चकाई। संवाददाता। चैती दुर्गापूजा एवं रामनवमी के दौरान जुलूस में शांति व विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चकाई पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च थानाध्यक्ष राकेश कुमार एवं सीओ राजकिशोर साह के नेतृत्व में चकाई बाजार, चकाई मोड़, नगड़ी, तीनघारा, भगोन, हेठ चकाई, खास चकाई, रामचंद्रडीह सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान थानाध्यक्ष राकेश कुमार एवं सीओ राजकिशोर साह ने लोगों से आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मिलजुल कर रामनवमी पर्व मनाने तथा शांतिपूर्ण माहौल में रामनवमी जुलूस निकालने की अपील की। साथ ही, पुलिस ने फ्लैग मार्च से असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश भी दिया कि जुलूस के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी होने पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। आगे कहा कि पुलिस आम लोगों के सुरक्षा में सदैव तत्पर है। फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल थे।
बिहार विधानसभाध्यक्ष ने प्रदेशवासियों को दी रामनवमी की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं
पटना। संवाददाता। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नन्द किशोर यादव ने समस्त प्रदेशवासियों को श्री राम जन्मोत्सव रामनवमी की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम की असीम कृपा से सबके जीवन में सौहार्द, मर्यादा व संस्कार के पुष्प पल्लवित हों। सबका जीवन सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य एवं खुशियों से परिपूर्ण हो। धार्मिक पुराणों के अनुसार मर्यादा पुरूषोतम भगवान राम का जन्म चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी के दिन पुनर्वसु नक्षत्र तथा कर्क लग्न में हुआ था। हिंदू पंचांग के अनुसार भगवान श्री राम का जन्मोत्सव पर रामनवमी का पर्व मनाया जाता है। भगवान राम का जीवन हमें सदैव सत्य, धर्म और कर्तव्य पालन के लिए प्रेरित करता है।
तीन घरों में लगी आग से 3 लाख की संपत्ति स्वाहा
चंद्रमंडी। संवाददाता। गर्मी बढ़ने के साथ ही प्रखंड में आगलगी की घटनाएं बढ़ गई है। लगभग हर दिन अगलगी की घटना में घर और खलिहान जल रहे हैं। शनिवार को डढ़वा पंचायत के बसबुटिया गांव में भागो यादव के मकान में आग लग जाने से चावल, गेहूं, चौकी, नगदी, बिछावन, कपड़ा, बर्तन, लकड़ी, ग्रुप लोन का पैसा, आलू सहित लगभग दो लाख की संपत्ति स्वाहा हो गई। अग्निशमन विभाग और ग्रामीणों की ओर से किसी तरह आग पर काबू पाया गया अन्यथा आग कई घरों को अपनी चपेट में ले लेता। इसके अलावा दुलमपुर पंचायत के दुलमपुर गांव में शंकर शाह के घर में आग लग जाने से पैसा, धान, चावल, गेहूं आलू सहित पचास हजार की संपत्ति जलकर राख हो गई जबकि चितरडीह निवासी गोविंद राम के घर में आगलगी की घटना में चावल, आलू, गेहूं, कपड़ा, चौकी, मशीन, कीमती लकड़ी सहित एक लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आगलगी की घटना के बाद तीनों परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है और खाने के लिए एक दाना तक नहीं बचा है। प्रखंड प्रशासन की ओर से भी अब तक कोई सहायता प्राप्त नहीं हुई है।
जिला प्रशासन की ओर से चैती नवरात्रा व रामनवमी को लेकर किया फ्लैग मार्च
परंपरागत व वैदिक रीति-रिवाज के अनुकूल पर्व मनाएं और भाईचारा बनाए रखें : डीएम
किसी भी सूरत पर कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : एसपी
