- 75 विषयों से जुड़े उपकरणों के उपयोग की दी गई जानकारी, कक्षा में ही प्रयोग कराने पर जोर
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड अंतर्गत रानी मंदाकिनी उच्च विद्यालय प्लस टू में लैब केफे के तत्वावधान में विज्ञान शिक्षकों के लिए आयोजित दो दिवसीय ‘लैब इन ए बॉक्स’ प्रशिक्षण गुरुवार को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में विभिन्न विद्यालयों के विज्ञान शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य विद्यालयों को उपलब्ध कराए गए ‘फिजिक्स इन ए बॉक्स’ किट के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रयोग आधारित और सरल तरीके से विज्ञान की शिक्षा देने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित करना था। प्रशिक्षक तनय भास्कर और श्रीजीत बनर्जी ने शिक्षकों को किट में उपलब्ध 75 टॉपिक्स से संबंधित प्रायोगिक उपकरणों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भौतिकी जैसे कठिन विषय को भी छोटे-छोटे प्रयोगों के माध्यम से सरल और रोचक बनाया जा सकता है। इसके लिए विद्यार्थियों को अलग से प्रयोगशाला ले जाने की जरूरत नहीं होगी। कक्षा में ही उपलब्ध उपकरणों की मदद से प्रयोग कराकर विभिन्न वैज्ञानिक सिद्धांतों को बेहतर ढंग से समझाया जा सकता है। प्रशिक्षकों ने कहा कि प्रयोग आधारित शिक्षा से बच्चों की विषय में रुचि बढ़ेगी और वे कठिन अवधारणाओं को आसानी से समझ सकेंगे।
मौके पर सुनील लक्षीरामका, अरविंद कुमार, सुनील कुमार राठौर, विवेक कुमार, आशीष अग्रवाल, विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदय शंकर पाठक, नवीन कुमार और कुमार प्रणव स्वरूप सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित थे।
पुलिस बनकर कंटेनर चालक से एक लाख रुपये मांगने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
- जयपुर मोड़ के समीप वारदात, बिना नंबर की इनोवा और तार लदा कंटेनर बरामद; तार चोरी का होने की आशंका
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर थाना क्षेत्र के जयपुर मोड़ के समीप खुद को पुलिसकर्मी बताकर कंटेनर चालक से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा और रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। करीब चार से पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर बिना नंबर की नई इनोवा गाड़ी में सवार दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस ने तार लदे कंटेनर को भी बरामद कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, एक कंटेनर में तार लादकर दिल्ली ले जाया जा रहा था। इसी दौरान जयपुर मोड़ के समीप इनोवा सवार कुछ लोगों ने कंटेनर को रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए चालक से तार से संबंधित कागजात मांगे। कागजात नहीं दिखाने पर मामला निपटाने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की गई।
घटना से भयभीत चालक ने दिल्ली निवासी अपने वाहन मालिक को फोन कर पूरी जानकारी दी। इसके बाद मालिक ने चालक के खाते में ऑनलाइन एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, घटना की परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर वाहन मालिक ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही मोहनपुर और रिखिया पुलिस सक्रिय हुई और विभिन्न चौक-चौराहों पर नाकेबंदी कर दी। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने बिना नंबर की नई इनोवा को पकड़ लिया और उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दूसरी टीम कंटेनर को छिपाने का प्रयास कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने तार लदा कंटेनर भी बरामद कर लिया। सूत्रों के अनुसार, घटना में इस्तेमाल इनोवा में छह से सात लोग सवार थे। बताया जाता है कि कंटेनर जसीडीह थाना क्षेत्र से दिल्ली जाने के लिए निकला था। वहीं, कंटेनर में लदे तार के चोरी के होने और उसे दिल्ली में खपाने के लिए ले जाए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। मामले में किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई थी। पुलिस गिरफ्तार संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों, तार के स्रोत तथा पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
