-कक्षा छह से 10 तक के चयनित 25 बच्चे ले रहे प्रशिक्षण
-रोबोटिक्स लैब खुलने से कंप्यूटर साइंस के छात्रों को मिलेगा लाभ
जमुई/संवाददाता। मणिद्वीप एकेडमी की मरकट्टा इकाई में रोबोटिक्स का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। विद्यालय के कक्षा छह से 10 तक के चयनित 25 बच्चे इसका प्रशिक्षण लेंगे। बाद में वे सभी अपने-अपने कक्षा के सहपाठियों को रोबोटिक्स का प्रशिक्षण देंगे और उन सबों का ज्ञानवर्धन करेंगे। प्रशिक्षण शिविर उत्साह के वातावरण में जारी है। जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष शर्मा चंद्रेश्वर उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जिला में पहला रोबोटिक्स लैब खुल गया है जो गर्व की बात है। इससे कंप्यूटर साइंस के छात्रों को लाभ मिलेगा। उन्हें मॉड्यूल किट पर न्यूक्लियर साइंस, सी-एक्सप्लोरेशन, कार एसेंबलिंग, बायोमेडिकल, इंडस्ट्रियल रोबोट, एज डिटेक्शन, लाइन फॉलोवर रोबोट आदि बनाने की तकनीक समझने में मदद मिलेगी। रोबोटिक्स लैब बनने से छात्र न केवल रोबोट के बारे में जान सकेंगे बल्कि अपनी कल्पना को वास्तविकता में भी बदल पाएंगे। स्कूल प्रबंधन दावा कर रहा है कि लैब के लिए जरूरी कंप्यूटर समेत संसाधन उनके पास पहले से मौजूद है। रोबोटिक किट भी उपलब्ध है। स्कूल की योजना माइक्रो लैब तैयार कर छात्रों को प्रशिक्षित करने की है। उन्हें रोबोट बनाने की विधि बतायी जाएगी। यहां इंडस्ट्रियल या कोई क्रिटिकल रोबोट तैयार नहीं होगा। केवल किट के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाना है। उपाध्याय ने प्रशिक्षणार्थियों को लगन से प्रशिक्षण प्राप्त करने का संदेश दिया। डॉ. एसएन झा ने कहा कि आजकल रोबोट का इस्तेमाल हर क्षेत्र में हो रहा है। एक तरफ रोबोट चांद पर भेजे जा रहे हैं तो निर्माण के लिए फैक्ट्री में भी बड़े पैमाने पर इसका इस्तेमाल होने लगा है। खेती, माल-ढुलाई और श्रम वाले कामों में भी रोबोट का प्रयोग हो रहा है। आने वाले दिनों में तकनीक के इस क्षेत्र में कॅरियर का बेहतर स्कोप है। इसका व्यावसायिक इस्तेमाल भी किया जाने लगा है। डॉ. झा ने बच्चों के स्वर्णिम भविष्य की कामना की। डॉ. अंजनी कुमार सिन्हा ने कहा किसी भी विषय के गहन अध्ययन के लिए उस विषय में रुचि जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल बच्चों को वैसा रोबोट बनाने की सलाह दी जो इंडस्ट्री और आम जीवन को अधिक आसान कर सके। एकेडमी के निदेशक डॉ. बी. अभिषेक ने आगत मेहमानों का स्वागत करते कहा कि समय के साथ शैक्षणिक गतिविधियों में बदलाव जरूरी है। उन्होंने रोबोटिक्स को अत्याधुनिक शिक्षा प्रणाली के लिए अनिवार्य करार देते हुए कहा कि विद्यालय में ” रोबोटिक्स क्लब ” स्थापित किया जाएगा, ताकि बच्चों में इसके प्रति लगाव को विकसित किया जा सके। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए समय-समय पर विभिन्न विधाओं के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाने की जानकारी दी। डॉ. निरंजन कुमार, साइबल दास गुप्ता, रितेश पांडेय, कंचन कुमारी, शिल्पी कुमारी, काजल कुमारी आदि ने भी प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया और रोबोटिक्स पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में ओडिशा से आये प्रशिक्षक मानस रंजन मोहंती ने चयनित बच्चों को रोबोटिक्स का गहन प्रशिक्षण देने का काम शुरू किया। प्रशिक्षण रविवार को संपन्न होगा।
जीविका स्वास्थ्य सहायता केंद्र में एक साल में 11 हजार से ज्यादा मरीजों ने कराया इलाज
-केंद्र के संचालन से बिचौलियों की सक्रियता में आयी कमी
जमुई/संवाददाता। सदर अस्पताल जमुई में संचालित जीविका स्वास्थ्य सहायता केंद्र के संचालन को पूरे एक साल हो चुके हैं। इस दौरान करीब 11 हजार से ज्यादा मरीजों को जीविका स्वास्थ्य सहायता केंद्र में नियुक्त स्वास्थ्य मित्र के द्वारा इलाज में मदद की गई है। जीविका के माध्यम से सदर अस्पताल जमुई में शुरू की गई यह पहल अब रंग लाने लगी है| धीरे-धीरे ही सही अब अस्पताल में बिचौलियों की सक्रियता कम होने से दूर-दराज से आने वाले ग्रामीण गरीब मरीजों को जीविका स्वास्थ्य सहायता केंद्र के माध्यम से इलाज में मदद मिलने से उनके बाहर इलाज में खर्च होने वाले रुपए की भी बचत हो रही है। इसके अलावा जीविका स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से नि:शुल्क एम्बुलेंस की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उल्लेखनीय है कि सदर अस्पताल में जीविका स्वास्थ्य सहायता केंद्र का शुभारंभ 01 अक्टूबर, 2022 को डीडीसी शशि शेखर चौधरी ने किया। जीविका स्वास्थ्य सहायता केंद्र में मरीजों के इलाज में सहायता करने के लिए जीविका की ओर से दो स्वास्थ्य मित्र की नियुक्ति की गई है। साथ ही हेल्प डेस्क के लिए 9263950331 नंबर जारी किया गया था। सदर अस्पताल में संचालित जीविका स्वास्थ्य सहायता केंद्र में नियुक्त स्वास्थ्य मित्र रिन्ज कुमारी और निशु कुमारी दो शिफ्ट में काम करती हैं। कार्य अनुभवों को साझा करते स्वास्थ्य मित्र रिन्जू बताती हैं कि 01 अक्टूबर, 2022 को शुरू हुए इस सहायता केंद्र से अभी तक कुल 11 हजार से ज्यादा मरीजों को इलाज में मदद की गई है। इनमें से 57 मरीज सीजेरियन के, टेस्ट के 782, एक्स-रे के 122, अल्ट्रासाउंड 665 एवं 875 मरीजों को एम्बुलेंस की सुविधा मुहैया कराई गई है।
