सड़क दुर्घटना में एक नाबालिग की इलाज के दौरान मौत
महागामा। संवाददाता महागामा-गोड्डा मुख्य मार्ग स्थित बसुआ चौक के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दो लड़का एवं एक बच्ची बुरी तरह से घायल हो गयी। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को महागामा रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां मौजूद डॉक्टर मयंक कुमार ने तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। तीनों घायल महागामा निवासी क्रमश: शंकर मंडल (19) पुत्र अंकुश कुमार, प्रमोद मंडल (18) पुत्र आयुष कुमार एवं सुड्डू मंडल (10) पुत्री अनुष्का कुमारी है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर अंकुश कुमार, आयुष कुमार एवं अनुष्का कुमारी ऊर्जानगर से महागामा घर की ओर जा रहे थे। उसी क्रम में विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही अज्ञात मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसके कारण तीनों बुरी तरह से घायल हो गए। वहीं डॉक्टर मयंक कुमार ने बताया कि आयुष कुमार एवं अनुष्का कुमारी को सिर में गंभीर चोटें आई है। जिसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेजा गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण कुमार दल बल के साथ घटना स्थल व अस्पताल पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गए। वहीं गोड्डा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान आयुष कुमार की मौत हो गई। जिसके बाद पोस्टमार्टम कर शव को घर लाया गया। मृतक आयुष कुमार दसवीं कक्षा का छात्र था जो डीएवी पब्लिक स्कूल ऊर्जानगर में पढ़ाई करता था। जानकारी के अनुसार इसी वर्ष मैट्रिक की परीक्षा देने वाला था। वहीं महागामा में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने भी शोक व्यक्त किया। भगवान बेटे आयुष को श्रीचरणों में स्थान दें और भाई प्रमोद एवं समस्त परिवार को दु:ख सहन करने का साहस दें।
महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर मनायी जयंती
महागामा। संवाददाता प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उनकी जयंती मनाई गई। जिसकी अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष इरफान ने की। इस अवसर पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रपिता अहिंसा के साथ-साथ स्वच्छता के भी पुजारी थे। इसके उदाहरण इतिहास में भी उपलब्ध है। हर व्यक्ति अपने निजी जीवन में स्वच्छता व अहिंसा को अपना ले तो महात्मा गांधी के प्रति सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। आज समाज में स्वच्छता अपनाने की जरूरत भी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा भी महागामा प्रखंड कार्यालय स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर प्रखंड 20 सूत्री उपाध्यक्ष विपिन बिहारी सिंह, मुन्ना राजा, प्रवीण मिश्रा, जहीर, सुभाष यादव, नदीम, संजय यादव, रिजवी सहित अनेकों कार्यकर्ता गण उपस्थित थे।
स्वच्छ भारत अभियान के तहत डोन बोस्को स्कूल के बच्चों ने की साफ-सफाई
-बच्चे तथा सभी शिक्षकों ने बापू और शास्त्री जी की तस्वीर पर की पुष्पांजलि अर्पित
गोड्डा। संवाददाता स्वच्छ भारत अभियान, भारत में हुए सबसे महत्वपूर्ण और लोकप्रिय मिशनों में से एक है। स्वच्छ भारत अभियान का मतलब स्वच्छ भारत मिशन है। यह अभियान भारत के सभी शहरों और कस्बों को स्वच्छ बनाने के लिए तैयार किया गया था। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए भी आई पी कॉलोनी स्थित डोन बोस्को स्कूल के सीनियर क्लास के बच्चे तथा शिक्षकों ने स्कूल परिसर के आसपास तथा मुख्य सड़क होते हुए एसपी तथा डीसी आवास तक साफ- सफाई किया। बच्चों को सफाई के प्रति जागरूकता अचंभित करने वाला था। उनका उत्साह देखते ही बनता था। इस अभियान में प्रधानाध्यापक प्रीति गुंजन ने भी बच्चों तथा शिक्षकों के साथ मिलकर अहम भागीदारी निभाई। इसे महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के दृष्टिकोण का सम्मान करने के लिए 02 अक्टूबर को मनाया जाता है। