राजमहल/संवाददाता। थाना क्षेत्र निवासी एक महिला के साथ मारपीट को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मिली जानकारी के अनुसार हसन टोला गांव निवासी पीड़ित मुनीफा बेवा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि गांव का ही एक व्यक्ति घर में आकर जान मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट की। मामले को लेकर थाना कांड संख्या 118/25 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बकाया रुपया मांगने पर पिटाई का आरोप
राजमहल/संवाददाता। जमीन खरीदने के लिए दिए गए रुपए रजिस्ट्री नहीं करने पर वापस लौटाने की मांग करने पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के लगाए गए आरोप व शिकायत पर दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। मिली जानकारी के अनुसार थाना अंतर्गत रफातुल्ला टोला निवासी पीड़ित नेश मोहम्मद ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि हाजी बादल टोला निवासी दो व्यक्तियों को जमीन खरीदने के लिए 20 लाख रुपया बीते वर्ष दिया था। इसके बाद जमीन रजिस्ट्री करने की बात कहने पर दोनों मुकर गए। जब उनके घर रुपया मांगने के लिए गया तो दोनों ने मिलकर जान मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट की। मामले को लेकर थाना कांड संख्या 119/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
सिद्धू-कान्हू जयंती की तैयारी को लेकर डीसी ने की बैठक
-सुनियोजित ढंग से सभी तैयारियां पूरी करने का दिया निर्देश
साहिबगंज/संवाददाता। आगामी 11 अप्रैल को सिद्धू-कान्हू जयंती के अवसर पर भोगनाडीह में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने शनिवार को तैयारियों की समीक्षा बैठक की। समाहरणालय स्थित सभागार में डीसी हेमंत सती ने अध्यक्षता करते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं सुनियोजित ढंग से सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात, सुरक्षा प्रबंधन, पाकिंर्ग, अतिथियों के स्वागत और ठहराव की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही आयोजन स्थल पर लगाए जाने वाले स्टॉल, मंच, बैठने की व्यवस्था एवं जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मौके पर डीडीसी सतीश चंद्रा, आईटीडीए परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, अपर समाहर्ता गौतम भगत, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइन्द सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
चौकीदार नियुक्ति के लिए शारीरिक जांच व दौड़ सात से
-डीसी ने बैठक में दिया दिशा-निर्देश
साहिबगंज/संवाददाता। जिला दंडाधिकारी सह डीसी हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच एवं दौड़ की तैयारी को लेकर बैठक हुई। उपायुक्त ने जानकारी दी कि चयन प्रक्रिया के अगले चरण के तहत 07 से 12 अप्रैल तक दौड़ व शारीरिक जांच होगी। दौड़ प्रतिदिन सुबह 06 बजे से सिद्धू-कान्हू स्टेडियम में कराई जाएगी। शारीरिक दक्षता परीक्षण में शामिल सभी अभ्यर्थियों को समय पर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। बैठक के दौरान डीसी ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उनके-उनके कार्यों का आवंटन करते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सुचारु और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी सतीश चंद्रा, आईटीडीए निदेशक संजय कुमार दास, अपर समाहर्ता गौतम भगत, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइन्द सहित अन्य मौजूद थे।
उपद्रवी और हुडदंगी पर रहेगी विशेष नजर : एसडीओ
-थाना क्षेत्रों में किया गया फ्लैग मार्च
