-ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग को लेकर किया सड़क जाम
पाकुड़/संवाददाता। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन के पास खेत होकर गुजरी 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। वहीं आक्रोशित लोगों ने पाकुड़- बड़हरवा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। खबर मिलते ही बीडीओ शफीक आलम, थाना प्रभारी मनोज कुमार, सीओ, सीआई मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बताया गया कि सदर प्रखंड के दादपुर गांव के रहने वाले अनीथ यादव, पिता दुबराज यादव के साथ मवेशी का चारा लेने के लिए खेत में घास काट रहे थे। घास काटने के बाद अनीथ यादव घास का गठरी बना कर उसे सिर पर लाद कर घर जाने लगा और इसी बीच खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में वह आ गया और उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी। वहीं सड़क जाम पर बैठ लोगों ने विभाग के अधिकारी से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे। मौके पर शहरकोल पंचायत के मुखिया विकास गोड़ भी पहुंचे और पदाधिकारी के साथ बात की। इसी बीच बीडीओ ने बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया और खेत के नजदीक से गुजरती हुई तार को दुरुस्त करने के साथ-साथ मृतक के परिजन को 25 हजार रुपए तत्काल देने की घोषणा की। साथ ही नियमानुसार जो भी मुआवजा मिलना है उसका निराकरण जल्द से जल्द करने का आश्वासन दिया और इसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। मुखिया ने कहा कि नौजवान की शादी कुछ वर्ष पूर्व ही हुई थी। उसकी पत्नी और एक छोटा बच्चा है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग ने जो आश्वासन दिया है उसे पूरा नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस ने किया लगभग 02 करोड़ रुपए मूल्य का नकली कीटनाशक दवा बरामद
पाकुड़/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के धनुष पूजा के पास स्थित पूरनचंद तिवारी के घर से पुलिस ने लगभग 02 करोड़ रुपए मूल्य का नकली कीटनाशक दवा बरामद किया है। वहीं पुलिस को देखकर गृह स्वामी फरार हो गया। पुलिस ने कीटनाशक को जब्त कर थाना ले आया। बताया कि पीडीएफ कंपनी के लीगल कंसल्टेंट विजय पंडित और रंजीत कुमार सिंह ने नगर थाना प्रभारी को सूचना दिया कि उनकी कंपनी के इंडोफिल एम-45 नामक कीटनाशक का नकल कर उसे पश्चिम बंगाल में बेचा जा रहा है। वहीं थाना प्रभारी ने सारी जानकारी विस्तार से ली। इसके बाद थानेदार अभिषेक सिंह ने टीम गठित कर धनुष पूजा के पूरनचंद तिवारी के घर में छापेमारी की। मौके पर कंपनी के रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि उनलोगों को पता चला कि उनकी कंपनी के इंडोफिल एम-45 कीटनाशक का नकली प्रारूप तैयार कर उसे पश्चिम बंगाल में बेचा जा रहा है। सूचना का सत्यापन किया गया और इसकी सूचना नगर थाने को दी गयी। पुलिस ने छापेमारी कर 02 करोड़, 12 लख रुपए का नकली कीटनाशक बरामद किया है। उन्होंने कहा कि थाने में कार्रवाई के लिए आवेदन दिया जाएगा।
वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन
महेशपुर/संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत अंबेडकर चौक स्थित लक्ष्मी मार्केट में शनिवार को क्षेत्रीय ग्राम सभा फेडरेशन और संवाद के तत्वावधान में जनप्रतिनिधियों व सरकारी पदाधिकारियों के साथ वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एमानुएल किस्कू ने अध्यक्षता की। मानसून सही नहीं रहने का जिक्र किया गया। वार्तालाप कार्यक्रम में संस्था की संयोजिका ऐनी टुडू, कार्यकर्ता घनश्याम ने कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी। मौके पर देवीनगर पंचायत मुखिया मनोज मरांडी, सीतारामपुर पंचायत के मुखिया संतोष हेम्ब्रम, ग्राम प्रधान राजेंद्र मुर्मू, सुनील सोरेन, धनेश हेम्ब्रम समेत अन्य लोग शामिल थे।
