-कहा समेकित प्रतिवेदन गूगल ड्राइव में अपलोड कर प्रतिदिन करें प्रस्तुत
गोड्डा/संवाददाता। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीसी जिशान कमर ने जिले के विभिन्न विद्यालयों के निरीक्षण के लिए समीक्षात्मक बैठक बुलाई। डीसी ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को जिले के विभिन्न विद्यालयों में प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पठन-पाठन अवधि में यादृच्छिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी अपने कार्य दिवस का प्रारंभ विद्यालय निरीक्षण के साथ करें। जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक प्रतिदिन सभी संबंधित पदाधिकारी के लिए रैडम 05-05 विद्यालयों की सूची निरीक्षण से आधे घंटे पूर्व उपलब्ध कराएं ताकि विद्यालय निरीक्षण के लिए जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर सके। निरीक्षण के उपरांत छात्रों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन की स्थिति, किचन की स्थिति, शेेड की स्थिति, मेन्यू के अनुसार भोजन की स्थिति आदि संबंधी सूचनाएं विहित प्रपत्र में जांच प्रतिवेदन जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को उपलब्ध कराएंगे। समेकित प्रतिवेदन गूगल ड्राइव में अपलोड कर डीसी के समक्ष प्रतिदिन प्रस्तुत करेंगे। गोड्डा एवं महागामा क्षेत्र में अवस्थित सभी विद्यालयों के निरीक्षण का अनुश्रवण संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी की ओर से जिला स्तर पर इसका अनुश्रवण उपविकास आयुक्त करेंगे। साथ ही साथ सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि ऑनलाइन उपस्थिति के बिना शिक्षकों के विपत्र अग्रसारित नहीं करेंगे तथा कोषागार पदाधिकारी ऐसे विपत्र को अनुमोदित नहीं करेंगे। सभी पदाधिकारी की ओर से प्रतिदिन निरीक्षण किए जाने के क्रम में फोटोग्राफ, वीडियोग्राफ कार्यालय में तिथिवार संधारित करेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उप विकास आयुक्त स्मिता टोप्पो, अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला नजारत समाहर्ता श्रवण राम, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पंचायतीराज पदाधिकारी पंकज कुमार, नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी महागामा सुभाष अनुराग एक्का संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित थे।
सोलर जलमीनार खराब होने से पानी पीने में ग्रामीण को हो रही है परेशानी
हनवारा/संवाददाता। महागामा प्रखंड क्षेत्र विश्वासखानी पंचायत अंतर्गत प्रेमनगर गांव में लगा सोलर जलमीनार बीते वर्ष से खराब है। जिसके कारण ग्रामीणों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। ग्रामीण उमेश यादव, धर्मेंद्र यादव, गीता देवी, जितेंद्र यादव, लालू यादव, पिंटू यादव, सिकंदर यादव , चिरंजीवी यादव आदि ने बताया कि गांव में जल मीनार से करीब 30-40 घर को पानी मिलता था। लेकिन जब से जल मीनार खराब हुआ है तब से पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। पानी की व्यवस्था के लिए घर के बगल स्थित नदी से लाकर पूरा करना पड़ता है। नदी के गंदे पानी से हम लोगों को बीमारी होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि जल मीनार खराब होने की सूचना अधिकारी और स्थानीय मुखिया को दिया गया। लेकिन जलमीनार ठीक करने की दिशा में कोई पहल होता नहीं दिख रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उनलोग को आदमी के साथ-साथ जानवर को भी पानी पिलाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। गरीबी रेखा से नीचे गुजर-बसर करते हैं। दिहाड़ी मजदूर कर अपना और अपने परिवार का भरण- पोषण करते हैं, ऐसे में पानी की व्यवस्था करने में ही अधिकांश समय बीत जाता है। सरकारी व्यवस्था पर ही आश्रित रहना उनकी मजबूरी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सोलर जल मीनार ठीक कराने की मांग की है।
प्रमंडल स्तरीय किशोरी फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में बोआरीजोर ने लहराया जीत का परचम
