पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गोड्डा के कार्यों से संबंधित समीक्षा बैठक आहूत
गोड्डा। संवाददाता। बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गोड्डा के कार्यों से संबंधित समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल की ओर से गोड्डा जिले में ओडीएफ एवं ओडीएफ प्लस के तहत अब तक हुए कार्यों की जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई। इस दौरान उपायुक्त ने ओडीएफ प्लस के अंतर्गत गोड्डा जिले में एस्पायरिंग, राइजिंग व मॉडल के अंतर्गत गांव की हुई रेटिंग की जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि ओडीएफ प्लस के अंतर्गत आगे गोड्डा जिले में किए जाने वाले कार्यों को लेकर बेहतर कार्य योजना तैयार करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य करना सुनिश्चित करें। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उपायुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वितीय चरण अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला को निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध प्रगति का अनुश्रवण, ग्राम स्तर पर स्वच्छता/ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन के क्रियान्वयन के लिए ग्राम कार्य योजना तैयार करने, 5 स्टार श्रेणी में गांव को ओडीएफ प्लस घोषित करने के लिए लक्ष्य का निर्धारण एवं प्रगति का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के द्वितीय चरण के अंतर्गत ग्राम स्तर पर निर्मित विभिन्न संरचनाओं यथा:-व्यक्तिगत घरेलू शौचालय, सामुदायिक स्वच्छता परिसर, गोबर गैस प्लांट, भस्मक यंत्र, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन इकाई, पृथक्करण शेड, कचरा उठाव/संग्रह वाहन, सोख्ता गड्ढ़ा, नाडेप/वर्मी कम्पोस्ट पीट का समय-समय पर आंकलन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वितीय चरण के क्रियान्वयन में अभिसरण आधारित कार्य करने के लिए 15वें वित्त आयोग, पंचायती राज एवं मनरेगा ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से ग्राम स्तर पर ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन संबंधित संरचनाओं का निर्माण करना तथा गांव को ओडीएफ प्लस घोषित करना आदि की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया गया।
मौके पर उपविकास आयुक्त, गोड्डा दीपक कुमार दूबे, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, गोड्डा कार्यपालक अभियंता संजय शर्मा, जिला समन्वयक शत्रुघ्न प्रसाद, संजीव रंजन, सभी कनीय अभियंता, 15वें वित्त के प्रखंड समन्वयक उपस्थित रहे।
सड़क दुर्घटना में एक घायल
महागामा। संवाददाता। स्थानीय थाना क्षेत्र के महादेवबथान चौक पर मंगलवार रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान भागलपुर जिला अंतर्गत अराड़ गांव निवासी नारायण दास के 32 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार दास के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक गोड्डा की ओर से लौट रहा था, तभी महानपुर की तरफ से सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को महागामा रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. सीमा होरो ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि फिलहाल युवक खतरे से बाहर है। स्थानीय लोग इस चौक पर बार-बार हो रहे हादसों को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
मुहर्रम जुलूस में डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध : एसडीओ
-मुहर्रम पर्व को लेकर शंति समिति की बैठक आयोजित
माहौल बिगड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाइ
मेहरमा। हनवारा। बसंतराय। संवाददाता। मुहर्रम पर्व को लेकर मेहरमा थाना परिसर में महागामा अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी की अध्यक्षता व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें मुख्य रूप से मेहरमा अंचलाधिकारी मदन महली, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव कुमार, मेहरमा प्रभाग की इंस्पेक्टर रूबी मिंज, मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर मुख्य रूप से मौजूद थे। शांति समिति की बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी ने कहा कि मुहर्रम जुलूस में डीजे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। तय समय एवं तय रूट पर ही जुलूस निकाले एवं समय से समाप्त कर दें। