कहा : जमुई जिले के लिए गर्व की बात
डीएम ने यूपीएससी परीक्षा में सफलता का पाने वाले डीपीओ को दी बधाई
जिला कलेक्टर अभिलाषा शर्मा ने समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता का झंडा गाड़ने वाले शिक्षा विभाग के डीपीओ पारस कुमार से मुलाकात की और उन्हें पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और उन्हें बधाई के साथ शुभकामना दी। डीएम ने इस अवसर पर कहा कि पारस कुमार की सफलता पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि जमुई जिला की युवाओं को प्रेरणा देगा। यह सफलता पारस कुमार की मेहनत, लगन, निष्ठा और समर्पण का परिचायक है। ऐसे होनहारों को प्रोत्साहित के साथ सम्मानित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इससे अन्य विद्यार्थी भी यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी में जुटेंगे और अपने परिवार का नाम रौशन करेंगे। अभिलाषा शर्मा जो खुद यूपीएससी क्रैक कर चुकी हैं ने कहा कि इस कठिनतम परीक्षा में सफलता का परचम लहराना बड़ी उपलब्धि है।
उल्लेखनीय है कि जमुई जिला, शिक्षा विभाग में डीपीओ के पद पर पदस्थ पारस कुमार ने यूपीएससी की परीक्षा में देश में 269वां स्थान प्राप्त करने का गौरव हासिल किया है। जमुई का सीमावर्ती जिला बांका के नया टोला निवासी राजू मंडल और सुलेखा देवी के सुपुत्र पारस कुमार ने संत जोसेफ स्कूल बांका से आरंभिक शिक्षा ग्रहण करने के बाद पंजाब विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। उन्होंने बीपीएससी क्रैक कर शिक्षा विभाग में डीपीओ बनने का गौरव हासिल किया।
उधर एसपी मदन कुमार आनंद, डीएफओ तेजस जायसवाल, डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, एसडीएम अभय कुमार तिवारी, डीसीएलआर मो. तारिक रजा, डीआरडीए के निदेशक राकेश कुमार सिंह, डीपीआरओ वीरेंद्र कुमार, नजारत उप समाहर्ता अमु आमला, वरीय उप समाहर्ता नागमणि कुमार वर्मा, शशांक बरनवाल, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. प्रियंका गुप्ता, डीईओ राजेश कुमार, सहायक निदेशक सूरज कुमार, काजोल मोदी, उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार, जिला अवर निबंधक विनीत कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी भानू प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. नजरूल हक, कार्यपालक अभियंता ई. प्रिंस कुमार, एसडीपीओ सतीश सुमन, डीएसपी मुख्यालय मो. आफताब अहमद, डीएसपी रक्षित सुरेश प्रसाद, बीडीओ अभिनव मिश्रा, चंदन कुमार चक्रवर्ती, सीओ ललिता कुमारी, नगर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार आदि ओहदेदारों ने भी पारस कुमार की सफलता को बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई के साथ शुभकामना दी है।
वैशाखी दुर्गा पूजा को लेकर निकाली गई भव्य कलश शोभा यात्रा
कलश यात्रा में उमडे़ श्रद्धालुओं की भीड़
अलीगंज। संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दरखा गांव में अहले सोमवार की सुबह वैशाखी दुर्गा मंदिर परिसर से नवराञा को लेकर ढोल नगाडे व डीजे गाजे बाजे के साथ भव्य कलश शोभा याञा निकाली गई। जो पुरे गांव होते अलीगंज बाजार होते तालाब मे जल भरकर पुन मंदिर परिसर पहुंचा कर कलश स्थापना के बाद वैदिक मंञोचचारण के साथ नवराञा पूजा प्रारंभ हो गया। पूजा समिति अध्यक्ष विजय यादव, ग्रामीण अनिक पंडित,जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुजीत कुमार मेहता, समाजसेवी सह अधिवक्ता शशिशेखर सिंह मुन्ना,शीलू देवी ,राजेंद्र पंडित,बच्चु पंडित,डब्लू पंडित सहित कई ग्रामीण व पूजा समिति सदस्यो ने बताया कि दरखा गांव मे हर वर्ष वैशाख महीने मे माता दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर वर्ष 1941 से ही वैदिक मंञोचचारण के साथ मातारानी की पूजा किया जा है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य प्रतिमा निर्माण कर भव्य पंडाल व डेकोरेशन की सजावट के साथ चकाचौंध सजावट प्रारंभ कर दिया गया है। साथ जागरण व संगीत कार्यक्रम का भी आयोजन किए जाएगे। दुर्गा पूजा को लेकर गांव व इलाके मे भक्तिमय महौल बना हुआ है। कलश शोभा याञा मे जय माता दी की जय घोष से पुरे इलाके का वातावरण भक्तिरस की पान कर रही है। अमूमन सभी जानते है कि दुर्गा पूजा आसिन व चैत महीने मे होती है।लेकिन यह बिहार राज्य का पहला गांव दरखा है जहा वैशाख महीने मे नवराञा के साथ माता दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विजयादशमी को भव्य मेला का आयोजन होती है।
