- झारखंड के गांवों से आने वाले खिलाड़ी राज्य व देश का नाम रौशन कर रहे हैं : विक्रम
देवघर/नगर संवाददाता। सोमवार को जिले के सारवां प्रखंड के डहुआ मैदान में डहुआ प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2023 का उद्घाटन युवा समाजसेवी सह सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विक्रम पत्रलेख, डहुआ पंचायत के मुखिया दिवाकर पासवान, बासुदेव पंडित, मुकेश राउत एवं शाहबाज हुसैन द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इससे पूर्व मैदान में राष्ट्रगान हुआ। उद्घाटन मुकाबला रेड फाइटर डहुआ और हंटर लिंग डहुआ के बीच खेला गया। जिसमें रेड फाइटर के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। मौके पर विक्रम पत्रलेख ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि आजकल खेल के क्षेत्र में गूदडी के लाल गांव से ही निकल कर देश का नाम रौशन कर रहे हैं। खेल में हार और जीत लगा रहता है। हारने वाले टीम के खिलाड़ियों को इससे निराश होने की जरूरत नहीं है, बल्कि आगे बेहतर प्रदर्शन करने की ओर ध्यान देना चाहिए। वहीं जीत हासिल करने वाली टीम के खिलाड़ियों को अतिउत्साही नहीं होना चाहिए और अपने प्रदर्शन में आगे और निखार लाने की ओर ध्यान देना चाहिए। महेंद्र सिंह धौनी, दीपिका कुमारी, सावित्री पूर्ती इशान किशन जैसे खिलाड़ी हमारे झारखंड के गांवों से आते हैं और राज्य व देश का नाम रौशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति के सदस्यों को धन्यवाद दिया। मौके पर आयोजन समिति के अहमद रजा, छोटू राउत, प्रकाश पासवान, घनश्याम पासवान, नीरज सिंह, राजेश यादव, समसुल मियां, उज्ज्वल राय, निसार अहमद, विक्रम राय, फारूक अंसारी, रोहित मिर्धा समेत टीम बादल के सदस्य सहित अन्य क्रिकेट प्रेमी दर्शक रहे मौजूद थे।
अमर बाउरी व जेपी पटेल को भाजपा नगर अध्यक्ष ने दी बधाई
देवघर/नगर संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी झारखंड के अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह चंदनकियारी विधायक अमर बाउरी को भाजपा विधायक दल प्रतिपक्ष का नेता तथा जेपी पटेल को विधानसभा का मुख्य सचेतक मनोनीत किए जाने पर देवघर नगर भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर खवाड़े ने खुशी का इजहार करते हुए बधाई दी है। उन्होंने दोनों नेताओं से वर्तमान झारखंड सरकार को घेरने में अपनी मुख्य उपस्थिति जाहिर करने की भी आशा रखते हुए, आने वाले दिनों में किस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बना सके इस निमित्त विधानसभा से झारखंड के जनता को यह संदेश देने का काम करेंगे। ऐसा विश्वास दोनों विधायकों के प्रति जाहिर किया है। भाजपा देवघर नगर के मनोज भार्गव, सागर झा, संजय गुप्ता, रमेश राय, मीणा झा, संध्या कुमारी सहित सभी कार्यकर्ताओं ने बधाइयां दी है।
अभाविप ने देवघर महाविद्यालय मैदान में चलाया स्वछता अभियान
देवघर/नगर संवाददाता। सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वरुण शर्मा के नेतृत्व में देवघर महाविद्यालय के ग्राउंड में स्वच्छता अभियान कॉलेज में चलाया गया। देवघर महाविद्यालय में गंदगी का अंबार लगा हुआ है और खेलने के मैदान पर जगह जगह गड्ढा बना हुआ है। छात्र नेता वरुण शर्मा व सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने संयुक्त रूप से कहा कि श्रावणी मेले में ड्यूटी कर रहे जवानों को देवघर कॉलेज के मैदान में ठहराया गया था। जिसके चले जाने के बाद मैदान में जगह-जगह गड्ढा बना हुआ है। सेना की तैयारी के लिए कई छात्र सुबह दौड़ करने के लिए मैदान में आते है। मैदान में गड्ढा और गंदगी होने के कारण से सेना भर्ती के तैयारी कर रहे युवाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सभी छात्रों ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि मैदान को साफ कराया जाए और गड्ढे को भराया जाए। जिससे की तैयारी कर रहे युवा पहले जैसी तैयारी पुन: शुरू कर सके। मौके पर अक्षय सिंह, अनीश कुमार, सोनू कुमार सहित अन्य छात्र मौजूद थे।