साहिबगंज/संवाददाता। रामनवमी व चैती दुर्गा पूजा को लेकर शनिवार को एसडीओ सदर अमर जॉन आइंद के नेतृत्व में नगर थाना से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च चौक बाजार, बाटा रोड, एलसी रोड, रसूलपुर दहला, गुल्ली भट्टा, पटनिया टोला, सकरूगढ़, कॉलेज रोड, कुलीपाड़ा, सब्जी मंडी, स्टेशन रोड सहित मुख्य चौक चौराहा होते हुए बड़तल्ला में समाप्त हुआ। इस दौरान एसडीओ ने कहा कि जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने रामनवमी व चैती दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की है। सभी पूजा पंडालों, संवेदनशील क्षेत्रों, मुख्य चौक-चौराहा में मजिस्ट्रेट व पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। ड्रोन सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। उपद्रवियों, हुडदंगी और सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर है। प्रशासन ऐसे लोगों से सख्ती से निपटेगा। इधर मुफस्सिल थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी मदन कुमार के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। मार्च में डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा, प्रशिक्षु डीएसपी रूपक कुमार सिंह, सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की, सदर सीओ बासुकीनाथ टुडु, नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता सहित अन्य थे। मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र में मंडरो सीओ मेघनाथ उरांव के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। जिसमें थाना प्रभारी रुपेश कुमार, महेन्द्र सिंह, कृष्णा सिंह, अमित कुमार, सोमरा दोहरा, शिवलाल मरांडी व अन्य थे। राजमहल पुलिस ने मोटरसाइकिल से फ्लैग मार्च निकाला। मार्च में एसआई विक्रम कुमार, एसआई बिट्टू कुमार, ओम प्रकाश चौहान, विकास सेठ, शंभू सिंह, एएसआई बबलू सोरेन, नंद कुमार यादव, दिनेश चंद्र हांसदा व जवान थे। बोरियो में पुलिस इंस्पेक्टर नुनुदेव राय एवं थाना प्रभारी पंकज वर्मा के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान एसआई कैलाश प्रसाद, एसआई दूधनाथ सिंह, एसआई आनंद खंडैत, एएसआई देव नारायण साहु, एएसआई प्रभाशंकर दुबे सहित अन्य पुलिस जवान मौजूद थे। बरहरवा व पतना में रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया। जिसमें एएसआई बबन राम दल बल के साथ उपस्थित थे।
बजरंग दल ने निकाली शोभा यात्रा
साहिबगंज/संवाददाता। रामनवमी से पूर्व बजरंग दल की ओर से रेलवे जनरल इंस्टिट्यूट मां तारा मंदिर समीप से जिलाध्यक्ष करण सिंह यादव के नेतृत्व में शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा चौक बाजार, बाटा रोड, स्टेशन रोड, कॉलेज रोड, घाट रोड होते हुए मां तारा मंदिर के समीप समाप्त हुआ। हाथों में भगवा ध्वज लेकर शोभा यात्रा में प्रभु श्री राम, मां दुर्गा, बजरंगबली का जयकारा लगाया गया। नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी।
महाअष्टमी पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
विधायक एमटी राजा पहुंचे चैती दुर्गा मंदिर, भव्य स्वागत
पंच टीम/साहिबगंज। चैत्र नवरात्रि में दुर्गा मां के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा अर्चना शनिवार अहले सुबह चार बजे से ही शहर के भारतीय कला मंदिर सकरूगढ़ चैती दुर्गा मंदिर, चौक बाजार दुर्गा मंदिर, रसूलपुर दहला चैती दुर्गा मंदिर, जिरवाबाड़ी तुरी टोला वैष्णव दुर्गा मंदिर सहित मंदिरों व घरों में वैदिक मंत्रोचारण के साथ विधिवत रूप से किया गया। महाअष्टमी पूजा करने मंदिर में अहले सुबह से देर शाम तक भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। वहीं आज दुर्गा मां के नवमी स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा व रामनवमी पूजा की जाएगी। राजमहल में नवरात्र के अवसर पर चैती दुर्गा पूजा समिति नील कोठी की ओर से प्रतिमा स्थापित कर चैती दुर्गा पूजा धूमधाम से की जा रही है। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा मंदिर परिसर पहुंच दर्शन किया। कमेटी के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। अध्यक्ष विनय कुमार साहा व सचिव देव दत्ता ने अंग वस्त्र देकर स्वागत करते हुए मंदिर एवं कमेटी से जुड़े कार्य एवं समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जो भी उनके माध्यम से संभव होगा कमेटी के लिए सदैव खड़े रहेंगे। मौके पर विधायक प्रतिनिधि मारूफ उर्फ गुड्डू, जगदम्बा सिंह, गौरव कुमार, इंद्रदेव राय, सन्नी कुमार, संजय कुमार, वकील यादव सहित अन्य उपस्थित थे।