कब-बुलबुल उत्सव में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा और रचनात्मकता
- जंगल डांस, सिक्सर कॉर्नर और कौशल प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा, भव्य कैंपफायर ने बांधा समां
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय बावन बीघा स्थित स्टेट ट्रेनिंग पार्क में पूर्वी रेलवे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के तत्वावधान में आयोजित 52वें कब-बुलबुल उत्सव का दूसरा दिन गुरुवार को उत्साह और उमंग के बीच संपन्न हुआ। उत्सव में शामिल नन्हे कब्स और बुलबुलों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्काउटिंग कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। दिनभर आयोजित विभिन्न गतिविधियों से पूरा परिसर बच्चों की ऊर्जा और उत्साह से गुलजार रहा। कार्यक्रम की शुरुआत एरोबिक व्यायाम सत्र से हुई। इसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसके माध्यम से बच्चों को शारीरिक फिटनेस, आपसी समन्वय और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई। इसके बाद बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता को निखारने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कब्स ने जंगल डांस प्रतियोगिता में अपनी भाव-भंगिमाओं और शानदार प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। वहीं बुलबुलों ने सिक्सर कॉर्नर प्रतियोगिता में टीम भावना, रचनात्मकता और सामूहिक समन्वय का परिचय दिया। कंपास संचालन और गांठ बांधने से जुड़ी कौशल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने स्काउटिंग के व्यावहारिक ज्ञान और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। कहानी सुनाने के विशेष सत्र में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता, अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास से उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। संध्या में भव्य कैंपफायर का आयोजन किया गया। इसके चारों ओर एकत्रित बच्चों ने गीत-संगीत और सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से मित्रता, प्रेम और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। इस आयोजन ने बच्चों में एकता, भाईचारे और संगठनात्मक भावना को मजबूत किया। कुल मिलाकर उत्सव का दूसरा दिन शारीरिक सक्रियता, अनुशासन, कौशल विकास, रचनात्मकता और मनोरंजन का संगम रहा। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और नई मित्रता विकसित करने का अवसर मिला।
तुलसीडाबर गांव में चितरा पुलिस ने चलाया नशामुक्ति जागरूकता अभियान,
- नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने की दी नसीहत
चितरा/संवाददाता। समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और इसके दुष्परिणामों को देखते हुए चितरा पुलिस की ओर से तुलसीडाबर गांव में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार ने किया। मौके पर एसआई शेतलाल बारला सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों, युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन को बर्बाद करने के साथ-साथ उसके पूरे परिवार को प्रभावित करता है। विशेषकर युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य अंधकारमय बना रहा है। नशे की लत के कारण आर्थिक तंगी, पारिवारिक कलह और आपराधिक गतिविधियों में वृद्धि जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने जीवन को शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की अपील की।
चार पंचायतों में मनरेगा योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण की जनसुनवाई
- कई योजनाओं में मिलीं खामियां, एक सप्ताह में सुधार करने का निर्देश