अभाविप की बैठक में देवघर महाविद्यालय इकाई के पुनर्गठन पर हुई चर्चा
देवघर/नगर संवाददाता। सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की देवघर महाविद्यालय के प्रांगण में बैठक हुई। बैठक की विधिवत शुरूआत देवघर महाविद्यालय के अध्यक्ष गौरव राज ने परिषद गीत, परिचय एवं विषय प्रवेश से किया गया। बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा किया गया। जिसमें महाविद्यालय इकाई पुनर्गठन एवं आगामी कार्य को लेकर चर्चा हुई। बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित देवघर जामताड़ा विभाग के विभाग संयोजक शुभम राय ने पिछले एक साल के कार्यों की समीक्षा की एवं आगामी इकाई पुनर्गठन पर योजना बनाया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वरुण शर्मा एवं विनय राय ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा हर साल इकाई का पुनर्गठन किया जाता है। अभाविप इकाई में वैसे ही छात्रों को और कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाता है जो पिछला एक साल कैंपस में सक्रिय रूप से कार्य किया हो। मौके पर उपाध्यक्ष शुभम सिंह, सौरव सिंह, सूरज चौधरी, गौरव झा, मीडिया प्रभारी अभिजीत सिंह, मोहीत, प्रगति, अभिनव मिश्रा, राहुल श्रीवास्तव, ललन आदि उपस्थित थे।
दैनिक कर्मी के निधन पर ननि डिपो में शोकसभा का आयोजन
देवघर/नगर संवाददाता। सोमवार को देवघर नगर निगम डिपो परिसर में शोक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें 25 सालों से देवघर नगर निगम में अपनी सेवा दे रहे दैनिक कर्मी सदानंद रावत की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया गया और मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। बता दें कि मृतक सदानंद कुछ महीनों से बीमार थे। उनके देहांत की खबर सुनकर सारे कर्मचारी शोकाकुल हो गए। फेडरेशन के द्वारा नगर आयुक्त को इसकी सूचना दी गई, तत्पश्चात नगर आयुक्त के आदेश पर निगम डीपू परिसर में सारे कर्मचारी 1 मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति का प्रार्थना किया। वहीं फेडरेशन के अध्यक्ष संजय मंडल ने बताया की जीवन का यह लीला एक दिन सभी को खत्म हो जाएगा। इस दुख की घड़ी में उनके आत्मा को शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। उनके परिवार को इस दु:ख की घड़ी में हिम्मत दे। फेडरेशन उनके परिवार के साथ दु:ख की घड़ी में साथ है। शोकसभा में बिरजु राम, सुनील राम, रौशन राम, प्रदीप राम, किसान राम, सफाई निरीक्षक श्यामसुंदर राव सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
भुखमरी की समाप्ति के बाद ही सार्थक होगा विश्व खाद्य दिवस
देवघर/वरीय संवाददाता। संथाल परगना चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्य अजय कुमार ने विश्व खाद्य दिवस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस दिवस को मनाने का मूल उद्देश्य है भुखमरी की समस्या व खाद्य संकट के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करना और कुपोषण तथा गरीबी के खिलाफ संघर्ष को मजबूती देना। विकासशील देश हो या विकसित देश सभी जगह हालात कमोबेश भुखमरी के मामले में एक समान ही है।
सौहार्दपूर्ण माहौल में दशहरा पूजा मनाने की अपील
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड इंटक (राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस) के प्रदेश सचिव अजय कुमार एवं देवघर जिला इंटक के जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा ने लोगों से सौहार्दपूर्ण माहौल में दशहरा पूजा मनाने की अपील करते हुए कहा कि अफवाह और अशांति फैला कर भाईचारे से परिपूर्ण वातावरण को विषाक्त बनाने वाले असामाजिक तत्वों से सतर्क एवं सजग रहें तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं।