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने भी कहा कि असमाजिक तत्वों तथा सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। अशांति व्यवस्था फैलाने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने मेहरमा थाना क्षेत्र वासियों से शांतिपूर्ण तरीके से मुहर्रम पर्व जुलूस मनाने को लेकर अपील किया। मौके पर मेहरमा थाना के पुअनि सत्यदीप, ब्रह्म सिंह, सअनि मनोज कुमार रंजन, विरेन्द्र मंडल, सहदेव प्रसाद,विपीन बिहारी राम,व सिंघाड़ी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सह कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष नरेंद्र शेखर आजाद, शंकरपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रमेश प्रसाद सिन्हा सहित क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हनवारा संवाददाता के अनुसार, हनवारा थाना परिसर में बुधवार को आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में थाना प्रभारी राजन कुमार राम ने विभिन्न गांवों से आए मोहर्रम समिति के सदस्यों, अखाड़ा व जुलूस के आयोजकों, बुजुर्गों, गणमान्यों, नवयुवकों, पंचायत प्रतिनिधियों शिक्षाविदों, समाजसेवियों आदि से बारी बारी से जानकारी लिया। पुलिस निरीक्षक उपेंद्र महतो और थाना प्रभारी राजन कुमार राम ने सभी प्रकार के सरकारी कानूनों, नियमों की जानकारी दिया। कहा कि पिछले निर्धारित मार्ग से ही जुलूस निकालें और निर्धारित जगह पर ही अखाड़ा लगावें, जहां पहलाम करने का स्थान है। वहीं पर ताजिया और निशान को पहलाम करें। निशान की ऊंचाई 14 फीट ही रखें। धीमी गति के वादक यंत्र का प्रयोग करें। डीजे बजा पर पाबंदी रहेगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी धर्म विशेष या भड़काऊ शब्दों किन्हीं को ठेस पहुंचाने वाले चैटिंग से बचें। अपने टोले मोहल्ले के बच्चों को यह जानकारी दें की बेवजह ठेस पहुंचाने वाला चैटिंग नहीं करें। वरना कानूनी कार्रवाई दायरे में आ सकते हैं। बताया गया कि बिल्कुल शांति और सद्भावपूर्ण वातावरण में मोहर्रम पर्व को मनावें। बैठक में थाना क्षेत्र, कोयला पंचायत मुखिया नौशाद आलम मंजूर आलम शकीरा आलम साइन आलम नसीम आलम बद्री शाह संतोष यादव, जीछू रविदास अब्दुल गनी, आलमगीर आलम सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के दर्जनों ग्रामीण शामिल थे।
बसंतराय संवाददाता के अनुसार, मुहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक बसंतराय थाना परिसर में बुधवार को आयोजित किया गया। बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी श्रीमान मरांडी, पुलिस निरीक्षक विष्णु देव चौधरी, बसंतराय थाना प्रभारी मनीष कुमार यादव, प्रखंड प्रमुख अंजर अहमद, जिला परिषद सदस्य एहतेशाम उल हक, अरशद वहाब, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आलमगीर आलम, पंचायत समिति सदस्य अवधेश यादव, सुरेश पासवान, सीताराम खतान, समाजसेवी वरुण यादव, मुखिया रिंटू यादब, मुखिया प्रतिनिधि, मो सगीरूद्दीन, मुखिया आलमगीर आलम, 20 सुत्री अध्यक्ष सुल्तान अहमद, मुखिया महफूज आलम शांति समिति की बैठक में मौजूद थे। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि सभी अखाड़ा दल निर्धारित रूट एवं समय का पालन करना सुनिश्चित करेंगे। डीजे बजाने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। क्षेत्र में शराब अथवा नशीली पदार्थ का पूर्ण रूप से पाबंदी रहेगी। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जगह-जगह पर लाइटिंग तथा ब्रैकेटिंग का व्यवस्था किया जा रहा है। मौके पर थाना प्रभारी मनीष कुमार यादव ने कहा कि उपद्रवी तत्वों, सोशल मीडिया पर किसी की धार्मिक भावना को आहत करने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। शांति सौहार्द पूर्ण रूप से पर्व को मनाने का अपील किया। पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा कि त्योहार के दौरान सोशल मीडिया में दुष्प्रचार, भ्रामक प्रचार, किसी की धार्मिक भावना को आहत करने या किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने सोशल मीडिया में प्रसारित होने वाली अफवाह या दुष्प्रचार की जानकारी निकटतम थाना को सूचना दें। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें। साथ ही, कोई भी भ्रामक सूचना की जानकारी अथवा मदद के लिए नजदीकी पुलिस थाना सुचित करें।
एनजीटी की रोक के बावजूद ललमटिया में अवैध बालू कारोबार जारी
-फूलबड़िया बना माफियाओं का गढ़
बोआरीजोर। संवाददाता। ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलबड़िया गांव इन दिनों अवैध बालू खनन का नया केंद्र बन गया है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की ओर से स्पष्ट रूप से बालू खनन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद, यहां खुलेआम बालू की अवैध ढुलाई हो रही है। ग्रामीणों की मानें तो रोजाना दर्जनों ट्रैक्टर बालू से लदे होकर निकलते हैं, जिन पर न तो कोई नंबर प्लेट होती है और न ही वैध परिवहन चालान। यह सब प्रशासन और पुलिस की नाक के नीचे हो रहा है, मगर कार्रवाई के नाम पर पूरी व्यवस्था मौन है। सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि जब एनजीटी और खनन विभाग की गाइडलाइंस इतनी सख्त हैं, तो फिर ये कारोबार कैसे चल रहा है?
