मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय एक मोहल्ला की रहने वाली युवती को शादी का झांसा देकर लगातार यौन शोषण करने और गर्भ में पल रहे बच्चे को नष्ट करने का दबाव देने का मामला पुलिस ने दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस को लिखित शिकायत करते हुए कहा है कि विगत 10 वर्ष पूर्व पश्चिम बंगाल बर्नपुर, रामबांध बंधन मैरिज हॉल निवासी जो दूर का रिश्तेदार है रोहित कुमार रजक पिता अशोक कुमार रजक से जान पहचान हुई थी। वर्ष 2019 में परिजनों द्वारा हम दोनों की शादी के संबंध में बात-विचार हुआ और सहमति भी बनी। इसके उपरांत रोहित नजदीक आने लगा और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया। यह सिलसिला लगातार मार्च 2023 तक चला। बीच-बीच में रोहित से शादी के बारे में बोलती तो वह टाल-मटोल करता था। चार वर्षों में रोहित कई बार शारीरिक संबंध बनाया। मार्च 2023 में पता चला कि दो माह की गर्भवती है। यह बात रोहित को बताते हुए मान सम्मान बचाने के लिए जल्द शादी करने की बात कही। जब घरवालों को इस मामले की जानकारी हुई तो रोहित के परिजनों से शादी की बात किए लेकिन बात नहीं बनी। इस बीच रोहित से फोन पर बात की तो बोला कि पहले गर्भ में पल रहे बच्चे का गर्भपात कराओ, तब तुमसे शादी करूंगा। गर्भपात करने से इंकार करने पर रोहित शादी करने से साफ मुकर गया। युवती ने मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामला दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई में जुटी है।
दिल्ली पुलिस द्वारा पत्रकारों को हिरासत लिये जाने को जलेस ने की भर्त्सना
मधुपुर/संवाददाता। जनवादी लेखक संघ मधुपुर इकाई द्वारा एक बैठक कर अभिव्यक्ति की आजादी पर हो रहे हमले का प्रतिकार करते हुए इस घटना की निंदा की गई। मौके पत्रकार, लेखक, शायर व कवि मौजूद थे।
मौके पर जनवादी लेखक संघ के प्रांतीय सह सचिव साहित्यकार धनंजय प्रसाद ने कहा कि कल दमनकारी रवैया के तहत दिल्ली पुलिस ने पत्रकारों व लेखकों को जबरन हिरासत में लिया गया। न्यूज क्लिक के कार्यालय में तालबंदी किया जाना अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला है। इन पत्रकारों व लेखकों का दोष बस यही रहा कि वह सच्चाई को उजागर करते रहते थे। इस घटना के विरुद्ध देश भर के जनवाद पसंद पत्रकार, लेखक, संस्कृतिकर्मी व सिविल सोसाइटी द्वारा सरकार की दमनकारी रवैया क प्रतिकार किया जा रहा है।
जलेस के सचिव अरुण निर्झर ने कहा कि पत्रकार व लेखक पर इस तरह की दमनात्मक रवैया ठीक नहीं है। इस तरह की घटना की निंदा ही नहीं पुरजोर विरोध होना चाहिए। मौके पर निसार, सुखदेव आदि कई लोग उपस्थित थे।
शोकसभा में शामिल शिक्षक व छात्र
शिक्षक के निधन पर विद्यालय में शोकसभा
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड क्षेत्र अंर्तगत बसकूपी उत्क्रमित उच्च विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापक छेदी मंडल का आकस्मिक निधन से प्रखंड के विद्यालय में शोक सभा आयोजित कर दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया। जानकारी के अनुसार सहायक अध्यापक छेदी मंडल करमाटांड़ में रहते थे। वहां से ट्रेन पकड़ने के लिए विद्यासागर रेलवे स्टेशन आए थे। बताया जाता है वह दीवाल फांदने के दौरान गिर गये जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही विद्यासागर रेलवे स्टेशन के जीआरपी, रेलवे सुरक्षा बल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया। जहां पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में सहायक अध्यापक संघ के प्रखंड अध्यक्ष किशोर कुमार यादव ने बताया कि वह एक नेक इंसान के साथ कर्तव्य निष्ठ एवं ईमानदार सहायक अध्यापक थे। छेदीलाल मंडल की मौत की खबर सुनते ही प्रखंड के