गोड्डा। संवाददाता। झारखंड सरकार खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय अंतर्गत पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार जिला एवं राज्य स्तर पर प्रस्तावित “नेशनल यूथ फेस्टिवल” के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय अवस्थित जिला खेल कार्यालय में बैठक हुई। जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो की अध्यक्षता में हुई बैठक में एनएसएस के पदाधिकारियों में एसबीएसएसपीएस जेजे कॉलेज पथरगामा के प्राध्यापक निरंजन कुमार, मनोज कुमार भगत, डॉ. सच्चिदानंद सिंह, राजेश कुमार किस्कू एवं नवलेश्वरी झा, जिला कला-संस्कृति संयोजक सुरजीत झा एवं मार्शल आर्ट प्रशिक्षक दीपक कुमार सिंह शामिल हुए। बैठक में लिए गए निर्देशानुसार फेस्टिवल के तहत हेल्थ एंड फिटनेस पर आधारित विभिन्न गतिविधियों व प्रतियोगिताओं यथा-थिमेटिक कंपिटीशन, एक्टिविटीज, इंडोजीनियस (पारंपरिक) गेम डिमॉन्स्ट्रेशन, लोक नृत्य, लोक गायन, कहानी लेखन, पोस्टर निर्माण, डिक्लामेशन, फोटोग्राफी एवं जस्ट ए मिनट के लिए अलग-अलग संयोजक बनाए गए। आयोजन के लिए 25 नवंबर समय 11 बजे पूर्वाह्न से तथा स्थल के तौर पर नगर भवन भतडीहा पर सर्व सहमति बनी। बताया गया कि 19 से 35 वर्ष के पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों के लिए आयोजित जिला स्तरीय फेस्टिवल के दौरान प्रदर्शन के आधार पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
उपविजेता स्लिंगशॉट टीम का गर्मजोशी से हुआ स्वागत
गोड्डा। संवाददाता राज्य स्थापना दिवस पर जामताड़ा में आयोजित “तृतीय बिरसा मुंडा कप झारखंड राज्य स्लिंगशॉट (गुलेल) प्रतियोगिता” की उपविजेता बन कर लौटी गोड्डा टीम का गुरुवार सुबह स्लिंगशॉट एसोसिएशन गोड्डा के द्वारा स्थानीय रेलवे स्टेशन पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मौके पर उपस्थित स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के मुख्य संरक्षक सुरजीत झा, जिला इकाई के संयुक्त सचिव दयाशंकर एवं वरीय सदस्य राहुल कुमार ने सभी खिलाड़ियों को माला पहना कर उनका पुष्प अभिनंदन किया। संघ के सचिव अखिल कुमार झा ने बताया कि प्रतियोगिता में मेजबान जामताड़ा पहले स्थान पर, गोड्डा दूसरे स्थान पर तथा दुमका तीसरे स्थान पर रही। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत स्पर्धा में भी श्यामदेव चौड़े ने स्वर्ण एवं अंकित हांसदा ने रजत पदक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। इनकी उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो, स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के निदेशक दीपक कुमार दुबे, महासचिव डॉ. भास्कर चांद, देवघर जिला प्रमुख संजीव कुमार झा, गोड्डा जिला अध्यक्ष मनीष कुमार सिंह, उपाध्यक्ष अमित सिंह व नितेश सिंह “बंटी”, संयुक्त सचिव मिथिलेश कुमार, अमरेंद्र सिंह एवं वरीय सदस्य शशि कुमार मांझी ने हर्ष व्यक्त करते बधाई दी है।
“अबुआ आवास योजना” को लेकर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन
-कार्यशाला में पोड़ैयाहाट विधायक, डीसी, जिप अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी और पंचायतीराज के जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
गोड्डा। संवाददाता नगर भवन, गोड्डा में “अबुआ आवास योजना” का जिले में वृहत रूप से प्रचार-प्रसार कराने एवं आमलोगों को इस योजना के प्रति जागरूक कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव, जिला परिषद अध्यक्ष बेबी देवी, डीसी जिशान कमर, डीडीसी स्मिता टोप्पो एवं जिला परिषद के सदस्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। डीसी ने कहा कि अबुआ आवास योजना का शुभारंभ वित्तीय वर्ष 2023-24 में किया गया है। “अबुआ आवास योजना” राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के अंतर्गत गरीब, असहाय लोगों को तीन कमरे का आवास बना कर सरकार के द्वारा दिया जाएगा। डीसी ने कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का तीसरा चरण 24 नवंबर से 26 दिसंबर, 2023 तक चलाया जाएगा। जिला प्रशासन सभी प्रखंडों के पंचायत में लगने वाले शिविर की सूची की तिथि एक-दो दिन में मुहैया करायेगी। उन्होंने समस्त