बोरियो। संवाददाता। थाना क्षेत्र के बोरियो-बोआरीजोर मुख्य पथ के राझन मोड़ के समीप बाइक के धक्के से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार राझन निवासी महुआ मड़ैया व उसकी मां सोनामुनी मड़ैया(60) एवं उनकी पत्नी राझन मोड़ के किनारे खेत की देखभाल करने के लिए गए थे। जहां पति-पत्नी दोनों खेत में काम करने चले गए एवं सोनामुनी मड़ैया सड़क किनारे लकड़ी चुन रही थी। इसी दौरान बोआरीजोर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक चालक जीरूल निवासी लोगेन दास(50) एवं महिला सोनामुनी मड़ैया(60) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही वहां पहुंची पुलिस में दोनों घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां वृद्ध महिला की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। आनन-फानन में परिजनों ने वृद्ध महिला को गोड्डा ज़िला के महगामा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने जांच उपरांत वृद्ध महिला सोनामुनी मड़ैया को मृत घोषित कर दिया। वहीं लोगेन दास का बोरियो सीएचसी में इलाज चल रहा है। इधर घटना के बाद सड़क पर भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान बोरियो की ओर आ रही बाइक एवं बोआरीजोर की तरफ जा रही कार के बीच आपस में टक्कर हो गई। जिससे बाइक चालक सहित कार में सवार लोग में घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार बोरियो-बोआरीजोर मुख्य पथ के बालीडीह के पास हुई इस सड़क दुर्घटना में बाइक सवार ठाकुर गंगटी निवासी संजीत पंड़ित(25) बुरी तरह घायल हो गए। घायल अवस्था में पुलिस ने संजीत पंडित को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां मौजूद डॉ सुदामा साह ने घायल का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना में कार सवार लोग भी आंशिक रूप से घायल हुए हैं। वहीं तीसरी सड़क दुघर्टना बोरियो-बरहेट के जिरूल पेट्रोल पम्प के पास घटी। बाइक सवार ने जिरूल निवासी नागेन्द्र दास को टक्कर मार दी। जिसके बाद नागेन्द्र दास को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। इधर थाना क्षेत्र के बोरियो-तीनमुहानी मोड़ पर ऑटो चालक ने खड़ी कार को ठोकर मार दी। जिससे ऑटो चालक फुलकुमार ठाकुर(45) घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार ऑटो चालक बोरियो से सवारी लेकर चासगामा जा रहा था। इसी दौरान तीनमुहानी मोड़ के समीप ऑटो अनियंत्रित होकर खड़ी कार को पीछे से ठोकर मार दी। घायल ऑटो चालक फूलकुमार ठाकुर को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा था। पुलिस मामलों की छानबीन कर ही है। वहीं थाना क्षेत्र के बांझी-साहिबगंज मुख्य मार्ग के दुर्गा टोला के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक मवेशी की मौत हो गई। मवेशी की मौत होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने समझा-बुझा कर सड़क को जाम मुक्त कराया।
भाजपा ने मनायी सरदार भगत सिंह की 118वीं जयंती
साहिबगंज। संवाददाता। सरदार भगत सिंह की 118वीं जयंती के अवसर पर रविवार को भाजपा नगर कमिटी ने सकरोगढ़ स्थित सरदार भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नगर अध्यक्ष संजय पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को शहीद भगत सिंह के राष्ट्र प्रेम व देश के लिए सर्वस्व समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए। मौके पर जिला उपाध्यक्ष एवं निवर्तमान नप उपाध्यक्ष रामानंद साह, चंद्रभान शर्मा, धर्मेंद्र कुमार, जिला महामंत्री गौतम यादव, संतोष चौधरी, डब्लू ओझा, जयकांत वर्मा, रंजन पांडे, आदित्य राज, भूलन दुबे, धर्मेंद्र मंडल, जयकांत वर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्तिथ थे।
दो बाइक की टक्कर में दो युवक घायल
तालझारी। संवाददाता। थाना क्षेत्र के करणपुरातो के समीप दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवक घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार युवक महाराजपुर से तालझारी की ओर जा रहा था। वहीं तालझारी से महाराजपुर जा रहे बाइक सवार के साथ उसकी टक्कर हो गई। जिसमें दोनों बाइक चालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही प्रजापति प्रकाश बाबा ने दोनों घायलों का सीएचसी में इलाज कराया।
हत्या व लूट के चार आरोपी भागलपुर से गिरफ्तार
साहिबगंज। संवाददाता। पुलिस ने हत्या एवं लूट कांड के आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। मुफस्सिल थाना प्रभारी अनीश कुमार पांडेय ने बताया कि हत्या मामले में दर्ज कांड संख्या 13/24 के प्राथमिक आरोपी भगलपुर जिला के सबौर थाना क्षेत्र के परघड़ी निवासी श्रवण कुमार व उपेंद्र दास व पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत काली प्रसाद निवासी बबलू दास को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं सीएसपी लूटकांड में दर्ज थाना कांड संख्या 73/22 के अप्राथमिकी आरोपी भागलपुर ज़िला के थाना रंगरा चौक अंतर्गत सिमरिया टोला निवासी विक्रांत कुमार को बांका ज़िला के बिहपुर, तीनटंगा से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
राजमहल। उधवा। संवाददाता। दुर्गा पूजा को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर एसडीओ सदानंद महतो व एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना परिसर से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च नयाबाजार, शरण पार्क, मलखा बाबा चौक, स्टेशन रोड, विवेकानंद चौक, कासिम बाजार, तीनपहाड़ मोड़, महाजन टोली एवं प्रखंड क्षेत्र के जामनगर, फुलवरिया एवं अन्य जगहों तक गई। इस दौरान असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई। एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि गड़बड़ी फैलाने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर पुलिस को सूचना दे। पुलिस असामाजिक तत्वों पर नजर बनाये हुये है। मौके पर थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, एसआई ओम प्रकाश चौहान, शंभू सिंह, महादेव उरांव सहित अन्य थे। इधर राधनगर थाना क्षेत्र में बीडीओ सह सीओ जयंत कुमार तिवारी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में एसआई अनिल सिंह, पंकज दुबे, एएसआई सुनील कुमार मेहता, श्रीलाल हांसदा, सफरुद्दीन खान, सुबोध कुमार, हकीम मुर्मू, मनोज पासवान सहित सशास्त्र बल मौजूद थे।
वन कर्मियों ने 8 बोटा सखुआ लकड़ी किया जब्त
तालझारी। संवाददाता। वन कर्मियों की टीम ने तालझारी क्षेत्र के खैरवा जंगल से 8 बोटा सखुआ लकड़ी जब्त किया है। मिली जानकारी के अनुसार वन क्षेत्र पदाधिकारी के निर्देशानुसार वन रक्षी पप्पू यादव के नेतृत्व में उनकी टीम ने गुप्त सूचना पर उक्त कार्रवाई की। जब्त की गई लकड़ी को विभागीय अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है। वन कर्मी तस्करों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रहे हैं।