तालझारी। संवाददाता। डकैती के एक पुराने मामले में पुलिस ने अप्राथमिक जालंधर चौधरी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि 05 फरवरी 2023 को थाना क्षेत्र के महाराजपुर बजार में 6 डकैतों एक घर में घुसकर बंदूक, दबिया व चाकू के बल पर भीषण डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।
इस मामले में अप्राथमिक आरोपी जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के कबूतर खोपी निवासी जालंधर चौधरी फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
6 नकाबपोश ने घर में घुस कर वारदात को दिया था अंजाम
थाना क्षेत्र के महाराजपुर बजार में 5 फरवरी 2023 की रात 6 नकाबपोश डकैतों ने रोहित महतो के घर में घुसकर बंदूक, दबिया व चाकू के बल पर घर में अकेली मौजूद रोहित की पुत्री को बंधक बनाते हुए भीषण डकैती की थी। इस बीच ग्रामीणों ने वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दो डकैतों महाराजपुर निवासी अंकित कुमार व सुकसेना निवासी दीनदयाल को खदेड़ कर दबोच लिया था। छानबीन के बाद पीड़ित परिवार ने 38 लाख रुपये के जेवर व 5.65 लाख रुपया ऩकद डकैती होने की जानकारी पुलिस को दी थी। मामले में रोहित की पत्नी ने थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी।
दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर से चार घायल, रेफर
बरहेट। संवाददाता। शनिवार को बरहेट-बरहरवा मुख्य पथ पर स्थित बरमसिया गांव के समीप दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार बरहेट निवासी भागीरथ साह(40) एवं उसकी पत्नी उषा देवी(28), पुत्री ज्योति कुमारी (7) व अनु कुमारी(4) अपनी बाइक से पाकुड़ के हिरणपुर जा रहे थे। जबकि बरहरवा रामनगर निवासी राम किस्कू(35) अपनी बाइक से बरमसिया मैदान में फुटबॉल मैच देखने आ रहा था। इस बीच दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गई। दुर्घटना से भागीरथ साह का पूरा परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
जहां डॉक्टर चौधरी चंद्रशेखर प्रसाद चंद ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। इधर दुर्घटना की सूचना मिलते ही बरहेट थाना एएसआई पवन कुमार ने सीएचसी पहुंच मामले की जांच-पड़ताल की।
मारपीट को लेकर 4 अज्ञात लोगों पर केस
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत बाबू टोला निवासी एक व्यक्ति ने अपने भतीजे के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर 04 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना को लेकर बाबू टोला निवासी हाशिम शेख ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि बीते 21 अगस्त को देर संध्या लगभग 8:00 बजे शहर के हाटपाड़ा की ओर से घर लौट रहा था। इसी दौरान चार अज्ञात लड़कों ने एकमत होकर उसके भतीजा मो समदानी को घेर लिया एंव जान मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट की। घटना को लेकर थाना कांड संख्या 300/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
बोलेरो की टक्कर से छात्र का पैर टूटा
तीनपहाड़। संवाददाता। थाना क्षेत्र के बस स्टैंड निवासी भीम गोश्वमी के पुत्र आदित्य गोस्वामी उर्फ आदि(15) को शनिवार को एक बोलेरो वाहन टक्कर मार कर फरार हो गया। दुर्घटना में किशोर का पैर टूट गया। आनन-फानन में परिजन उसे बेहतर इलाज हेतु बाहर ले गए। मिली जानकारी के अनुसार आदित्य पढ़ाई के लिए मध्य विद्यालय जा रहा था।
ट्रेन की चपेट में आये अज्ञात युवक के शव की नहीं हुई शिनाख्त
बोरियो। संवाददाता। थाना क्षेत्र के एनटीपीसी ललमटिया-फरक्का एमजीआर लाइन के मोतीपहाड़ी सायफन के समीप बीते दिनों ट्रेन से कट कर एक अज्ञात युवक की मौत मामले में शिनाख्त नहीं होने उसके शव को शनिवार को दफना दिया गया। इसके पूर्व पुलिस ने शव की शिनाख्त की हर संभव कोशिश की। 72 घंटे के उपरांत कागजी प्रक्रिया पूरी कर बीडीओ सह सीओ नागेश्वर साव एवं थाना प्रभारी पंकज वर्मा ने दंडाधिकारी एई शुभम कुमार गुप्ता की देख-रेख में थाना के एसआई जियालाल किस्कू और एएसआई उमेश उपाध्याय की मौजूदगी में शव को अंचल क्षेत्र के मोरम नदी के शमशान घाट के समीप दफना दिया गया। ज्ञात हो कि 15 अगस्त को पुलिस ने मोतीपहाड़ी एमजीआर लाइन से एक क्षत विक्षत शव का बरामद किया था। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा उसे शिनाख्त के लिए मर्चरी हाउस में रखा गया था।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत वितरण की मांग को लेकर मुखिया संघ का धरना
