-15 प्रत्याशी का नामांकन स्वीकृत, आज से नाम वापसी का इंतेजार
साहिबगंज। संवाददाता। सातवें एवं अंतिम चरण के लोकसभा चुनाव-2024 के तहत अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 01 राजमहल लोकसभा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन प्रक्रिया के बाद बुधवार को हुई स्क्रूटनी में दो प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल किए गए। नामांकन पत्र में त्रुटि के चलते रद्द कर दिया गया। इसके पूर्व डीसी कोर्ट में बनाये गए आरओ कक्ष में जिला निर्वाची पदाधिकारी हेमंत सती, सामान्य प्रेक्षक सौरव पहाड़ी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी राजमहेश्वरम के समक्ष 17 प्रत्याशियों के नामांकित पत्रों की गहनता पूर्वक जांच की गई। जांच में कुल 15 प्रत्याशियों का नामांकन पत्र स्वीकृत किया गया। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन करने वाले गंगा राम मालतो एवं नथानिएल मालतो का नामांकन पत्र अस्वीकृत कर दिया गया। ज्ञात हो कि राजमहल संसदीय क्षेत्र के लोकसभा प्रत्याशी के रूप में 07 से 14 मई तक कुल 17 उम्मीदवारों ने 34 सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया था।
इन प्रत्याशियों के नामांकन पत्र किये गए स्वीकृत
स्क्रूटनी की प्रक्रिया में निर्दलीय उम्मीदवार लोबिन हेंब्रम, महेश पहाड़िया, दीपा टुडू, सेवास्टियन हेंब्रम, दाउद मरांडी, भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार ताला मरांडी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार विजय कुमार हांसदा, समता पार्टी के उम्मीदवार लीली हांसदा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के उम्मीदवार गोपीन सोरेन, लोकहित अधिकारी पार्टी के उम्मीदवार विनोद कुमार मंडल, नवयुवक प्रगतिशील मोर्चा के उम्मीदवार मुंशी किस्कू, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक के उम्मीदवार खलीफा किस्कू, बहुजन समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार मरियम मरांडी, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमिन के उम्मीदवार पाल सोरेन एवं राष्ट्रीय जन संभावना पार्टी के उम्मीदवार अजीत मरांडी का नामांकन पत्र स्वीकृत किया गया।
दाऊद मरांडी ले सकते हैं नाम वापस
राजमहल संसदीय निर्वाचन लोकसभा क्षेत्र में सातवें व अंतिम चरण के नामांकन प्रक्रिया के तहत बुधवार को स्क्रूटनी के बाद शुक्रवार से नाम वापसी की प्रक्रिया शुरू होगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी हेमंत सती ने बताया कि गुरुवार व शुक्रवार व 17 मई को नाम वापसी प्रक्रिया होगी। चर्चा है कि निर्दल दाऊद मरांडी पहले ही दिन अपना नाम वापस ले सकते हैं। ज्ञात हो कि एआईएमआईएम ने नामांकन प्रक्रिया के तहत दो प्रत्याशी पॉल सोरेन व दाऊद मरांडी का नामांकन किया था। स्क्रूटनी में पॉल सोरेन एआईएमआईएम के प्रत्याशी घोषित हुए। जबकि दाऊद मरांडी का नामांकन निर्दलीय के रूप में स्वीकार कर लिया गया है।
चुनाव लड़ने का सपना टूट गया : नथानीयल
साहिबगंज। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने वाले बरहेट के अरगौरी निवासी नथानीयल मालतो की स्क्रूटनी प्रक्रिया में नामांकन रद्द हो गया। उन्होंने इंडियन पंच को बताया कि उन्हें लोग चुनाव लड़ने के लिए स्पोर्ट कर रहे थे। चुनाव लड़ना उनका भी सपना था। लेकिन नामांकन रद्द होने से उनका सपना टूट गया है।
तीन महीने बाद पटना जिले का खोया बालक परिवार से मिला
साहिबगंज। संवाददाता। पिछले तीन महीने से बिहार के पटना जिले के खोए हुए एक बालक को बुधवार को उसका परिवार मिल गया। अपने परिवार से बिछड़ा हुआ उक्त बालक 15 फरवरी, 2024 को रेलवे चाइल्ड लाइन को प्राप्त हुआ था। इसके बाद उसे बाल कल्याण समिति में प्रस्तुत किया गया था। समिति के आदेश पर बालक बाल गृह में आवासित था। काउंसलिंग में बालक कभी अपना पता नई दिल्ली तो कहीं और बता रहा था। उसके बताए गए पते हर पते की बाल कल्याण समिति और बाल संरक्षण इकाई जांच करवा रही थी। इसी बीच में उक्त बालक ने अपने संबंधी का पता भागलपुर बताया। बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. सुरेंद्रनाथ तिवारी बताते हैं कि जेजे एक्ट के अनुसार बालक के बताए