- सोशल मीडिया पर चलाया गया विशेष हैशटैग अभियान, युवाओं को किया गया जागरूक
देवघर/वरीय संवाददाता। जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत योग्य नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से गुरुवार को विशेष सोशल मीडिया जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार 5 नवंबर को दोपहर 12 से एक बजे तक फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष हैशटैग अभियान संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है, जिनकी उम्र एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन किसी कारणवश उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। ऐसे नागरिकों को 15 नवंबर 2026 तक अपने बीएलओ के माध्यम से अथवा ऑनलाइन निर्धारित घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर आवेदन करने का अवसर दिया गया है। उपायुक्त ने विशेष रूप से युवाओं और छात्र-छात्राओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। इसके लिए मोबाइल ऐप के माध्यम से फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा पत्र जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। विभिन्न कॉलेजों में भी जागरूकता अभियान चलाया गया, ताकि जिले में समावेशी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मिलावटी छोले समेत कई खाद्य पदार्थ नष्ट
- अस्वच्छ परिस्थितियों में लड्डू निर्माण पर प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित, कई दुकानों को नोटिस
देवघर/वरीय संवाददाता। पर्व-त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को हरि किशुन साह लेन, कोर्ट रोड, जटाही मोड़ और तिवारी चौक स्थित मिठाई दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट एवं फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान हरि किशुन साह लेन स्थित बबलू कुमार केशरी के लड्डू निर्माण स्थल पर अनियमितता पाई गई। यहां से बूंदी और बेसन लड्डू के दो नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। वहीं अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी गई 10 लीटर चाशनी को मौके पर नष्ट कराया गया। अस्वच्छ वातावरण में लड्डू निर्माण किए जाने के कारण संबंधित प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसी तरह केशरिया स्वीट्स से एक्सपायर्ड मेधा दूध के दो पैकेट, कुल 12 लीटर दूध नष्ट कर प्रतिष्ठान को नोटिस दिया गया। तिवारी चौक स्थित एक छोले-भटूरे के स्टॉल पर छोले में अखाद्य रंग पाए जाने पर करीब छह किलोग्राम छोले नष्ट कराए गए। इसके अलावा गणेश मिष्ठान भंडार, श्री गणेश भोजनालय, किशोर गुजराती डोसा, चुलबुल मोमोज स्टॉल, देवघर वेज मंचूरियन, मोमो वाला, द फेमस बिग रोल, तिवारी जी की दुकान और मधुरम स्वीट्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई। खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता मानकों का पालन करने, गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करने तथा वैध लाइसेंस के साथ कारोबार संचालित करने का निर्देश दिया गया। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन, शैलेश कुमार यादव और अंजलि विवा मिंज सहित अन्य शामिल थे।
केनमनकाठी संकुल साधनसेवी अतीन्द्र कुमार मंडल को दी गई विदाई
- शिक्षकों ने कार्यकाल की सराहना कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की
देवघर/वरीय संवाददाता। उत्क्रमित मध्य विद्यालय केनमनकाठी में गुरुवार को केनमनकाठी संकुल के संकुल साधनसेवी अतीन्द्र कुमार मंडल के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण की सराहना की। बताया गया कि अतीन्द्र कुमार मंडल ने वर्ष 2005 में सीआरपी के रूप में सलोनाटांड़ संकुल में योगदान दिया था। कई वर्षों तक वहां सेवा देने के बाद उनका स्थानांतरण केनमनकाठी संकुल में हुआ, जहां उन्होंने करीब आठ वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। समारोह में उपस्थित शिक्षकों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए और उनके योगदान के लिए आभार जताया। साथ ही उनके आगामी जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं तथा ईश्वर से उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। मौके पर दयानंद दास, प्रहलाद दास, बालेश्वर कुमार यादव, नवीन, प्रवीण पंकज, उपेंद्र दास, उमेश यादव, अमित कुमार दूबे, राजीव रंजन, गोपाल राय, अशोक दास, बिकलेश कुमार और पंकज पांडेय सहित संकुल के सैकड़ों शिक्षक उपस्थित थे।
धनतेरस पर देवघर के बाजारों में धनवर्षा की उम्मीद
- टावर चौक से सराफा बाजार तक रौनक, सोना-चांदी, बर्तन और वाहनों की खरीदारी को उमड़ी भीड़
देवघर/वरीय संवाददाता। धन और आरोग्य के प्रतीक धनतेरस को लेकर देवघर के बाजार पूरी तरह सज-धजकर तैयार हैं। कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी के अवसर पर सोमवार को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर शहर के प्रमुख बाजारों में उत्साह का माहौल है। दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया है और ग्राहकों को लुभाने के लिए विभिन्न ऑफर भी दिए जा रहे हैं।