मारगोमुंडा/संवाददाता। प्रखंड की चार पंचायतों बाघमारा, बनसिमी, कानो और चेतनारी में मनरेगा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में संचालित पूर्ण, अपूर्ण एवं प्रगति पर चल रही योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण किया गया। इसके बाद गुरुवार को चारों पंचायतों में पंचायत स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई से पूर्व अंकेक्षण दल ने संबंधित पंचायतों के विभिन्न गांवों में पहुंचकर योजनाओं का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान योजना स्थलों पर जाकर कार्यों की स्थिति, गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप हुए कार्यों की जांच की गई। इसके बाद अंकेक्षण में सामने आए तथ्यों और कमियों को पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में रखा गया। जनसुनवाई के लिए प्रखंड स्तर के एक समाजसेवी, एक स्वयंसेवक और एक मजदूर को ज्यूरी सदस्य बनाया गया था। ज्यूरी सदस्यों के समक्ष अंकेक्षण दल ने योजनाओं से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान कई योजनाओं में कमियां और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य नहीं होने के मामले सामने आए। मामलों की सुनवाई के बाद ज्यूरी सदस्यों ने संबंधित कर्मियों को कमियों में सुधार करने, अधूरे कार्यों को पूरा करने और आवश्यक दस्तावेज दुरुस्त करने का निर्देश दिया। कुछ मामलों में संबंधित कर्मियों पर जुर्माना भी लगाया गया। साथ ही एक सप्ताह के अंदर कमियां दूर करने की सहमति के बाद उनका निपटारा किया गया। वहीं, कुछ मामलों को प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई में भेजने का निर्णय लिया गया। मौके पर अंकेक्षण दल के सदस्य, पंचायतों के मुखिया, ज्यूरी सदस्य, योजनाओं से संबंधित कर्मी, मनरेगा लाभुक और ग्रामीण मौजूद थे।
अज्ञात वाहन ने तोड़ा बिजली का रेल पोल
- 12 ट्रांसफार्मर की बिजली आपूर्ति बाधित
पालोजोरी/संवाददाता। बुधवार की बीती रात पालोजोरी के जामताड़ा रोड के पतंजलि स्टोर के पास अज्ञात वाहन के टककर से बिजली के रेल पोल के टूट जाने से बीती रात से गुरुवार की शाम तक ही इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार पालोजोरी के जामताड़ा रोड में 12 ट्रांसफार्मर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि बिजली विभाग के कर्मी दुलाल मण्डल अपनी टीम के साथ सुबह से ही बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए रहे। बीती रात से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से 12 ट्रांसफार्मर से जुड़े उपभोक्ता परिवार को दिक़्कत तो हो रही थी। लेकिन विभाग द्वारा त्वरित कदम भी उठाया जा रहा था। शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
धनतेरस आज, बाजार सज-धज कर तैयार
- इलेक्ट्रिक बाइक, बर्तन, सोना-चांदी के सिक्के और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की रहेगी मांग
- करोड़ों रुपये के कारोबार की उम्मीद, ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदारों ने की विशेष तैयारी
मधुपुर/संवाददाता। धनतेरस को लेकर मधुपुर अनुमंडल के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। दीपावली से पहले मनाया जाने वाला यह पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसे लेकर शहर के प्रमुख बाजार पूरी तरह सज-धज कर तैयार हैं। बर्तन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, दोपहिया वाहन और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों में विशेष तैयारियां की गई हैं। दुकानदारों को इस बार करोड़ों रुपये के कारोबार की उम्मीद है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। इसी कारण धनतेरस पर बर्तन, सोना-चांदी और अन्य उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी शुभ मानी जाती है। मान्यता है कि इस दिन नई वस्तुएं खरीदने से घर में सुख-समृद्धि आती है और मां लक्ष्मी का आगमन होता है। बदलते दौर में धनतेरस पर खरीदारी का स्वरूप भी बदल रहा है। पारंपरिक बर्तन और आभूषणों के साथ अब लोग इलेक्ट्रिक बाइक, कार, मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की खरीदारी को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। इस बार इलेक्ट्रिक बाइक की मांग अधिक रहने की संभावना है। ज्वेलरी दुकानों में सोने-चांदी के सिक्कों और आभूषणों की बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया है। कई प्रतिष्ठानों में खरीदारी पर उपहार और स्क्रैच कूपन की व्यवस्था भी की गई है। बर्तन बाजार में भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ उमड़ने की संभावना है। बाजार की रौनक और ग्राहकों के उत्साह को देखते हुए व्यवसायियों को इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
