जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत एवं जसीडीह रेलवे स्टेशन और रायडीह रेलवे फाटक के बीच अप रेल लाइन स्थित पोल संख्या -320/19-21 के समीप बुधवार को एक करीब 35 वर्षीय शादीशुदा महिला की कटी लाश मिली। सूचना पाकर इंस्पेक्टर सह जसीडीह थाना प्रभारी सत्येन्द्र प्रसाद,सब इंस्पेक्टर सुधीर खलको, अमरनाथ मांझी, मुंशी असरफ खान, अमरजीत, पुलिस बलों एवं आरपीएफ जसीडीह इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार,सब इंस्पेक्टर बीके चौरसिया,आरक्षी अशोक दास घटना स्थल पंहूचे। साथ ही घटनास्थल की छानबीन कर जसीडीह पुलिस ने लाश को कब्जे में कर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। इंस्पेक्टर सह जसीडीह थाना प्रभारी सत्येन्द्र प्रसाद ने बताया कि शव को देखने से प्रतीत होता है कि किसी ट्रेन की चपेट में आने से कट गई और घटना स्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि पहचान के लिए मृतका के पास से कोई चीज बरामद नहीं हुआ है। इस संबंध में जसीडीह थाना में मामला दर्ज कर मृतका की पहचान के लिए छानबीन की जा रही है।
भीम आर्मी ने सीएम के नाम ज्ञापन डीसी को सौंपा
देवघर/वरीय संवाददाता। भीम आर्मी भारत एकता मिशन व आजाद समाज पार्टी (देवघर) द्वारा सीएम के नाम ज्ञापन डीसी को सौंपा गया है। जिसमें पलामू जिला के पांकी विधायक शशिभूषण मेहता का मुस्लिम समुदाय के प्रति असंवैधानिक एवं दंगा फसाद कराने वाली बयानबाजी किया गया जिसका वीडियो वायरल हुआ है। उनके द्वारा किए गए इस तरह की बयानबाजी से राज्य में आपसी सौहार्द और सद्भावना बिगड़ने का खतरा है। इसलिए भाजपा विधायक शशिभूषण मेहता पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। हजारीबाग जिला के बार एसोसिएशन में दलित अधिवक्ता विवेक बाल्मीकि के साथ स्वर्णों द्वारा जाति सूचक गलियां देते हुए मारपीट किया गया एवं एससी एसटी ओबीसी समाज को गाली-गलौज किया गया। जिसका वीडियो वायरल हुआ है। इस संबंध में सदर थाना में कांड संख्या 445/23 दर्ज कराया गया जिसमें सभी अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी कराई जाए।
धनबाद जिला के तोपचांची थाना में एक दलित छात्रा के साथ किए गए छेड़खानी और अभद्रता के बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गई जिसका कांड संख्या 143/23 है लेकिन प्रशासन के द्वारा किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं की जा रही है। अविलंब अपराधी की गिरफ्तारी कराई जाए।
गढ़वा जिला में दलित व्यक्ति मनोज राम की अपराधियों ने हत्या कर दी जिस संबंध में गढ़वा थाना में कांड संख्या 454/23 दर्ज किया गया। घटना हुए लगभग 1 महिना बीत जाने के बाद भी आज तक किसी भी अभियुक्त की गिरफ्तार नहीं की गयी जबकि सभी अपराधी नामजद हैं। तत्काल हत्यारे की गिरफ्तारी कराई जाए। हजारीबाग के हेदलाग ग्राम में दलित महिलाओं के साथ बदसलूकी व बुरी तरह से मार-पीट कर कर गंभीर रूप से जख्मी किया गया जिस संबंध में चार जुलाई 2023 को कटकमसांडी थाना में कांड संख्या 310/23 दर्ज होने के बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं की जा रही। अविलंब गिरफ्तारी की मांग गयी है।
सबैजोर पंचायत के देवली गांव का विधायक ने किया निरीक्षण
- पटवन के लिए बोरवेल में मोटर लगाने का निर्देश
- पीसीसी सड़क और छठ घाट का होगा निर्माण