टावर चौक, बड़ा बाजार, सराफा बाजार और घंटाघर सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में खरीदारी को लेकर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। सराफा बाजार में सोने-चांदी के सिक्कों, आभूषणों और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की मांग बनी हुई है। वहीं बर्तन दुकानों में पीतल, तांबा और स्टील के बर्तनों की खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं। वाहन शोरूम और इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठानों में भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। लोग नई गाड़ियों, घरेलू उपकरणों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी में रुचि दिखा रहे हैं। बाजारों में दीपक, तेल, पटाखे और सजावटी सामान की दुकानें भी ग्राहकों से गुलजार हैं। व्यापारियों के अनुसार धनतेरस पर नई वस्तुओं की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इसी मान्यता के चलते लोग घर में सुख-समृद्धि और बरकत की कामना के साथ खरीदारी करते हैं। कारोबारियों को इस बार भी बाजार में करोड़ों रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
500 बेड के अस्पताल और 50 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र के लिए जमीन चिह्नित करने का निर्देश
- उपायुक्त ने राजस्व व भू-अर्जन की समीक्षा कर लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने को कहा
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में राजस्व, भू-अर्जन, विशेष भू-अर्जन और विधि विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की प्रमुख विकास योजनाओं, सरकारी भूमि के अधिग्रहण और हस्तांतरण से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने मोहनपुर-हंसडीहा, बासुकीनाथ-चितरा और जसीडीह बाईपास रेल लाइन परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इसके अलावा देवघर बाईपास राजमार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की विभिन्न परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं के कार्य में तेजी लाने तथा निर्माण में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने का निर्देश दिया। बैठक में जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया गया। इसके तहत देवघर अंचल में 50 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र, कुंडा थाना के नए भवन, हेलीकॉप्टर सेवा तथा 500 बेड के अस्पताल के निर्माण के लिए प्राथमिकता के आधार पर उपयुक्त भूमि चिह्नित करने को कहा गया। इसके अलावा शेष आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों के लिए जमीन उपलब्ध कराने, स्थानीय हाट-बाजारों के विकास और उनके जीर्णोद्धार को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके लिए सभी अंचलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने को कहा गया। परिशोधन पोर्टल पर लंबित राजस्व मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय प्रधानों के साथ नियमित बैठक कर क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान करने तथा आपदा से संबंधित लंबित मामलों और मुआवजा राशि के वितरण में अनावश्यक विलंब नहीं करने की हिदायत दी। बैठक में अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, सभी अंचलों के अंचलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
गीता देवी डीएवी में दीपावली और छठ महोत्सव की धूम
- नन्हे बच्चों ने रामायण मंचन, छठ की झांकी और कठपुतली नृत्य से मोहा मन
देवघर/वरीय संवाददाता। गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला में दीपावली एवं छठ महोत्सव के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्व-त्योहारों की सांस्कृतिक और धार्मिक महत्ता को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में एलकेजी और यूकेजी के बच्चों ने रामायण का आकर्षक मंचन कर भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा का संदेश दिया। वहीं कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों ने छठ पूजा की विभिन्न परंपराओं और अनुष्ठानों को झांकी के माध्यम से प्रस्तुत किया। छठ गीतों पर बच्चों के मनमोहक नृत्य ने लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। कार्यक्रम को सफल बनाने में संगीता बनर्जी, निधि, संगीता कुमारी, नेहा कुमारी, अंजनी कुमारी, प्रीति कुमारी, रुमाना इकबाल, सुषमा शर्मा, प्रिया केशरी, प्रियंका कुमारी, विजेता मिश्रा, श्वेता मिश्रा, नारायणी पांडेय एवं रूपा कुमारी सहित अन्य शिक्षिकाओं का योगदान रहा।
रास्ते में दीवार देने के विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, पति-पुत्र पर रॉड से हमला
- महिला ने 11 लोगों पर मारपीट, छेड़छाड़, चेन छीनने और घर में तोड़फोड़ का लगाया आरोप
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में रास्ते में दीवार देने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में पति और पुत्र को लोहे की रॉड से मारकर गंभीर रूप से जख्मी करने, महिला के साथ मारपीट कर चांदी की चेन छीनने तथा घर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया है। मामले में एक महिला ने गांव के ही 11 लोगों के खिलाफ कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है।
