडहित प्रखंड कार्यालय में बीडीओ जमाले राजा, सीओ सीताराम महतो के अलावा तमाम कर्मीगण उपस्थित थे। वहीं कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार के अलावा तमाम पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी ने सभी से खुद जागरूक बनें, दूसरों को जागरूक बनाने की अपील की। कहा कि तंबाकू के सेवन से व्यक्ति न सिर्फ अपना नुकसान करता है बल्कि इससे उसके परिवार, देश और समाज का भी नुकसान होता है। इसलिए तंबाकू का किसी भी हाल में सेवन नहीं करना है।
इंटर साइंस में पांचवां स्थान प्राप्त करने वाला रिंटु बनना चाहता है शिक्षक
कुंडहित/संवाददाता। जैक की ओर से शनिवार को घोषित किए गए इंटर विज्ञान के परीक्षा फल में कुंडहित अंतर्गत खजूरी गांव के रहने वाले पारा शिक्षक के पुत्र रिंटू सिंह ने पांचवां स्थान प्राप्त कर अपना और अपने इलाके का नाम रोशन किया है। जिले के टॉप 10 छात्रों की सूची में पांचवें पायदान पर पहुंचे रिंटू सिंह आगे चल कर शिक्षक बनना चाहते हैं। रिंटू की सफलता पर उसके परिजन, मित्र, रिश्तेदार सहित गांव इलाके के लोग सभी बेहद खुश हैं। अपनी सफलता का श्रेय रिंटू सिंह ने अपने परिजनों, खजूरी प्लस टू के शिक्षकों, ट्यूशन टीचरों के प्रति आभार प्रकट किया है। उल्लेखनीय है कि रिंटू सिंह के पिता मधुसूदन सिंह पारा टीचर हैं और माता गृहणी है। रिंटू की सफलता से उसके माता-पिता भी बेहद खुश हैं। छात्र रिंटू ने 461 अंक प्राप्त कर जिले में पांचवा स्थान प्राप्त किया है।