रजलाकला पंचायत में अस्थायी नीरा काउंटर का हुआ उद्घाटन
झाझा। संवाददाता। सोमवार 28 अप्रैल को जमुई जिले के झाझा प्रखंड के रजलाकला पंचायत में अस्थायी नीरा काउंटर का उद्घाटन किया गया। इस काउंटर का उद्घाटन जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने फीता काटकर किया। इस दौरान प्रखंड परियोजना प्रबन्धक, झाझा सुजीत कुमार, प्रबंधक सामजिक विकास, युवा पेशेवर-कृषि शालिनी कुमारी, सामुदायिक समन्वयक आशीष कुमार एवं जीविका दीदियाँ मौजूद थी।
इस अवसर उन्होंने बताया की नीरा एक पेय पदार्थ है, जिसे तार के पेड़ से सूर्योदय से पहले निकला जाता है| इसका नियमित सेवन शरीर को स्वस्थ रखता है| रजलाकला में खुले इस काउंटर में सुबह छह से आठ बजे तक नीरा उपलब्ध रहेगा।
डीपीएम् जीविका ने नीरा के उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण और विपणन के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा महिलाओं को इससे जुड़े उद्यमिता के अवसरों पर भी जागरूक किये|
उल्लेखनीय है की नीरा में कैल्शियम, आयरन, जिंक, विटामिन पाए जाते हैं|। नीरा के सेवन मधुमेह, टीबी, कब्ज से भी छुटकारा मिलता है|। नीरा काउंटर का उद्देश्य स्थानीय समुदाय के लोगों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराना है तथा पारंपरिक नीरा उत्पादन एवं विपणन को बढ़ावा देना है। इस पहल के माध्यम से स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक पेय नीरा को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
पूर्व सैनिकों और बुद्धिजीवियों ने शुरू की प्याऊ सेवा
झाझा। संवाददाता। नगर परिषद् क्षेत्र अंतर्गत फाड़ी चौक के पास पूर्व सैनिक संघ और स्थानीय बुद्धिजीवियों ने भीषण गर्मी में राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए झाझा के जनहित में प्याऊ की व्यवस्था शुरू की है। मौके पर पूर्व सैनिक विजय सिंह और बीके यादव ने बताया कि तेज गर्मी को देखते हुए राहगीरों को पेयजल की कमी से जूझना न पड़े, इसलिए नि:शुल्क शीतल पेयजल सेवा की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आम जनता को राहत पहुंचाना और मानवता की सेवा करना है। स्थानीय बुद्धिजीवियों ने पूर्व सैनिकों के इस जनहितकारी कदम की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे कार्यों से सहयोग और सद्भावना का संदेश फैलता है। भीषण तापमान के बीच प्याऊ सेवा राहगीरों के लिए संजीवनी साबित हो रही है। जनकल्याण के लिए इस प्रकार के प्रयासों से अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी। पूर्व सैनिक संघ ने इस सेवा को पूरे गर्मी के मौसम तक निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया है। इस पहल में पूर्व सैनिक विजय सिंह, सुनील कुमार, नीरज कुमार, ललन कुमार सिंह, बीके यादव और मनोज कुमार शर्मा सहित कई लोगों ने भाग लिया।
बिहार में 28 अप्रैल से 2 मई तक चलेगा विशेष पुस्तक वितरण अभियान
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने जारी किया निर्देश
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए छात्रों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें की जाएंगी वितरित
पटना। संवाददाता। बिहार के सरकारी विद्यालयों में नये शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए 28 अप्रैल 2025 से 2 मई 2025 तक विशेष अभियान चलाकर छात्रों को पाठ्यपुस्तकें वितरित की जाएंगी। इस संबंध में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ के निर्देशानुसार बिहार राज्य पाठ्यपुस्तक प्रकाशन निगम लिमिटेड की ओर से सभी विद्यालयों को कक्षा एक से लेकर 8वीं तक की आवश्यक पाठ्यपुस्तकें पहुंचा दी गई है। अब यह सुनिश्चित किया जाना है कि ये पुस्तकें प्रत्येक छात्र तक समय पर और व्यवस्थित ढंग से पहुंचे। इसके लिए राज्य भर के सभी विद्यालयों में एक व्यवस्थित वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
डॉ. एस. सिद्धार्थ ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि वितरण समारोह में छात्रों के अभिभावकों, माता-पिता और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए ताकि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। समारोह के दौरान छात्रों को पुस्तकों का वितरण उनके अभिभावकों की मौजूदगी में किया जाए।