दीप जलाकर बाल विवाह के खिलाफ एकत्र हुए देवघर वासी
-जिले के सभी प्रखंडों के गांव-गांव में जागरूकता रथ का कार्यक्रम
देवघर/वरीय संवाददाता। कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन फाउंडेशन और जिला प्रशासन के सहयोग से जिले के 10 प्रखंडों में राज्यव्यापी बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत चेतना विकास ने जन जागरूकता के लिए जागरूकता रथ गांव-गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न प्रखंडों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य देवघर के गांव-गांव को बाल संरक्षित गांव बनाने के लिए प्रेरित करना है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण- 5 (एनएचएफएस-2019-21) के आंकड़ों के अनुसार पूरे देश में 20 से 24 आयुवर्ग के बीच की 23.3 प्रतिशत युवतियों का विवाह 18 वर्ष की होने से पहले ही हो गया था जबकि देवघर जिले में 49.2 प्रतिशत लड़कियों का विवाह 18 वर्ष की होने से पहले हो गया था।
चेतना विकास की निर्देशिका रानी कुमारी ने कहा, ”बाल विवाह वो अपराध है जिसने सदियों से हमारे समाज को जकड़ रखा है। लेकिन बाल विवाह मुक्त बनाने के प्रति दिखाई गई समुदाय और बच्चों की प्रतिबद्धता और प्रयास जल्द ही एक ऐसे माहौल और तंत्र का मार्ग प्रशस्त करेंगे जहां बच्चों के लिए ज्यादा सुरक्षित और खुशनुमा वातावरण होगा। हम सब के सम्मिलित प्रयासों द्वारा उठाए गए कदमों और सरकार द्वारा लागू किए गए कानूनों के साथ समाज व समुदाय की भागीदारी 2030 तक निश्चय ही हमारे देश को बाल विवाह मुक्त भारत सुनिश्चित करेंगी।” देवघर जिले के पालोजोरी, मधुपुर, देवघर प्रखंडों के गांवों में पूरे दिन इस अभियान के समर्थन में उतरे लोगों की चहल-पहल रही और इस दौरान विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान बाल विवाह के विरुद्ध शपथ, छात्र-छात्राओं के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता, क्विज, वाद-विवाद प्रतियोगिता, समुदाय के बीच बाल विवाह का स्वास्थ्य पर दुष्परिणाम पर परिचर्चा, हितधारकों एवं समुदाय के साथ बाल-विवाह के विरुद्ध मानव श्रृंखला बनाते हुए शपथ जैसे तमाम कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
सूरज ढलने के बाद सैकड़ों लोगों ने दीप प्रज्वलित कर लोगों को जागरूक करते हुए संदेश दिया कि देवघर में बाल विवाह की कोई जगह नहीं है। इस दौरान विवाह समारोहों में अपनी सेवाएं देने वालों जैसे कि शादियों में खाना बनाने वाले हलवाइयों, टेंट-कुर्सी लगाने वालों, फूल माला बेचने व सजावट करने वालों, पंडित और मौलवी जैसे पुरोहित वर्ग को जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया गया। अभियान के दौरान 62 विद्यालयों में प्रार्थना सभा के साथ शपथ, 24 विद्यालयों में क्विज, 13 विद्यालयों में रंगोली एवं 15 विद्यालयों में पेंटिग द्वारा बाल-विवाह का विरुद्ध बच्चों ने अपना संदेश दिया। वहीं 8 स्थानों पर हितधारकों एवं समुदाय के द्वारा परिचर्चा, 8 स्थानों पर रैली, 6 स्थानों पर मानव श्रूंखला एवं 18 स्थानों पर दीप प्रज्वलित किया गया। देवघर के कई थाना में पुलिस प्रशासन ने भी दीप प्रज्वलित करके इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। इस अभियान में चेतना विकास के सीनियर कार्यकर्ता, पंचायत सहजकर्ता, सभी विद्यालयों के शिक्षकों एवं विभिन्न हितधारकों की अहम भूमिका रही।
सदस्य मनोयन पर बधाई
