- डीसी ने भू -अर्जन से संबंधित लंबित मामलों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को दिया आवश्यक दिशा-निर्देश
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता उपायुक्त जिशान कमर की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में भू-अर्जन से संबंधित मामलों की समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। इस दौरान उपायुक्त के द्वारा जिला जिला भू -अर्जन पदाधिकारी रितेश जायसवाल से भू-अर्जन से संबंधित मामलों की जानकारी प्राप्त की गई।
उपायुक्त ने जिले में भूमि से संबंधित लंबित मामलों को जल्द निष्पादन कर उसे हस्तांतरित करने के निर्देश दिए, ताकि समय पर जिले में चलाए जा रहे परियोजनाएं पूरी की जा सके। अवैध जमाबंदी की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने अवैध जमीन से संबंधित मामलों के जमाबंदी रद्द करने की सुनवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही साथ उन्होंने दाखिल-खारिज से संबंधित मामलों के संबंध में कैंप के माध्यम से इसका समय पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान उपायुक्त के द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या133 के अधिकारियों से मुख्य रूप से महागामा से हंसडीहा एनएच-133 परियोजना पर विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रितेश जायसवाल एवं अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा बैद्यनाथ उरांव को निर्देश दिए कि एनएच-133 निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं का निराकरण यथाशीघ्र कराएं। साथ ही वैसे व्यक्ति जो सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं, वैसे व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर किए जाएं। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा बैद्यनाथ उरांव, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रितेश जायसवाल, एनएचएआईं के अधिकारीगण सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।
महागामा काली मंदिर में 46 वर्षों से होती है पूजा
-आगामी काली पूजा की तैयारी को लेकर हुई बैठक
महागामा। संवाददाता आगामी काली पूजा को लेकर महागामा बसुआ चौक स्थित काली मंदिर परिसर में गुरुवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से समिति के अध्यक्ष गोपाल सिंह, सचिव अनंतलाल यादव एवं संरक्षक सुशील चौबे उपस्थित थे। बैठक में मुख्य रूप से पूजा को कैसे सफल बनाया जाए, इस पर विस्तृत चर्चा की गई। वहीं उपस्थित पंडित सतीश झा ने बताया कि मंदिर में करीब 46 वर्षों से पूजा होते आ रही है। मंदिर में तांत्रिक विधि से पूजा की जाती है। बताया कि कई वर्ष पहले यह मंदिर एक झोपड़ी में स्थित थी। उस समय इसके आसपास के इलाकों में पोखर एवं जंगल हुआ करता था। बताया कि इस मंदिर से जो भी भक्त अपनी मनोकामना मांगते हैं तो निश्चित तौर पर उनकी मनोकामना पूर्ण होती है। साथ ही बताया कि पूजा के समय भक्तों की भीड़ भी होती है। भक्तों की भीड़ को देखते हुए विधि व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।
जनता से समन्वय बना कर काम करें पुलिस अधिकारी
-अपराध गोष्ठी में एसडीपीओ ने दिया निर्देश
महागामा। संवाददाता अनुमंडल पुलिस कार्यालय में गुरुवार को मासिक अपराध गोष्ठी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर तिवारी ने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए सबसे जरूरी है कि पुलिस-पब्लिक के बीच सामंजस्य बना रहे। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के पुलिस निरीक्षकों सहित सभी थानेदारों ने भाग लिया।
बैठक में एसडीपीओ शिव शंकर तिवारी ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की जनता से संवाद स्थापित कर सूचनाएं लेते रहना होगा। इससे पुलिस और पब्लिक के बीच समन्वय बना रहेगा। पुलिस की भूमिका जनता की सुरक्षा एवं उनमें विश्वास जगाने के लिए जरूरी है। पुलिस जनता की बातों को सुने और उनकी समस्याओं को दूर करने की दिशा में कार्रवाई करे। बैठक में आगामी काली पूजा, दिवाली व छठ पूजा में विधि व्यवस्था को लेकर कई दिशा-निर्देश दिए गए। एसडीपीओ ने कहा कि महागामा अनुमंडल क्षेत्र में अपराध, अवैध कारोबार, कोयला, बालू, शराब, लकड़ी, खनिजों की तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर शिकायत मिलेगी तो संबंधित थानेदार के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने इस दौरान थाना में लंबित कांडों, वारंट, अपराधी की गिरफ्तारी समेत कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चोरी, डकैती, बाइक चोरी, छिनतई जैसी घटना पर विशेष रुप से चौकसी बरतने के निर्देश दिए। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि अपराध की घटनाओं को रोकने के लिए पैनी नजर रख कर शिकंजा कसने की जरूरत है। जेल से बाहर आए अपराधी से बीच-बीच में थाना बुलाकर पूछताछ करें। उन्होंने कहा कि अपने-अपने थाना क्षेत्र में नियमित रूप से पेट्रोलिंग करें।
झामुमो की पंचायत समितियों की संयुक्त बैठक 11 को
- जिले के हर पंचायत से 10 से 15 सदस्य लेंगे भाग