या फिर मामला ऊपरी स्तर तक हिस्सेदारी का है, जहां सब कुछ समझौते के तहत चलता है? झारखंड सरकार को इस अवैध खनन से प्रति दिन लाखों का राजस्व नुकसान हो रहा है।
सिर्फ बालू ही नहीं, बल्कि इसके साथ जुड़े सरकारी नियम, पर्यावरणीय दिशा-निर्देश और स्थानीय संसाधनों की लूट भी तेज़ी से हो रही है। यह सरकार की नीतियों और पर्यावरण संरक्षण कानूनों का सीधा उल्लंघन है। स्थानीय लोग इस मुद्दे को लेकर नाराज जरूर हैं, लेकिन बालू माफियाओं के डर से खुलकर कुछ कहने से बचते हैं।
कुछ ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यदि कोई विरोध करता है तो उसे धमकाया जाता है या सामाजिक तौर पर अलग-थलग कर दिया जाता है। ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों की मांग है कि इस पूरे मामले की ऊच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और इसमें शामिल बालू माफियाओं, दलालों और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए
प्रथम लिटिल चैंप्स और सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित
गोड्डा। संवाददाता। प्रथम प्रखंड स्तरीय लिटिल चैंप्स प्रतियोगिता का आयोजन जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य डॉ विजय कुमार पासवान ने किक ऑफ करके किया। उक्त प्रतियोगिता में उत्क्रमित उच्च विद्यालय गोढ़ीघाट की टीम ने फाइनल में उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय हरिपुर की टीम को तीन एक से हराकर पहला प्रखंड स्तरीय लिटिल चैंप्स का विजेता का खिताब अपने नाम किया। जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय के ही मैदान में सुब्रतो कप प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जहां पर अंडर-15 बालक वर्ग की प्रतियोगिता की विजेता टीम उत्क्रमित उच्च विद्यालय नूनबट्टा रही उत्क्रमित उच्च विद्यालय हरिपुर को उपविजेता की ट्रॉफी से ही संतोष करना पड़ा। अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की टीम ने जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय की टीम को मैदानी गोल में 1_0 से हराकर विजेता बनी। दिन के अंतिम पहर में अंडर-17 बालक वर्ग के मैच संपन्न हुए जिसमें जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय की टीम ने दो मैदानी गोलों की मदद से उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय रमला को पराजित कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। तीसरा स्थान उत्क्रमित उच्च विद्यालय नूनबट्टा को प्राप्त हुआ। खिलाड़ियों को पारितोषिक वितरण बीपीओ सुधीर कुमार ने किया। प्रतियोगिता के आयोजन में शारीरिक शिक्षा शिक्षक अनंत कुमार यादव, नीरज कुमार सिंह, धर्मेंद्र शाह, सुशील दास, संजीव रंजन, सोनी कुमारी, पूजा कुमारी और मृत्युंजय कुमार, जितेंद्र भगत, अमित कुमार, प्रवीण की महती भूमिका रही। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका मनोज हांसदा और रामेश्वर मरांडी ने निभाई।
जल जीवन मिशन (ग्रामीण) से संबंधित समीक्षा बैठक संपन्न
गोड्डा। संवाददाता। बुघवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन (जेजेएम) /स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) से संबंधित समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता से अब तक की उपलब्धियों एवं कार्यान्वयन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। उपायुक्त नेजल जीवन मिशन के तहत जिले के घरों में नल जल कनेक्शन उपलब्ध कराने के लक्ष्य और इसकी प्रगति पर चर्चा कर जल जीवन मिशन के तहत जलापूर्ति योजनाओं के कार्यान्वयन, जल गुणवत्ता परीक्षण आदि सहित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करें ताकि जिले को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रैंकिंग प्राप्त की जा सके। उन्होंने पेयजलापूर्ति योजनाओं के तहत विभिन्न कार्यों यथा:-हर घर नल से जल, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन की कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाते हुए जलापूर्ति योजना के तहत सभी कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही, ग्राम स्तर पर 15वें वित्त, मनरेगा की राशि (कन्वर्जेंस) से विभिन्न संरचनाओं के निर्माण पर परिचर्चा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को ससमय कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
मौके पर उपविकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, गोड्डा कार्यपालक अभियंता संजय शर्मा, जिला समन्वयक शत्रुघ्न प्रसाद, संजीव रंजन, सभी कनीय अभियंता, 15वें वित्त के प्रखंड समन्वयक उपस्थित रहे।