- डॉ राजीव रंजन जिला अध्यक्ष, महासचिव मनोज कुमार राव तथा कोषाध्यक्ष पद पर विजय कुमार निर्विरोध चुने गए
- नयी कमेटी समाज को आगे ले जाने में कोई कसर बाकी नहीं रखेगी : प्रदेश अध्यक्ष
देवघर/नगर संवाददाता। सोमवार को शहर के कुंडा बैजनाथपुर रोड़ में स्थित लक्ष्मी गार्डेन में झारखंड कुर्मी महासभा देवघर का चुनाव सर्वसम्मति से हुआ। जिसमें शहर के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ राजीव रंजन जिला अध्यक्ष, महासचिव मनोज कुमार राव तथा कोषाध्यक्ष पद पर विजय कुमार निर्विरोध चुने गए। कार्यक्रम की शुरुआत छत्रपति शिवाजी व सरदार बल्लभ भाई पटेल को याद कर स्व संजय राव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए रांची से प्रदेश अध्यक्ष कुमेश्वर महतो, मुख्य चुनाव पदाधिकारी कौलेश्वर महतो, सह चुनाव पदाधिकारी भुवनेश्वर महतो मौके पर उपस्थित थे। जिनका स्वागत समाज के स्थानीय लोगों की ओर से गर्मजोशी से पुष्प गुच्छ भेंटकर व शाल ओढ़ाकर किया गया। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष कुमेश्वर महतो ने कहा कि नयी कमेटी समाज को आगे ले जाने में कोई कोरकसर बाकी नहीं रखेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल झारखंड कुर्मी महासभा के 211 आजीवन सदस्य हैं। आने वाले समय यह संख्या बढ़ेगी और समाज सशक्त होगा ऐसी आशा है। झारखंड कुर्मी महासभा देवघर होने से गांव को जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने समाज से लोगों को जोड़ने के लिए नाकारात्मक सोच को छोड़ने व साकारात्मक सोच को अपनाने की अपील की। मौके पर झारखंड कुर्मी महासभा देवघर के नवचयनित डॉ राजीव रंजन ने समाज को आगे ले जाने का संकल्प लेते हुए कहा कि इसके पूर्व भी मैं समाज के विभिन्न पदों पर अपनी सेवा समाज को दे चुका हूं। कोरोना काल में समाज के तीन सौ से अधिक लोगों की जान बचाने के साथ समाज की सेवा विभिन्न माध्यमों से की है। नि:शुल्क चिकित्सा कैंप लगाकर समाज के लोगों की सेवा की है। समाज की ओर से तपोवन रोड़ में पटेल भवन निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध है, जहां गरीब बेटी की शादी, फ्री पुस्तकालय आदि की सुविधा मिलेगी। मैं समाज के लोगों के विश्वास पर खरा उतरने का काम करूंगा। उन्होंने समाज को सशक्त बनाने के लिए कुछ सुझाव भी दिया। चुनाव संपन्न होने के बाद समाज के लोगों ने नवचयनित पदधारियों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से केकेपी राय, निरंजन सिन्हा, पप्पू राउत, मंगलेश्वर राउत, तरूण राउत, रवि राउत, मृत्युंजय राउत, अनील राव, नरसिंग राउत, धीरज राउत, सिकंदर राउत, रोहित कुमार, डा पुजा राय, सुनीता कुमारी, बबीता कुमारी, अनुज राउत, प्रमेश राव, बिरजू राउत, संजय राउत, शत्रुघन प्रसाद, जेपी राव, कैलाश राय, बबलू राउत मधुपुर सहित समाज के अन्य लोग उपस्थित थे।
विहिप की बैठक में आगामी कार्यक्रम को ले की गई चर्चा
देवघर/नगर संवाददाता। विश्व हिन्दू परिषद जिला समिति देवघर की एक बैठक जिला संपर्क प्रमुख विनोद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उपस्थित सदस्यों के द्वारा विश्व हिन्दू परिषद के आगामी कार्यक्रम के संबंध में विचार विमर्श करते हुए चरणबद्ध तरीके से सभी कार्यक्रम को संपन्न करने का निर्णय लिया गया। जिला मंत्री अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि प्रत्येक माह के तिसरे शनिवार को जिला समिति की बैठक होगी और प्रत्येक प्रखण्ड के पालक अपने अपने प्रखंड में प्रवास कर वहां के समिति के दायित्ववान सदस्यों के साथ संपर्क कर आगामी होने वाले जिला सह प्रखण्ड प्रशिक्षण वर्ग में अधिक से अधिक सदस्यों के शामिल होने के लिए तैयारी करेंगे। जिला समिति एवं प्रखंड समिति के प्रत्येक दायित्ववान सदस्य अपने अपने आवास के समीप के मठ मंदिरों में प्रत्येक सप्ताह सत्संग का आयोजन किया करेंगे। जिसमें स्थानीय नागरिकों को शामिल करेंगे। मौके पर प्रांत सह मंत्री राम नरेश सिंह, विभाग मंत्री संजय वर्मा, विहिप जिला मंत्री अशोक कुमार चौधरी, जिला गौ रक्षा प्रमुख संजय देव, जगदीश मंडल विभाग संगठन मंत्री, दुर्गा वाहिनी संयोजिका रीता देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। अंत में मोहनपुर प्रखंड के मंत्री एवं प्रखंड संयोजक के दायित्व की घोषणा की गई।
सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद घटना में नया मोड़
- मामला रविवार को सड़क दुर्घटना में महिला की मौत का
- महिला की मौत के बाद लोगों ने किया था हंगामा और पुलिसकर्मी के साथ मारपीट
प्रेसवार्ता करते सीसीआर डीएसपी एवं पुलिस के साथ मारपीट करते आक्रोशित लोग (फाइल फोटो)
देवघर/संवाददाता। जिले के कुंडा थाना इलाके के देवघर-सारवां रोड स्थित लाल कोठी के पास हुए सड़क हादसे में एक अधेड़ महिला की मौत रविवार को हो गयी थी। घटना के उपरांत महिला के शव को सड़क पर रखकर परिजनों और आसपास के लोगों ने जमकर बवाल काटा था। इस दौरान कुछ उपद्रवी महिला पुलिस कर्मी सहित पुलिस के पदाधिकारी और जवान की जमकर पिटाई कर दी थी। इस घटना में पांच से छह पुलिस कर्मी घायल हो गये थे। इस घटना का पुलिस को दो सीसीटीवी फुटेज मिला जिससे नया मोड़ आया गया है। पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई करने में जुट गयी है। इसे लेकर देवघर पुलिस सोमवार को एक प्रेसवार्ता कर जानकारी दी है।
क्या कहा सीसीआर डीएसपी ने : सोमवार को सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में मामले को लेकर प्रेसवार्ता किया गया। जिसमें बताया गया कि दो मार्च को संध्या 4 बजे जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर निवासी मोहन साह बाइक से अपनी मां रेणु देवी को लेकर सारवां की ओर जा रहा था। बताया गया था कि हथगढ़ पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान बाइक से गिरने एवं दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से रेणु देवी की मौत हो गयी। यह भी बताया गया पुलिस कर्मी द्वारा पीछे से खींचने एवं मारने की वजह से महिला की मौत हो गयी है यह बात स्थानीय नागरिक जिनका नेतृत्व आजसू के नेतागण कर रहे थे कह रहे थे। आजसू नेतागण स्थानीय लोगों के साथ एनएच 114 ए पर आगामन बाधित कर दिया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी एक कर्मी साथ भी गाली-गलौज एवं मारपीट भी किया। प्रेसवार्ता में बताया गया कि जब मामले की गहरायी से जांच की गयी और प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों से पूछताछ के क्रम में यह प्रकाश में आया कि चेकिंग स्थल हथगढ़ पुल के पास वर्णित इस प्रकार की कोई भी घटना नहीं घटी थी। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज देखने से स्पष्ट हुआ कि मोहन साह की मां रेणु देवी सारवां रोड स्थित मेधा सदन अस्पताल के पास बाइक से गिर गयी। जिसे स्थानीय लोगों के सहयोग से मेधा सदन अस्पताल ले जाकर जांच कराया गया। जहां चिकित्सक द्वारा जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उपरांत कतिपय नेतागण एवं निजी अस्पताल के अन्य स्टॉफ तथा स्थानीय लोगों को दिग्भ्रमित करते हुए नाजायज मजमा बनाकर स्ट्रेचर पर महिला के शव लादकर पुलिस चेकिंग स्थल पर लाकर रख दिया गया और पुलिस विरोधी नारे लगाये जाने लगे और पुलिस के मारने से मृत्यु होने की बात बताकार एनएच114ए पर आवागामन को पूरी तरह से बाधित कर दिया गया। वहां प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी और महिला पुलिसकर्मी को मारपीट घायल कर दिया गया। बताया गया कि इस तरह का पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया जाना कानूनन अपराध है। डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि जब घटना की जांच की गयी तो पता चला की वाहन जांच स्थल से 500-700 मीटर आगे दुघर्टना घटी है। इस तरह की कोई घटना वाहन चेकिंग स्थल पर नहीं घटी है। बताया कि इस घटना में शामिल सभी अराजक उपद्रवियों का फोटोग्रॉफ उपलब्ध है जिसे चिह्नित करते हुए सख्त विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी। इधर इस घटना को लेकर पुलिस मारपीट में घायल पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों के बयान पर कई मामले दर्ज करने की तैयारी में जुट गयी है। - साप्ताहिक राष्ट्रीय विज्ञान दिवस
