मिहिजाम। संवाददाता। झारखंड मुक्ति मोर्चा जामताड़ा महिला समिति की ओर से आदिवासी परंपरा और श्रद्धा का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के अमोई गांव के मांझी थान परिसर में नायकी बाबा और गांव के अन्य पारंपरिक पुरोहितों के नेतृत्व में दिशोम गुरु शिबू सोरेन उर्फ गुरुजी के जल्द स्वस्थ होने के लिए विशेष बोंगा बुरू पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। पूजा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम की अगुवाई महिला नेत्री मेरी मरांडी ने की। इस अवसर पर झामुमो के पूर्व केंद्रीय समिति सदस्य मदन मरांडी, मिहिजाम नगर अध्यक्ष सलिल रमन उर्फ बंटू आइजक, महिला नेत्री कविता मरांडी समेत कई स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अमोई गाँव के नायकी बाबा, मांझी बाबा, भोदौ बाबा, प्राणिक बाबा, जोगमाजी बाबा और गोड़ेत बाबा ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा संपन्न कराई। ढोल नगाड़े और पारंपरिक गीतों से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो उठा। ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक पोशाक में सामूहिक रूप से बोंगा बुरू की आराधना कर गुरुजी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मौके पर मेरी मरांडी ने कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि झारखंडी अस्मिता के प्रतीक हैं। उनके नेतृत्व ने आदिवासी समाज को हक-अधिकार की लड़ाई में नई दिशा दी है। आज जब वह अस्वस्थ हैं, तो पूरा झारखंड उनके लिए दुआ कर रहा है। पूरे आयोजन में अमोई गांव के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने विश्वास जताया कि बोंगा बुरू की कृपा से गुरुजी जल्द स्वस्थ होकर एक बार फिर सबको मार्गदर्शन देंगे।
विनय मेहरा को बड़ी जिम्मेदारी, भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन में बने मंडल अध्यक्ष
मिहिजाम। संवाददाता। भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन में अपनी निष्ठा, समर्पण और सक्रिय भूमिका के चलते विनय मेहरा को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पश्चिम बर्धमान जिला अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। कुछ दिन पहले ही उन्हें झारखंड के जामताड़ा जिले का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया था। अब प्रदेश अध्यक्ष राहगीर फजल की सिफारिश पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पदोन्नति पत्र के माध्यम से विनय मेहरा को पांच जिलों का प्रभार सौंपते हुए अनुमंडल अध्यक्ष (मंडल अध्यक्ष) पद पर पदोन्नत किया है। इस नई जिम्मेदारी को लेकर संगठन में उत्साह का माहौल है। विनय मेहरा ने कहा कि वे मानवाधिकार के हक में काम को और मजबूती से आगे बढ़ाएंगे और पीड़ितों की आवाज को बुलंद करेंगे।
सुसुप्तवस्था में वृद्ध महिला की गला रेतकर हत्या
बिंदापाथर। संवाददाता। बिंदापाथर थाना क्षेत्र के खमारबाद पंचायत अन्तर्गत गुलुडुमरिया गांव में 70 वर्षीया सुकरमनी किस्कू नाम के वृद्ध महिला की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई है। वृद्धा अकेली ही घर में रहती थी। किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात के अंधेरे में गला रेतकर हत्या कर फरार हो गया। वृद्धा का आवास निर्माण का काम चल रहा था। सुबह जब आवास निर्माण करने वाले मजदूर काम करने पहुंचे तो देखा महिला घर के अंदर खाट पर खुन से लथपथ मरी पड़ी है। हल्ला करने पर आसपास के ग्रामीण जुटे व घटना की सूचना बिंदापाथर पुलिस को दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर बिंदापाथर थाना प्रभारी विकास कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे व आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। घर के अंदर से ही पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जामताड़ा भेजा गया है। मृतक सुकुरमनी किस्कू के पति छोटे सोरेन की मौत पहले ही हो गई है। उनका कोई पुत्र-पुत्री नहीं है। वृद्धा की निर्मम हत्या से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है तथा इलाके में शोक की लहर है। हालांकि पुलिस मामले की छानबीन पर जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी। इस संबंध में बिंदापाथर थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने बताया कि गुलुडुमरिया एक वृद्धा की गला रेतकर हत्या कर दिया गया है। प्रथम दृष्टया जमीन विवाद का मामला प्रतीत हो रहा है। विभिन्न पहलुओं से मामले की तफ्तीश की जा रही है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