सेवानिवृत चौकीदार को सारठ थाना में दी गई विदाई
सारठ/संवाददाता। सारठ थाना के प्रांगण में बुधवार को देर संध्या में थाना प्रभारी दीपक कुमार साह एवं समस्त थाना परिवार ने समारोह आयोजित कर रामू मिर्धा को अवकाश प्राप्त करने पर उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर थाना प्रभारी श्री साह ने कहा का वे एक अच्छे ग्रमीण पुलिस के पद पर कार्यरत रहते हुए बहुत ही अच्छी सेवा प्रदान की है। अन्य ग्रामीण पुलिस को भी इनसे सीख लेने की जरुरत पर भी बल दिया गया। मौके पर पुलिस पदाधिकारी समेत काफी संख्या में ग्रामीण पुलिस भी मौजूद थे।
दीपावली पर मिट्टी के दीयों और बर्तनों से गुलजार हुआ सारवां का बाजार
सारवां/संवाददाता। दीपावली को लेकर सारवां हाट परिसर में मिट्टी के बर्तनों और पारंपरिक सामानों का विशेष बाजार सज गया है। प्रखंड के विभिन्न गांवों के कुम्हार कारीगरों द्वारा तैयार मिट्टी के दीये, बर्तन, गुल्लक, घरौंदा, पूजा के सामान, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और तरह-तरह के खिलौने बाजार की रौनक बढ़ा रहे हैं। दीपावली के अवसर पर इन सामानों की खरीदारी के लिए लोग बाजार पहुंच रहे हैं। कारीगर कंचन पंडित, बलदेव पंडित, भुसुंडी पंडित और सुनैना देवी ने बताया कि मिट्टी के बर्तन और अन्य सामान तैयार करने में करीब 10 से 15 दिन का समय लगता है। कारीगरों के अनुसार, पहले की तुलना में अब मिट्टी के बर्तनों की मांग कम हुई है। इस काम से जुड़े कई लोग दूसरे रोजगार की ओर चले गए हैं। इसके बावजूद कुछ परिवार पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा को निभा रहे हैं। उनका कहना है कि मिट्टी के बर्तनों में बने भोजन की सोंधी महक अलग होती है। पर्व-त्योहारों के अलावा मिट्टी के कुल्हड़ और चाय की प्यालियों का भी इस्तेमाल किया जाता है।
सहायक आचार्य उमेश प्रसाद राय को दी गई भावभीनी विदाई
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय झिकटी में सहायक आचार्य उमेश प्रसाद राय की सेवानिवृत्ति पर विद्यालय परिवार की ओर से विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें भावपूर्ण विदाई दी। विद्यालय के शिक्षकों ने उनके सम्मान में विदाई गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक बना दिया। समारोह के दौरान शिक्षकों ने उमेश प्रसाद राय को बाबा बैद्यनाथ का स्मृति चिह्न, गीता सहित विभिन्न उपहार भेंट किए। सभी ने उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और मंगलमय भविष्य की कामना की। मौके पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रभु नारायण साह, मध्य विद्यालय बंदाजोरी के प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार कश्यप, अनिल राय, रोहित मंडल, अनीता देवी, सुरेश द्वारी, उपाध्यक्ष सोनी कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
दीपावली और छठ को लेकर पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी गश्ती
- एसडीपीओ ने थाना प्रभारियों के साथ की अपराध समीक्षा बैठक, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने का निर्देश
मधुपुर/संवाददाता। दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए मधुपुर पुलिस प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। गुरुवार को एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद ने अपने कार्यालय कक्ष में थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। इसमें पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। एसडीपीओ ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने बाजारों, पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्ती बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार, राउतु होनहांगा, शशि कपूर, दिलीप बिलुंग, मनोरंजन महतो, ललिता कुजूर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
बच्चों के चेहरों पर बिखरी दीपावली की मुस्कान, आर्ट वर्ल्ड परिवार ने बांटी खुशियां