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक अमित राय ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान का स्वच्छता अभियान राष्ट्रीय स्तर पर चलाया गया और इसमें ग्रामीण और शहरी सभी कस्बों को शामिल किया गया। इसने लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करने में एक बड़ी पहल के रूप में काम किया। प्रधानाध्यापक गुंजन ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान भारत को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए एक शानदार शुरूआत है। यदि सभी नागरिक एक साथ आ सकें और इस अभियान में भाग ले सकें, तो भारत जल्द ही समृद्ध होगा। इसके अलावा, जब भारत की स्वच्छता की स्थिति में सुधार होगा, तो हम सभी को समान रूप से लाभ होगा। स्वच्छता अपनाकर हम अपने आप को तो स्वस्थ रख सकते ही हैं साथ ही आम नागरिकों के लिए एक खुशहाल और स्वच्छ वातावरण तैयार कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान एक दिवसीय, पखवाड़े के लिए नहीं बल्कि साल के 365 दिन होनी चाहिए तभी हम तथा हमारा समाज, देश स्वस्थ और समृद्ध हो सकता है। सफाई अभियान की समाप्ति के बाद बच्चे तथा सभी शिक्षकों ने बापू और शास्त्री जी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। बच्चों ने बापू के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम पतित पावन सीताराम गाकर उनके प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की।
स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत नप की ओर से निकाली गयी स्वच्छता रैली
गोड्डा। संवाददाता स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत सोमवार को नगर परिषद गोड्डा की ओर से स्वच्छता रैली निकाली गई। इसके पूर्व निकाय के कर्मी, पदाधिकारी के अलावा शहर वासियों के साथ-साथ विभिन्न स्कूली छात्र पुराना समाहरणालय कार्यालय पर एकत्रित हुए। एसडीओ, ईओ ने रैली का आरंभ किया। शहर के पुराना डीसी कार्यालय से लेकर हटिया चौक होते हुए ऐतिहासिक अशोक स्तंभ तक रैली निकाला गया। रैली में 03 हजार से अधिक लोग शामिल हुए। रैली में शामिल लोग हाथों में झाड़ू लिए सड़क की सफाई की और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस पर नप ईओ ने बताया कि जब तक हम स्वच्छता के महत्व को नहीं समझेंगे तब तक हम अपने आप को सभ्य और सुसंस्कृत नहीं कर सकते हैं। कहा कि स्वच्छता एक स्वच्छ आदत है जो हम सभी के लिए बहुत आवश्यक है। मौके पर सिटी मैनेजर रोहित कुमार गुप्ता, सिटी मिशन मैनेजर मनीष कुमार वर्मा, भास्कर कुमार सुमन, कुमार रेखा, कुमारी रानी, प्रवीण, चंदन कुमार, रामानंद प्रसाद यादव एवं अन्य कार्यालय कर्मी मौजूद थे।
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन
खादी हमारी धरोहर और विरासत का प्रतीक : संजीव
मेहरमा। संवाददाता मेहरमा मंडल में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष उमेश पासवान के नेतृत्व में हुआ। जिला उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने सभी कार्यकर्ताओं से निवेदन किया की खादी स्टोर से खादी वस्त्र खरीदें। और लोगों से खादी खरीदने की अपील करें। बापू के सत्य और अहिंसा के संदेश का स्मरण करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने कहा कि अहिंसा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। मिश्रा ने इस अवसर खादी स्टोर का दौरा किया और वहां से कुछ वस्त्र भी खरीदे।