देवघर/वरीय संवाददाता। हिंदी विद्यापीठ के मीडिया प्रभारी शम्भू नाथ सहाय विश्व कायस्थ महासंघ के सदस्य मनोनीत किये गए हैं। इस संदर्भ में महासंघ के द्वारा श्री सहाय को परिचय पत्र भी मुहैया करा दिया है। इस बीच विश्व कायस्थ महासंघ के सदस्य चुने जाने पर चित्रांश समाज के साथ ही विद्यापीठ परिवार ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए शम्भू सहाय को बधाई दी है।
जैन मंदिर में धूमधाम से मनाया गया महाराज अग्रसेन जयंती
- महिलाओं व बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोहा
देवघर/नगर संवाददाता। सोमवार को स्थानीय जैन मंदिर के सभागार में महाराज अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाई गई। जयंती के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच में स्थापित अग्रसेन जी की मूर्ति पर पुष्पांजलि दी गई एवं जैन मंदिर के सभागार में बच्चों महिलाओं द्वारा कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कई वक्ताओं ने अग्रसेन जी पर एवं समाज में हो रही कुरीति पर प्रकाश डाला। जिसमें पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष गोविंद प्रसाद डालमिया, ज्ञानेश तुलस्यान, सचिन सुल्तानियां, विमल अग्रवाल, अशोक डालमिया, सुरेंद्र सिंघानिया एवं कई वक्ताओं ने अपने विचार रखें। कार्यक्रम में महाराज अग्रसेन के ऊपर एवं उनकी जीवनी के ऊपर सभी वक्ताओं ने समाज के युवा वर्ग एवं समाज के लोगों को बताया कि महाराज अग्रसेन राम के पुत्र कुश के 34वीं पीढ़ी में थे। इन्होंने अपने पिता वल्लभ जी के साथ 15 वर्ष की आयु में महाभारत के युद्ध में भी शामिल हुए। अग्रेशन जी का विवाह नागकन्या के साथ हुआ। सूर्यवंशी अग्रसेन ने हिसार के अग्रोहा में अग्रोहा धाम की स्थापना की। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन राजकुमार शर्मा द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम आयोजन के संयोजक सरवन बथवाल एवं विमल खेतान थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में अग्रवाल सम्मेलन के प्रमंडलीय उपाध्यक्ष शिव सर्राफ, जिला महामंत्री प्रमोद खोवाल, संतोष गुड़गुटिया, राकेश सिंघानिया, शोभा बथवाल, नम्रता बथवाल सहित समाज के अन्य लोगों की अहम भूमिका रही।
भौरा जमुआ स्वास्थ्य उपकेंद्र का विधायक ने किया शिलान्यास
देवघर/वरीय संवाददाता। मोहनपुर प्रखंड के मेदिनीडीह पंचायत अंतर्गत भौरा जमुआ गांव में स्वास्थ्य उप केंद्र का शिलान्यास स्थानीय विधायक नारायण दास ने किया। मौके पर विधायक ने कहा कि इस उप स्वास्थ्य केंद्र के बन जाने से यहां की जनता को दूर दराज के अस्पतालों में जाना नहीं पड़ेगा। यह अस्पताल सभी सुविधाओं से लवरेज रहेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं का जानकारी ग्रामीण रखें ताकि उसका समुचित लाभ ले सके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि अपने बच्चों को खासकर बेटियों को शिक्षा से जोड़े ताकि वह अपने गांव, पंचायत, जिला का नाम रौशन कर सके। मौके पर मुखिया उमेश यादव ने कहा कि यह उप स्वास्थ्य केंद्र स्कूल में चल रहा था लेकिन सबों के प्रयास 6 डिसमिल जमीन में इसका निर्माण होगा जिसमे 55 लाख रूपया खर्च होंगे। इस अवसर पर प्रमोद यादव, दिलीप कुमार यादव, अनिल अग्रवाल सहित सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित थे।
महिला के गले से चेन छिनतई
देवघर/संवाददाता। देवघर शहरी इलाके में छिनतई की घटना रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन किसी महिला का चेन तो कभी किसी का मोबाइल सरेशाम छिनतई कर ली जा रही है। छिनतई करने वालों ने नगर पुलिस को नाकोदम कर रखा है। पिछले कई दिनों से शहरी नगर पुलिस द्वारा बाइक पेट्रोलिंग सहित दो चार पहिया वाहनों से गश्ती की जा रही है, लेकिन छिनतई करने वाले बदमाश हर दिन घटना को अंजाम देकर फरार हो जा रहे हैं। ताजा मामला रविवार की शाम का है नगर थाना इलाके के बिलासी बरगाछ के पास की रहने वाली एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने गले से चेन की छिनतई कर लिया और फरार हो गये। इसे लेकर बिलासी बरगाछ निवासी मनोज कुमार ने नगर थाना में मामला दर्ज कराया है। बताया जाता है कि महिला घर के पास ही कुछ दूरी पर टहल रही थी। उसी क्रम में बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और बाइक को महिला के सामने लगा दिया और जब तक वह कुछ समझ पाती उसके गले से चेन खींचकर बदमाश फरार हो गया।