जमुई। संवाददाता। समाहर्ता अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद के कुशल नेतृत्व में पदाधिकारियों और जवानों ने जमुई शहर में चैती नवरात्रा और रामनवमी को देखते हुए फ्लैग मार्च किया। श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम से निकलकर कचहरी रोड, महाराजगंज बाजार, थाना चौक, पुरानी बाजार काली मंदिर, नीमा मोड़, भछीयार, खैरा मोड़, बोधवन तालाब, महिसौड़ी चौक, बाईपास रोड होते हुए फ्लैग मार्च पुन: स्टेडियम पहुंचा और यहीं पर इसका समापन किया गया। ओहदेदारों ने शहर का परिक्रमा कर लोगों को प्रशासन की सजगता का संदेश दिया। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने सक्रियता को दर्शाया और भीड़-भाड़ वाले जगहों को ज्यादा तबज्जो दी। इस दरम्यान पुलिस की गाड़ी सायरन बजाते हुए लोगों को अपनी उपस्थिति का आभास कराया। शहर और बाजार के लोगों ने अपने घर की छत, दरवाजे और सड़क पर खड़े होकर अचंभित करने वाले दृश्य का अवलोकन किया। साथ ही, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के जत्थे का मान बढ़ाया।
डीएम ने अमन के माहौल में चैती नवरात्रा और रामनवमी पर्व को मनाए जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि परंपरागत और वैदिक रीति-रिवाज के अनुकूल पर्व मनाएं और भाईचारा बनाए रखें। उन्होंने तल्ख तेवर अपनाते हुए कहा कि किसी भी तरह के अफवाह फैलाने वालों या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों को बक्सा नहीं जाएगा। सभी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को अफवाह और सोशल मीडिया पर नजर रखने को कहा गया है। उन्होंने इस फ्लैग मार्च के जरिए प्रशासनिक चौकसी और सक्रियता का लोगों को आभास कराया।
पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद ने कहा कि बदमाशों पर खास नजर रखी जा रही है। किसी भी सूरत पर कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रमुख पूजा स्थलों, बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों एवं चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने नामित स्थानों पर सीसीटीवी के साथ अत्याधुनिक तकनीक से मॉनिटरिंग किए जाने का ऐलान किया। सोशल मीडिया पर भी गिद्ध दृष्टि रखी जा रही है। संपूर्ण जिला में विधि-व्यवस्था कायम रखने के लिए यथोचित संख्या में जवानों को तैनात किया जाएगा। सभी थाना को सघन गश्ती करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि जिला नियंत्रण कक्ष लगातार 24 घंटे कार्यरत रहेगा। एसपी ने त्यौहार को नियम संगत ढंग से मनाए जाने का संदेश दिया। उन्होंने बेहतर प्रशासन के लिए यथोचित सहयोग की अपील की।
मौके पर एसडीएम अभय कुमार तिवारी, एसडीपीओ सतीश सुमन, डीएसपी मुख्यालय मो. आफताब अहमद, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव मिश्रा, अंचलाधिकारी ललिता कुमारी समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने फ्लैग मार्च में हिस्सा लिया और जज्बे, जोश के साथ जुनून का प्रदर्शन किया।
जमुई के स्कूलों में अगले तीन महीने तक चलेगा गहन निरीक्षण अभियान
जमुई। संवाददाता। जिले के सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षा विभाग की ओर से एक व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जो आगामी तीन माह तक चलेगा। इस अभियान की शुरुआत एक अप्रैल से की जा चुकी है और यह जून माह के अंत तक निरंतर जारी रहेगा। इस निरीक्षण का उद्देश्यास्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना और अन्य व्यवस्थाओं की गहराई से जांच करना है। इस पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी बिहार शिक्षा सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी गई है। राज्य के शिक्षा विभाग