वारंटी की गिरफ्तारी
महेशपुर/संवाददाता। न्यायालय के निर्देश पर शनिवार को थाना क्षेत्र के मकदमपुर के रहने वाले वारंटी आनवारुल देवान को एसआई मुकुल भगत ने घर से गिरफ्तार कर लिया। वारंटी देवान को स्वास्थ्य परीक्षण करा कर जेल भेज दिया गया। वारंटी की पत्नी साईदा खातून, पश्चिम बंगाल के मुरारोई निवासी ने पति के खिलाफ भरण-पोषण से संबंधित मामला दर्ज करायी थी।
बच्चों के बीच पोशाक वितरण
महेशपुर/संवाददाता। प्रखंड के रानीपुर, असकंधा मध्य विद्यालय में मुखिया प्रतिनिधि सुलेमान हेम्ब्रम ने 58 बच्चों के बीच पोशाक वितरण किया। स्कूल शिक्षक उपेंद्र पांडेय, सुनील पांडेय, शाहिद शेख, केताबूल शेख, सागर मंडल उपस्थित थे।
बीडीओ जल्द करेंगे समस्या का समाधान
महेशपुर/संवाददाता। प्रखंड भाजपा प्रतिनिधिमंडल बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव से औपचारिक मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया। मौके पर पूर्व जिला मंत्री नरेन, सुरेन्द्र प्रसाद भगत, रतन प्रसाद साह समेत कई नेता शामिल हुए। वहीं बीडीओ ने जल्द समस्या समाधान करने की बात कही।
मेगा कैंडिडेट मूवमेंट सह वित्तीय समावेशन के लिए दीदियों को मिला प्रशिक्षण किट
-मंत्री ने वित्तीय समावेशन के लिए 47 एफएलसीआरपी दीदियों को प्रशिक्षण किट और प्रमाण पत्र दिया
पाकुड़/संवाददाता। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी की ओर से संचालित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्या योजना के तहत मेगा कैंडिडेट मूवमेंट सह वित्तीय समावेशन के लिए दीदियों को प्रशिक्षण किट और प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन शनिवार को सोनाजोड़ी स्थित आरसेटी प्रशिक्षण भवन में किया गया। मुख्य अतिथि ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, डीडीसी शाहिद अख्तर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष कुमार सरकार, जिला प्रवक्ता मुख्तार हुसैन ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मंत्री आलम ने 100 बेरोजगार युवक एवं युवतियों को प्रशिक्षण लेने के लिए रांची और रायपुर रवाना किया। मंत्री ने वित्तीय समावेशन के लिए 47 एफएलसीआरपी दीदियों को प्रशिक्षण किट एवं प्रमाण पत्र का वितरण किया। मंत्री आलम ने कहा कि जेएसएलपीएस अंतर्गत दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत 03 माह से लेकर 02 साल तक के प्रशिक्षण में प्रशिक्षणार्थियों को किसी भी तरह का कोई भी खर्च वहन नहीं करना होगा। सरकार द्वारा प्रशिक्षणार्थी को प्रशिक्षण के दौरान रहने, खाने सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती है। वर्तमान समय में योजना को लेकर लोगों में जागरूकता की कमी है। इसी उद्देश्य से कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया है कार्यक्रम को लेकर डीडीसी ने उद्देश्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण मिश्रा ने किया। मंच संचालन बीपीएम फैज आलम के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान पाकुड़ विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, विधायक प्रतिनिधि देबु विश्वास, शाहीन परवेज, आरसेटी निदेशक कृष्णा दास, वरीय संकाय अमित कुमार वर्धन, एसएमपीओ पवन कुमार समेत अन्य उपस्थित थे।
स्कूल में पंखा चोरी मामले का पुलिस ने किया खुलासा