सारठ/संवाददाता। सारठ विधायक रणधीर कुमार सिंह ने सबैजोर पंचायत के देवली गांव का दौरा किया। वहीं ग्रामीणों की मांग पर इन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि यहां के किसानों को सिंचाई के लिए बोरवेल में मोटर लगाया जाएगा ताकि वे अपने खेतों को अच्छी सिंचाई कर अधिक उत्पादन कर यहां के किसान अधिक से अधिक समृद्ध हो सकें। साथ ही ग्रामीणों की मांग पर इन्होंने गांव से लेकर नदी के घाट तक करीब एक हजार फीट पीसीसी सड़क और छट घाट निर्माण कराने की बात कही। मौके पर ग्रामीणों ने विकास कार्यो को लेकर विधायक की काफी प्रशंसा की गई।
सेवानिवृत्त क्षेत्रीय चिकित्सा पदाधिकारी को दी गई भावभीनी विदाई
- कोलियरी डिस्पेंसरी में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन, पूर्व विस अध्यक्ष हुए शामिल
चितरा/संवाददाता। एसपी माइंस चितरा कोलियरी स्थित डिस्पेंसरी के क्षेत्रीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एलएन गगराई अपने 30 वर्ष का कार्यकाल समाप्ति के बाद 31 अक्टूबर को सेवानिवृत हुए। इस अवसर पर बुधवार को कोलियरी डिस्पेंसरी में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मौके पर पूर्व विस अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता, कोलियरी महाप्रबंधक एके आनंद, अभिकर्ता राम सुभग चौधरी के अलावा डिस्पेंसरी के तमाम कर्मचारी विदाई समारोह में शामिल हुए। सेवानिवृत डॉ गगराई का जन्मदिन व विदाई समारोह साथ साथ मनाया गया। इस दौरान सबसे पहले डॉ गगराई ने केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। इसके बाद पूर्व विस अध्यक्ष श्री भोक्ता, जीएम, एजेंट सहित डिस्पेंसरी के कर्मचारियों ने बुके व उपहार देकर सम्मानित किया एवं भावभीनी विदाई दी गई। मौके पर पूर्व विस अध्यक्ष श्री भोक्ता ने कहा कि विदाई की बेला हमेशा दुखदाई होती है, लेकिन इन्होंने चितरा में जो स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम किया है और इनका व्यक्तित्व मिलनसार रहा है, इससे चितरावासियों के हमेशा दिल में बने रहेंगे। कोलियरी महाप्रबंधक आनंद ने कहा कि लोगों स्नेह और प्यार देखकर मालूम होता है कि इनका व्यक्तित्व क्या है। इन्होंने अपनी कार्यकुशलता से एक अलग पहचान यहां बनाई है, आगे जहां भी रहेंगे वहां भी इनका भविष्य उज्ज्वल ही रहेगा। अभिकर्ता चौधरी ने भी उनके कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ये एक अच्छे और अनुभवी चिकित्सक के साथ-साथ सबके साथ घुल मिलकर रहने वाले इंसान हैं। इनकी कमी यहां के लोगों को खलेगी। वहीं डॉ गगराई संबोधन के पूर्व काफी भावुक हो गए और कहा कि मैंने यहां 1993 को पहला योगदान दिया और यहीं से सेवानिवृत हुआ, जो मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है। कहा कि चितरावासी सदैव मेरे दिल में रहेंगे। क्योंकि यहां की भाषा, लोगों का मेरे प्रति सकारात्मक व्यवहार को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। इधर विदाई समारोह में राधे राधे म्यूजिकल ग्रुप द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जिसमें स्थानीय गायक राजेश राय, शिला महतो आदि ने अपनी गजल व विदाई गीतों की प्रस्तुति दी। मौके पर डॉ गगराई की धर्मपत्नी गीता गगराई, कोलियरी के एमके राय, राजकुमार दास, इंद्रनील मुखर्जी, डॉ विकास कुमार, सचिन राय, प्रदीप कुमार, सोनाली शरण भारती, हेमंत शर्मा, गोकुल जमादार, महफूज अंसारी, गार्गी शर्खेल, चंचल दास, साधु मरांडी, मुरारी महतो, मुन्नाका देवी, कृष्णा सिंह, नित्यानंद राय, मिथिलेश राय, युगल किशोर राय, कृष्णा महतो, वजीर अंसारी, डॉ रमेश प्रसाद सिंह, विजय कुमार आदि उपस्थित थे।