विद्यालयों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रखंड के विद्यालयों में शोक सभा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई’ वहीं मौत की सूचना पाने के बाद प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों सहायक अध्यापक उनके पैतृक गांव कोलडीह पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दिया। कहा दुख के इस घड़ी में सभी शिक्षक उनके साथ हैं। उनके मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बुरा है। मौके पर सहायक अध्यापक संघ के प्रखंड अध्यक्ष किशोर कुमार यादव, सचिन रवानी, दीपक सिंह, जर्मन तुरी, कृष्ण प्रकाश, सतीश साव, दिनेश कुमार चौधरी, उदय कुमार चौधरी, मिथिलेश चौधरी, संजय मिश्रा, अमरकांत चौधरी अमर कुमार चौधरी, ओम प्रकाश सिंह सहित दर्जनों सहायक अध्यापक एवं शिक्षक मौजूद थे।
तीन सदस्यीय डाक्टरों की जांच टीम पहुंची अनुराग अस्पताल
- टीम ने ओटी, आईसीयू एवं इमरजेंसी वार्ड का किया निरीक्षण
जांच को लेकर अनुराग अस्पताल पहुंची टीम
मधुपुर/संवाददाता। घटना के सात दिन बीत जाने के बाद बुधवार को जांच टीम अनुराग अस्पताल पहुंची। नर्स निशा की मौत मामले में सिविल सर्जन द्वारा गठित तीन सदस्यीय डाक्टरों की टीम पत्थलचपटी स्थित अनुराग अस्पताल पहुंची। मेडिकल जांच टीम ने अस्पताल के ओटी, आईसीयू, डॉक्टर चैंबर, इमरजेंसी आदि स्थानों का बारिकी से निरीक्षण किया। टीम में शामिल डॉक्टर शंकर लाल मुर्मू, डॉक्टर प्रेम प्रकाश, डॉक्टर प्रज्ञा भगवती ने कई स्थानों की फोटोग्राफी किया। रिसेप्शन के अभिलेखों को देखा। डॉक्टर, नर्स और अस्पताल के कर्मचारियों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। मेडिकल जांच टीम के साथ मजिस्ट्रेट विनय कुमार पांडेय, इंस्पेक्टर राम दयाल मुंडा भी उपस्थित थे। सिविल सर्जन द्वारा गठित मेडिकल जांच टीम अनुराग अस्पताल की जांच के बाद कोलकाता स्थित उन अस्पतालों में भी जाकर जांच करेगी जहां निशा का इलाज किया गया था। कोलकाता के डॉक्टरों से भी निशा की मौत के संबंध में जानकारी ली जाएगी। मेडिकल जांच टीम में शामिल डॉक्टरों ने बताया कि जांच के संबंध में वह कोई जानकारी नहीं दे सकते हैं। जांच रिपोर्ट सीएस को सौंपा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर सीएस कार्रवाई करेंगे। बता दंे घटना के बाद निशा की मौत के बाद अस्पताल के पास हंगामा पर मधुपुर पुलिस ने सिविल सर्जन देवघर को पत्र देकर निशा की मौत मामले से अवगत कराया था। जानकार बताते हैं किसी भी डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगता है तो सिविल सर्जन द्वारा मेडिकल बोर्ड से जांच रिपोर्ट लेने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
समकालिन अभियान में तीन वारंटी की हुई गिरफ्तारी
सोनारायठाढ़ी/संवाददाता। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार की रात थाना एएसआई समरेश सिंह व पंकज कुमार के नेतृत्व में रात्रि समकालीन अभियान चलाया गया। जिसमें कोल्हडिया गांव के एनबीडब्ल्यू के वारंटी रघुनाथ मंडल, किंकर मंडल व उपर नावाडीह गांव के कांड संख्या 38/22 के प्राथमिकी अभियुक्त वसीम अंसारी को गिरफ्तार किया गया है।
दोदिंया पंचायत में मूसलाधार बारिश ने चार लोगों का आशियाना छीना
सोनारायठाढ़ी/संवाददाता। दोन्दिया पंचायत में हो रहे मूसलाधार बारिश ने तीन लोगों का आशियाना छीन लिया। इस बाबत पंचायत के मुखिया ने जयकांत यादव ने बताया कि बेहराटांड़ गांव के मेलचा सोरेन, झुनकी गांव के शंभु रवानी व दौंदिया गांव के दिलीप यादव व हेठगड़गड़िया गांव के ससुरा बीबी का घर मूसलाधार बारिश में गिर गया। पीड़ितों ने प्रखंड प्रशासन से मदद की गुहार लगायी है।
बारिश से गिरा मिट्टी का घर, मदद की गुहार