मौके पर संजीव मिश्रा ने कहा कि खादी हमारी धरोहर और विरासत का प्रतीक है। मिश्रा ने कहा कि खादी को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने के लिए प्रतिबद्ध प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतम प्रयासों से खादी उद्योग नित नये आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा वे सभी देश वासियों से कम से कम एक खादी उत्पाद खरीदने और उत्सव समारोहों के दौरान वोकल फॉर लोकल मंत्र को अपनाने का आग्रह करते हैं। इससे पहले मिश्रा ने राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, पूज्य बापू हमारे पथ-प्रदर्शक हैं। स्वदेशी, स्वराज व स्वभाषा के लिए आपके आग्रह सदैव हमारी प्रेरणा हैं। केन्द्र की भाजपा सरकार जन-जन के लिए आपके दिखाये समावेशी, सर्व स्पर्शी व सवार्गींण विकास के पथ को अपना ध्येय बना कर राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित है। संजीव मिश्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा लालबहादुर शास्त्री का संपूर्ण जीवन हमारे लिए प्रेरणास्त्रोत है। जय जवान, जय किसान का उनका उद्घोष आज भी देश के जन-जन में जीवंत व प्रवाहमान है। आपका दृढ़ संकल्प, सेवा भाव व राष्ट्र के लिए समर्पण हमारा मार्गदर्शन करता है।
गांधी जयंती के अवसर पर कई जगह प्रतिमाओं पर किया गया माल्यार्पण
बसंतराय/संवाददाता बसंतराय प्रखंड कार्यालय में सोमवार को गांधी जयंती मनाया गया। इस अवसर पर बीडीओ सह सीओ, प्रखंड कर्मी समेत गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों, पंचायत भवन तथा कार्यालय में गांधी जयंती सादगी से मनाई गई। इस अवसर पर कई जगह पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बसंतराय प्रखंड क्षेत्र के कपेटा गांव स्थित बापू की प्रतिमा पर डेरमा पंचायत के मुखिया रिंटू यादव के द्वारा माल्यार्पण किया गया। उनके बताए हुए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। मौके पर बीडीओ प्रभाष चंद्र दास ने कहा कि राष्ट्र पिता महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश को आजादी दिलाई। मौके पर पदाधिकारी मोनिका बासुकी, बीपीओ उज्ज्वल मंडल, प्रखंड समन्वयक आशीष रंजन आदि मौजूद थे।
जयंती पर गांधी की प्रतिमा पर खादी सूत की बनी हुई माला और पुष्प अर्पित
गोड्डा। संवाददाता राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जन्म दिवस के अवसर पर सोमवार को राष्ट्रीय विभूति मंच के तत्वावधान में शहीद स्तंभ गोड्डा में महात्मा गांधी के स्मारक स्थल पर गांधी जी की प्रतिमा पर खादी सूत की बनी हुई धागे की माला एवं पुष्प अर्पित किया गया। महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा एवं सत्याग्रह के साथ-साथ भारत माता को गुलामी की बेड़ियों से छुटकारा दिलाने के लिए किये गये उनके प्रयासों पर चर्चा की गई। गांधी के आदर्श पर चलने के लिए घर-घर में स्वच्छता अभियान एवं खादी के कपड़े को बढ़ावा देने पर बल दिया गया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन को आत्मसात करने की समाज से अपील की गई। कार्यक्रम में मंच सचिव राजेश कुमार झा, सर्वजीत झा, सच्चिदानंद शाह, इकरार उल हसन आलम, सुरजीत झा, नरेंद्र मिश्र, सीताराम राउत, पवन झा, प्रीतम गाडिया, मिथिलेश कुमार, मनीष सिंह पांडू आदि उपस्थित थे।
झाप्रास्ए गोड्डा चुनाव में फिर से समीर अध्यक्ष पद पर निर्विरोध जीते
-60 स्कूल संचालकों ने चुनाव प्रक्रिया में लिया भाग
गोड्डा। संवाददाता झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, रांची के तत्वावधान में जिला इकाई सह प्रदेश कोर कमेटी की बैठक डीएवी पब्लिक स्कूल रौतारा के प्रशाल में रविवार पूर्वाह्न 11 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुभारम्भ हुआ। उक्त बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष मकसूद आलम ने की। प्रदेश महासचिव रामरंजन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में चुनाव की घोषणा की गई। जिले के सभी प्रखंडों के साठ संचालकों की उपस्थिति में निर्विरोध पांच पदों की घोषणा की गई।