गए पते पर बालक को भेज कर ग्रह सत्यापन का आदेश दिया जाता है। बालक के बताए गए भागलपुर के पते पर एक टीम गठित कर उक्त बालक को गृह सत्यापन के लिए भेजा गया। भागलपुर में उसके बताए गए पते अलीगंज इलाके में संपूर्ण जगह घुमाया जाता है। लेकिन उसके संबंधी का पता नहीं चलता है। पुन: उसकी काउंसलिंग की जाती है और बालगृह के काउंसलर अमन कुमार को बालक अपनी फुफेरी बहन का पता धनबाद के अशर्फी अस्पताल बताता है। बाल कल्याण समिति मंथन नामक संस्था के सहयोग से इसकी दीदी का पता निकालती है। इसके बाद उसके परिवार का पता चलता है जो पटना जिला अंतर्गत फतुआ अनुमंडल के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र का होता है। बालक के परिवार जनों व वहां के थाना प्रभारी से भी बात होती है। जिसके बाद बुधवार को बाल कल्याण समिति में संपूर्ण कागजात के साथ उसका परिवार उपस्थित हुआ। बालक को उनके परिवार को सौंप दिया गया है। माता-पिता ने बताया कि पढ़ाई के लिए जब भी दबाव बनाया जाता है तो बालक भाग जाता है। माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल था। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य सुधा कुमारी, दिनेश शर्मा उपस्थित थे।
740 ग्राम गांजा के साथ तीन गिरफ्तार
-एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता कर दी जनाकारी
साहिबगंज। संवाददाता। एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के बाद रांगा थाना पुलिस ने नशे के धंधेबाजों के विरुद्ध एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। बरहरवा एसडीपीओ बरहरवा मंगल सिंह जामुदा ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि रांगा थाना क्षेत्र के तलबड़िया निवासी प्रधान मुर्मू के घर में छापेमारी के क्रम में काले पॉलिथीन के 11 छोटे-छोटे पैकेट व पॉलीथिन में खुला हुआ गांजा भरा हुआ बरामद हुआ। जिसका कुल वजन 125.57 ग्राम था। वहीं राधानगर थाना क्षेत्र कटहलबाड़ी, गोबरगाड़ी स्थित इलियास नादाब के घर से लकड़ी के छोटा अलमारी में रखा काला पॉलिथीन में 614.79 ग्राम गांजा बरामद किया गया। मामले में रांगा थाना कांड संख्या 46/24 के तहत प्रधान मुर्मू, डॉक्टर साहा, इलियास नादाब को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापामारी में लगभग 740 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। छापामारी दल में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, रांगा थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह, सअनि ज्योति देवी, होमगार्ड जवान चन्दना कुमारी, परमेश्वर हेंब्रम, चौकीदार जयप्रकाश यादव, होमगार्ड शंकर रजवार, सिमोन हेंब्रम शामिल थे।
राजमहल मॉडल कॉलेज में स्नातक में नामांकन शुरू
राजमहल। संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत मुंडली स्थित मॉडल कॉलेज में नामांकन प्रारंभ हो गई है। उक्त बातों की जानकारी देते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि स्नातक में नामांकन के लिए इच्छुक विद्यार्थी कॉलेज के कार्य अवधि में सुबह 10 से 05 बजे संध्या तक अपना नामांकन कर सकते हैं। नामांकन के लिए ऑनलाइन चांसलर पोर्टल पर नि:शुल्क फॉर्म भरने की सुविधा, हेल्प डेस्क के माध्यम से मॉडल कॉलेज में दी जा रही है। साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स में उपलब्ध विषयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत नामांकन प्रक्रिया शुरू है।
दुष्कर्म के मामले में तीन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
राजमहल। संवाददाता। थाना क्षेत्र की एक महिला ने सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को आवेदन के माध्यम से बताया है कि बड़तल्ला निवासी गौतम साहा, अर्जुन साहा एवं भीम साहा ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। मामले को लेकर पीड़िता के बयान पर थाना कांड संख्या 61/24 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
172 ग्राम अवैध गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
