पाकुड़/संवाददाता। जिला प्रशासन ने यातायात नियमों का पालन कराने के लिए विशेष अभियान चलाया। डीसी मनीष कुमार के आदेश पर डीटीओ संजय पीएम कुजूर के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। टीम ने हरिणडांगा चौक से नगर थाना पाकुड़ मुख्य मार्ग और आसपास के इलाकों में वाहनों की जांच की। इस दौरान नो-पाकिंर्ग जोन में खड़े वाहनों, आरसी बुक फिटनेस सर्टिफिकेट, प्रदूषण प्रमाण पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने, हेलमेट का उपयोग न करने और व्यावसायिक वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप की भी जांच हुई। अभियान में करीब 20-30 छोटे-बड़े वाहनों की जांच की गई। इनमें 6 वाहन नो-पाकिंर्ग में खड़े मिले और 09 दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट के पाए गए। कुछ वाहनों के जरूरी कागजात भी अधूरे थे। सभी नियम तोड़ने वालों से कुल 18,100 रुपए का जुर्माना वसूला गया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अगर कोई बार-बार गलत जगह वाहन पार्क करता है तो उसका वाहन टोइंग व्हीकल से उठा कर पाकुड़ नगर थाने में जब्त कर लिया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है।
जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में हो रहा है हैंडवाश यूनिट का निर्माण
पाकुड़/संवाददाता। जिला प्रशासन ने स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में हैंडवाश यूनिट का निर्माण किया जा रहा है। यह काम 15वें वित्त आयोग के फंड से हो रहा है। अब तक जिले में 273 हैंडवाश यूनिट का निर्माण पूरा हो चुका है। इन यूनिटों को इस तरह डिजाइन किया गया है कि एक साथ चार बच्चे हाथ धो सकें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को नर्सरी कक्षा से ही स्वच्छता की आदतें सिखाना है। जिला प्रशासन का मानना है कि बचपन से ही स्वच्छता की अच्छी आदतें डालने से बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। यह पहल न केवल बच्चों में स्वच्छता की आदतों को बढ़ावा देगी, बल्कि संक्रामक बीमारियों से बचाव में भी मददगार साबित होगी।
सभी ग्राम पंचायतों में सेग्रीगेशन बिन और भस्मक यंत्रों का किया जा रहा है निर्माण
पाकुड़/संवाददाता। जिला प्रशासन ग्राम पंचायतों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। 15वें वित्त आयोग की अनुदान राशि से सभी ग्राम पंचायतों में सेग्रीगेशन बिन और भस्मक यंत्रों का निर्माण किया जा रहा है। भस्मक विशेष यंत्र है जो इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड को जला कर राख में बदल देता है। यह जीवाणु और कीटाणुओं के फैलाव को रोकने में मदद करता है। साथ ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए सेग्रीगेशन बिन स्थापित किए जा रहे हैं। जिले में अब तक 809 भस्मक यंत्र और 988 सेग्रीगेशन बिन का निर्माण सफलता पूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी।
सभी प्रखंडों में दिव्यांगजनों के लिए लगाए जाएंगे विशेष कैंप : डीसी
पाकुड़/संवाददाता। डीसी मनीष कुमार ने सभी बीडीओ के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। उन्होंने प्रखंडों में स्वास्थ्य संबंधी अभियानों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। प्रत्येक प्रखंड के लिए नोडल चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। पाकुड़ प्रखंड में डॉ. मंटू कुमार टेकरीवाल, हिरणपुर में डॉ. सुनील कुमार सिंह और लिट्टीपाड़ा में डॉ. अमित कुमार को नियुक्त किया गया है। अमड़ापाड़ा में डॉ. एसके झा, महेशपुर में डॉ. केके सिंह और पाकुड़िया में डॉ. शाहरूख अकबर कार्यरत होंगे। डीसी ने कहा कि सभी प्रखंडों में दिव्यांगजनों के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। अलिमको की ओर से व्हीलचेयर और अन्य सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा। प्रखंड और अंचल के सरकारी कर्मियों के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। इसका उद्देश्य जनसंख्या का एक प्रतिशत रक्त ब्लड बैंक में आपात स्थिति के लिए सुरक्षित रखनी है। इसके अलावा सभी प्रखंडों में रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी विभाग ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। डीसी ने अबुआ आवास योजना, मनरेगा के तहत बिरसा हरित ग्राम योजना और मुख्यमंत्री पशुधन योजना की भी समीक्षा की।