अध्यक्ष- समीर कुमार दुबे, उपाध्यक्ष -दिवाकान्त महतो, सचिव-श्रवण कुमार महतो, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार मंडल, संगठन सचिव-धनिलाल साह बने हैं।
वहीं जिले के निर्विरोध विजयी पदाधिकारियों ने जिले के आठ पद को मनोनीत किया है। संरक्षक- नरसिंह महतो, संयुक्त सचिव-हीरामन पंडित, संयुक्त संगठन सचिव-वैष्फी सिंह, सह कोषाध्यक्ष-सियाराम भगत, मीडिया प्रभारी- पंकज कुमार, सूचना प्रोद्यौगिकी-कार्तिक महतो, सलाहकार-रामेन्द्र सिंह, अंकेक्षक-देवेन्द्र कुमार विस्मृति समेत समस्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ पत्र के माध्यम से शपथ दिलाई गई। धन्यवाद ज्ञापन राजेश कुमार ने किया। उक्त अवसर पर प्रदेश कोर कमेटर के पदाधिकारी एवं सदस्य एस कुमार,राज कुमार दुबे, डॉ. जेसी राज, शशिकांत गुप्ता, मकसूद आलम, विपिन कुमार सिंह, समीर कुमार दुबे, नरसिंह महतो सहित दर्जनों संचालक, निदेशक, एवं प्राचार्य उपस्थित थे।
महिला की गला दबा कर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मेहरमा/संवाददाता ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र के चजोरा गांव में एक मत होकर गर्भवती महिला की गला दबा कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुधीर राय उर्फ पुलिस राय को पथरगामा थाना के सहयोग से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार 29 सितंबर, 2023 को कंचन देवी, पति बिंदेश्वरी राय, मंडरो गांव निवासी के द्वारा ठाकुरगंगटी थाना में कांड संख्या-57/23 दर्ज कराया गया था। दर्ज प्राथमिकी में चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। जिसमें सुधीर राय, उत्तीम राय दोनों पिता संतलाल राय, खाजों देवी, पति संतलाल राय एवं पिता गोपाल राय सभी चजोरा गांव निवासी है। कांड के अनुसंधान एवं छापामारी टीम में ठाकुरगंगटी थाना प्रभारी रफीक आलम, पुलिस अवर निरीक्षक विनोद शाह, पुलिस अवर निरीक्षक अशोक शर्मा समेत पथरगामा एवं थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
चलाया गया स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई अभियान
मेहरमा । संवाददाता ठाकुरगंगटी प्रखंड के दिग्घी पंचायत अंतर्गत चांदपुर गांव में भाजपा नेता निरंजन सिन्हा के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई अभियान चलाया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव मेहता, भाजपा नेता निरंजन सिन्हा के आगमन पर सैकड़ों महिलाएं एवं पुरुषों ने आदिवासी रीति-रिवाज के साथ भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने बुके और फूलों का माला पहनकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में दर्जनों गांव से पहुंचे सैकड़ों लोग भाजपा में शामिल हुए। साथ ही भाजपा के नये कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विचारों को रखा और भाजपा पार्टी में शामिल होकर बेहद ही खुश नजर आए। सभी सदस्यों ने लगन से पार्टी के हित में कार्य करने की बात कही। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता निरंजन सिन्हा और भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव मेहता ने हेमंत सरकार पर जम कर निशाना साधा। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव मेहता, दिग्घी पंचायत की मुखिया शीला देवी, अजय कुमार भगत, लाल भगत, पप्पू भाई, संझली किस्कू, प्रेमकांत यादव, पंचायत समिति सदस्य मिथिलेश सिंह, सिंघाड़ी पंचायत के पूर्व मुखिया रिंटू कुमार, प्रदीप कुशवाहा, कृष्ण मोहन शर्मा, समीम पहलवान समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।