नये विद्यालय भवन निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
झाझा/संवाददाता। नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-10 के प्राथमिक विद्यालय खैराघाट की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने विद्यालय निर्माण की मांग को लेकर शनिवार को प्रदर्शन किया। विद्यालय के छत का प्लास्टर टूट कर कई बार बच्चों के ऊपर गिरा है, जिससे बच्चे घायल भी हो गये हैं। विद्यालय के पास लगे चापाकल भी खराब पड़ा हुआ है। फिलहाल विद्यालय को सामुदायिक भवन में शिफ्ट किया गया है जहां सामुदायिक भवन भी जर्जर स्थिति में है। विद्यालय की छत से लेकर दीवारों में पड़ी दरार के कारण ग्रामीण अपने बच्चों को भय के कारण विद्यालय भेजने में हिचकिचाहट कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे खैराघाट निवासी रंजीत गोस्वामी, अरविंद कुमार शर्मा, विष्णुदेव यादव सहित अन्य कई ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय की स्थिति जर्जर हो चुकी है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज रजक ने बताया कि विद्यालय में नामांकित बच्चे 90 हैं। ग्रामीणों ने कहा अगर विद्यालय का निर्माण नहीं हुआ तो वे लोग चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेंगे।
घर की दीवार गिरने से मलवे में दब कर महिला की मौत
चकाई/संवाददाता। चकाई थाना क्षेत्र के बोंगी पंचायत के गादी गांव में बारिश के कारण सुकर मंडल के मिट्टी के घर की दीवार गिरने से मलवे में दब कर एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान बेदनी देवी (45), पति सुकर मंडल के रूप में की गई। बताया जाता है कि महिला घर में कुछ काम कर रही थी। इसी बीच पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जर्जर मिट्टी के घर के एक भाग का दीवार गिर गया। जिसके मलवे के नीचे महिला दब गई। वहीं दीवार गिरने एवं उसके नीचे महिला के दब जाने की खबर एवं हो-हल्ला, चीख पुकार सुनते ही बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन फानन में मलवा हटा कर महिला को मलवे से निकाला, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं घटना की जानकारी पीड़ित परिजनों ने मोबाइल से सीओ राकेश रंजन को दी।
क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक शाखा में है बिचौलियों का बोलबाला
चकाई/संवाददाता। बिहार क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक शाखा सरौन में इन दिनों बिचौलियों का बोलबाला है। बिचौलिए बैंक परिसर में बैंक के पदाधिकारी की तरह बैठ कर सभी मामले को डील करते हैं। बैंक में बिचौलिए की बढ़ती दखल के बाद भाकपा माले मुखर हो गई है। भाकपा माले के प्रखंड सचिव मनोज पांडेय ने आरोप लगाया कि बैंक प्रबंधक अंकुश अग्रवाल के सह पर बिचौलिया उद्दीन अंसारी पदाधिकारी की भूमिका अदा करता है। वह बैंक के हर छोटे-बड़े मामले में सीधे तौर पर दखल देता है। साथ ही गरीब खाता धारकों से खुलकर अवैध वसूली करता है। ऐसे में यहां के खाता धारक खासे परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाकपा माले बैंक की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर प्रबंधक को हटाने एवं बिचौलिया उदीन अंसारी पर कार्रवाई की मांग करता है। ऐसे नहीं करने पर पार्टी बैंक के विरुद्ध आंदोलन करने को मजबूर हो जाएगी।
चकाई धीरे-धीरे विकास की ओर अग्रसर : सुमित
-मंत्री ने विकास कार्य का किया उद्घाटन
चकाई/संवाददाता। बिहार सरकार के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह शनिवार को चकाई में निबंधन कार्यालय के प्रांगण में नव निर्मित प्रतीक्षालय का उद्घाटन किया। वहीं सुभाष तकनीकी संस्थान के शैक्षणिक सत्र एवं नव निर्मित भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने कियाजोरी हाट से फरियताडीह तक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि निबंधन कार्यालय के समीप प्रतीक्षालय नहीं रहने के कारण यहां निबंधन कराने के लिए आने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में अब प्रतीक्षालय के बन जाने से लोगों को सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि चकाई धीरे-धीरे विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। यहां के लोग अब सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से सीधे तौर पर जुड़ रहे हैं। चकाई विधानसभा के अंतर्गत बड़ी संख्या में आहर और पोखर का निर्माण कार्य भी जारी है। सड़क, पुल, पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सिंचाई उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। आने वाले समय में सभी तरह की विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। मौके पर प्रमुख उर्मिला देवी, अवर निबंधन पदाधिकारी आशीष काली, राजीव रंजन पांडेय, मिथिलेश राय सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।