वितरण कार्यक्रम का अलग से डॉक्यूमेंटेशन भी किया जाएगा और जिला स्तर पर समारोह की स्वच्छ और सुंदर तस्वीरें संकलित की जाएंगी। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि प्रतिदिन के वितरण की रिपोर्ट जिला स्तर पर संकलित कर टेक्स्टबुक कार्यालय को शाम 5 बजे तक भेजी जाए।
इसके साथ ही वितरण के दौरान पाठ्यपुस्तकों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का भी आदेश दिया गया है। अगर पुस्तक गुणवत्ता के मानक के अनुरुप न हो तो इसकी तत्काल सूचना जिला मुख्यालय और बिहार राज्य पाठ्य पुस्तक प्रकाशन निगम लिमिटेड, पटना को तुरंत भेजी जाए ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
शिक्षा विभाग का स्पष्ट निर्देश है कि इस विशेष अभियान को पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाया जाए ताकि छात्रों को शिक्षा सत्र की शुरुआत में ही सभी आवश्यक पाठ्यसामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
तीन ग्रामीण आवास सहायक पर गिरी गाज, नौकरी से हुए बर्खास्त
डीडीसी ने सेवामुक्ति का किया आदेश जारी
पिछले दिनों वायरल हुआ था ऑडियो और वीडियो
जमुई। संवाददाता। उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल ने जमुई जिले के सोनो प्रखंड अंतर्गत नैयाडीह ग्राम पंचायत के ग्रामीण आवास सहायक सच्चिदानंद वर्मा, चकाई प्रखंड के घुटवे एवं नवाडीह सिल्फरी ग्राम पंचायत के ग्रामीण आवास सहायक बबलू कुमार रविदास और जमुई प्रखंड के अड़सार ग्राम पंचायत के ग्रामीण आवास सहायक उत्तम कुमार दास को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। अंकित करने वाली बात है कि लाभुक से अवैध राशि लेने का उनसे जुड़ा ऑडियो और वीडियो वायरल हुआ था।
बता दें कि पिछले दिनों ग्रामीण आवास सहायक सच्चिदानंद वर्मा, बबलू कुमार रविदास और उत्तम कुमार दास से जुड़ा ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। डीएम अभिलाषा शर्मा ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने इसके जांच के आदेश दिए। डीडीसी ने जांचोपरांत यथोचित सुनवाई की। बाद में भ्रष्टाचार के आरोप में सभी तीन ग्रामीण आवास सहायकों को सेवा से बर्खास्तगी का आदेश पारित किया। आदेश निर्गत होने के साथ ही श्री वर्मा, श्री रविदास और श्री दास को सेवामुक्त कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि जिले के सभी ग्राम पंचायतों में पीएम आवास योजना की प्रतीक्षा सूची में जरूरतमंद लाभार्थियों का नाम जोड़ने का काम प्रगति पर है। सर्वे करने का काम पंचायत स्तर पर ग्रामीण आवास सहायकों को दिया गया है। नाम जोड़ने की आड़ में अवैध राशि की उगाही का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन के अधिकारी भौंचक हैं। इसी संदर्भ में नैयाडीह, घुटवे एवं नावाडीह सिल्फरी तथा अड़सार ग्राम पंचायत के ग्रामीण आवास सहायक का मामला सामने आने के बाद जांच हुई और प्रथम दृष्टया मामला सही पाया गया। फलत: उनके खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
ज्ञात हो कि नव पदस्थ डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल साफ-सुथरी छवि के लिए जाने जाते हैं। काम में कोताही और अनियमितता उनकी फितरत में नहीं है। डीडीसी के पद पर पदस्थ होने के बाद वे लगातार पारदर्शिता के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्यों को तबज्जो दे रहे हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने बीते मार्च माह में भी एक ग्रामीण आवास सहायक को नौकरी से बर्खास्त कर दिया था। इस बार उन्होंने अनियमितता के आरोप में एक साथ तीन ग्रामीण आवास सहायकों को बर्खास्त कर कर्मियों को सख्त संदेश देने का काम किया है।
पूर्णिया और भागलपुर के डीएम ने बिहार जेन नेस्ट और टास्क मैनेजर एप लाइव क्लासेस की दी प्रस्तुति
डीएम वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़कर किया क्षमतावर्धन।
जमुई। संवाददाता। पूर्णिया और भागलपुर के डीएम ने बिहार जेन नेस्ट और टास्क मैनेजर एप लाइव क्लासेस की प्रस्तुति दी, जो जिले में बेहतर कार्य प्रणाली सुनिश्चित करने और सरकारी कामकाज में ज्यादा से ज्यादा तकनीक का उपयोग करने के लिए शुरू की गई है।
जिला कालेक्टर अभिलाषा शर्मा समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए लाइव प्रस्तुति से जुड़ी और अपना क्षमतावर्धन किया। बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान ने बैठक का आयोजन किया, जिसमें नामित पदस्थों ने हिस्सा लिया।