मुहर्रम संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित
कुंडहित। नाला। संवाददाता। क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल में मुहर्रम संपन्न कराने को लेकर बुधवार को कुंडहित एवं बागडेहरी थाने में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक के दौरान कुंडहित थाने में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा, अंचल अधिकारी सीताराम महतो एवं बागडेहरी थाना परिसर में इंस्पेक्टर मोहम्मद फारूक उपस्थित थे। बैठक में दोनों क्षेत्र के राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा दोनों समुदाय के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में शांतिपूर्ण माहौल में मुहर्रम का पर्व मनाये जाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए कुंडहित प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा ने कहा कि यहां हर पर्व त्यौहार मिलजुलकर सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाने की परंपरा रही है। हमें उस परंपरा को कायम रखना है। अफवाहों पर ध्यान नहीं देना है। किसी तरह की अफवाह की जानकारी मिले तो तुरंत उसकी सूचना प्रशासन को दें। थाना प्रभारी ने तजिया जुलूस के सभी लाइसेंसधारियों से लाइसेंस नवीनीकरण के लिए आवेदन देने को कहा। मौके पर परिषद सदस्य रीना मंडल, कुंडहित थाना प्रदीप कुमार, बागडेहरी थाना प्रभारी प्रभारी प्रदीप कुमार राणा, पूर्व जिला परिषद सदस्य भजहरी मंडल, गया प्रसाद मंडल, रफीक हुसैन, समीद अंसारी, सत्तार खान, कुतुबुद्दीन खान, अतावर खान, दुलाल माजी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
नाला संवाददाता के अनुसार, आसन्न मुहर्रम त्योहार पूर्व की तरह शांति और भाईचारे के माहौल में मनाने के लिए बुधवार को नाला थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार महतो, अंचलाधिकारी कयूम अंसारी एवं पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि पिछले सालों की तरह इस बार भी त्योहार को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाना है। उन्होंने कहा कि कोई भी त्योहार सामाजिक समरसता और भाईचारे के रंग में रंगे होते हैं। इस पर्व के दौरान निर्धारित अखाड़ा, नमाज का समय एवं पर्व से जुड़ी अन्य गतिविधियों पर चर्चा हुई। बताया गया है कि पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के लिए आवश्यक पहल किया जाएगा। पदाधिकारी ने आगे कहा कि किसी प्रकार के अफवाह में ध्यान न दें तथा ऐसी कोई असामाजिक गतिविधि और तत्वों के बारे में जानकारी हो तो फौरन पुलिस को सूचना दें। मौके पर थाना प्रभारी राजीव रंजन कुमार के अलावा समर माजी, गुलशन अली, शेख मुस्ताक, गुणधर मंडल आदि जन प्रतिनिधि, नागरिक, समाज सेवी उपस्थित थे।
सांसद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक
“दिशा” विकास योजनाओं के कार्यान्वयन की एक महत्वपूर्ण माध्यम है : नलिन
जामताड़ा। संवाददाता। समाहरणालय सभागार में सांसद सह अध्यक्ष जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा नलिन सोरेन की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई। मौके पर मंत्री सह विधायक डॉ इरफान अंसारी, विधायक उदय शंकर उर्फ चुन्ना सिंह, विधायक प्रतिनिधि नाला एवं जामताड़ा सारठ उपायुक्त वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिला अंतर्गत पेयजल एवं स्वच्छता, राजस्व, भू अर्जन, पथ, समाज कल्याण, ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, स्वास्थ्य, एनआरईपी, पशुपालन, विद्युत, वन प्रमंडल, खनन, शिक्षा, नगर पंचायत जामताड़ा सहित अन्य विभागों के अलावा विगत बैठक में दिए निर्देश के अनुपालन का विस्तार से समीक्षा किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि “दिशा” विकास योजनाओं के कार्यान्वयन की एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे प्रशासन व जन प्रतिनिधियों में समन्वय स्थापित करने में सहायता प्राप्त होती हैे एवं विकास की प्रक्रिया को अपेक्षित गति मिलती है। एनआरआईपी की समीक्षा के क्रम में कार्यालय में व्याप्त अनियमितता एवं ऑफलाइन टेंडर प्रक्रिया को लेकर ईई से कारण पृच्छा पूछा एवं संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर निर्देश दिया। मंत्री अंसारी ने बाजरा घाट में अवैध बालू उत्खनन को लेकर इसे हर हालत में रोक लगाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने खनन पदाधिकारी को नियमित रूप से छापेमारी करने का निर्देश दिया। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष राधारानी सोरेन, उपायुक्त रवि आनंद वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल कुमार उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज विधायक प्रतिनिधि, नाला परेश यादव अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला परिवहन पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजशेखर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लांगुरी, जिला भू अर्जन पदाधिकारी सत्यप्रकाश, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सालकर, जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार, जिला सहित तकनीकी एवं गैर तकनीकी विभागों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण आदि उपस्थित रहे।
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले परिमल टुडू के परिजनों को भाजपा नेता ने दी 5 लाख की आर्थिक सहायता
जामताड़ा। संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत शहरपुरा गांव निवासी परिमल टुडू की बीते दिन एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और बेहतर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। परिमल टुडू अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और इस संकट की घड़ी में उनका सहारा छिन जाना बेहद दु:खद है।
इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल पीड़ित परिवार से मिले। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए 5 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
वीरेंद्र मंडल ने कहा कि हम दुख की इस घड़ी में परिमल के परिवार के साथ हैं। उनके बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करना हमारी प्राथमिकता है और अपनी ओर से हर प्रकार की मदद की जाएगी। इस दौरान गांव के दर्जनों लोग भी मौजूद रहे। मौके पर शहरपुरा पंचायत के मुखिया पारस मुर्मू, दुलाडीह पंचायत के मुखिया दिनेश मुर्मू, पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रंजीत राणा, भाजपा नेता मुकेश यादव सहित तमाम स्थानीय ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सोलह आना समिति के तीन दिवसीय हरिनाम संकीर्तन का भव्य समापन
भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु, प्रसाद ग्रहण कर पाए पुण्य लाभ
मिहिजाम। संवाददाता। हांसीपहाड़ी रायपाड़ा स्थित सोलह आना समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय हरिनाम संकीर्तन बुधवार को भक्तिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन के अंतिम दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। पूरा परिसर राधा-कृष्ण के भजन और जयकारों से गुंजायमान रहा। इस धार्मिक कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता हरि मोहन मिश्रा ने विशेष रूप से भाग लिया और भगवान के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण, सलिल रमन उर्फ बंटू आइजक, लोकेश महतो, दुलाल राय, महिला मोर्चा की सक्रिय नेत्री पुष्पा सोरेन, बैद्यनाथ सोरेन, नीना शर्मा और काजू शर्मा समेत कई पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। इस अवसर पर रूपनारायणपुर की प्रसिद्ध कीर्तन मंडली ने अपने सुमधुर भजनों से सभी को भाव-विभोर कर दिया। मंडली के कलाकारों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और रासलीला का सुंदर गायन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भजन सुनते हुए कई श्रद्धालु नृत्य करते नजर आए और पूरे माहौल में भक्ति का संचार हो गया।
हरिनाम संकीर्तन के दौरान परंपरागत धुलाट की रस्म को भी पूरी श्रद्धा से निभाया गया। आयोजन स्थल पर बच्चों और बड़ों के बीच बतासे, टॉफियां और अन्य मिठाइयां बांटी गईं। भजन-कीर्तन के बाद सैकड़ों की संख्या में मौजूद महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने शांतिपूर्वक पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। सोलह आना समिति के सदस्यों ने बताया कि हरिनाम संकीर्तन का उद्देश्य क्षेत्र में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखना है। उनका कहना है कि ऐसे आयोजन से नई पीढ़ी भी अपनी संस्कृति और परंपरा से जुड़ी रहती है। समिति ने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं के सहयोग और आस्था से यह आयोजन सफल हो पाया और आगे भी हर वर्ष इसे और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा, ताकि सभी को भक्ति और सेवा का अवसर मिलता रहे।