बाइक चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना इलाके के विलियम्स टाउन मोहल्ला से एक बाइक चोरी कर लिये जाने का मामला सामने आया है। इसे बाबत शिवनन्दन वर्णवाल ने नगर थाना में मामला दर्ज कराया है। कहा है कि वह अपनी बाइक को घर के सामने लगा कर अंदर चला गया। कुछ देर बाद जब वापस लौटा तो बाइक गायब मिली। आसपास काफी खोजबीन किया लेकिन बाइक नहीं मिली। नगर पुलिस मामला दर्ज कर पड़ताल में जुट गयी है।
घर घुसकर मारपीट करने को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। जिले के देवीपुर थाना में घर में घुसकर मारपीट करने को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला देवीपुर लंबा गांव निवासी राधिका देवी ने दर्ज करायी है। कहा है कि गांव के ही लखन यादव, सोनू दास, प्रमोद दास, उमेश दास और सुनील दास अचानक घर मेंे घुसकर गाली-गलौज करने लगा। जब उसका बेटा भोला दास उन सबोंे को गाली-गलौज करने से मना किया तो सभी लोग लाठी-डंडा से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। जब वह बीच-बचाव करने लगी तो उसके साथ भी मारपीट की गयी। मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गयी है।
मोबाइल चोरी करते सदर अस्पताल में धराया चोर
देवघर/संवाददाता। सदर अस्पताल में मरीज का मोबाइल चोरी करते एक चोर को रंगेहाथ वहां उपस्थित परिजनों ने दबोच लिया और बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाबत देवीपुर थाना इलाके के बिरनिया निवासी बॉबी देवी ने बताया कि उसकी बेटी प्रिया कुमारी को ऑपरेशन से लड़का हुआ था। उसे बच्चा वार्ड में भर्ती किया गया है। सोमवार को दोपहर के समय एक व्यक्ति आया और उसकी बेटी के बेड पर रखे मोबाइल को लेकर भागने लगा। चिल्लाने के बाद आसपास खड़े अन्य मरीज के परिजन दौड़कर पहुंचे। उक्त चोर का खदेड़कर पकड़ लिया। उसके पास से चोरी का मेाबाइल भी बरामद कर लिया गया। उपरांत चोर को सदर अस्पताल स्थित पुलिस के हवाले कर दिया। मोबाइल चोर जसीडीह थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जाता है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी।
विनय बने सातर खोरपोशा के पैक्स अध्यक्ष
देवघर/संवाददाता। सदर प्रखंड के सातर खोरपोशा पंचायत में शांतिपूर्वक पैक्स का चुनाव संपन्न हुआ। पैक्स अध्यक्ष के रूप में विनय कुमार देव को चुन लिया गया। उन्हें कुल 165 मत मिले जबकि मनोज राउत को 135, संजय यादव को 130 और भागन दास को मात्र 20 मत मिला। मौके पर निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में सदर प्रखंड के कमलेश कुमार झा उपस्थित थे। निर्वाचन कार्य मतदान के माध्यम से कराया गया।
सड़क हादसे में दो घायल
देवघर/संवाददाता। सड़क हादसे में घायल दो महिला को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल महिलाओं में स्वर्णिमा देवी और कौशल्या देवी के नाम शामिल हैं। दोनों गिरिडीह जिला के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के छोटकीखरगडीहा की रहने वाली है। बताया जाता है कि ये सभी लोग नवरात्र को लेकर सुल्तालगंज गंगा स्नान करने गयी थी। लौटने के क्रम में रविवार की शाम को मैजिक वाहन सुईया पहाड़ी के पास पलट गयी। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गयी। उनके साथ आ रहे लोगों ने एंबुलेेंस के माध्यम से सभी को इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है।