आरपीएफ ने चोरी के लैपटॉप व मोबाइल के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
जसीडीह/संवाददाता। आरपीएफ जसीडीह ने चोरी के लैपटॉप एवं दो मोबाइल के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरपीएफ ने बताया कि आरपीएफ जसीडीह इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने निर्देश पर बीते मंगलवार की रात आरपीएफ जसीडीह के एएसआई कमलेश कुमार एवं शंभू राय यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जसीडीह स्टेशन में भ्रमणशील थे। इसी दौरान रात करीब -22.24 बजे ट्रेन नंबर -13020 जसीडीह स्टेशन पर आई और खुल गई। तभी आरपीएफ पदाधिकारियों ने एक व्यक्ति की गति विधि देख कर कुछ संदेश हुआ तो उससे पूछताछ कर उसका काले रंग का बैग की छानबीन की तो बैग में एक लैपटॉप सहित दो मोबाइल बरामद हुआ। जिसके बारे उक्त व्यक्ति ने संतोष जनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद आरपीएफ पदाधिकारियों ने उक्त व्यक्ति को हिरासत में लेकर आरपीएफ पोस्ट जसीडीह ले गया। जहां पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने अपना नाम रोशन केशरी -26 वर्ष पिता राजेंद्र केशरी, गोपाल भवन, तिवारी चौक, नगर थाना देवघर निवासी बताया। आरपीएफ जसीडीह इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया रोशन केशरी के पास एक सिल्वर रंग का लैपटॉप,काला रंग का चार्जर,माउस,तार एवं अलग अलग कंपनी का सिम लगा दो मोबाइल बरामद हुआ। जिसका कीमत करीब -116300 रुपए है।जो किसी यात्री का चोरी किया हुआ था। उन्होंने कहा कि इस संबंध आरपीएफ पोस्ट जसीडीह में इंट्री कर बरामद लैपटॉप, मोबाइल आदि के साथ रोशन केशरी को जीआरपी जसीडीह थाना को सुपुर्द कर दिया गया। जहां रेल पुलिस ने जीआरपी जसीडीह थाना कांड संख्या -65/2023 दर्ज कर भादवि की धारा -414 के तहत कार्रवाई कर बुधवार को गिरफ्तार रोशन केशरी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिट्टी लोड हाइवा पुलिस ने किया जब्त
सारठ/संवाददाता। सारठ थाना क्षेत्र के तेतरिया मोड़ के समीप गिट्टी से लोड हाइवा को बुधवार की सुबह करीब सारठ थाना प्रभारी शैलेश कुमार पांडेय ने जब्त किया है। चालक पुलिस की गाड़ी को देखते ही भागने में सफल रहा। वहीं थाना प्रभारी श्री पांडेय द्वारा इसकी सूचना जिला खनन पदाधिकारी देवघर को भेज दिया गया है।
भाजपा में शामिल होने का कारवां है जारी
चितरा/संवाददाता। सहरजोरी स्थित विधायक रणधीर सिंह के आवासीय कार्यालय कार्यालय में बुधवार को भी लगवां पंचायत के गोपालपुर सहित अन्य गांवों से पहुंचे दर्जनों युवाओं ने विधायक के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान विधायक ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी युवाओं का विधायक श्री सिंह ने पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सारठ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार क्षेत्र के युवा वर्ग पार्टी से जुड़ रहे हैं। युवाओं का विश्वास है कि भाजपा ही देश व राज्य का विकास कर सकती है। कहा कि लगातार युवाओं के पार्टी में जुड़ने से सारठ विधानसभा में हमारी पार्टी और भी अधिक मजबूती के साथ उभर रही है। उहोंने यह भी कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ हमारी पार्टी जनहित एवं लोकहित में काम कर रही है और आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव में इसका लाभ पार्टी को मिलेगा। इस मौके पर मनोज टुडू, राजीव टुडू, संदीप टुडू, छोटेलाल टुडू, रमेश टुडू, रणवीर टुडू, रंजीत टुडू, सुरेश टुडू, मुनु मरांडी, सिकंदर टुडू, राजा टुडू, दिलीप टुडू, संतोष टुडू, मोहन टुडू, अभिषेक टुडू, सूरज टुडू, दिलीप मुर्मू सहित दर्जनों ने भाजपा का दामन थामा।