- पार्टी की जिला समिति की बैठक संपन्न
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को गोड्डा जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा की बैठक जिला मुख्यालय के सरकंडा स्थित नगर भवन में जिला अध्यक्ष वासुदेव सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पंचायत समिति गठन एवं सदस्यता अभियान की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा
मोर्चा संगठन का हालिया विस्तार एवं 11 नवंबर को प्रस्तावित पंचायत समितियों की संयुक्त विस्तारित बैठक की तैयारी की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंड अध्यक्ष एवं सचिव से संगठन की अद्यतन जानकारी ली गई। सभी प्रखंडों के प्रभारी से पंचायत समिति गठन की जानकारी जिला अध्यक्ष ने लिया। अंत में सभी वरिष्ठ केंद्रीय समिति सदस्यों का सुझाव लिया गया। बैठक में जानकारी दी गई कि सभी प्रखंडों की पंचायत समिति गठन का काम लगभग 70 प्रतिशत संपन्न हो गया है। शेष पंचायत समिति का गठन 11 नवम्बर से पहले हर हाल में करने का निर्णय लिया गया। 11नंबर के सम्मेलन में प्रत्येक पंचायत से 10 से 15 प्रतिनिधि की उपस्थिति निश्चित की गई। बैठक में सभी वक्ताओं ने हेमंत सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। अबुआ आवास योजना को जम कर प्रचारित करने का निर्णय लिया गया। झारखंड आंदोलनकारी पेंशन योजना को भी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
पूर्व जिला अध्यक्ष का मनाया गया जन्म दिन
बैठक में जिला अध्यक्ष वासुदेव सोरेन की अनुमति से पूर्व जिला अध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य राजेश मंडल का 56वां जन्म दिन केक काट कर मनाया गया। उपस्थित नेताओं ने मंडल को जन्मदिन की बधाई दी। बैठक में मुख्य रूप से पूर्व जिला अध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य राजेश मंडल, जिला सचिव अजीमुद्दीन, केंद्रीय समिति सदस्य सह राजमहल सांसद प्रतिनिधि सुबल मंडल, केंद्रीय समिति सदस्य मुन्ना खुर्शीद, कौशलेंद्र टुडू, विनोद मुर्मू, ताला बाबू हांसदा, जिला उपाध्यक्ष घनश्याम यादव, वरिष्ठ नेता प्रेमनंदन मंडल, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष डॉक्टर क्यूम अंसारी, महिला मोर्चा अध्यक्ष ललिता झा, किसान मोर्चा अध्यक्ष संजीव मिर्धा, युवा मोर्चा अध्यक्ष चंदन हेंब्रम, सदर प्रखंड अध्यक्ष बालमुकुंद महतो, नगर अध्यक्ष अजय कुमार देवा, सचिव रोहित राज मुर्मू, अकीदत अंसारी, सुबल मुर्मू, बसंतराय प्रखंड अध्यक्ष सुल्तान अहमद, जिला उपाध्याक्ष इरफान आलम, पथरगामा प्रखंड अध्यक्ष राजू हंसदा, सचिव विजय महतो, बच्चन दरबे, श्यामल रामदास, नगर संगठन सचिव राजकुमार दास, सौकत अली, असगर अंसारी, अजीमुद्दीन, रहीस आलम, वरिष्ठ नेता बबलू हांसदा, कृष्णा मुर्मू, महेश मंडल, प्रिंस कुमार, छात्र मोर्चा जिला अध्यक्ष देवराज कुमार, किंकर चौहान, बोआरीजोर प्रखंड अध्यक्ष सुनील मुर्मू, सचिव निसार अहमद, जमाल आदि उपस्थित थे।
डीसी ने की जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षा
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जिशान कमर ने समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान विभाग अंतर्गत महत्वपूर्ण योजना जैसे सावित्री बाई फुले किशोरी योजना, कन्यादान योजना, पोषण ट्रैक, आधार सीडिंग आदि की समीक्षा की गई। बैठक में सर्वप्रथम डीसी ने सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत प्रखंडवार प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सभी सीडीपीओ को बीआरपी एवं सीआरपी के साथ निरंतर बैठक कर विद्यालयवार अधिक से अधिक फॉर्म जेनरेट कराने का निर्देश दिया एवं विभाग से प्राप्त लक्ष्य को शत-प्रतिशत समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिला स्तर पर इसकी निगरानी जिला शिक्षा पदाधिकारी व जिला शिक्षा अधीक्षक करेंगे। उपायुक्त ने आगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के समग्र विकास को लेकर किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने पोषण ट्रैकर एप्प के अपडेटेड डाटा का विश्लेषण किया। प्राप्त डाटा के अनुसार वजन मापी के तहत एप्प में 90.78 प्रतिशत एवं पोषण ट्रैकर एप्प में पंजीकृत लाभुकों एवं आधार सत्यापन के कार्य में 96.43 प्रतिशत की उपलब्धि प्राप्त हुई। वहीं पोषण ट्रैकर एप्प के अन्य बिंदुओं की भी समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्रखंडवार पर्यवेक्षिकाओं एवं सीडीपीओ से शत-प्रतिशत डाटा एंट्री कराने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने समाज कल्याण में अन्य रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए आवश्यक निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि सेविका एवं सहायिका की रिक्तियों को भरने के लिए किये जाने वाले प्रक्रिया में तेजी लाते हुए यथाशीघ्र नियुक्ति की प्रक्रिया पूर्ण करें। बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनीशा कुजूर, सभी सीडीपीओ, सभी पर्यवेक्षक एवं समाज कल्याण विभाग के कर्मीगण मौजूद थे।