प्राथमिकी के अनुसार, 4 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे घर से निकलने के रास्ते पर दीवार दी जा रही थी। विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोग गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि शक्ति यादव ने महिला के पति सत्यनारायण यादव के सिर पर रॉड से हमला कर दिया। इससे उनका सिर फट गया। अनिल यादव और सागर यादव ने भी मारपीट कर उनके दोनों पैरों को जख्मी कर दिया। पति को बचाने पहुंची महिला और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गयी। महिला ने भवेश यादव पर पुत्रवधू के साथ अभद्र व्यवहार व छेड़छाड़, जबकि विक्की यादव पर मारपीट कर करीब आठ हजार रुपये मूल्य की चांदी की चेन छीनने का आरोप लगाया है। आरोपितों पर घर में घुसकर तोड़फोड़ करने और करीब 10 हजार रुपये की संपत्ति नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है। वहीं, घर से बर्तन व अन्य सामान ले जाने तथा महिला की बेटी के साथ अभद्रता करने की शिकायत की गयी है। आवेदन में उसी दिन शाम को तपोवन स्थित होटल व दुकान में तोड़फोड़ और वहां पति, पुत्र व बेटी के साथ मारपीट का भी आरोप लगाया गया है। सागर यादव और मनोज यादव पर पप्पू यादव के माथे पर रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने की बात कही गयी है। पीड़िता ने सभी नामजद आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है।
रिहायशी इलाके में अवैध नेल पॉलिश फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दो बार हुआ ब्लास्ट
- तीन घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की चार गाड़ियों ने आग पर पाया काबू, लाखों के नुकसान का अनुमान
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के बंपास टाउन मोहल्ला स्थित देवसंघ आश्रम के पीछे गुरुवार की सुबह अवैध रूप से संचालित एक नेल पॉलिश फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में नेल पॉलिश के साथ थिनर बनाने का काम किया जाता था। अंदर भारी मात्रा में अतिज्वलनशील थिनर और अन्य केमिकल रखे होने के कारण आग देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर गई। इस दौरान दो बार जोरदार ब्लास्ट भी हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। लगातार हुए ब्लास्ट से आसपास के लोग सहम गए। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री संचालित भवन भी काफी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इनमें तीन गाड़ियों में पानी और एक गाड़ी में केमिकल लाया गया था। दमकल विभाग के करीब 15 कर्मियों ने लगभग तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के अभियान में आसपास के लोगों ने भी सहयोग किया। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने राहत की सांस ली। बताया जाता है कि उक्त फैक्ट्री गुड्डू बरनवाल नामक युवक पिछले पांच से छह वर्षों से संचालित कर रहा था। वह बंपास टाउन मोहल्ले में किराये के मकान में रहता है और मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, फैक्ट्री में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर नगर थाना की पुलिस टीम एसआई ओम शरण के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। आग लगने के बाद घटनास्थल के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई थी। इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घनी आबादी के बीच पांच-छह वर्षों से चल रही थी फैक्ट्री : जिला अग्निशमन पदाधिकारी गोपाल प्रसाद यादव ने बताया कि रिहायशी इलाके में बिना अनुमति के फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। मिली सूचना के अनुसार, यहां अवैध रूप से नेल पॉलिश बनाने का काम होता था। आग लगने की सूचना पर दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, गुड्डू बरनवाल द्वारा घनी आबादी के बीच पिछले पांच से छह वर्षों से फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। फैक्ट्री चलाने के लिए अग्निशमन विभाग अथवा किसी अन्य संबंधित विभाग से कानूनी अनुमति नहीं ली गई थी। बताया जाता है कि फैक्ट्री के अंदर आग बुझाने के लिए कोई समुचित व्यवस्था भी नहीं थी। इसके बावजूद वहां भारी मात्रा में खतरनाक और अतिज्वलनशील केमिकल रखे जाते थे। सबसे गंभीर बात यह रही कि काम समाप्त होने के बाद फैक्ट्री में मौजूद लोग गेट पर ताला लगाकर चले गए थे। जिस समय फैक्ट्री में आग लगी, उस वक्त अंदर कोई मौजूद नहीं था। संयोगवश उस समय फैक्ट्री में कर्मचारी नहीं होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। यदि आग लगने के समय वहां लोग मौजूद रहते तो परिणाम और भी भयावह हो सकता था। घटना ने घनी आबादी वाले इलाके में बिना अनुमति और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम के संचालित हो रहे ऐसे प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घर में घुसकर महिला से मारपीट, लाठी से वार कर तोड़ा दाहिना हाथ
- बेटे को भी पीटकर किया घायल, छह लोगों के खिलाफ कुंडा थाना में शिकायत