बिहार व झारखंड के 12 विद्यार्थियों को ‘सर सी.वी. रमन इंस्पिरेशन अवार्ड’ मिला - विज्ञान के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती : डॉ जेसी. राज
देवघर/संवाददाता। स्थानीय साइंस एंड मैथेमेटिक्स डेवलेपमेंट आर्गेनाईजेशन के बैनर तले साप्ताहिक राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अंतर्गत, शहर के द पैराडाइज बैंक्वेट हॉल के भव्य सभागार में बिहार एवं झारखंड के कुल बारह किशोर विद्यार्थियों को साइंस ऑर्गेनाईजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जय चन्द्र राज, राष्ट्रीय सचिव डॉ प्रदीप कुमार सिंह देव, साइंस फॉर सोसाइटी, देवघर इकाई के अध्यक्ष प्रो. रामनंदन सिंह, दीनबंधु उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक काजल कांति सिकदार, दीप नारायण मेमोरियल टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, बाँका की सह निदेशक सिंधु रानी एवं शिक्षाविद् सोनिया वर्मा के करकमलों से ‘सर सी.वी. रमन इंस्पिरेशन अवार्ड’ प्रदान किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जसीडीह पब्लिक स्कूल के आर्यन, भारती विद्यापीठ के नारायण महथा, संत मेरी पब्लिक स्कूल, खेसर, बाँका, बिहार के सिद्धार्थ कुमार, संत मेरी स्कूल, खजरैथा, खगड़िया, बिहार के विनायक कुमार, हजेफ्फा अफरोज व शिवम राज, संत मेरी इंग्लिश हाई स्कूल, सूरजगढ़ा, लखिसराय, बिहार की खुशी कुमारी, संत मेरी इंग्लिश स्कूल, चांदन, बांका, बिहार के सुशांत कुमार, संत मेरी इंग्लिश स्कूल, चकाई, जमुई, बिहार के आयुष्मान कुमार एवं संत मेरी इंग्लिश स्कूल, विद्यापतिनगर, समस्तीपुर, बिहार की दिव्या भारती, देवघर सेंट्रल स्कूल की पलक प्रिया एवं संत माइकल एंग्लो विद्यालय की साक्षी कुमारी को यह मानद उपाधि से अलंकृत एवं विभूषित की गई। मौके पर डॉ. राज ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 28 फरवरी को ‘रमन प्रभाव’ की खोज के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। 1986 में, भारत सरकार ने 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में नामित किया। इस दिन, सर चंद्रशेखर वेंकट रमन ने ‘रमन प्रभाव’ की खोज की घोषणा की, जिसके लिए उन्हें 1930 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विज्ञान ने मानव जीवन को आसान बनाया है और उसे कई तरह से बेहतर बनाने में मदद की है। विज्ञान के बिना आज का जीवन कल्पना नहीं की जा सकती। कार्यक्रम में संत मेरी इंग्लिश स्कूल के विभिन्न शाखाओं में निदेशक एवं प्राचार्य, संत माइकल की शिक्षिकाएं सहित सैंकड़ों विद्यार्थियों की उपस्थिति थी।
तीन साइबर आरोपित गिरफ्तार, दो किशोर को किया गया निरूद्ध
- पांच मोबाइल एवं 10 सिमकार्ड बरामद
देवघर/संवाददाता। जिले के साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर सारवां थाना इलाके के घोरपरास जंगल में छापेमारी कर तीन साइबर आरोपित को गिरफ्तार जेल भेज दिया जबकि दो किशोर को कर दिया। पुलिस ने जब इन सबों के मोबाइल की जांच की तो पता चला कि ये साइबर आरोपित कस्टमर केयर सरकारी पदाधिकारी बनकर फोन पे यूजर्स को कैश बैक का झांसा देकर ठगी का काम करते थे। जेल गये साइबर आरोपितो में विकास दास साकिन गोविन्दपुर थाना करौं, प्रदीप राय साकिन श्रीरामपुर थाना मोहनपुर, रजंन यादव ग्राम दुहियों थाना सारवां का रहने वाला है।
तालाब में स्नान करने गये युवक का मोबाइल व कपड़ा ले भागा चोर