के विशेष सचिव सह निदेशक (प्रशासन) की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं। निरीक्षण की प्रक्रिया को संगठित और सुव्यवस्थित ढंग से चलाने के लिए प्रमुख सचिव (शिक्षा विभाग) की ओर से स्कूलों की एक सूची तैयार की जाएगी, जिसमें किन-किन विद्यालयों का निरीक्षण होना है, यह तय किया जाएगा। यह सूची प्रमुख सचिव के कार्यालय से भेजी जाएगी। निरीक्षण के लिए एक नया फॉर्मेट भी तैयार किया गया है, जिसके तहत संबंधित अधिकारी स्कूलों का मूल्यांकन करेंगे। निरीक्षण की सूचना पहले से संबंधित विद्यालयों को नहीं दी जाएगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक स्थिति का आंकलन हो सके। यदि किसी कारणवश अधिकारी निर्धारित तिथि को निरीक्षण नहीं कर पाते हैं, तो उन्हें इसकी जानकारी तत्काल प्रमुख सचिव कार्यालय को देनी होगी।
निरीक्षण के दौरान जिन बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, उसमें स्कूल भवनों और कक्षों की स्थिति, चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, बेंच-डेस्क की संख्या एवं गुणवत्ता, पंखों की कार्यशीलता, मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म, परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्रों की संख्या, स्कूल की अन्य बुनियादी सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं है। निरीक्षण के बाद जो रिपोर्ट तैयार की जाएगी, उसे विशेष सचिव सह निदेशक (जन शिक्षा), आईटी मैनेजर (शिक्षा विभाग) और संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपा जाएगा। आईटी मैनेजर यह सुनिश्चित करेगा कि रिपोर्ट को शिक्षा पोर्टल पर समय से अपलोड किया जाए। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जमुई जिले के स्कूलों की सभी शैक्षणिक, प्रशासनिक और भौतिक व्यवस्थाओं की सूक्ष्मता से जांच की जाएगी, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो सके और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान किया जा सके।
महाष्टमी पर मां दुर्गा की पूजा को लेकर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
महाअष्टमी पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की हुई पूजा
झाझा। संवाददाता। शनिवार को चैती दुर्गामंदिर में चैत्र नवरात्र पर स्थापित की मां दुर्गा व अन्य देवी देवताओं की पूजा को लेकर महाअष्टमी में दुर्गामंदिर में मां के दर्शन और पूजा अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं का तांता अहले सुबह से ही लगने लगा। महाअष्टमी पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा हुई। मंदिर में पूजा अर्चना को लेकर स्थानीय लोगों के अलावे प्रखंड क्षेत्र के दूर दराज इलाको से लोग मंदिर में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किया और महाअष्टमी पर देवी के आठवें स्वरूप महागौरी की आराधना की। महाष्टमी पर अहले सुबह से ही पूजा करने व डलिया चढ़ाने के लिये श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। इस दौरान कई श्रद्धालुओं ने दंडवत देते हुए मंदिर परिसर पहुंचे और मां दुर्गा की पूजा अर्चना की। मंदिर में मां दुर्गा के साथ देवी सरस्वती, लक्ष्मी और भगवान गणेश, कार्तिक की प्रतिमा भी स्थापित की गई। पंडितों ने विधि विधान के साथ मां दुर्गा के साथ स्थापित सभी देवी- देवताओं की पूजा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया। श्रद्धालुओं ने भी पूजा अर्चना करने के बाद सुखमय जीवन की कामना किया। वही कई लोगों ने घरों में माता का दरबार सजाकर पूजा पाठ की। बताते चलें कि शहर में एकमात्र स्थल चैती दुर्गा मंदिर में भव्य रूप से चैत्र नवरात्र मनाई जाती है जिसके कारण लोगों का आस्था का केंद्र बना रहता है। मंदिर में बने भव्य पंडाल और आकर्षक ढंग से सजाए जाने के कारण माता के दरबार की खूबसूरती लोगों को आकर्षित कर रहे है। मंदिर में मां दुर्गा के जयकारे लगने व भक्ति गीत बजने से पूरा वातावरण भक्तिमय में तब्दील है। तो वही मंदिर परिसर के आसपास मेला का माहौल भी बना हुआ है।