साहिबगंज। संवाददाता। मुखिया संघ के तत्वाधान में शनिवार को सदर प्रखंड कार्यालय के समक्ष सदर प्रखंड के मुखिया, प्रमुख, उपप्रमुख, समिति व वार्ड सदस्य एवं ग्रामीणों ने बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री देने की मांग को लेकर धरना दिया। अध्यक्षता संघ अध्यक्ष कंचन कुमार मंडल ने किया। इस दौरान मुखिया संघ के सह उपाध्यक्ष संतोष कुमार गोंड ने बताया कि गंगा किनारे बसा झारखंड का एक मात्र ज़िला साहिबगंज बाढ़ प्रभावित है। प्रत्येक वर्ष ज़िला में बाढ़ से सदर प्रखंड, उधवा व राजमहल प्रखंड सबसे अधिक प्रभावित होता है। पड़ोसी राज्य में बाढ़ प्रभावित 19 जिलों में वहां की सरकार 7 हजार रुपये प्रति परिवार दे रही है। लेकिन यहां बाढ़ पीड़ितों को मुट्ठी भर दाल-चावल देकर ठगने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार को पूर्ण रूप से सदर प्रखंड को बाढ़ प्रभावित घोषित करना चाहिए। अन्यथा पीड़ित आंदोलन करते रहेंगे। यहां घर, परिवार व बच्चों को छोड़ कर धरना पर लोग बैठे हैं। इन्हें ना दवा मिली है, ना पानी की व्यवस्था है और ना ही इन्हें एक चुटकी अनाज मिला है। प्रशासन दावा कर रही है कि उसने सभी को राहत पहुंचाया है। जब प्रशासन ने राहत पहुंचा दिया तो जनप्रतिनिधि किस काम के लिए हैं। जनप्रतिनिधियों को एक पंचायत में 30 पैकेट ही चूड़ा दिया गया है। पिछली बार एक वार्ड में 30-35 पैकेट चूड़ा दिया गया था। प्रशासन मुखियाओं को पंचायत में अवहेलना करवाने का काम करवा रही है। पिछली बार की तरह राहत वितरण की व्यवस्था होनी चाहिए। इधर धरना के उपरांत एक शिष्टमंडल ने अंचलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। मौके पर मुखिया रूपा कुमारी, नीलम कुमारी, सुदामा मंडल, कविता कुमारी, लक्ष्मण मंडल, जयश्री देवी, बीबी असमा, नूर बानो, अर्चना देवी, कामरान अहमद, सुनील यादव, मोनी देवी, रेखा कुमारी, मनोज महतो, नरसिंह पासवान, शाह आलम, धनंजय मंडल, भोला यादव, छोटू कुमार, प्रकाश मंडल, सोनू कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
अपर समाहर्ता ने कहा होगा वितरण, कोई आपत्ति नहीं
गंगा नदी के जलस्तर में पिछले कई दिनों से कमी आ रही है। प्रशासन की ओर से बाढ़ क्षेत्र का मुआयना कर आवश्यकता अनुसार सभी स्थानों में चूड़ा व गुड़ बंटवाया गया है। पशुओं को चारा उपलब्ध कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम निरंतर निगरानी कर रही है। दवाओं का वितरण व बिलीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है। सदर में जनप्रतिनिधियों को चूड़ा-गुड़ मुहैया कराया गया था। जनप्रतिनिधि पूरे पंचायत के लिये सामग्री की मांग कर रहे थे। जबकि पीड़ितों को देने का आदेश प्राप्त था। इसको लेकर कुछ जनप्रतिनिधियों में आपस में मतांतर हुआ था। जिसके बाद चूड़ा व गुड़ उठाव के बावजूद कुछ जनप्रतिनिधियों ने वितरण नहीं किया। बाद में प्रशासनिक स्तर पर वितरण करवाना पड़ा। अंचलाधिकारी ने शुक्रवार को कई जनप्रतिनिधियों से भी सामग्री बंटवाने का काम किया है। सदर प्रखंड में 200 क्विंटल चूड़ा व 40 क्विंटल गुड़ भेजा गया है। जरूरत के अनुसार सामग्री का वितरण होगा। जनप्रतिनिधियों को भी राहत वितरण करना है। साथ में प्रशासनिक पदाधिकारी भी वितरण कर रहे हैं।
ऑटो व स्कूटी की आमने-सामने की भीषण टक्कर, दो युवक घायल
उधवा। संवाददाता। राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उधवा-बरहरवा एनएच-80 पथ पर मोहनपुर के समीप शनिवार की देर शाम ऑटो व स्कूटी की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी राधानगर थाना पुलिस को दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ऑटो और स्कूटी दोनों के परखच्चे उड़ गए। सड़क पर जहां तहां वाहन के पुर्जे बिखरे पड़े थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो उधवा से बरहरवा की ओर जा रहा था। जबकि विपरीत दिशा से आ रही स्कूटी पर दो लोग सवार होकर तेज गति से आ रहे थे। इस बीच दोनों में आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। जिसमें राजमहल थाना क्षेत्र के मानसिंहा गांव निवासी अब्दुल हलीम व एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि अब्दुल हलीम ऑटो में सवार था। जबकि स्कूटी चालक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हुई थी। इधर दुर्घटना की जानकारी मिलते ही राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेजवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।