तीनपहाड़। संवाददाता। पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली कि तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के नीचे टोला स्थित अपनी दुकान में भवानी सिंह गांजा की बिक्री कर रहा है। प्राप्त सूचना के आधार पर राजमहल अंचल अधिकारी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान भवानी सिंह की दुकान से लगभग 172 ग्राम गांजा बरामद किया गया। भवानी सिंह ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि थाना क्षेत्र के इनायतपुर निवासी भरत मंडल ने उसे गांजा बिक्री करने दिया था। वर्तमान में भरत मंडल जेल में है। पुलिस ने थाना कांड संख्या 33/24 दर्ज कर गांजा जब्त करते हुए आरोपी भवानी सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। छापेमारी दल में सीओ अशोक सिंह, तीनपहाड़ थाना प्रभारी शाहरुख, पुअनि महेंद्र कुमार, गृह रक्षा दल मौजूद थे।
सीओ ने बालू लोड तीन ट्रैक्टर पकड़ा
तीनपहाड़। संवाददाता। राजमहल सीओ अशोक सिन्हा ने बुधवार को थाना क्षेत्र के इंटर कालेज के समीप बालू लोड तीन ट्रैक्टर को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार राजमहल सीओ ने इंटर कालेज के पास बालू लोड बिना नंबर के ट्रैक्टर को जाते हुए देख उन्हें रोक लिया। इस दौरान तीनों ट्रैक्टर के चालक ट्रैक्टर छोड़ कर फरार हो गए। थाना प्रभारी शाहरुख ने बताया कि मामले में जिला खनन विभाग को सूचना दी गई है।
वेल्डिंग गैराज में गैस सिलेंडर में लगी आग
बोरियो। संवाददाता। थाना क्षेत्र के बोरियो बाजार स्थित स्टेट बैंक के समीप जाहिद वेल्डिंग गैराज में गैस वेल्डिंग करते समय अचानक सिलेंडर में आग लग गई। जिसके बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाया। घटना में किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ।
राजमहल पहाड़ मामले में एनजीटी का आया आदेश
-झारखंड प्रदूषण बोर्ड ने मांगा आठ सप्ताह का समय
-कई पत्थर कारोबारी ने जमा किया पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति मुआवजा
-अगली सुनवाई 24 जुलाई को
साहिबगंज। संवाददाता। जिले के चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता सह पर्यावरण प्रेमी सैयद अरशद नसर के ऐतिहासिक राजमहल पहाड़ को बचाने व संवर्धन को लेकर वर्ष 2017 में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ईस्टर्न जोन कोलकाता में दायर याचिका संख्या-23/2017 की बीते सोमवार को पीठ के जुडिशियल मेंबर न्यायमुर्ति बी अमित स्टालेकर व एक्सपर्ट मेंबर डॉ अरूण कुमार वर्मा ने सुनवाई की थी। सुनवाई पश्चात पीठ ने आदेश सुरक्षित रख लिया था। इस मामले में बुधवार को आदेश आया है। याचिकाकर्ता में बताया कि आदेश में झारखंड राज्य प्रदूषण बोर्ड के अधिवक्ता कुमार अनुराग सिंह ने एनजीटी को बताया कि एनजीटी में बोर्ड के 11 मार्च को दाखिल हलफनामा के आलोक में 203 पत्थर कारोबारियों के खिलाफ लगाए गए पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति मुआवजा में से 06 पत्थर कारोबारियों ने 1,36,91,407 करोड़ रुपए जमा कर दिया है। वहीं 08 पत्थर कारोबारियों ने 1,22,96,874 करोड़ रुपये जमा कर दिया है। इसी प्रकार 72 पत्थर कारोबारियों के पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति मुआवजा को संशोधित करते हुए 7,58,31,718 करोड़ रुपए जमा करने के लिए पत्र निर्गत किया गया है और 33 पत्थर कारोबारियों के पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति मुआवजा में संशोधित करने के लिए आवेदन को रद्द करते हुए 25,64,49,218 करोड़ रुपए जमा करने के लिए बोर्ड से पत्र निर्गत कर पंद्रह दिनों के भीतर उक्त राशि को जमा करने को कहा गया है। झारखंड प्रदूषण बोर्ड ने जिले के 203 पत्थर कारोबारियों पर करीब एक अरब रुपये का लगाए गये पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति मुआवजा का नया हलफनामा के माध्यम से फ्रेश जानकारी देने के लिए एनजीटी से आठ सप्ताह का समय देने का आग्रह किया। जिसे एनजीटी ने स्वीकार करते हुए बोर्ड को आठ सप्ताह का अतिरिक्त समय देते हुए इस मामले की अगली सुनवाई 24 जुलाई को निर्धारित की है।
तीन बच्चों को बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने किया हंगामा