मारगोमुंडा/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र में लगातार कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से लहरजोर पंचायत के भोड़ाडाबर गांव के देव हेंब्रम और बरबाद गांव ईश्वर टुडू के मिट्टी-खपरैल का मकान ढहने लगा लगा है। परिजनों ने बताया की लगातार कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से आधा घर ढह गया है एवं घर के पूरे दीवाल गीला हो चुका है जो गिरने के कगार पर है। पीड़ित परिजनों ने स्थानीय पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सब्बीर अंसारी को गिरे घर को दिखाते हुए मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है। मौके पर पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सब्बीर अंसारी ने कहा पीड़ित परिजनों को प्रखंड प्रशासन से मुआवजा दिलाने को लेकर हरसंभव प्रयास किया जाएगा। वहीं क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश की वजह से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
मनोज बने पाथरोल पैक्स अध्यक्ष, समर्थकों मंे जश्न का माहौल
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर अनुमंडल के पाथरोल पैक्स अध्यक्ष के पद पर मनोज कुमार सिन्हा ने कब्जा जमाया।वही जीत की घोषणा के साथ ही मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष मनोज कमार सिन्हा ने कहा कि पैक्स की योजनाओं को किसानों तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। पैक्स अध्यक्ष पद का चुनाव बुधवार को निर्वाची पदाधिकारी सह बीसीओ कमलेश कुमार झा, कोऑपरेटिव पदाधिकारी सुबोध कुमार सिंह एवं अनुसेवक जयराम साह के देखरेख में मतदान केंद्र पर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से मतदान आयोजित किया गया।इस दौरान निर्वाची पदाधिकारी सह बीसीओ कमलेश कुमार झा ने बताया कि पाथरोल पैक्स अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में कुल 242 मतदाताओं ने अपना मताधिकार का उपयोग किया।इसमें मनोज सिन्हा ने सर्वाधिक 113 मत लाकर चुनाव में जीत हासिल किया। जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी सुरेश चौधरी को 75 एवं पिंटू आचार्य को 53 मत प्राप्त हुआ। इसके साथ ही 38 मतों से मनोज सिन्हा ने जीत हासिल किया। वहीं चुनाव पपरिणाम आने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष को पंचायत के मुखिया बद्री नारायण साह समेत अन्य जनप्रतिनिधि के द्वारा माला पहनकर स्वागत करते हुए जीत की बधाई दी। समर्थक द्वारा जमकर जश्न मनाया गया।
पुलिस इंस्पेक्टर ने की अपराध समीक्षा बैठक
सारवां/संवाददाता। सारवां पुलिस अंचल कार्यालय में पुलिस इंस्पेक्टर राजेंद्र टुडू द्वारा अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके द्वारा क्षेत्र में अवैध उत्खनन पर कड़ी नजर रखने का निर्देश देते हुए विभिन्न लंबित कांडों के उद्भेदन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। मौके पर फरार अपराधियों व वारंटियों की छापेमारी कर गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। वहीं पुराने कांडों की समीक्षा के क्रम में त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया। मौके पर थाना प्रभारी प्रदीप लकड़ा, रीडर कुणाल कुमार, अशोक मिर्धा के अलावा अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित थे।
सीएचसी में हुई टास्क फोर्स की बैठक