दरखा गांव में सम्राट अशोक की मनायी गई जयंती
भारतवर्ष के राष्ट्रनायक, बौद्ध पंथ विस्तारक थे सम्राट अशोक
अलीगंज। संवाददाता। अलीगंज प्रखंड के दरखा गांव में धनेश्वर प्रसाद के आवास में शनिवार को महान सम्राट अशोक की जयंती मनाई गई, जिसकी अध्यक्षता शिक्षाविद धनेश्वर प्रसाद ने की। इस मौके पर दर्जनों बुद्धिजीवी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि सहित लोगो ने महान सम्राट अशोक के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किए। सम्राट अशोक की जयंती के उपलक्ष्य में सभी उपस्थित लोगों के बीच खीर खिलाकर अभिवादन किया। वहीं लॉर्ड ऑफ बुद्धा स्कूल के प्राचार्य धनेश्वर प्रसाद ने सभी लोगों के बीच मौर्य बिहार सम्राट अशोक विशेषांक पत्रिका भेंट करते हुए कहा कि भारतवर्ष के राष्ट्रनायक, बौद्ध पंथ विस्तारक, अखंड भारत के निर्माता, वसुदेव कुटुंबकम के जनक जनमानस के दिलों पर राज करने वाले एवं सम्राटों के सम्राट अशोक का जन्म 304 ईस्वी पूर्व चैत्र शुक्ल अष्टमी को हुआ था। उसी महान व्यक्ति की सम्राट अशोक की जयंती हमलोग पूरे हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौर्य राजवंश में 137 वर्ष तक भारत में राज किया बौद्ध ग्रंथ महावंश मौर्य के उत्पत्ति मोरीय से बताता है, आगे कहता है मौर्य लोग क्षत्रियों के प्रसिद्ध शाक्य राजवंश की शाखा थे, इनका जहां निवास था, वहां बड़ी संख्या में मोर पाए जाते थे, इसीलिए यह लोग मौर्य कहलाए। वहीं श्री प्रसाद ने कहा कि मौर्य साम्राज्य की कला और वास्तु कला की विशेषता स्तंभों व स्तूपों और बहारों का निर्माण था। मौर्य काल की दो सबसे प्रसिद्ध मूर्तियां यक्ष और दक्षिणी की है जिससे व्यापक प्रकृति पूजा का संकेत मिलता है।
पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री नागी पक्षी अभयारण्य केंद्र का किया निरीक्षण
झाझा। संवाददाता। प्रदेश के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने रामसर की सूची में शामिल व प्रदेश का पहला पक्षी महोत्सव से राज्य सहित पूरे देश मेंे चर्चित होने वाला साइबेरियन पक्षियों का सुगम स्थल नागी पक्षी अभयारण्य केंद्र का भ्रमण तथा विभागीय कार्य का निरीक्षण किया। मंत्री ने पक्षी आश्रयणी केंद्र के चारो तरफ निरीक्षण किया और केंद्र पर अलग अलग देशों से आने वाले मेहमान साइबेरियन पक्षियों से जुड़ी विस्तारपूर्वक जानकारी लिया। साइबेरियन पक्षियों के संरक्षण को लेकर केंद्र पर किस तरह की व्यवस्था है, इसकी जानकारी वन प्रमंडल पदाधिकारी से लिया, जिसपर डीएफओ तेजस जायसवाल ने पक्षी संरक्षण कार्यो के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। प्रकृति की गोद में बसा नागी और नकटी पक्षी आश्रयणी केंद्र की भौगौलिक स्थिति की भी जानकारी लिया और नागी-नकटी पक्षी आश्रयणी केंद्र के विकास से जुड़ी कई बिंदुओ पर चर्चा भी वन प्रमंडल पदाधिकारी से लिया। निरीक्षण के दौरान नागी पक्षी अभयारण्य में पक्षी संरक्षण तथा आद्रभूमि को बेहतर बनाने के संबंध में भी मंत्री ने विस्तृत दिशा निर्देश दिए। वही वन प्रमंडल पदाधिकारी ने मंत्री को साइबेरियन पक्षी की तस्वीर स्वरूप भेंट किया। मौके पर विभाग के अधिकारी व अन्य कई लोग मौजूद थे।