प्रशिक्षण शिविर में वार्ड सदस्यों को किया गया जागरूक
मधुपुर/संवाददाता। प्रखंड कार्यालय सभागार भवन में बुधवार को नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों के प्रथम बैच का तृतीय दिन का प्रशिक्षण शिविर का समापन किया गया। इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर, वार्ड सदस्य, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक, पंचायती राज उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान वार्ड सदस्यों को प्रोजेक्टर द्वारा चलचित्र एवं पॉवरपॉइंट स्लाइड्स के माध्यम से डायन प्रथा, बाल मजदूरी इत्यादि विषयों पर विस्तारपूर्वक बताया गया। प्रशिक्षण शिविर में महिलाओं को जागरूक किया गया। साथ ही महिला सशक्तिकरण के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। महिला और पुरूष में भेद भाव खत्म करने को लेकर जानकारी दी गयी। मौके पर विशाल कुमार शरण, प्रखंड समन्वयक, पंचायती राज आदि मौजूद थे।
विवाहिताओं ने किया करवाचौथ, चांद देखकर तोड़ा व्रत
पालोजोरी/संवाददाता। पति के दीर्घायु होने की कामना के लिए बुधवार को क्षेत्र में विवाहिताओं ने करवाचौथ का व्रत किया। दिनभर विवाहिताओं ने निर्जला व्रत रखा और शाम को आठ बजकर दस मिनट पर चांद देखकर अपना व्रत तोड़ा। शाम में चांद निकलने पर विवाहिताएँ अपने पति की पूजा करती हैं, उस दौरान गोचर कुंडली में बृहस्पति दांपत्य जीवन के भाव में अपनी ही राशि के साथ रहता है। इससे पति-पत्नी में प्रेम बढ़ने के साथ-साथ घर में सुख-समृद्धि भी बढ़ती है। करवाचौथ पर महिलाएं निर्जला व्रत करती हैं और शाम को चंद्र दर्शन के बाद ही व्रत खोलती हैं। करवाचौथ में चंद्र देव की आराधना का विशेष महत्व होता है। शास्त्रों के अनुसार, ऐसा कहा जाता है कि अगर चंद्र देव की उपासना की जाए तो इससे दीर्घ आयु और पति-पत्नी के बीच प्रेम में बढ़ोतरी होती है।
बीडीओ ने की बीएलओ व सुपरवाइजरों के साथ समीक्षा बैठक
जसीडीह/संवाददाता। देवघर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित बीडीओ कक्ष में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी देवघर जितेंद्र कुमार यादव ने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के साथ समीक्षा बैठक की। बीडीओ श्री यादव ने कहा कि देवघर प्रखंड अंतर्गत देवघर विधानसभा के लगभग 66 विद्यालयों की सूची प्राप्त हुई है। जिसमें कुल मिलाकर 1473 छात्र-छात्राओं की सूची है जिनकी उम्र एक जनवरी 2024 को 18 वर्ष पूरा होने की अर्हता तिथि रखी गई है। साथ ही 226 छात्र-छात्राओं की सूची प्राप्त हुई है जिसकी अहर्ता तिथि 1.10.2024 को 18 वर्ष पूरा होने की है। साथ ही मधुपुर विधानसभा में लगभग 30 विद्यालयों की सूची प्राप्त हुई है, जिसमें 572 छात्र-छात्राओं की उम्र -01/01/ 2024 को 18 वर्ष तथा 299 छात्र-छात्राओं की सूची प्राप्त हुई है जिसमें 1.10.2024 को 18 वर्ष पूरा होने की