सारवां/संवाददाता। सारवां/संवाददाता। सारवां सीएचसी कार्यालय में 9 से 11 तक चलने वाले फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को लेकर प्रखंडस्तरीय टास्क फोर्स की बैठक बीडीओ जहुर आलम की अध्यक्षता में की गई। इस अवसर पर फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाने के लिये जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों का सहयोग लेने के साथ फाइलेरिया प्रभावित गांवों में रक्तपट संग्रह करने का निर्णय लिया गया। मौके पर पहारिया पंचायत के रतुरा में व लखोरिया पंचायत के गोंदलवारी गांव में रात्रि रक्तपट संग्रह करने में ग्रामीणों से सहयोग की अपील की गई। मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाध्किारी डॉ बीके सिन्हा, मलेरिया निरीक्षक मनोज पांडे, बीडीएम प्रशांत कुमार, एमटीसी जनार्दन यादव, नेत्र सहायक अनिल कुमार दास, पयवेक्षिका सुनीता कुमारी, अनिता कुमारी, स्नेहलता कुमारी के साथ अन्य सदस्यों ने बैठक में हिस्सा लिया।
ग्राम प्रधानों की मासिक बैठक संपन्न
पालोजोरी/संवाददाता। ग्राम प्रधान मांझी संगठन की मासिक बैठक बुधवार को प्रखंड सभागार में प्रभारी अंचल निरीक्षक देवाशीष भूईं की अध्यक्षता में हुई। बैठक में दुर्गा पूजा को ध्यान में रखते हुए लंबित सम्मान राशि का भुगतान, गांव में प्रधानों के सहयोगी के रूप में काम कर रहे लोगों को सम्मान राशि का भुगतान, अंचल में हो रखे सरकारी जमीन के अतिक्रमण को हटाया जाने व ग्रामसभा की अध्यक्षता प्रधान को दिए जाने की मांग रखी गई। मौके पर जिलाध्यक्ष श्रीकांत मंडल, प्रेम प्रसाद साह, सुबल चंद्र दास, गिरधारी चार, कंटू राय, राजू चौड़े सहित अन्य प्रधान मौजूद थे।
रात्रि रक्तपट्ट संग्रह कार्यक्रम
सारठ/संवाददाता। सारठ सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. जियाउल हक के निर्देशानुसार नौ से 11 अक्टूबर तक बामनगामा स्वास्थ्य उप केन्द्र के ग्राम आराजोरी में फाइलेरिया जांच हेतु शिविर लगाया जाएगा तथा 12 से 14 अक्टूबर तक गजियाडीह स्वास्थ्य उप केन्द्र में गजियाडीह और कोरैया गांव में शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं एमटीएस अनिकेत तिवारी ने बताया कि प्रतिदिन 100 रात्रि रक्त पट्ट संग्रह का लक्ष्य है। कुल 600 व्यक्तियों का रात्रि रक्तपट्ट संग्रह करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
लगातार बारिश से जनजीवन हुआ बेहाल
सारठ/संवाददाता। लगातार हो रही बारिश से लोगों का जन-जीवन बेहाल होने के साथ-साथ घर से निकलना भी दुर्लभ हो गया है। रोजमर्रा के धंधों से अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले तथा ठेले में धंधे करने वालों के लिए बारिश से उनके धंधों पर बुरा असर पड़ा है। वहीं सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि लगातार बारिश से सब्जियां खराब होने से आर्थिक क्षति हो रही है। गांव की गलियों एवं सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। देवघर-सारठ मुख्य पथ भी दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहा है। जगह-जगह पर गड्ढे बन गये हैं। आवागमन में लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
खराब चापानल को मुखिया ने कराया ठीक
सारठ/संवाददाता। सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड के बगडबरा पंचायत के हरीपुर, अंगारों और नगड़ों में महीनों से चापानल खराब पड़े रहने के कारण ग्रामीणों को बरसात में पीने के लिए पानी की विकट समस्या उत्पन्न हो गयी थी। जिसे लेकर संबंधित गांवों के ग्रामीणाों ने मुखिया को अवगत कराया। मुखिया अशोक कुमार मंडल ने ग्रामीणों की पेयजल की समस्या को देखते हुए पानी में भींगते हुए उपरोक्त गांवों के चापानल को अपने निजी खर्च से ठीक कराया। इस नेक कार्य के लिए ग्रामीणों ने मुखिया के प्रति आभार जताया है।
वेतन भुगतान की मांग को ले संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा ने किया प्रदर्शन
- अविलंब भुगतान की मांग