गोड्डा/संवाददाता। सामाजिक संगठन साथी और अजीम प्रेमजी इनिशिएटिव के संयुक्त तत्वावधान में किशोरी सशक्तीकरण योजना के तहत प्रमंडल स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन गोड्डा कॉलेज के मैदान में आयोजित किया गया। जिसमें बोआरीजोर की टीम ने रामगढ़ को पेनल्टी शूट आउट में हरा कर विजय पताका फहराया। पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रेखा कुमारी ने कहा कि यह अद्भुत क्षण है कि सुदूर क्षेत्र की किशोरियां प्रमंडल स्तर पर फुटबॉल मैच खेल रही है और इस माध्यम से समाज को एक संदेश दे रही है कि उन्हें समाज की कुरीतियों के खिलाफ लड़ना है और अपने सपनों को साकार करना है। उन्होंने कहा कि साथी का यह प्रयास सराहनीय है। गोड्डा कॉलेज के प्राचार्य स्मिति घोष ने कहा कि आज का आयोजन अहम है कि गोड्डा कॉलेज के प्रांगण में लगातार साथी संस्था ने किशोरियों का फुटबॉल टूर्नामेंट करा कर किशोरियों के आत्म विश्वास बढ़ा रही है। उनकी शुभकामनाएं इन किशोरियों के साथ है कि ये आगे बढ़ती रहे। उन्होंने कहा कि किशोरियों को खेल के साथ- साथ शिक्षा को पूरी करनी है और अपने सपनों को साकार करना है। उन्होंने कहा कि साथी का हर समय लक्ष्य रहा है कि महिला सशक्तीकरण को मजबूती प्रदान करना है और आज यह बताता है कि इसमें सफल भी हुए है। प्रो. नूतन झा ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है इसे मिटाना है इसके लिए इस तरह का आयोजन सराहनीय है। प्रभारी बाल संरक्षण पदाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि आपको कहीं भी अनाथ, बेसहारा बच्चों को मिलने से उसकी सूचना हमारे तक लाए उसे सरकार के स्पॉन्सर योजना से जोड़ा जाएगा। बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. नीरज कुमार ने कहा कि यह एक भावुक क्षण है कि साथी के शोध का यह एक परिणाम कि साथी शुरू से ही बाल अधिकार, बच्चों और महिलाओं का सशक्तीकरण, आजीविका और सरकारी योजनाओं से जुड़ाव को केंद्रित कर कार्य कर रही है। कार्यक्रम को जिला बाल संरक्षण इकाई के ओम प्रकाश, शिक्षा विभाग के अशोक कुमार सिन्हा, बाल कल्याण समिति के संदीप दुबे, शिक्षा विभाग के अशोक कुमार सिन्हा आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में गोड्डा कॉलेज के प्रो. रावी तिर्की सहित साथी की पूरी टीम और सैकड़ों दर्शक मौजूद थे। संचालन कालेश्वर मंडल ने जब कि धन्यवाद ज्ञापन निदेशक हेमकांत मुर्मू ने की।
मध्यस्थता के माध्यम से मुकदमों का कराएं निष्पादन : डालसा
-लीगल एड क्लीनिक की ओर से चलाया गया जन जागरूकता अभियान
गोड्डा/संवाददाता। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित 90 दिवसीय विधिक साक्षरता सह विधिक जागरुकता अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को कानूनी एवं सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान ठाकुरंगटी की डालसा की टीम ने ग्रामीणों को विशेष मध्यस्थता अभियान की जानकारी दी गई। टीम में शामिल मुन्नी रानी, विमल टुडू व अन्य अधिकार मित्रों ने क्षेत्र के चांदा पंचायत के डाहू पगड़ा गांव में आयोजित शिविर में कहा कि समय-समय पर न्यायालय परिसर व परिवार न्यायालय परिसर में विशेष मध्यस्थता अभियान चलाया जाता है। इसमें पारिवारिक मामलों के अलावा अन्य सुलहनीय मामलों का त्वरित निष्पादन होता है। मध्यस्थता में दोनों पक्ष उपस्थित होकर सुलह कराकर मुकदमा का निष्पादन करा लें। इससे दोनों पक्षों के साथ-साथ सरकार की भी भलाई है। दिनोंदिन कोर्ट पर मुकदमे का बोझ बढ़ता जा रहा है। ऐसे में मुकदमे के त्वरित न्याय के लिए यह सबसे उपयुक्त माध्यम है। इससे निष्पादित मुकदमों से दोनों पक्षों की जीत होती है और विवाद सदा के लिए खत्म हो जाता है। इस दौरान ग्रामीणों को कानून के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। इसी क्रम में पोडै़याहाट, मेहरमा में रामविलास महतो, बोआरीजोर में दयानंद यादव व अनिता टुडू, पथरगामा में दिलीप यादव व मीणू बेसरा, सुंदरपहाड़ी में चुनका मुर्मू व मंजूरी बीबी, गोड्डा मेंं अजय टुडू व चंपा कुमारी, पोड़ैयाहाट में हसीब और शंकरचंद्र सेन, बसंतराय में जायसवाल मांझी व जोबाती मुर्मू ने अभियान चला कर ग्रामीणों को कानूनी जानकारी दी।
राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गोड्डा/संवाददाता। पोड़ैयाहाट प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय पोड़ैयाहाट एवं संत फ्रांसिस हाईस्कूल पोड़ैयाहाट में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमेश कुमार के दिशा-निर्देश के अंतर्गत गुरुवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के तहत प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोड़ैयाहाट अभिषेक कुमार की देखरेख में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी अंकिता आर्या एवं शर्मिला मुर्मू ने जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें तंबाकू एवं इससे बने उत्पादों से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया। साथ ही शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तंबाकू संबंधित जागरूकता के लिए विस्तृत रूप से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में बच्चों को बताया गया। पठन-पाठन के उपरांत क्विज आयोजित कर सफलता प्राप्त करने वाले सात विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
न्यू शाइनिंग क्रिकेट क्लब ने वाईएससीसीबी को 70 रनों से किया पराजित
गोड्डा/संवाददाता। जिला क्रिकेट संघ, गोड्डा के तत्वावधान में बी-डिविजन क्रिकेट लीग का क्वॉर्टर फाइनल पोड़ैयाहाट एवं परसोती मैदान में खेला गया। वहीं परसोती मैदान में गुरुवार को न्यू शाइनिंग क्रिकेट क्लब बनाम वाईएससीसीबी के बीच खेला गया। जहां न्यू शाइनिंग क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवरों में 08 विकेट के नुकसान पर 232 रन बनाए। वहीं सनम कुमार ने 54 रन, प्रभुनाथ साह ने 36 रन, नवाजिश हुसैन ने 34 रन एवं सुमित कुमार ने 33 रन बनाए तो वहीं गेंदबाजी करते हुए घनश्याम पंडित ने 03 विकेट एवं सुमन कुमार ने 02 विकेट लिए। जवाबी पारी में वाईएससीसीबी की टीम ने 23.4 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। जिसमें मंटू कुमार ने 37 रन, जितेन्द्र कुमार ने 22 रन एवं घनश्याम पंडित ने 19 रन बनाए तो वहीं गेंदबाजी में अर्जुन ने 05 विकेट एवं नवाजिश हुसैन ने 03 विकेट लिए। जिसके बाद न्यू शाइनिंग क्रिकेट क्लब ने मैच को 70 रनों से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच अर्जुन कुमार को दिया गया। अंपायर की भूमिका में नीरज सिंह एवं निक्कू कुमार, स्कोरर की भूमिका में आकाश कुमार थे।
एसटी ब्रदर्स क्रिकेट क्लब ने धमाका क्रिकेट क्लब को चार विकेट से किया पराजित
वहीं पोड़ैयाहाट मैदान में खेले गए मैच में एसटी ब्रदर्स क्रिकेट क्लब बनाम धमाका क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए धमाका क्रिकेट क्लब की टीम ने 27.5 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 116 रन बनाए। जिसमें सौरव वत्स ने 34 रन, अभिषेक ने 26 रन एवं आर्यन ने 25 रन बनाए वहीं आर्यन प्रताप ने 03 विकेट एवं नीरज कुमार ने 02 विकेट लिए। जवाबी पारी में एसटी ब्रदर्स क्रिकेट क्लब की टीम ने 25.4 ओवर में 06 विकेट के नुकसान पर 117 बना कर मैच को 04 विकेट से जीत लिया। सचिन मरांडी 37 रन एवं आर्यन प्रताप ने 29 रन बनाए। वहीं हेमंत कुमार ने 03 विकेट लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार आर्यन प्रताप को दिया गया। अंपायर की भूमिका में मिथुन कुमार एवं मोतीलाल और स्कोरर की भूमिका में ऋषि कुमार थे।
पुनर्वास और विस्थापन से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आहूत
गोड्डा/संवाददाता। समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त जिशान कमर की अध्यक्षता में पुनर्वास और विस्थापन से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। बैठक में उपायुक्त की ओर से पुनर्वास नीति के तहत विस्थापितों को दी गई। सुविधाओं की जानकारी ली गई। राजमहल परियोजना के अधीन मौजा पहाड़पुर में अधिग्रहित भूमि के मुआवजा निर्धारण में विसंगति से संबंधित मामलों की क्रमवार समीक्षा की गई। ईसीएल परियोजना से प्रभावित विस्थापित परिवारों को पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाली सुविधाओं के अलावा शेष बचे लोगों को नई पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाली सुविधाओं पर ईसीएल प्रबंधन के साथ विचार-विमर्श किया गया। साथ ही विस्थापितों की मांग को लेकर ईसीएल से समन्वय स्थापित करते हुए विस्थापितों की समस्या का निराकरण करने का निर्देश दिया गया। मौके पर ईसीएल के अधिकारीगण एवं विस्थापित परिवार मौजूद थे।