हिरणपुर/संवाददाता। हिरणपुर मध्य विद्यालय में आठ पंखों की चोरी मामले में पुलिस ने खुलासा करने में सफलता पाई है। एएसआई शिवानंद प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस बल ने आरोपी सुंदरपुर निवासी जय दे को उसके घर से गिरफ्तार किया। वहीं आरोपी की निशानदेही पर लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत करियोडीह बादल चौक स्थित एक दुकान से चोरी के छह पंखा बरामद किया। बीते नौ अक्टूबर की रात चोर ने हिरणपुर स्थित मध्य विद्यालय के कमरों का ताला तोड़ कर चार पंखों की चोरी कर ली थी। बताते चलें कि आरोपी चोरी के मामले में पूर्व में भी जेल जा चुका है। इस संबंध में थाना प्रभारी सुनील कुमार रवि ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में उपस्थापन के लिए भेजा गया है। जल्द ही अन्य दो पंखा भी बरामद हो जाएगा।
पुलिस ने सामान लदे बोलेरो पिकअप वैन को पकड़ा
हिरणपुर/संवाददाता। हिरणपुर-कोटालपोखर सड़क के महारो गांव के निकट पुलिस ने शुक्रवार की रात चोरी के सामान लदे एक बोलेरो पिकअप वाहन को पकड़ा। थाना प्रभारी सुनील कुमार रवि पुलिस बल के साथ गश्ती में थे कि पिकअप वाहन नम्बर डब्ल्यूबी 65 ए 7941 को तेजी से कोटालपोखर की ओर जाते देखा। पुलिस ने पीछा करते हुए वाहन को पकड़ा। इस दौरान वाहन चालक व खलासी मौके से भाग निकले। पुलिस ने जब्त वाहन की जांच करने पर क्रशर के सामानों को पाया। जिसमें वेल्डिंग मशीन, काफी मात्रा में मोटी तार, बड़ा मोटर सहित काफी संख्या में अन्य सामान भी लदा हुआ था। जिसे कोटालपोखर के रास्ते बंगाल ले जाया जा रहा था। पुलिस इस मामले को लेकर जांच में जुटी हुई है कि वाहन कहां का है। वहीं जब्त क्रशर से संबंधित सामान कहां से लोड किया गया था। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ग्रामीण विकास मंत्री ने बायपास सड़क का किया स्थल निरीक्षण
पाकुड़/संवाददाता। ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने शनिवार को सदर प्रखंड के शहरकोल से प्यादापुर तक बनने वाले बायपास सड़क का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में पीडब्ल्यूडी के कई अभियंता मौजूद थे। मंत्री ने मौके पर मौजूद अभियंताओं को कई दिशा-निर्देश भी दिये। जाम की स्थिति से शहर वासियों को निजात दिलाने के लिए पूर्व में एक बायपास सड़क की स्वीकृति दी गई थी और उसका कार्य प्रारंभ हो चुका है। जनवरी तक सड़क बन कर पूरी तरह से तैयार हो जाएगी। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए वे लगातार प्रयास करते हैं। मौके पर पार्टी के जिला अध्यक्ष कुमार सरकार, जिला प्रवक्ता मुख्तार, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष शाहीन परवेज, गुलाम अहमद, सोशल मीडिया प्रभारी पियारूल इस्लाम, रामविलास महतो समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की ओर से सोशल मीडिया कार्यशाला का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। भाजपा जिला कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की ओर से सोशल मीडिया कार्यशाला का आयोजन कर विजय शंखनाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि गुजरात भाजपा सोशल मीडिया के समन्वयक डॉ. पंकज शुक्ला एवं सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक राहुल अवस्थी उपस्थित हुए। मौके पर भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय, प्रदेश कार्य समिति सदस्य अनुग्रहित प्रसाद साह, मीरा प्रवीण सिंह, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गा मरांडी, जिला परिषद पूर्व अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू, पूर्व जिला अध्यक्ष विवेकानंद तिवारी पूर्व विधायक सुफल मरांडी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि सोशल मीडिया क्षेत्रीय प्रभारी पंकज शुक्ला ने कार्यकर्ताओं को कहा कि आज के दिन सोशल मीडिया