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ स्थित तालाब में नहाने गये एक युवक का चोर ने मोबाइल और कपड़े की चोरी कर ली। इसे लेकर युवक के पिता सत्संग गेट निवासी कृष्णदेव कुमार ने नगर थाना में शिकायत की है। कहा है कि सोमवार की सुबह उनका बेटा पियुष कुमार अकेले नंदन पहाड़ स्थित तालाब में स्नान करने गया था। उसने तालाब किनारे अपना मोबाइल और कपड़ा रखकर स्नान करने पानी में चला गया। उतने में एक अंजान व्यक्ति वहां पहुंचा और उसका मोबाइल और कपड़ा लेकर भाग निकला। इधर नगर पुलिस शिकायत लेकर छानबीन में जुट गयी है।
बैंक में रुपए जमा करने गये बुजुर्ग का 20 हजार गायब
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के राय एंड कंपनी चौक स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में रुपया जमा करने गये एक बुजुर्ग का थैला काट कर 20 हजार रुपए गायब कर दिये जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के बारा गावं निवासी होरन महतो ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराया है। इधर नगर पुलिस शिकायत लेकर छानबीन में जुट गयी है।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने किया मेगा एमएसएमई क्रेडिट कैंप का आयोजन
देवघर/संवाददाता। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा देवघर क्लस्टर के लिए एक मेगा एमएसएमई क्रेडिट कैंप का आयोजन तीन मार्च को स्थानीय एक होटल में किया गया। इस अवसर पर यूनियन बैंक के क्षेत्र प्रमुख दीपमाला लकड़ा, नगर निगम देवघर के आयुक्त रोहित सिन्हा, चैंबर ऑफ कॉमर्स देवघर के अध्यक्ष आलोक मल्लिक और समाजसेवी महेश राय ने मंच साझा किया और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कैंप का उद्देश्य देवघर क्लस्टर के व्यवसायियों, उद्यमियों और अन्य हितधारकों को यूनियन बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं और सेवाओं के बारे में जानकारी प्रदान करना था। इस अवसर पर दीपमाला लकड़ा ने कहा, “यूनियन बैंक ऑफ इंडिया हमेशा अपने ग्राहकों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह मेगा क्रेडिट कैंप हमारे ग्राहकों को हमारी विभिन्न ऋण योजनाओं और सेवाओं के बारे में जानकारी प्रदान करने का एक अवसर है।” इस आयोजन के दौरान, यूनियन बैंक के अधिकारियों ने पारस्परिक आपसी संवाद एवं प्रश्न सत्र के दौरान विभिन्न ऋण योजनाओं और सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की और ग्राहकों के प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का उत्तर दिया। देवघर में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित मेगा एमएसएमई ऋण शिविर में लगभग 200 से अधिक लाभार्थियों ने भाग लिया और 7 करोड़ से अधिक राशि के एमएसएमई ऋण स्वीकृत किए गए। इस अवसर पर देवघर मुख्य शाखा के शाखा प्रबंधक अमित कुमार, वीआईपी चौक शाखा के शाखा प्रबंधक रितेश कुमार और बाजला चौक शाखा के शाखा प्रबंधक जितेश आनंद उपस्थित थे। यूनियन बैंक की क्षेत्र प्रमुख दीपमाला लकड़ा ने सभी लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित की।
एससी-एसटी लाभुकों के बीच तिरपाल का वितरण
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह के सुजानी गांव स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र देवघर के सभागार में सोमवार को एससी-एसटी लाभुकों के बीच तिरपाल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से केबीके के वरीय वैज्ञानिक सह प्रमुख रूप से उपस्थित डॉ राजन कुमार ओझा एवं वैज्ञानिक डॉ विवेक कश्यप ने एससी-एसटी महिलाओं सहित पुरूषों लाभुकों के बीच तिरपाल वितरण किया। डॉ ओझा ने कार्यक्रम की चर्चा कर कहा कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति योजना के तहत करीब अस्सी लाभुकों को तिरपाल मुहैया कराया गया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत तिरपाल वितरण का उद्देश्य है कि एससी-एसटी कमजोर वर्ग के लोगों को समृद्ध करना। डॉ ओझा ने कहा कि तिरपाल का उपयोग लाभुक धान की दौनी एवं घरेलू उपयोग में ला सकते हैं। इस अवसर पर सूजानी, राकुडीह,जमनी, नावाडीह आदि गांवों के लाभुकगण उपस्थित थे।