चितरा/संवाददाता। कोल इंडिया में लंबित मांग 11वां वेतन समझौता पारित होने के बाद उभरे विवाद के कारण सितंबर माह का मासिक वेतन निर्धारित समय पर भुगतान नहीं होने को लेकर एसपी माइंस चितरा में बुधवार को संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा द्वारा कोल इंडिया के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा के बैनर तले दर्जनों कोयला कर्मियों के साथ स्थानीय श्रमिक नेताओं ने कोलियरी के मुख्य वर्कशॉप गेट के समीप से कोलियरी के क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य द्वार तक विरोध मार्च किया। साथ ही मुख्य द्वार पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए कोल इंडिया के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की गई। वहीं इसीएल के सीएमडी के नाम के मांग पत्र स्थानीय कोलियरी महाप्रबंधक को सौंपा गया। इस संबंध में ट्रेड यूनियन नेता रामदेव सिंह, राजेश राय, पशुपति कोल, बलदेव प्रसाद महतो, निर्मल मरांडी आदि ने के स्वर में कहा कि कोल इंडिया की नीति मजदूर विरोधी होती जा रही है। 11वां वेतन समझौता लागू होने के बाद से कोल इंडिया के अधिकारियों की नजर अपने श्रमिकों पर टेढ़ी कर ली है और वेतन समझौता का लाभ से अधिकारियों को चिढ़ हो गई है, जिससे उन अधिकारियों ने कोर्ट का दरवाजा तक खटखटाया। इतना ही नहीं वर्तमान में कोल कर्मियों की सितंबर माह का मासिक वेतन भुगतान पर भी तत्काल रोक लगा दिया गया है। कहा कि ऐसे मजदूर विरोधी कोल इंडिया के अधिकारियों को सबक सिखाने के लिए आगामी 12 अक्टूबर से तीन दिवसीय हड़ताल किया जाएगा। साथ ही मांग किया कि सितंबर माह का मासिक वेतन का भुगतान अविलंब मजदूरों को किया जाय, अन्यथा धारदार आंदोलन किया जाएगा।
अड़खा लीडर व ट्रक ऑनर एसोसिएशन आमने- सामने
- क्यू सिस्टम को लेकर छिड़ा विवाद
चितरा/संवाददाता। एसपी माइंस चितरा कोलियरी में रोडसेल के तहत कोयला लोडिंग में क्यू सिस्टम लागू होने से इन दिनों अड़खा लीडर व ट्रक ऑनर एसोसिएशन आमने-सामने हो गए हैं और आरोप प्रत्यारोप को लेकर विवाद छिड़ा है। इस संबंध में चितरा कोलियरी स्थित गिरजा कोल डंप के अड़खा लीडर हीरालाल यादव, संतलाल रजक, मुन्ना मिश्रा, पिंटू पाल, जुगनू यादव, जगन्नाथ यादव, अनिल यादव, दशरथ यादव, भागीरथ यादव, रोहित सिंह आदि का आरोप लगाया है कि ट्रक ऑनर एसोसिएशन के सदस्य मजदूरों को दबाव देकर काम करना चाहते हैं। चितरा कोलियरी में कोयला लोड के लिए ट्रकों को क्यू सिस्टम (पहले आओ पहले जाओ ) के अनुसार कोल डंप में ट्रकों को प्रवेश कराया जाता है और कोयला लोडिंग के पश्चात क्यू सिस्टम के अनुसार ही बाहर निकाला जाता है। जिसमें कई तरह की खामियां है। आरोप है कि कोयला लोड कर ट्रक दूसरी गाड़ी के लोड होने के इंतजार में खड़ी रहती हैं। जिससे मजदूरों को लोडिंग का पैसा भी नहीं मिलता है। इतना ही नहीं, दूसरी गाड़ी के इंतजार में मजदूर बैठे रहते हैं। अड़खा लीडर ने मांग करते हुए कहा कि चितरा कोलियरी में कोयला लोडिंग लेने आने वाले ट्रकों को क्यू सिस्टम के अनुसार ही कोल डंप में प्रवेश कराया जाय, लेकिन जो ट्रक वाहन पहले लोड होती है उसे कोल डंप से बाहर निकालने के लिए पहली प्राथमिकता भी दी जाय, ताकि मजदूरों को उसका मजदूरी उचित समय पर मिल सके।
क्या कहते हैं ट्रक ऑनर एसोसिएशन के लोग : इस संबंध में ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष पप्पू भोक्ता व सचिव ललित मिश्रा ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि अपने आप को असंगठित मजदूर कहने वाले अड़खा लीडर खुद ट्रक के मालिक हैं और अपनी रोटी सेंकने के लिए असंगठित मजदूर बनकर बेवजह राजनीति कर रहे हैं। कहा कि चितरा कोलियरी में कोयला लोडिंग कार्य कर रहे मजदूरों को क्यु सिस्टम से किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं है। चितरा कोलियरी में कोयला लोडिंग के लिए आने वाले ट्रक क्यु सिस्टम से ही कोल डंप में जाएंगे और कोल डंप से निकलेंगे और उक्त सिस्टम कोलियरी प्रबंधन द्वारा लागू की गई है और जो सर्वमान्य है।