बिहार जेन नेस्ट एक सरकारी पोर्टल है जिसका उपयोग राज्य सरकार के विभिन्न विभाग और कर्मचारी अपनी कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने और निगरानी करने के लिए करते हैं। वहीं टास्क मैनेजर एप भी सरकारी कामकाज को बेहतर बनाने के लिए है, जिसमें कर्मचारी अपने कार्यों को ट्रैक कर सकते हैं और उनका प्रबंधन कर सकते हैं।
डीएम द्वय ने कहा कि लाइव क्लासेस का मुख्य उद्देश्य जिले के कर्मचारियों को इन एप्स के उपयोग के बारे में प्रशिक्षित करना और उन्हें बेहतर कार्यप्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
जमीन विवाद को लेकर मारपीट, आधा दर्जन घायल
चंद्रमंडी संवाददाता चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के गोंदलीटाड़ गांव स्थित धोबियासर टोला में जमीन विवाद में दो पक्षों में हुई मारपीट में आधा दर्जन लोगों के घायल होने की खबर है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों के सहयोग से चकाई रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जाता है की जमीन विवाद में कार्तिक हाजरा एवं राकेश पासवान के परिवार के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष के कार्तिक हाजरा, कैली देवी, आशा देवी एवं गुलशन कुमार घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष के राकेश पासवान एवं यशोदा देवी घायल हो गई। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल कार्तिक हाजरा को इलाज के लिए देवघर ले जाया गया है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में घटना को लेकर लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। फिर भी पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
भारत से नेपाल जाने के लिए अब आधार कार्ड या पहचान-पत्र आवश्यक
प.चम्पारण। संवाददाता। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा के वाल्मीकिनगर बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल 21वीं वाहिनी गंडक बराज के अधिकारियों ने पहलगाम में हुए आतंकी हमला के बाद सुरक्षा कारणों से व्यवस्था सख्त कर दी है। अब किसी भी भारतीय नागरिक को नेपाल जाने से पहले उसे अपना आईडी प्रूफ, आधार कार्ड, पहचान-पत्र दिखाना होगा। बिना पहचान-पत्र के किसी भी व्यक्ति को भारतीय सीमा से नेपाल क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं दी जायेगी। गंडक बराज पर तैनात सहायक कमांडेंट जयंत बोरा ने बताया कि कमांडेंट तापेश्वर राऊत के दिशा-निर्देश पर सुरक्षा बिंदुओं को ध्यान में रखकर नेपाल जाने वाले सभी लोगों को आईडी प्रूफ दिखाना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना आईडी प्रूफ नेपाल जाने की इजाजत नहीं दी जायेगी।
उन्होंने बताया कि वाल्मीकिनगर सीमा क्षेत्र में चौक चौराहों पर सशस्त्र सीमा बल के जवानों को तैनात किया गया है, जिससे किसी भी संदिग्ध और अजनबी गतिविधि पर विराम लगेगी। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील किया है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति को देखने के बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस या सशस्त्र सीमा बल को अपना मित्र मानकर बिना डरे सूचित करें ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।
20 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार
नवादा। संवाददाता। नवादा जिले के सिरदला अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी रवि शंकर शर्मा को सोमवार की शाम रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। अंचल के ऊपरडीह गांव के निवासी मोहम्मद मुस्ताक से दाखिल खारिज के नाम पर राजस्व कर्मचारी ने 20 हजार रुपए की मांग की थी, जिसकी सूचना निगरानी विभाग को दी गई थी ।
सोमवार को जब मोहम्मद मुस्ताक रिश्वत के रुपये लेकर राजस्व कर्मचारी को देने पहुंचे तो पटना से आयी निगरानी विभाग के अधिकारियों ने राजस्व कर्मचारी रवि रंजन को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया और अपने साथ पटना ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जायेगी।
ट्रैक्टर हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की मौत, तीन घायल