जनप्रतिनिधियों से अपने गांव, टोला में जाकर अपने-अपने पंचायत में लगने वाले शिविर की तिथि की व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई ताकि छूटे हुए सभी योग्य लाभुकों को लाभ दिया जा सके। विधायक प्रदीप यादव ने कार्यशाला को संबोधित करते कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की प्रशंसा अन्य राज्यों में भी की जा रही है कि कैसे सरकार लोगों के द्वार पर जाकर योजनाओं का लाभ आमलोगों को दे रही है। हमारा झारखंड निरंतर विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। आज सुदूरवर्ती क्षेत्र में रह रहे लोगों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। हम दृढ़ संकल्पित होकर योजनाओं का लाभ आमजनों को सही समय पर दें एवं अधिक से अधिक संख्या में सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। इनके लिए जिला प्रशासन भी तेजी से कार्य कर रही है। डीडीसी स्मिता टोप्पो ने पीपीटी के माध्यम से “अबुआ आवास योजना” की मुख्य विशेषताओं पर प्रकाश डाला।
अबुआ आवास योजना की मुख्य विशेषताएं
_वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक (तीन वर्षों की अवधि) में झारखंड राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में 08 लाख आवास का निर्माण किया जाना है। अबुआ आवास योजना अंतर्गत स्थानीय सामग्री तथा डिजाइन का उपयोग करते हुए तीन कमरे के आवास का निर्माण न्यूनतम 31 वर्ग मीटर में किया जाएगा जिसमें स्वच्छ रसोई घर भी शामिल है। अबुआ आवास योजना घरों को अनिवार्य रूप से परिवार की महिलाओं के नाम पर पंजीकृत किया जाएगा। महिला की मृत्यु या अनुपस्थिति की स्थिति में परिवार के मुखिया के नाम पर आवास पंजीकृत किया जा सकता है। प्रति यूनिट आवास की सहायता राशि दो लाख रुपये होगी। यह योजना 100 प्रतिशत राज्य सरकार संपोषित योजना होगी। स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण या किसी अन्य समर्पित स्रोत के साथ अभिसरण के माध्यम से शौचालय निर्माण के लिए सहायता दिए जाने का प्रावधान है। सभी अबुआ आवास लाभार्थियों को महिला स्वयं सहायता समूह के अंतर्गत अनिवार्य रूप से आच्छादित किया जाएगा। घर के निर्माण के लिए यूनिट सहायता राशि के अलावा मनरेगा के तहत अधिकतम 95 मानव दिवस और कुशल मजदूरी भुगतान करने का प्रावधान है।
काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान असामाजिक तत्वों के बीच हुई झड़प
-अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही है लगातार छापामारी
गोड्डा। संवाददाता पथरा चौक से काली प्रतिमा विसर्जन करने के लिए बीती बुधवार संध्या करीब 06 बजे जुलूस निकली। जुलूस के साथ पुलिस पदाधिकारी भी प्रतिनियुक्त थे। इसी क्रम में बेलारी गांव मुख्य मार्ग स्थित नहर के समीप कुछ आसामाजिक तत्वों ने आपस में किसी बात को लेकर विवाद कर झड़प कर लिया। ग्रुप बना कर एक-दूसरे के साथ मारपीट करने लगे। इस घटना की सूचना प्राप्त होने पर घटना स्थल पर प्रतिनियुक्त पुलिस बल के द्वारा अविलंब वरीय पदाधिकारी को सूचित किया गया। इसी आलोक में अतिरिक्त पुलिस बल पथरा चौक पहुंची। घटना को लेकर लोग आक्रोशित होकर लाठी, डंडा लेकर मुख्य मार्ग को बाधित कर तोड़-फोड़ कर रहे थे। उक्त घटना में जख्मी व्यक्तियों को इलाज के लिए पुलिस ने सदर अस्पताल गोड्डा ले गया। पुलिस के द्वारा आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर शांत करने का प्रयास किया गया। आक्रोशित असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल से झड़प करते हुए उनके ऊपर लाठी, डंडा एवं ईंट पत्थर से पथराव किया गया। जिससे पुलिसकर्मी जख्मी हो गये। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। उपर्युक्त घटित घटना को लेकर दोनों पक्ष के आवेदन के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी कांड सं. 276/23, 277/23 सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कांड दर्ज की गई। पुलिस के ऊपर पथराव कर जख्मी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नगर थाना कांड सं. 278/23 सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। कांड अनुसंधान अंतर्गत है। कांड के अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।