51 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ सह संस्कार महोत्सव आज से शुरू
पाकुड़/संवाददाता। शहर स्थित सिंधी धर्मशाला मैदान में सोमवार से 51 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ सह संस्कार महोत्सव शुरू होगा। महायज्ञ की शुरूआत सोमवार सुबह 08 बजे शिव शीतला मंदिर परिसर से निकलने वाली कलश शोभा यात्रा से होगी। इस यात्रा में 251 कन्याएं शामिल होंगी। महोत्सव की तैयारियों को लेकर रविवार को अखिल भारतीय गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। मनोज गुप्ता की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। कार्यक्रम के पहले दिन अपराह्न 3 से 4 बजे तक गोष्ठी होगी। शाम 6 से रात 9 बजे तक युग संगीत और प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। 22 अप्रैल को सुबह 6 से 7 बजे तक ध्यान और प्रज्ञा योग होगा। सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक देव पूजन, गायत्री महायज्ञ और विभिन्न संस्कार होंगे। 23 अप्रैल को भी सुबह का कार्यक्रम इसी क्रम में होगा। शाम को दीप दान महायज्ञ और संगीत प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। 24 अप्रैल को गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। कार्यक्रम की तैयारी बैठक में शिव शंकर निराला, अमला मिश्र, पंकज वर्मा, लाली गुप्ता, मुरारी मंडल और ओंकार शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
मंडल कारा में जेल अदालत और मेडिकल कैंप का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में मंडल कारा में जेल अदालत और मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह के निर्देश का पालन करते हुए यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी की उपस्थिति में कैंप का संचालन किया गया। न्यायिक पदाधिकारी ने बंदियों को मुफ्त कानूनी सहायता की विस्तृत जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से दी जाने वाली सेवाओं के बारे में बताया गया। मेडिकल कैंप में बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने बंदियों के बीपी और शुगर की जांच की। साथ ही अन्य स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण भी किए गए। कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारी, जेल प्रशासन के अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।
टेंपो और ट्रैक्टर की आमने-सामने की टक्कर में टेंपो चालक घायल
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। धरमपुर मुख्य सड़क पर सोनधानी गांव के पास टेंपो और ट्रैक्टर की आमने-सामने की टक्कर में टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक की पहचान सोनाधनी गांव के 18 वर्षीय झाबु हेम्ब्रम उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। वह गढद्वारा हटिया से यात्रियों को लेकर लौट रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ रेफर कर दिया। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि टेंपो में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। दुर्घटना ग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाने लाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
डीसी ने वीसी के माध्यम से सीएससी मैनेजर और वीएलई के साथ की बैठक
पाकुड़/संवाददाता। गोपनीय कार्यालय कक्ष में डीसी मनीष कुमार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सीएससी मैनेजर और सभी वीएलई के साथ बैठक की। डीसी ने कहा कि पंचायत भवन में संचालित सीएससी सेंटर के माध्यम से ऑनलाइन जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा। डीसी ने सभी वीएलई को जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करते समय सही दस्तावेज अपलोड करने का निर्देश दिया। साथ ही डीसी ने सख्त निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में कोई डुप्लिकेट आवेदन नहीं होने चाहिए, इसका विशेष ध्यान रखें। अगर किसी ने प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना में गलत एंट्री की है तो उसका डिटेल्स शेयर करें। डीसी ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले वीएलई को सम्मानित किया जाएगा।