एक मजबूत कड़ी बन चुकी है। राज्य की हेमंत सोरेन सरकार की नाकामियों को भी सोशल मीडिया में हथियार के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक राहुल अवस्थी ने कहा कि चुनावी अभियान में सोशल मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। बैठक का संचालन नगर अध्यक्ष पंकज साहा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष जयसेन बेसरा ने किया। बैठक में सोशल मीडिया संयोजक जयंत मंडल, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह, सपन कुमार दुबे आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
पीडीएस दुकानदारों की मनमानी से तंग आ चुके हैं लाभुक
पाकुड़िया/संवाददाता। पाकुड़िया प्रखंड में इन दिनों जन वितरण प्रणाली दुकानदारों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को प्रखंड अंतर्गत गोदरोसोल और बरमसिया गांव के सैकड़ों राशन कार्डधारी लाभुक जन वितरण प्रणाली दुकानदार की मनमानी के विरुद्ध प्रखंड कार्यालय पहुंचे और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत पत्र में गोदरोसोल गांव के लाभुक वीणा हेंब्रम, लुखिमुनि लोहारिन, मेरी मुर्मू,साहेब टुडू, श्रीफूल लोहारिनी ,ठाकरान मुर्मू आदि सैकड़ों कार्ड धारियों ने आरोप लगाया कि जन वितरण प्रणाली दुकानदार सुरेश देहरी द्वारा लाभुकों को अगस्त, सितंबर और अक्तूबर 2023 तीन माह का चावल वितरण नहीं किया गया है। अनाज लेने के लिए डीलर के पास पहुंचने पर वह ऊपर से अनाज की आपूर्ति नहीं मिलने की बात कह कर कार्ड धारियों को लौटा देता है। जबकि उसे अनाज की आपूर्ति मिली है। वह जानबूझ कर मनमानी करते हुए अनाज का वितरण नहीं किया है। लाभुकों ने बताया कि डीलर के विरुद्ध पहले भी दो बार अनाज वितरण नहीं किए जाने की शिकायत प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को की गई लेकिन अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। यही हाल बरमसिया गांव के जन वितरण प्रणाली दुकानदार का है। उसने भी तीन माह का अनाज लाभुकों को वितरण नहीं किया है, इसकी शिकायत प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को की गई है लेकिन कोई कार्रवाई अबतक नहीं हुई है।
जबकि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नवरीक रविदास ने बताया कि शिकायत के आलोक में जांच के बाद डीलर सुरेश देहरी के पास अवशेष पीएमजीवाई चावल 7,958 क्विंटल बचा हुआ है। डीलर सुरेश देहरी का अनुज्ञप्ति रद्द करने का प्रस्ताव जिला आपूर्ति पदाधिकारी को भेजा गया है।
शारदीय नवरात्रि की तैयारी जोरों पर, आज होगी कलश- स्थापना
पाकुड़/संवाददाता। सनातन धर्म में शारदीय नवरात्रि का विशेष महत्व होता है। अधिकांश लोग व्रत, उपवास एवं अनुष्ठान करते हैं। ऐसी मान्यता है कि देवी दुर्गा ने आश्विन महीने में महिषासुर से 09 दिनों तक घोर युद्ध किया था। दसवें दिन उसका वध किया था। इसलिए शक्ति की आराधना देवी दुर्गा की 09 दिनों तक पूजा की जाती है। इसे नवरात्रि के नाम से जाना जाता है। शक्ति स्वरूपा देवी की भक्ति आस्था प्रेमियों में निर्भरता, आत्मविश्वास लाती है। यह बुराइयों पर अच्छाईयों का विजय प्रतीक पर्व है। भारतीय पंचांग के अनुसार इस वर्ष आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि रविवार से शारदीय नवरात्रि प्रारंभ होगी। इन 09 दिनों में मां दुर्गा शक्ति स्वरूपा की नौ रूपों की पूजा होगी। इस बार मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आ रही हैं जो बेहद फलदाई है। देश की सुख समृद्धि की प्रतीक है। दुर्गा अष्टमी की तिथि 22 अक्टूबर को हो रही है। महाअष्टमी के दिन ही महागौरी की पूजा होगी। घरों में देवी स्वरूप कन्याओं को प्रीतिभोज खिलाया जाएगा।