- रामकृष्ण विवेकानंद मठ में अनाथ बच्चों के साथ मनाया त्योहार, मिठाई और आवश्यक सामग्री भी बांटी
मधुपुर/संवाददाता। शहर के बावन बीघा स्थित रामकृष्ण विवेकानंद मठ में आर्ट वर्ल्ड परिवार की ओर से अनाथ बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं। इस अवसर पर आर्ट वर्ल्ड के डायरेक्टर अमित दे अपने संस्थान के नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ मठ पहुंचे और वहां रह रहे बच्चों के बीच त्योहार की खुशियां बांटीं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने फूलझड़ी और पटाखे जलाकर उत्साह के साथ दीपावली मनाई। उन्हें आवश्यक सामग्री के साथ मिठाई और नाश्ता भी वितरित किया गया। बच्चों को अपने बीच पाकर और उनके साथ त्योहार मनाकर मठ के बच्चे काफी खुश नजर आए। उनके चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। आर्ट वर्ल्ड परिवार के सदस्यों ने कहा कि अनाथ बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई। ऐसे बच्चों को प्यार और अपनापन देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे भी प्रत्येक वर्ष बच्चों के साथ दीपावली मनाने की बात कही। इस पहल से बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।
ऊर्जा मित्र पर रिश्वत मांगने का आरोप, अधीक्षण अभियंता से जांच की मांग
सोनारायठाढ़ी/संवाददाता। प्रखंड की मगडीहा पंचायत अंतर्गत परसबोनी गांव निवासी श्यामसुंदर पांडेय ने ऊर्जा मित्र पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने विद्युत अधीक्षण अभियंता, देवघर को लिखित आवेदन देकर मामले की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने और न्याय की गुहार लगायी है। आवेदन में उन्होंने बताया है कि वह साधारण किसान हैं और झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीएनएल) के नियमित उपभोक्ता हैं। उनका उपभोक्ता संख्या 51230054179 और मीटर संख्या 539413 है। उनके घर में 15 जुलाई 2022 को बिजली मीटर लगाया गया था। उनका दावा है कि मीटर लगने के बाद से विभाग का कोई प्रतिनिधि बिल देने या भुगतान लेने नहीं आया। श्यामसुंदर पांडेय के अनुसार, करीब पांच महीने पहले स्थानीय ऊर्जा मित्र सह मीटर रीडर उनके घर पहुंचे और मीटर के आधार पर 1.60 लाख रुपये बिजली बिल बकाया बताया। आरोप है कि ऊर्जा मित्र ने 10 हजार रुपये देने पर मीटर का बिल शून्य कराने की बात कही और ऐसा नहीं करने पर भारी बिल थमाने की चेतावनी दी। आवेदक ने 15 जुलाई 2022 से अब तक के बिजली बिल की जांच और स्क्रूटनी कराने की मांग की है। साथ ही सरकार की 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ जोड़ते हुए करीब 2.45 लाख रुपये के त्रुटिपूर्ण बिल को संशोधित अथवा निरस्त करने की गुहार लगायी है। उन्होंने जांच पूरी होने तक बिजली कनेक्शन नहीं काटने का भी अनुरोध किया है।
विद्यालय के जमीनदाता के सम्मान में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित
- पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख समेत अतिथियों ने किया उद्घाटन, जनप्रतिनिधियों और महिलाओं के बीच हुई कुर्सी रेस
सारवां/संवाददाता। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सारवां में गुरुवार को विद्यालय के जमीनदाता के सम्मान में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य फणीभूषण झा की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, जिला भाजपा नेत्री सुनीता सिंह, संरक्षक बलराम पोद्दार, विहिप के राजेश सिंह, आचार्य भूदेव प्रसाद यादव, अध्यक्ष दिलीप वर्णवाल, सचिव भूपाल सिंह और प्रधानाचार्य रविशंकर यादव ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और महिलाओं के बीच कुर्सी रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं, बच्चों के बीच प्रमाणपत्र वितरित किए गए। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यालय के जमीनदाता के योगदान को सम्मान देना और विद्यार्थियों में खेल भावना को प्रोत्साहित करना था। मौके पर विद्यालय के मुकेश कुमार सिंह, मुरली वर्मा, प्रदीप कुमार नाग, निशिकांत झा, स्वस्तिका कुमारी, बबिता कुमारी, अंजू कुमारी, बुचिया देवी, पुतुल कुमारी, उमाशंकर वर्णवाल सहित अन्य उपस्थित थे।