भागलपुर। संवाददाता। जिले के नाथनगर रसीदपुर दियारा गांव के समीप सोमवार को एक हादसे में एक बच्चे की जान चली गई, जबकि तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में 12 वर्षीय प्रियांशु कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। प्रियांशु अजमेरीपुर विषहरी स्थान के निवासी विनोद मंडल का मंझला बेटा था। बताया जा रहा है कि प्रियांशु अपने दो भाइयों मनीष और नीरज के साथ ट्रैक्टर पर सवार था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से तीनों बच्चे नीचे गिर पड़े। हादसे में नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में नाथनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसकी नाज़ुक हालत होने पर चिकित्सक ने उसे भागलपुर रेफर कर दिया। वहीं मनीष घटना के समय ट्रैक्टर से उतर चुका था, जिससे उसकी जान बच गई।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
देश के अंदर बैठे गद्दारों को छोड़ नहीं जाएगा : ढुल्लू महतो
धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने पहलगाम घटना पर दी प्रतिक्रिया
पीएम मोदी से घबराए हुए हैं पाकिस्तान में बैठे आतंकी
चंद्रमंडी। संवाददाता। अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चित धनबाद के भाजपा सांसद ढुल्लू महतो ने कहा है कि देश में बैठे गद्दारों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा। इसके साथ ही पाकिस्तान में बैठे आतंकियों पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है। वे रविवार की देर रात चकाई चौक पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। पहलगाम घटना पर उन्होंने कहा कि जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं तब से पूरे देश दुनिया में भारत का स्वाभिमान बढ़ा है। यह देखकर पाकिस्तान में बैठे आतंकवादी आतंकी हमला करने में लगे है। उन्हें भारत की लोकप्रियता बर्दाश्त नहीं हो रही है। जब से 370 धारा हटा है तब से मोदी जी के प्रति साजिश रची जा रही है। इसमें देश के गद्दार शामिल है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में बैठे आतंकी और देश में बैठे गद्दारों से निपटने की कार्रवाई जारी है। हर हाल में गद्दारों से निपटा जाएगा। उन्हें किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन पूरी मजबूती से चुनाव लगेगी और फिर यहां एनडीए गठबंधन की सरकार बनेगी। झारखंड की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि वहां सिर्फ अत्याचार, अन्याय, चोरी, डकैती, हत्या, लूट और भ्रष्टाचार बढ़ गया है। विकास का एक भी काम नहीं हो पा रहा है। विकास रुक गया है। इस अवसर पर भाजपा नेता धर्मवीर आनंद, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष राजीव पासवान , उपमुखिया धीरज चौधरी, राजीव उपाध्याय, पंकज शाह, कमलाकांत गुप्ता, सुनील शाह, डा सुनील बरनवाल, पवन शाह, राम शाह, अभय पासवान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
एचएम पर कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने निकाला प्रतिरोध मार्च
चंद्रमंडी। संवाददाता। चंद्रमंडी शैक्षणिक अचल के उत्क्रमित उच्च विद्यालय माधोपुर के प्रधानाध्यापक विकास कुमार एवं स्थानीय मुखिया पंकज साह के बीच चल रहा विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को मुखिया के पक्ष में स्थानीय ग्रामीण भी उतर आए और बड़ी संख्या में शिवकुमार मिश्र के नेतृत्व में एचएम पर विभिन्न आरोप लगाते हुए प्रतिरोध मार्च निकाला। प्रतिरोध मार्च पंचायत भवन से प्रारंभ होकर बाजार, दुर्गा मंदिर, माधोपुर स्टैंड भ्रमण करते हुए पंचायत भवन पहुंच कर समाप्त हो गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुरुष-महिलाएं तख्तीयां लेकर नारेबाजी करते हुए एचएम पर कार्रवाई की मांग कर रही थी। तख्तियों में एचएम होश में आओ, घोटालेबाज प्रधानाध्यापक होश में आओ, छात्रों और अभिभावकों को परेशान करना बंद करो, जनप्रतिनिधियों को अपमानित करना बंद करो, जैसे नारे लिखे हुए थे। प्रतिरोध मार्च में शामिल ग्रामीणों ने कहा कि एचएम विकास कुमार बच्चों के एडमिशन करने से लेकर टीसी देने तक में पैसा मांगते हैं, जिसका रसीद भी नहीं देते हैं। बच्चों को छात्रवृत्ति और परिभ्रमण का भी लाभ नहीं मिलता है। इन पर पूर्व से ही विद्यालय के ही महिला शिक्षका से छेड़खानी का केस दर्ज है। लोगों ने एक स्वर से अविलंब एचएम को निलंबित करने एवं उनके कार्यकाल की जांच की मांग की।