सर्प दंश से 12 वर्षीय बालक मूर्छित
राजमहल/संवाददाता। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड 04 नया बस्ती मोहल्ला निवासी बबलू शेख के 12 वर्षीय पुत्र नाजिम शेख को शनिवार को झील में नहाने के दौरान सांप ने डस लिया। जिससे बालक मूर्छित हो गया। इलाज के लिए उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में बालक का इलाज किया जा रहा था।
श्रीमद्भागवत कथा को लेकर निकली कलश यात्रा
तालझारी/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के मसकलैया में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा को लेकर शनिवार को बैंड बाजे के साथ 1011 कन्याओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। जिसका उद्घाटन तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय एवं आचार्य दिवाकर ने विधिवत रूप से किया। मौके पर समिति के अध्यक्ष नरेश मंडल, उपाध्यक्ष सुरेश मंडल, सचिव राजेंद्र मंडल, उपसचिव बिरला मंडल, संयोजक पिंकू स्वर्णकार, छोटन साह, मीडिया प्रभारी मिथुन मंडल, कोषाध्यक्ष पिताम्बर मंडल, उपकोषाध्यक्ष गोकुल मंडल, सदस्य कुणाल महतो, रोहन पंडित, नितीश पासवान, कपिल मंडल सहित अन्य थे।
सीएस ने किया सीएचसी का निरीक्षण
बोरियो/संवाददाता। सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने शुक्रवार की देर शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सिविल सर्जन ने मलेरिया के प्रत्येक दिन का प्रतिवेदन, मलेरिया के समुचित इलाज एवं रोकथाम से संबंधित जानकारी ली। मौके पर सीएचसी प्रभारी डॉ. सालखु चंद्र हांसदा, डॉ. बिनोद कुमार, डॉ. सुदामा कुमार साह, बीपीएम बिष्णु कुमार भगत, एमटीएस मनोहर पंडित व अन्य थे।
आर्म्स एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
तालझारी/संवाददाता। तालझारी थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के प्रथमिकी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना प्रभारी नितेश पांडेय ने बताया कि आपसी बात को लेकर हुए विवाद में शोख दिलबर पर हवाई फाइरिंग का आरोप था। मामले में थाना कांड संख्या 43/25 दर्ज कर प्रथमिकी आरोपी शोख दिलबर को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जर्जर भवन निस्तारण की निविदा आठ को
बोरियो/संवाददाता। 08 अप्रैल को प्लस टू आर के उच्च विद्यालय में स्थित जर्जर भवन की नीलामी खुली डाक के माध्यम से की जाएगी। जिसकी न्यूनतम अग्रधन राशि 10,000 रुपए है। भाग लेने के इच्छुक संवेदक नकद या बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से 07 अप्रैल तक विद्यालय अवधि प्रात: 07 से अपराह्न 01 तक राशि जमा कर निविदा में भाग ले सकते हैं। इसकी जानकारी विद्यालय प्रबंधन समिति ने दी है।
आरक्यूएस कंपनी परिसर में लगी आग
राजमहल/संवाददाता। प्रखंड के मंगलहाट स्थित आरक्यूएस कंपनी परिसर की झाड़ियों में शनिवार को दोपहर अचानक आग लग गई। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कंपनी के गार्ड व कर्मियों ने आग पर मशक्कत के बाद काबू पा लिया। इधर इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही साहिबगंज से पहुंचे अग्निशमन वाहन ने भी आग पर पूरी तरह से काबू पाने में सहयोग किया। कंपनी के कर्मी शंकर सागर घोष ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
पुलिस ने कई आरोपियों को किया गिरफ्तार