है। सभी विद्यालयों से प्रधान शिक्षक के एवं सहायक शिक्षक तथा बीएलओ को निर्देश दिया गया है कि शीघ्रता शीघ्र दो दिनों के अंदर छात्र-छात्राओं का डेट ऑफ बर्थ का वेरिफिकेशन करके उनका आधार नंबर और एक पासपोर्ट साइज का फोटो के साथ प्रखंड कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करें। ताकि उसे फॉर्म सिक्स भरवाया जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि फॉर्म 7 एवं फॉर्म 8 भरने में भी तेजी लाना है। सभी बीएलओ को एक प्रपत्र दिया गया है जिसमें मृतक मतदाताओं की सूची बूथ बाईज लाकर प्रखंड में देना है। जिसका मृत्यु प्रमाण पत्र बनाया जा सके और मतदाता सूची से उनका नाम डिलीट किया जा सके। साथ ही कहा कि जिस भी बूथ पर एमएफ सही नहीं है उसे सुधार करना सुनिश्चित करें। बैठक पर्यवेक्षक मुकेश कुमार पांडेय, आशीष रंजन, लक्ष्मी नारायण राउत, गणेश लाल बरनवाल, संगीता मिश्रा, गिरधर गोपाल तिवारी, शशांक शेखर, सोनल, सुनील कुमार, संजय प्रकाश, राजहंस पांडेय, बेबी, राधेश्याम, सुशील शेखर के साथ-साथ इलेक्शन कंप्यूटर ऑपरेटर आलमगीर आलम उपस्थित थे।
रोहिणी चित्रगुप्त पुजा समिति की बैठक संपन्न
देवघर/संवाददाता। बुधवार को रोहिणी चित्रगुप्त पूजा समिति की बैठक अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिला अध्यक्ष निर्मल प्रकाश दीपक की अध्यक्षता में उनके पैतृक आवास कायस्थ टोला रोहिणी में संपन्न हुई। बैठक में 15 नवंबर को होने जा रहे चित्रगुप्त पूजा के लिए उपस्थित सभी सदस्यों ने अपने आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की पूजा बड़े ही धूमधाम से करने का निर्णय लिया। बैठक में चित्रगुप्त पूजा के सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। पूजा के उपरांत बिरादरी भोज के आयोजन पर भी निर्णय लिया गया। बैठक में अशोक सिन्हा, रवींद्र प्रसाद, अनिल सिन्हा, मनोज कुमार, पुरुषोत्तम सिन्हा, किशोर सिन्हा, त्रिपुरारी सिन्हा, अनिल सिन्हा बिरनिया, मनोज सिन्हा भोजपुर, रमण सिन्हा, संजीव सिन्हा, अंकेश सिन्हा, नवीन सिन्हा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
सेठ विल्ला सपहा से बाइक चोरी
मधुपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के सेठ धमना फतेहपुर निवासी मो. शब्बीर आलम की बाइक मंगलवार की रात उच्चकों ने उड़ा ली। बाइक मालिक ने पुलिस को आवेदन देते हुए कहा कि वह अपनी बाइक जेएच 15 डब्लू 7801 सेठ विल्ला सपहा स्थित हाजी इदरीश मियां के घर के सामने खड़ी कर अंदर गया । थोडी देर बाद आया तो बाइक गायब थी। काफी खोजबीन किया लेकिन कही पता नहीं चला। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीसीसी रोड निर्माण के विवाद को लेकर मारपीट, कई घायल
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत रोहिणी वसुवाडीह तक पीसीसी रोड निर्माण के दौरान विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में जेई सहित कई लोग घायल हो गए। सूचना पाकर इंस्पेक्टर सह जसीडीह थाना प्रभारी सत्येन्द्र प्रसाद,सब इंस्पेक्टर अमित कुमार, एएसआई ई कुजुर पुलिस बलों के साथ घटनास्थल पहुंचे। साथ ही घटना की छानबीन कर घायलों को ईलाज के लिए सीएचसी जसीडीह पहुंचा। उधर डॉ अभिषेक प्रकाश ने स्वास्थ्य कर्मी कुणाल सिंह आदि ने घायलों में विवेक दूबे, राजीव दूबे, अखिलेश पाठक एवं जेई कौशलेंद्र कुमार का इलाज किया। उधर पुलिस घटना को लेकर छानबीन में जुटी है।