कांग्रेस के प्रदेश महासचिव की पहल पर 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर स्थापित
पाकुड़। निसं। सदर प्रखंड की पंचायत कुमारपुर के रानीपुर बड़ा शाहबा में बिजली की समस्या का समाधान हो गया है। 16 जुलाई को गांव में 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। यह कार्य कांग्रेस के प्रदेश महासचिव तनवीर आलम की पहल पर कार्य सफज हुआ। लंबे समय से बिजली संकट का सामना कर रहे ग्रामीणों ने इस कदम का स्वागत किया। उन्होंने तनवीर आलम के प्रति आभार व्यक्त किया। ट्रांसफार्मर की स्थापना के दौरान कांग्रेस मंडल अध्यक्ष अलीम शेख और शरीफ मोमिन समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई, न्यायिक हिरासत में भेजा
पाकुड़। निसं। पुलिस ने बेलडांगा के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी हजरत शेख और राहेब शेख दोनों स्वर्गीय रेहसान शेख के पुत्र हैं। पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ थाना काण्ड संख्या 149/2025 के तहत कार्रवाई की है। यह मामला 16 जून 2025 को दर्ज किया गया। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 126(2), 115(2), 117(2), 109, 329(4), 74, 303(2), 352, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार
महेशपुर। संवाददाता। बरमसिया गांव में एक विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। मृतका काजल कुमारी की गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस ने आरोपी पति रवि मड़ैया को हिरासत में ले लिया है।
मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस रवि के भाई राहुल मड़ैया और उसकी मां चूड़ामुनी देवी की तलाश कर रही है। दोनों बरमसिया गांव के निवासी हैं।
मृतका की मां कौशल्या देवी ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। इस आधार पर पुलिस ने थाना कांड संख्या 129/25 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच जारी है।
मोटरसाइकिल व साइकिल की टक्कर, दो युवक घायल, अस्पताल में भर्ती
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। लिट्टीपाड़ा में बुधवार को एक दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए। यह हादसा गोविंदपुर-साहिबगंज एक्सप्रेस हाइवे पर प्रेमलाल साहा के घर के पास हुआ।
पटवारा गांव के 16 वर्षीय सिलभानुस मरांडी मोटरसाइकिल से ब्लॉक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हेडबंधा गांव के 26 वर्षीय रूपचांद टुडू साइकिल से लिट्टीपाड़ा चौक की तरफ आ रहे थे। प्रेमलाल साहा के घर के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवक गिरकर घायल हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत थाने में सूचना दी। थाने से एएसआई गौर दास मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सावन माह को लेकर शिव मंदिरों में हो रही है विशेष पूजा अर्चना
शिव चर्चा के अलावा रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय पाठ इत्यादि अनुष्ठान जारी
साहिबगंज जिला के शिवगादी, मोती झरना के अलावा बाबाधाम जाने वाले कांवरिया का जत्था रवाना
पाकुड़। निसं। सावन माह को लेकर शहर की विभिन्न मंदिरों में भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा अर्चना किया जा रहा है। सावन माह को लेकर जिला भर के शिव मंदिरों में शिव चर्चा के अलावा रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय पाठ इत्यादि अनुष्ठान किए जा रहे हैं। शहर के शिव शीतला मंदिर, भगतपाड़ा मंदिर, रेलवे कॉलोनी मंदिर, मनोकामना मंदिर, बूढ़ा शिव मंदिर, ठाकुरबाड़ी मंदिर, राजापाड़ा स्थित शिव मंदिर समेत कई मंदिरों में विशेष रूप से पूजन किया जा रहा है। वही सावन माह को लेकर लोगों में विशेष रूप से भक्ति देखी जा रही है। श्रद्धालु सुबह से ही अपने नजदीकी मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना कर रहे हैं। वहीं बड़ी संख्या में लोग जिला के बाहर भी शिव मंदिर पहुंचकर पूजा करते देखे जा रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग साहिबगंज जिला के शिवगादी, मोती झरना के अलावा बाबाधाम जाते देखे जा रहे हैं। वहीं लोग पश्चिम बंगाल के धुलियान, जंगीपुर के गंगा से जल लाकर भगवान को अर्पित कर रहे हैं। सावन माह को लेकर सभी मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ देखी जा रही है।