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र के तपोवन किसनीडीह गांव में घर में घुसकर एक 65 वर्षीय महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट के दौरान लाठी से हमला कर महिला का दाहिना हाथ तोड़ देने का आरोप लगाया गया है। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटे के हाथ में भी चोट आई है। घटना को लेकर पीड़िता महंगी देवी पति महादेव महतो निवासी तपोवन किसनीडीह ने कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में उन्होंने बताया है कि 4 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे वह छठ पर्व को लेकर अपने पुराने घर की साफ-सफाई करने गई थीं। इसी दौरान गांव के सत्नारायण यादव, पिता स्व. बंगाली महतो, पप्पू यादव, राजा कुमार, पिता सत्नारायण यादव, रुकमणी देवी, पति सत्नारायण यादव, यशोदा देवी और गुजा कुमारी उनके घर में घुस गए तथा गाली-गलौज करने लगे। मामले में कहा है कि सभी लोग मारपीट करने पर उतारू हो गए। शोर सुनकर उनका बेटा शक्ति प्रसाद यादव मौके पर पहुंचा और लोगों को शांत रहने के लिए कहने लगा। आरोप है कि इसके बावजूद सभी लोग नहीं माने और मां-बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पप्पू यादव ने लाठी से हमला कर उनका दाहिना हाथ तोड़ दिया। वहीं, मां को बचाने पहुंचे शक्ति प्रसाद यादव के साथ पप्पू यादव और राजा कुमार ने मारपीट की, जिससे उसके हाथ में सूजन आ गई। पीड़िता ने मामले में कहा है कि शोरगुल सुनकर गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उनलोगों को बचाया। उन्होंने कुंडा थाना प्रभारी से मामले की जांच कर सुरक्षा प्रदान करने और आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
व्हाट्सएप पर आई एपीके फाइल डाउनलोड करते ही खाते से कटे 22 हजार रुपये
- साइबर ठगी का शिकार हुआ छत्तीसगढ़ में कार्यरत निजी कंपनी का कर्मी
देवघर/संवाददाता। साइबर अपराधियों ने व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 22 हजार रुपये की निकासी कर ली। पीड़ित की पहचान कुंडा थाना क्षेत्र के कुंडा मोड़ निवासी रविन्द्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के गम्हारडीह गांव के रहने वाले हैं और छत्तीसगढ़ में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। पीड़ित के अनुसार, उनके व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल आई थी। बिना उसकी सत्यता की जांच किए उन्होंने फाइल डाउनलोड कर ली। इसके बाद उनका व्हाट्सएप हैक हो गया। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 22 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से रकम कटने का मैसेज मिलने पर उन्हें साइबर ठगी का पता चला। बताया जाता है कि रविन्द्र कुमार सिंह काम के सिलसिले में छत्तीसगढ़ में रहते हैं, जबकि उनके बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य देवघर में रहते हैं। घटना के बाद पीड़ित ने साइबर थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और शिकायत दर्ज करायी। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है। साइबर सुरक्षा को लेकर विशेषज्ञों की ओर से लगातार अनजान स्रोत से आई एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी जाती है। ऐसी फाइलों के जरिये मोबाइल की निजी जानकारी और बैंकिंग गतिविधियों तक साइबर अपराधियों की पहुंच हो सकती है।
54 हजार रुपये गलती से ट्रांसफर होने का झांसा देकर समाहरणालय कर्मी से 27 हजार की ठगी
- फर्जी मैसेज भेजकर छह बार में फोनपे से कराये रुपये ट्रांसफर, आधार कार्ड भेजकर और बच्चों की कसम खाकर जीता भरोसा
देवघर/संवाददाता। साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए देवघर समाहरणालय के एक कर्मी को अपना शिकार बनाया। रिखिया थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव निवासी रविशंकर कुमार से अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क कर उनके खाते में गलती से 54 हजार रुपये ट्रांसफर होने की बात कही। इसके बाद फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजकर उन्हें विश्वास में लिया और फोनपे के माध्यम से छह बार में कुल 27 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिये। घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बतायी जा रही है। पीड़ित के अनुसार, अज्ञात नंबर से फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि गलती से उनके बैंक खाते में 54 हजार रुपये चले गये हैं। अपनी बात पर भरोसा दिलाने के लिए उसने फर्जी टेक्स्ट मैसेज भी भेजा। इसके बाद कथित तौर पर रकम वापस लेने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रुपये ट्रांसफर कराये गये। इस दौरान पीड़ित के एसबीआई खाते से कुल 27 हजार रुपये निकल गये।
छह किस्तों में कराये रुपये ट्रांसफर : ठग ने एक बार में पूरी रकम नहीं भेजने को कहा। पीड़ित से दो बार 10-10 हजार, तीन बार दो-दो हजार और अंतिम बार एक हजार रुपये ट्रांसफर कराये गये। इस तरह कुल छह बार में 27 हजार रुपये की निकासी हो गयी।
आधार कार्ड भेजकर भी जीता भरोसा : रकम भेजने के दौरान फोनपे पर अंसारी नाम दिखाई देने से पीड़ित को संदेह हुआ। हालांकि, ठग ने भरोसा कायम रखने के लिए आधार कार्ड भेजा और बच्चों की कसम खाकर अपनी बात सही बतायी। बाद में पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद रविशंकर कुमार साइबर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने ठगी के जरिये ट्रांसफर करायी गयी रकम वापस दिलाने की भी गुहार लगायी है।