राजमहल। संवाददाता। थाना क्षेत्र के नील कोठी स्थित एक आइसक्रीम फैक्ट्री में फैक्ट्री संचालक के तीन नाबालिग बच्चों को चोरी का आरोप लगाते हुए बंधक बनाए रखने के मामले में परिजनों ने बुधवार की देर संध्या जमकर हंगामा किया। हालांकि हो-हंगामा के बाद फैक्ट्री संचालक ने बच्चों को मुक्त कर दिया। घटना को लेकर बच्चों के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि उनके नाबालिग बच्चों पर बेबुनियाद आरोप लगाया गया है। बच्चों ने चोरी नहीं की है। यदि ऐसी बात थी भी तो उन्हें बंधक बनाना कहां तक जायज है। वहीं आइसक्रीम फैक्ट्री के मालिक लालू साहा ने बंधक बनाए जाने से इनकार किया है। उसका दावा है कि बच्चे आइसक्रीम फैक्ट्री में घुसकर कुछ लोहे के सामानों की चोरी कर रहे थे।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुलाम सरवर, सअनि अरविंद दास दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता एवं नाबालिग बच्चों से जुड़ी हुई घटना होने के कारण जांच पड़ताल शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित के परिजनों ने आवेदन नहीं दिया था। थाना प्रभारी गुलाम सरवर ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
सूचना उपलब्ध नहीं कराने का लगाया आरोप
राजमहल। संवाददाता। सूचना अधिकारी अधिनियम 2005 के तहत राजकीय माधी पूर्णिमा मेला से संबंधित सात बिन्दुओं पर सामाजिक कार्यकर्ता सह व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता संत कुमार घोष ने 9 मार्च 2024 को जन सूचना पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी से राजकीय माधी पूर्णिमा मेला में राज्य सरकार से आवंटित की गई राशि व खर्च की सूचना मांगी थी। समयावधि समाप्त हो जाने के बाद सूचना उपलब्ध नहीं करवाई गई तो 15 अप्रैल 2024 प्रथम अपीलीय प्राधिकारी सह उपायुक्त से अपील की गई थी। आवेदक ने मांगी गई सूचना उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए सूचना उपलब्ध कराने की मांग की है।
कुख्यात लालू साहनी से बंगाल पुलिस ने की पूछताछ
साहिबगंज। संवाददाता। हत्या सहित अन्य वारदातों में संलिप्त झारखंड, बिहार व पश्चिम बंगाल के कुख्यात लालू साहनी को मंगलवार को जिरवाबाड़ी पुलिस के मंगलवार को न्यायालय से दो दिन की रिमांड पर लेने के बाद पश्चिम बंगाल के मालदा जिला की पुलिस उससे पूछताछ के लिए पहुंची। ज्ञात हो कि मंगलवार को उसे सुरक्षा के बीच मंडल कारा से जिरवाबाड़ी थाना लाया गया था। जहां एसडीपीओ किशोर तिर्की व थाना प्रभारी अनिष कुमार पांडेय ने वर्ष 2022 में महेंद्र साह हत्याकांड सहित अन्य मामलों के संबंध में उससे पूछताछ की थी।
चोरी करने का असफल प्रयास
साहिबगंज। संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के कृष्णनगर नगर मुहल्ले में राजमहल विधायक अनंत ओझा के फंड से निर्मित जलमीनार में लगे पानी के मोटर का तार चोरी करने का असफल प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों ने नगर थाना प्रभारी को आवेदन देकर बताया कि 14 मई की रात्री अज्ञात चोरों ने जलमीनार में लगे पानी के मोटर का तार काटकर चोरी करने का असफल प्रयास किया है। पूर्व वार्ड पार्षद पार्वती देवी, नीलम देवी, अमित कुमार तांती, बलराम कुमार तांती, प्रिंस गुप्ता, शशि कुमार सहित अन्य ने कार्रवाई की मांग की है।
ठनका गिरने से वार्ड सदस्य की मौत, मातम
साहिबगंज। संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मखमलपुर में ठनका गिरने से वार्ड सदस्य की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार महादेवगंज निवासी गंगा प्रसाद पूर्व मध्य पंचायत के वार्ड नंबर 1 के सदस्य मुकेश यादव उर्फ भदुआ (28) मख्मालपुर में मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान दोपहर लगभग 2 बजे अचानक हल्की बारिश के बीच उनपर ठनका गिर गया। इधर घटना के बाद आननफानन में उसे अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मुकेश यादव को मृत घोषित कर दिया। सदर अस्पताल में गंगा प्रसाद पूर्व के मुखिया संतोष कुमार गोंड, वार्ड सदस्य मोइन अंसारी, मनीष कुमार स्वर्णकार, गंगा प्रसाद पूर्व मध्य की मुखिया कविता देवी के ससुर प्रकाश मंडल सहित परिजन अस्पताल पहुंचे। यहां मुकेश के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। मुकेश अपने पीछे पत्नी, दो बच्चों सहित पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से मुआवजा की मांग की है।